00 अधिकतम शैक्षणिक सामग्री अपलोड करने वाले व्याख्याता है रूपेश तिवारी
रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वकांक्षी योजना पढ़ई तुंहर दुआर के अंतर्गत संचालित सीजी स्कूल डॉट इन वेबपोर्टल पर अधिकतम शैक्षणिक और पाठ्य सामग्री अपलोड करने के लिए विकासखंड अंबागढ़ चैकी जिला राजनांदगांव के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंघाभेडी के व्याख्याता एवं इस योजना के सहायक ब्लॉक नोडल अधिकारी रुपेश तिवारी नायक के रूप में चुने गए हैं। रुपेश तिवारी शिक्षा विभाग के इस पोर्टल में नायक के रूप में चयनित होने वाले अंबागढ़चैकी विकासखंड से प्रथम व राजनांदगांव जिले से द्वितीय शिक्षक हैं।। हिंदी के व्याख्याता रुपेश तिवारी उन शिक्षकों की श्रेणी में आते हैं जिन्होंने वर्तमान समय में वैश्विक कोरोना वायरस महामारी की चुनौतियों को स्वीकार कर अपने दृढ़ संकल्प से इस विषम परिस्थितियों में भी बच्चों को शिक्षा से वंचित नहीं होने दिया है। इन्होंने पढ़ई तुंहर दुआर अभियान हेतु सीजी स्कूल डॉट इन पर अधिकतम शैक्षणिक सामग्री अपलोड करने का कार्य किया है। इसके साथ ही इन्होंने सहायक ब्लॉक नोडल अधिकारी के रूप में पूरे विकासखंड में सिस्को वेबैक्स मीटिंग एप्प के माध्यम से प्रत्येक विद्यालय में ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित कराने के लिए विशेष प्रयास किया। इसके लिए व्याख्याता रूपेश तिवारी चैकी विकासखंड के संकुलों में ऑनलाइन मीटिंग व ट्रेनिंग आयोजित कर शिक्षकों की समस्याओं को दूर करते हुए उन्हें ज्यादा से ज्यादा ऑनलाइन क्लास लेने के लिए प्रोत्साहित करने का कार्य कर रहे हैं। सहायक ब्लॉक नोडल अधिकारी की भूमिका का निर्वहन करते हुए भी वह स्वयं ऑनलाइन कक्षाएं लेकर विकासखंड के अन्य शिक्षकों के लिए एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं । व्याख्याता रुपेश तिवारी अपने साथी शिक्षकों को इस बात के लिये हमेशा प्रेरित करते रहते हैं कि जब वैश्विक महामारी कोरोना के कारण पुनः विद्यालय संचालित किए जाने पर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है तब हमें अपने शिक्षकीय कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए बच्चों को ऑनलाइन कक्षाओं के द्वारा नियमित रूप से शिक्षा देते रहना होगा व शासन की मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक बच्चों को इन ऑनलाइन कक्षाओं से जोड़कर पढ़ई तुंहर दुआर कार्यक्रम से लाभान्वित कराना होगा।। शिक्षक रुपेश तिवारी की इस उपलब्धि पर इस योजना से जुड़े जिला शिक्षा अधिकारी हेतराम सोम, जिला नोडल अधिकारी भूपेश साहू, जिला मीडिया प्रभारी सतीश ब्यौहरे, जिला मीडिया के विकासखंड प्रभारी गुफरान सिद्दीकी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी अर्जुन देवांगन, विकासखंड स्रोत समन्वयक मनोज मरकाम, ब्लॉक नोडल एस के धीवर, सहित सभी संकुल समन्वयक एवम समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त किया है और उन्हें उज्जवल भविष्य के लिये शुभकामनायें दी है।