नारायणपुर (शोर सन्देश)। जिले में स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव ने पढ़ई तुंहर दुआर के तहत संचालित किए जा रहे बासिंग, कुरुषनार, बोरण्ड, डूमरतराई और शांति नगर में मोहल्ला क्लास का जायजा लियाा। प्रमुख सचिव डॉ आलोक शुक्ला सर्वप्रथम दूरस्थ वनांचल क्षेत्र बासिंग पहुँचे। जहां उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के लिए बनाए गए लर्निंग गन और ज्ञान का टेलीविजन नवाचार शिक्षा पद्धति की सराहना की। बच्चों से मोहल्ला क्लासों में कराई जा रही पढ़ाई की जानकारी ली, बच्चों से विभिन्न शैक्षिक और सहशैक्षिक बिंदुओं पर मनोरंजक और ज्ञानवर्धक सवाल पूछे। बच्चों ने पूछे गए सवालों का उत्साहपूर्वक जवाब दिया। ग्राम बोरण्ड में संचालित मोहल्ला क्लास के बच्चों ने प्रमुख सचिव को गोण्डी भाषा में गीत सुनाया। डॉ शुक्ला ने बच्चों को बेहतर तरीके से शिक्षण कार्य करने के लिए मोहल्ला क्लास का संचालन कर रहे सभी शिक्षको को बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों का भी उत्साहवर्धन किया। डॉ शुक्ना ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि यहां के बच्चे प्रतिभाशाली है। इनकी प्रतिभा को निखारें और योग्य बनाये। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने बच्चों की शिक्षा और उनके ज्ञानवर्धन के लिए कई नए विकल्प तलाश कर प्रयास कर रही है। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ राहुल देव, जिला शिक्षा अधिकारी जीआर मंडावी के अलावा जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।