नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर में 23 जनवरी को गरज-चमक के साथ तेज बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को एनसीआर में अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
आईएमडी ने कहा कि इस दिन दिनभर गरज के साथ बारिश हो सकती है। सुबह से लेकर रात तक अलग-अलग समय पर आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी में स्पष्ट किया गया है कि सुबह, दोपहर, शाम और रात- सभी समयावधि में आंधी और बारिश का प्रभाव देखा जा सकता है।
24जनवरी को मौसम में बदलाव के बाद तापमान में और गिरावट आएगी। अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
वहीं, 21 और 22 जनवरी को भी एनसीआर में मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद 2 से 3 दिनों तक कड़ाके की ठंड भी लोगों को परेशान कर सकती है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, खुले में कम निकलने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
देश के अन्य भागों के मौसम के बारे में बात करे तो, 21 जनवरी को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फरबाद में छिटपुट से लेकर मध्यम स्तर की बारिश और बर्फबारी की संभावना है और 22 से 26 जनवरी के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में काफी व्यापक से लेकर व्यापक बारिश और बर्फबारी होगी; साथ ही 22 और 23 जनवरी को कश्मीर घाटी में और 23 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में छिटपुट भारी बारिश हो सकती है।
आईएमडी ने 22 से 24 जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट से लेकर मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 और 24 जनवरी को और राजस्थान में 22 और 23 जनवरी को बारिश होगी।
मौसम विभाग ने कहा कि 22 और 23 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फरबाद और हिमाचल प्रदेश में; 23 से 26 जनवरी तक उत्तराखंड में; 22 और 23 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान में; 23 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में, और 23 और 24 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बिजली गिरने और तेज हवाओं (30-50 किमी प्रति घंटा की गति) के साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
वहीं, 24 जनवरी को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बिजली गिरने के साथ-साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।