ब्रेकिंग न्यूज

एयर फोर्स एकेडमी में आज पासिंग आउट परेड, राजनाथ सिंह ट्रेनीज को सौंपेंगे ‘प्रेसिडेंट कमीशन’

13-Jun-2026
नई दिल्ली। (शोर संदेश)  केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को हैदराबाद स्थित एयर फोर्स एकेडमी में 217वें कोर्स की कंबाइंड ग्रेजुएशन परेड (सीजीपी) में शामिल होंगे। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सैन्य अनुशासन और परंपराओं से परिपूर्ण यह समारोह भारतीय वायु सेना की विभिन्न शाखाओं के फ्लाइट कैडेट्स की प्री-कमीशनिंग ट्रेनिंग के सफल समापन का प्रतीक होगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस समारोह में रिव्यूइंग ऑफिसर की भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के दौरान वह पासआउट होने वाले प्रशिक्षुओं को ‘प्रेसिडेंट कमीशन’ प्रदान करेंगे। इसके अलावा भारतीय वायु सेना के फ्लाइट कैडेट्स तथा भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल और वियतनाम के अधिकारियों एवं प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण पूरा करने पर ‘विंग्स’ और ‘ब्रेवेट्स’ प्रदान किए जाएंगे।
यह कंबाइंड ग्रेजुएशन परेड राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के महिला कैडेट्स के पहले बैच के कमीशनिंग का भी ऐतिहासिक अवसर होगी। ये महिला कैडेट्स 30 मई 2025 को एनडीए से पासआउट हुई थीं और इसके बाद ब्रांच-विशिष्ट प्रशिक्षण के लिए एयर फोर्स एकेडमी में शामिल हुई थीं।
समारोह के दौरान रक्षा मंत्री फ्लाइंग, नेविगेशन स्ट्रीम और ग्राउंड ड्यूटी ब्रांच में ओवरऑल मेरिट सूची में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले फ्लाइट कैडेट्स को ‘प्रेसिडेंट प्लाक’ से सम्मानित करेंगे।
परेड में सैन्य ड्रिल के साथ-साथ रोमांचक हवाई प्रदर्शन भी शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत आकाश गंगा स्काईडाइविंग टीम और एयर वॉरियर ड्रिल टीम के प्रदर्शन से होगी। इसके बाद भारतीय वायु सेना प्रमुख ए.पी. सिंह के नेतृत्व में फ्लाई-पास्ट आयोजित किया जाएगा।
फ्लाई-पास्ट में पिलाटस पीसी-7 एमकेआईआई, हॉक, किरण और चेतक शामिल होंगे। समारोह के प्रमुख आकर्षणों में एसयू-30 एमकेआई, सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम और सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम के शानदार हवाई करतब शामिल रहेंगे।



 


leave a comment

Advertisement 04

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account