ब्रेकिंग न्यूज

Janjgir-Champa

जांजगीर-चांपा के शासकीय स्कूलों में बनेंगे 79 बालिका शौचालय, छात्राओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

25-Aug-2026
जांजगीर चांपा (शोर संदेश)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान के माध्यम से बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को गति दी जा रही है। इसी क्रम में जांजगीर-चांपा जिले के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं की सुविधा के लिए 79 बालिका शौचालय निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रत्येक शौचालय के निर्माण के लिए 4.30 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है।
स्वीकृत इन कार्यों को विकसित भारत रोजगार गारंटी एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) योजना के तहत विद्यालयों की आवश्यकता और छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर लिया गया है।
विद्यालयों में पृथक एवं उपयोगी शौचालय की सुविधा केवल स्वच्छता से जुड़ी आवश्यकता नहीं है, बल्कि यह बालिकाओं की नियमित उपस्थिति, सुविधा, गरिमा और आत्मविश्वास से भी सीधे जुड़ी है। नए शौचालयों के निर्माण से छात्राओं को विद्यालय परिसर में बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उनके लिए सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार होगा।
जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के शासकीय विद्यालयों में आवश्यक अधोसंरचना एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विद्यालयों में बालिका शौचालय के साथ विद्यार्थियों एवं ग्रामीण समुदाय को सीधे लाभ पहुंचाने वाले अन्य आवश्यकता आधारित कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध रूप से प्रारंभ कराने तथा निर्माण में गुणवत्ता, उपयोगिता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं की नियमित समीक्षा कर आवश्यकता के अनुसार नए कार्यों के प्रस्ताव भी तैयार किए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिन शासकीय विद्यालयों में बालिकाओं के लिए पर्याप्त शौचालय सुविधा उपलब्ध नहीं है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर इस सुविधा से जोड़ा जाए। विद्यालय में स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय की उपलब्धता छात्राओं की नियमित उपस्थिति और शिक्षा की निरंतरता के लिए महत्वपूर्ण है।
79 बालिका शौचालयों की स्वीकृति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे छात्राओं को विद्यालय में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें बिना असुविधा के अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए अनुकूल वातावरण प्राप्त होगा। आवश्यकता के अनुसार विद्यालयों में अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों की स्वीकृति की प्रक्रिया भी आगामी दिनों में निरंतर जारी रहेगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की

21-Aug-2026
जांजगीर चांपा (शोर संदेश)।  उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जांजगीर जिला मुख्यालय में अपने चारों विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर दोनों जिलों में लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। 
उप मुख्यमंत्रीसाव ने दोनों जिलों में संचालित विभागीय योजनाओं, विकास एवं निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित होना चाहिए। बैठक में अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन तथा निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी दी। 
उप मुख्यमंत्री साव ने नगरीय निकायों में विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन कार्यों की स्वीकृति एवं आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण हो चुकी हैं, उन्हें तत्काल प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करें। उन्होंने कार्य प्रारंभ करने में देरी तथा कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्राथमिकता वाले कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने जांजगीर एवं सक्ती में निर्माणाधीन नालंदा परिसरों के कार्यों की समीक्षा करते हुए इन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर युवाओं एवं विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए इसके निर्माण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। 
साव ने 15वें वित्त आयोग एवं स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने तथा जल आवर्धन योजना के कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत स्रोत पर कचरा पृथक्करण एवं संग्रहण को प्रभावी बनाने, एनर्जी बिल ऑडिट कराने तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग को प्रोत्साहित करने को कहा।
उप मुख्यमंत्री साव ने नगरीय क्षेत्रों में पीएम स्वनिधि एवं पीएम आवास योजना सहित शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हितग्राही मूलक योजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा पात्र हितग्राहियों के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री साव ने टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुके कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने एवं प्रगतिरत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों एवं सड़कों पर बने गड्ढों की प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत करने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़कों की स्थिति बेहतर होने से नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए साव ने जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण एवं हैंडओवर की जा चुकी योजनाओं के सुचारू संचालन एवं नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए पंचायत एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री साव ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को व्यापक रूप से बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांवों में खेल गतिविधियों के आयोजन से बच्चों एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे। खेलों से बच्चों एवं युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने तथा खिलाड़ियों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री साव ने अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं सहयोग की भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कार्यालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ विनम्रता, संवेदनशीलता एवं सम्मानपूर्वक व्यवहार करने के निर्देश देते हुए कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याओं एवं कार्यों के निराकरण की उम्मीद लेकर कार्यालय आते हैं। उनके प्रति सकारात्मक एवं सहयोगात्मक रवैया रखें, ताकि उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें और कार्यालयीन कार्यों के लिए बेहतर वातावरण निर्मित हो।
जांजगीर-चांपा के कलेक्टर जन्मेजय महोबे, सक्ती के कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और जिला पंचायत के सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा जिला स्तरीय अधिकारी बैठक में शामिल हुए।
 

