कोलकाता (शोर सन्देश)। कोरोना काल में पश्चिम बंगाल की सुप्रसिद्ध दुर्गापूजा के रंग फीके भले पड़ गए हों लेकिन अगले साल राज्य के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दांव पेच शुरू हो गए हैं। इसमें राजनीतिक दल दुर्गा पूजा का भी सहारा ले रहे हैं। राज्य की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने बुधवार को एक साथ 69 जगहों पर डिजिटल माध्यम से दुर्गा पूजा का ऑनलाइन उद्घाटन किया। अब खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 22 अक्टूबर यानी अगले गुरुवार को दुर्गापूजा के उद्घाटन कार्यक्रम में शरीक होंगे।
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि प्रधानमंत्री खुद कोलकाता जाएंगे या फिर डिजिटल माध्यम से ही उद्घाटन करेंगे। इस बार 17 अक्टूबर से नवरात्रि की शुरुआत हो रही है। पीएम मोदी भी नवरात्र का व्रत रखते हैं। बंगाल में धूमधाम से मनाए जाने वाला पर्व दुर्गापूजा इस बार कोरोना के चलते कई तरह के नियमों और पाबंदियों से घिरा हुआ है।
00 जेपी नड्डा 19 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल के दौरे पर
वहीं पीएम के कार्यक्रम से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 19 अक्टूबर को उत्तरी बंगाल के सिलिगुड़ी का दौरा करेंगे और वर्ष 2021 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले संगठन के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करेंगे। यह जानकारी बुधवार को पार्टी सूत्रों ने दी। पश्चिम बंगाल इकाई के भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पूर्व निर्धारित उत्तर बंगाल दौरा कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया गया है। घोष ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, `हमारे पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा जी 19 अक्टूबर को सिलिगुड़ी का दौरा करेंगे और वहां संगठनात्मक बैठकें करेंगे।` सूत्रों के मुताबिक नड्डा के साथ-साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता जैसे राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, उपाध्यक्ष मुकुल रॉय और घोष बूथ और जिलास्तर प्रमुखों से संवाद करेंगे. गौरतलब है कि इलाके में विधानसभा की 54 सीटें है और आठ जिलों में प्रत्येक में करीब 300 मतदान केंद्र हैं।
00 ममता बनर्जी ने कई स्थानों पर दुर्गा पूजा का ऑनलाइन उद्घाटन किया
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को 69 स्थानों पर दुर्गापूजा का ऑनलाइन उद्घाटन करके राज्य में त्योहारों के मौसम की शुरुआत कर दी। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में त्योहारों का आयोजन नहीं किया जा रहा है, लेकिन लोगों की भावनाओं को खयाल रखते हुए तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने बंगाल में इस पर रोक नहीं लगाई। बनर्जी ने राज्य के उत्तरी जिलों और नादिया में 69 पूजा आयोजनों का उद्घाटन किया।
उन्होंने पूजा समितियों और जनता से सामाजिक दूरी समेत कोविड-19 संबंधी नियमों का पालन करने की अपील दोहराई. बनर्जी ने कहा, `हम तमाम सुरक्षा एहतियातों का पालन करते हुए मां की आराधना करेंगे और आर्शीवाद लेंगे...कोविड-19 और लॉकडाउन के चलते लोगों ने बहुत कठिनाइयों का सामना किया और वे काफी तनाव में रहे। मां दुर्गा से कोरोना संकट से बाहर निकालने की प्रार्थना करें।`