ब्रेकिंग न्यूज

विदेश मंत्री एस जयशंकर की ब्रसेल्स में अहम बैठकें, भारत और यूरोपीय संघ ने भविष्य की साझेदारी पर की चर्चा

16-Jul-2026
नई दिल्ली।  (शोर संदेश) विदेश मंत्री (ईएएम) एस. जयशंकर ने बुधवार को ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ (ईयू) की स्टार्टअप्स, रिसर्च और इनोवेशन कमिश्नर एकातेरिना जहारिएवा से मुलाकात की। इस बैठक में स्वच्छ और हरित ऊर्जा तकनीकों में रिसर्च, इनोवेशन हब, स्टार्टअप्स और ‘होरिजोन यूरोप’ से जुड़ने के अवसरों पर चर्चा हुई।
बैठक में बेल्जियम और यूरोपीय संघ में भारत के राजदूत प्रणय वर्मा और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
बैठक के बाद विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर लिखा, “आज यूरोपीय संघ की स्टार्टअप्स, रिसर्च और इनोवेशन कमिश्नर एकातेरिना जहारिएवा के साथ अच्छी बैठक हुई। हमने स्वच्छ और हरित ऊर्जा तकनीकों में रिसर्च, इनोवेशन हब, स्टार्टअप्स और होराइजन यूरोप से जुड़ने के अवसरों पर चर्चा की।”
जहारिएवा ने भी ‘एक्‍स’ पर इस मुलाकात के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, “ब्रसेल्स में डॉ. एस. जयशंकर और प्रोफेसर सूद का स्वागत करना मेरे लिए सम्मान की बात है। जब यूरोप और भारत मिलकर इनोवेशन करते हैं, तो हम सिर्फ नई तकनीकें विकसित नहीं करते, बल्कि भविष्य को आकार देते हैं।” उन्होंने लिखा, “भारत को होराइजन यूरोप के और करीब लाकर और करीब पांच लाख स्टार्टअप्स को जोड़कर, हम ऐसी साझेदारी बना रहे हैं जो साझा लक्ष्यों को दुनिया भर में असर पैदा करने में मदद करेगी।”
इससे पहले दिन में विदेश मंत्री जयशंकर ने यूरोपीय संघ के इंटरनेशनल पार्टनरशिप कमिश्नर जोजेफ सिकेला से भी मुलाकात की। इस दौरान कनेक्टिविटी, त्रिपक्षीय साझेदारी, भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (आईएमईसी) और ग्रीन शिपिंग जैसे मुद्दों पर बातचीत हुई। उन्होंने ‘एक्‍स’ पर लिखा, “आज सुबह यूरोपीय संघ के इंटरनेशनल पार्टनरशिप कमिश्नर जोजेफ सिका से मिलकर खुशी हुई। हमने कनेक्टिविटी, त्रिपक्षीय साझेदारी, आईएमईसी और ग्रीन शिपिंग में सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।”
विदेश नंत्री ने ब्रसेल्स में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा से भी मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाएं उन्हें दीं। उन्होंने भारत और यूरोपीय संघ के बीच व्यापार और तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए कोस्टा के मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच की सराहना की।
राष्ट्रपति कोस्टा से मुलाकात के बाद जयशंकर ने ‘एक्‍स’ पर लिखा, “यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा से मुलाकात करके खुशी हुई। इस दौरान मेरे साथ वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय के राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रोफेसर अजय के. सूद भी मौजूद थे। मैंने उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाएं दीं।”
उन्होंने आगे कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच इस साल की शुरुआत में हुए ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन के बाद साझेदारी में हुई महत्वपूर्ण प्रगति को सभी ने मिलकर पहचाना। उन्होंने व्यापार और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए कोस्टा के मार्गदर्शन और सकारात्मक भावनाओं की सराहना की। इससे पहले मंगलवार को विदेश मंत्री जयशंकर ने यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास से भी कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक बातचीत की थी।
 


leave a comment

Advertisement 04

Feedback/Enquiry



Log In Your Account