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने ली जांजगीर.चांपा जिले के जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक

21-Aug-2026
जांजगीर चांपा (शोर संदेश)। वित्त मंत्री एवं जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने आज जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि जिलेवासियों को उनका समय पर लाभ मिल सके।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि आम नागरिकों के कार्यों का त्वरित निराकरण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार एवं लापरवाही की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। यदि ऐसी शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं तत्परता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
वित्त मंत्री ने जिले में संचालित बड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, नालंदा परिसर सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की जानकारी ली और कहा कि सभी कार्य निर्धारित मापदंडों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा जिले की प्राथमिकता वाले आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश भी दिए।
बारिश के दौरान बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को विद्युत व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा किसी भी व्यवधान की स्थिति में उसका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। मंत्री चौधरी ने बारिश के कारण सड़कों पर हुए गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों की प्राथमिकता से मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन सुगम बना रहे और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री चौधरी ने कहा कि राजस्व विभाग के कार्य सीधे आम नागरिकों एवं ग्रामीणों से जुड़े होते हैं। इसलिए राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। विकास एवं निर्माण कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आवश्यक रूप से आमंत्रित करने के निर्देश भी उन्होंने दिए।
वित्त मंत्री मंत्री ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों के घरों में गुणवत्तापूर्ण सोलर पैनल स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को इसका लाभ दिलाने कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों को किस्त जारी करने में किसी भी प्रकार की देरी नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में हितग्राहियों को अनावश्यक परेशानी न हो। यदि कोई हितग्राही अपनी इच्छा एवं संसाधनों से निर्धारित आवास से बड़ा मकान बनाना चाहता है तो उसे इसके लिए प्रोत्साहित किया जाए।
महतारी वंदन योजना की समीक्षा के दौरान मंत्री चौधरी ने शेष हितग्राहियों की अभियान चलाकर ई-केवाईसी पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वीबी-जी राम जी योजना के तहत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के मरम्मत कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने कहा।
 उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने जिले में फल एवं सब्जियों के उत्पादन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को उद्यानिकी फसलों के लिए अधिक से अधिक प्रेरित करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा में उन्होंने खाद एवं बीज के भंडारण तथा उपलब्धता की जानकारी ली। साथ ही नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग के संबंध में किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री चौधरी ने जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में ई-ऑफिस एवं ई-अटेंडेंस व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने इनके प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए तथा अधिकारियों को शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए आम नागरिकों को समय पर योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
 

बाल संरक्षण और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित

20-Aug-2026
जांजगीर चांपा (शोर संदेश)। बच्चों के संरक्षण, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा जिले में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित बाल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई।
शासकीय प्राथमिक शाला दर्शभाठा में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श तथा विपरीत परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के संबंध में जागरूक किया गया। वहीं रेलवे स्टेशन चांपा में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पॉक्सो एक्ट, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श तथा सड़क जैसी परिस्थितियों में जीवन यापन करने वाले बच्चों के संरक्षण एवं स्थायी पुनर्वास को लेकर प्रचार-प्रसार किया गया।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेन्द्र सिंह जायसवाल ने बताया कि अभियान के दौरान बाल श्रमिकों, अपशिष्ट संग्राहक, भिक्षावृत्ति में लिप्त तथा सड़क जैसी परिस्थितियों में रहने वाले बच्चों की पहचान, संरक्षण और पुनर्वास के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट तथा नशे की गिरफ्त में आने वाले बच्चों से संबंधित मामलों की सूचना तत्काल महिला एवं बाल विकास विभाग अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर देने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
बाल संरक्षण से संबंधित किसी भी मामले की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के साथ ही +91-9827771819 एवं +91-8963997174 पर भी दी जा सकती है। अभियान का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को बाल संरक्षण की जिम्मेदारी से जोड़ना है।
 

