ब्रेकिंग न्यूज

पीएम मोदी पहुंचे काशी, अरविंद टेक्सटाइल्स मिल का करेंगे लोकार्पण, नमो घाट पर देखेंगे एयर शो

25-Oct-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर पहुंचे। उनके इस दौरे में औद्योगिक विकास, महिला रोजगार और भारतीय वायुसेना के शौर्य की झलक देखने को मिलेगी। प्रधानमंत्री मिर्जामुराद के खोचवां में अरविंद टेक्सटाइल्स मिल का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद नमो घाट पर आयोजित एयर शो में वायुसेना के विमानों की कलाबाजियां देखेंगे। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे।

प्रधानमंत्री के खोचवां पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल ने उनकी अगवानी की। अरविंद टेक्सटाइल्स मिल के लोकार्पण को लेकर कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल और नमो घाट तक सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर वाराणसी में उत्साह का माहौल है। नमो घाट पर एयर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। घाट तक जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है और लोगों को निर्धारित मार्ग से कतारबद्ध होकर आगे बढ़ाया जा रहा है। शहर के कई हिस्सों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है।

प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर नमो घाट तक शहर के प्रमुख चौराहों, पार्कों और सड़कों को सजाया गया है। एयरपोर्ट से पुलिस लाइन होते हुए नमो घाट तक सरकार की उपलब्धियों और विभिन्न योजनाओं को दर्शाने वाले होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं। भाजपा की योजना के तहत पुलिस लाइन में युवा प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।
काशी में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। औद्योगिक परियोजना के लोकार्पण के साथ एयर शो इस दौरे के प्रमुख आकर्षण होंगे। नमो घाट पर होने वाले प्रदर्शन में भारतीय वायुसेना के विमान अपनी हवाई कलाबाजियों से लोगों को रोमांचित करेंगे। 
 

 



leave a comment

Advertisement 04

Feedback/Enquiry



Log In Your Account