अमृत सरोवरों के तट पर मनेगा स्वतंत्रता दिवस, जांजगीर-चांपा में होंगे विशेष आयोजन

13-Aug-2026
जांजगीर चांपा (शोर संदेश)।  स्वतंत्रता दिवस 2026 को जांजगीर-चांपा जिले में राष्ट्रप्रेम के साथ प्रकृति एवं जल संरक्षण के संदेश से जोड़ते हुए विशेष रूप से मनाया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार जिले की ग्राम पंचायतों में 15 अगस्त को अमृत सरोवरों के तट पर मनरेगा श्रमिकों के द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अमृत सरोवरों को जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इन सरोवरों के तट पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से मनरेगा श्रमिकों के माध्यम से ग्रामीणों को जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ ही सामुदायिक भागीदारी और सतत आजीविका गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
समारोह के दौरान ध्वजारोहण, तिरंगा यात्रा, अमृत सरोवर परिसर में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही जल संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता से संबंधित कार्यक्रम, देशभक्ति गीत, नुक्कड़ नाटक, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों से जोड़ा जाएगा।
अमृत सरोवर स्थलों पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिवार के सदस्यों अथवा पुरस्कार विजेताओं और ग्राम पंचायत के विशिष्ट नागरिकों को आमंत्रित कर सम्मानित करने की पहल भी की जाएगी। इससे नई पीढ़ी को देश की स्वतंत्रता के लिए किए गए संघर्ष और समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों से प्रेरणा मिलेगी।
ग्राम पंचायतों को कार्यक्रमों में अधिक से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इन आयोजनों के माध्यम से अमृत सरोवरों को जल संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के जीवंत केंद्र के रूप में विकसित करने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा श्रमिकों के द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम और प्रकृति संरक्षण का संदेश व्यापक रूप से पहुंचाया जाएगा।










 

संभागायुक्त, कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत किया पौधरोपण

25-Jul-2026

जांजगीर चांपा (शोर संदेश)।  जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुटराबोड़ स्थित डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल परिसर में शुक्रवार को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर जन्मेजय महोबे तथा जनप्रतिनिधियों ने आम का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष रंजना मानेस जांगड़े, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रूपचंद साहू, जिला पंचायत सदस्य प्रीति अजय दिव्य, ग्राम पंचायत कुटराबोड़ के सरपंच पुष्कर दिनकर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम, एसडीएम पामगढ़ आर.के. तंबोली, जनपद पंचायत पामगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम.एस. कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर सीखने, नए प्रयोग करने और अपनी प्रतिभा को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के पश्चात संभागायुक्त सुनील जैन ने ग्राम कुटराबोड़ स्थित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में आमजन को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न डिजिटल सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सेवाओं के सुचारु एवं प्रभावी संचालन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

छत्तीसगढ़ में बड़ी वारदात, एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या

14-May-2026
जांजगीर चांपा (शोर संदेश)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां घर में घुसकर पति-पत्नी और बेटे समेत एक ही परिवार के चार लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। पूरी घटना शिवरीनारायण थाना के भवतरा गांव की है। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फ़ैल गई है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जाँच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, वारदात देर रात की बताई जा रही है। सुबह जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। जांच में हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
फॉरेंसिक टीम जाँच में जुटी
फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। इस चौहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पति-पत्नी समेत दो मासूम बच्चों की खून से लथपथ लाश मिलने के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
खून से सना मिला चारों का शव
बताया जा रहा है कि परिवार नए मकान के निर्माण कार्य के चलते मौके पर ही रुका हुआ था। सुबह निर्माण कार्य के लिए पहुंचे मिस्त्री ने जब चारों को खून से सना देखा तो उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत गांव के सरपंच और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी गई।
मृतकों के नाम
मृतकों में मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा शामिल हैं। जांच में कुल्हाड़ी से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

मृत महिला को जिंदा बताकर श्रम विभाग को लगाया 1 लाख का चूना, खुलासे से मचा हड़कंप

06-Mar-2026
जांजगीर चांपा (शोर संदेश)। सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता के दावों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। श्रम विभाग की योजना का लाभ दिलाने के लिए दलालों ने एक मृत महिला को कागजों में जिंदा दिखाकर न सिर्फ योजना में नाम जोड़ दिया, बल्कि एक लाख रुपए की राशि भी निकाल ली। जानकारी के अनुसार बिर्रा निवासी सुमन बाई पटेल की 27 नवंबर 2024 को मृत्यु हो चुकी थी।
इसके बावजूद 4 दिसंबर 2024 को कथित दलालों ने उसे जीवित दर्शाते हुए श्रम विभाग की श्रमिक मित्र दिव्यांग सहायता योजना में नाम दर्ज करा दिया। इसके बाद 9 दिसंबर को योजना के तहत एक लाख रुपए की राशि भी निकाल ली गई। चौंकाने वाली बात यह है कि योजना की राशि निकालने के बाद दलालों ने हितग्राहियों से मिलीभगत कर रकम का बंदरबांट कर लिया। यह पूरा खेल विभागीय मिलीभगत के बिना संभव नहीं माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि कागजात पूरे कराने के दौरान दलाल गांव की मितानिन के पास हस्ताक्षर कराने पहुंचे थे, लेकिन मितानिन ने कूटरचना में फंसने के डर से दस्तखत करने से इनकार कर दिया। इसके बाद कथित तौर पर लेबर इंस्पेक्टर की सहमति से दस्तावेजों को मंजूरी दिला दी गई।
कलेक्टर और एसपी से जांच की मांग
जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया ने पहले पूरे मामले से जुड़े दस्तावेज जुटाए और फिर कलेक्टर व एसपी से लिखित शिकायत कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जिला श्रम पदाधिकारी समीर मिश्रा ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। इसकी जांच कराएंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इलेक्ट्रॉनिक दुकान में चोरी के बाद लगाई आग, आरोपी गिरफ्तार

11-Feb-2026
सारंगढ़-बिलाईगढ़। भटगांव में एक इलेक्ट्रॉनिक व फर्नीचर दुकान में चोरी के बाद आगजनी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना 8 फरवरी की रात की बताई जा रही है। प्रार्थी जानू केसरवानी, निवासी वार्ड क्रमांक 2 भटगांव, ने थाना भटगांव में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि उनकी इलेक्ट्रॉनिक और फर्नीचर की दुकान बड़े तालाब के सामने स्थित है। 8 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। तड़के लगभग 3 बजे बगल की श्रीराम ज्वेलर्स के संचालक आलोक सोनी ने फोन कर गोदाम में आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि गोदाम में आग लगी हुई थी, जिससे तीन पेटी झालर लाइट, दो पेटी इलेक्ट्रॉनिक टॉर्च और दो स्टैंड फैन जलकर नष्ट हो गए। पास के दुकानदार टिकेश्वर साहू के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर रात 1:32 बजे आरोपी दिनेश पटेल (26 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 6 नगर पंचायत भटगांव, गोदाम का ताला तोड़कर अंदर घुसते और आग लगाते हुए दिखाई दिया। आरोपी ने गोदाम से 43 इंच का आईएमआई कंपनी का एलईडी टीवी (कीमत 20,000 रुपये) और एक हैवल्स कंपनी का मिक्सर ग्राइंडर (कीमत 8,500 रुपये) चोरी कर लिया था। कुल चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग 28,500 रुपये आंकी गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवकुमार धारी, सहायक उप निरीक्षक बृजमोहन कश्यप, आरक्षक घनश्याम डड़सेना, भूपेंद्र साहू, राहुल खूंटे, खेलावन बघेल, लक्ष्मीकांत और तन्जय का विशेष योगदान रहा।
 

इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग कप में अभिषेक खांडेकर का शानदार प्रदर्शन

10-Feb-2026
जांजगीर-चांपा। जिले के लिए गर्व का क्षण तब आया जब थाना चांपा में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक बी.पी. खांडेकर के सुपुत्र अभिषेक खांडेकर ने नई दिल्ली स्थित केडी जाधव स्टेडियम में 4 से 8 फरवरी तक आयोजित वाको इंडिया इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। सैकड़ों खिलाड़ियों की मौजूदगी वाली इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अभिषेक की उपलब्धि ने जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। वाको इंडिया किक बॉक्सिंग फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ कई विदेशी खिलाड़ियों ने भी भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बीच छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए अभिषेक ने शानदार तकनीक, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय दिया तथा अपने वर्ग में दमदार प्रदर्शन कर दो पदक हासिल किए। डिया से चर्चा में अभिषेक ने बताया कि वे लंबे समय से किक बॉक्सिंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनकी सफलता में माता-पिता के मार्गदर्शन और प्रशिक्षकों के समर्पित सहयोग की अहम भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि उनकी बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री इसी वर्ष पूर्ण हुई है और आगे वे मास्टर्स करेंगे, लेकिन करियर किक बॉक्सिंग में ही बनाना चाहते हैं। अभिषेक की इस उपलब्धि पर जिले के खेल प्रेमियों, नागरिकों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
 


+ Load More

Feedback/Enquiry



Log In Your Account