ब्रेकिंग न्यूज

Surguja

पेड़ के नीचे खड़े 4 बच्चों पर गिरी आकाशीय बिजली, 2 की मौत; 2 गंभीर

18-Jul-2026
सरगुजा। सरगुजा जिले में बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े चार बच्चों पर आकाशीय बिजली गिर गई। घटना में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया है।
यह हादसा लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम नागम बांसपारा में शुक्रवार शाम हुआ। मृतकों की पहचान संदीप नगेसिया (11) और रोशन पनिका (12) के रूप में हुई है। वहीं, घायल प्रभु राम नगेसिया (12) और दिनेश नगेसिया (11) सगे भाई हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, चारों बच्चे शुक्रवार शाम घर से खेलने निकले थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी बच्चे ग्राम पंचायत नागम के पास सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और चारों उसकी चपेट में आ गए।
ग्रामीणों के मुताबिक, बच्चों के पास मोबाइल फोन भी था। हालांकि, हादसे का कारण बिजली गिरना ही माना जा रहा है।
बिजली गिरते ही संदीप और रोशन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल प्रभु राम व दिनेश को तत्काल धौरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया।
एक ही गांव के चार बच्चों के साथ हुए इस हादसे से पूरे नागम गांव में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मौसम विभाग ने भी लोगों से बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की है।



 

स्लीपर बस में नवविवाहिता ने दिया बच्चे को जन्म, किलकारी सुनकर झूम उठे यात्री, पैसे देकर जोड़े को दी बधाई

07-Jul-2026
अंबिकापुर। कोरबा से बिहार के पटना जा रही स्लीपर बस के यात्रियों में सोमवार की रात उस समय खुशी की लहर दौड़ गई, जब बस में सवार एक नवविवाहिता ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। इस दौरान बस बलरामपुर जिले में पहुंच चुकी थी। बस में सवार महिला यात्रियों ने प्रसव पीड़ा से तड़प रही नवविवाहिता का सुरक्षित डिलीवरी कराया। बच्चे की किलकारी सुनकर यात्री झूम उठे और उन्होंने जेब से पैसे निकालकर नवविवाहित जोड़े को थमाकर बधाई दी। बाद में बलरामपुर पहुंचने पर जच्चा-बच्चा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद बस अन्य यात्रियों को लेकर पटना के लिए रवाना हो गई।
राजहंस बस 6 जुलाई को यात्रियों को लेकर कोरबा से बिहार के पटना जा रही थी। बस अंबिकापुर से प्रतापपुर होते हुए सेमरसोत के रास्ते पर पहुंची ही थी कि कोरबा से बस में सवार एक गर्भवती नवविवाहिता को प्रसव पीड़ा होने लगी। वह पति के साथ सफर कर रही थी। प्रसव पीड़ा होने की जानकारी नवविवाहिता के पति ने बस कंडक्टर के अलावा यात्रियों को भी दी।
इसके बाद महिला यात्री सक्रिय हो गईं। इसके बाद बस को भारी बारिश के बाद रास्ते में रुकवाया गया। वहीं बस में सवार महिला यात्री सुनती देवी ने अन्य महिलाओं की मदद से नवविवाहिता का सुरक्षित प्रसव कराया। नवविवाहिता ने बेटे को जन्म दिया था।
बस में गूंज उठी किलकारी
डिलीवरी होते ही बच्चे की किलकारी बस में गूंजने लगी। यह देख यात्रियों में खुशी की लहर दौड़ गई। नवविवाहित जोड़ा भी काफी प्रसन्न हुआ। प्रसव कराने वाली महिला ने बच्चे को गोद में लेकर सभी यात्रियों को दिखाया। इस दौरान सभी ने मोबाइल पर उसका वीडियो-फोटो बनाया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पैसे देकर यात्रियों ने दी बधाई
यात्रियों की खुशी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बस में सवार अधिकांश ने बच्चे के पिता को पैसे देकर बधाई देनी शुरु कर दी। हालांकि युवक मना करता रहा, लेकिन यात्रियों ने यह कहकर उसे पैसे थमाए कि यह खुशी का मौका है और हम सब इसके साक्षी हैं।

कलेक्टर के निर्देश पर अवैध खनिज परिवहन पर कसा शिकंजा, एक ही सप्ताह में 08 वाहन जब्त

23-Jun-2026
सूरजपुर/23 जून 2026 कलेक्टर रेना जमील के स्पष्ट निर्देशानुसार सूरजपुर जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण में संलिप्त तत्वों के विरूद्ध अब निरंतर एवं कठोर कार्रवाई की जा रही है। खनिज अमला सूरजपुर तथा जिला स्तरीय टास्कफोर्स द्वारा खनिजों के अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण से प्रभावित क्षेत्रों में सघन जाँच अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बीते कुछ दिनों में कुल 08 वाहनों को अवैध परिवहन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 जून 2026 को खनिज अमला सूरजपुर द्वारा तहसील प्रतापपुर के थाना खडगवाँ क्षेत्र में खनिज वाहनों की जांच के दौरान खडगवाँ मुख्य मार्ग पर खनिज रेत से भरी 01 टीपर तथा बिश्रामपुर क्षेत्र में 02 वाहनों को अवैध परिवहन करते पाया गया। इसी क्रम में आज 22 जून 2026 को खडगवाँ क्षेत्र में 01 वाहन तथा ग्राम रूनियाडीह एवं आसपास के क्षेत्रों में बिना वैध अभिवहन पास के परिवहन कर रहे 04 ट्रैक्टरों को जाँच दल द्वारा रोककर जब्त किया गया।
जाँच के दौरान पकड़े गए कुल 08 वाहनों पर नियमानुसार अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज करते हुए संबंधित वाहन मालिकों के विरूद्ध विधिवत कार्रवाई की गई है। जब्त वाहनों में से 04 वाहन पुलिस थाना सूरजपुर, 03 वाहन थाना बिश्रामपुर तथा 01 वाहन थाना खडगवाँ में सुरक्षार्थ रखे गए हैं।
खनिज विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि खनिज अमला एवं जिला स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर निगरानी की जा रही है। अवैध उत्खनन, परिवहन अथवा भण्डारण की गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई सतत रूप से जारी रहेगी।







 

अंबिकापुर में तेज रफ्तार कार ने 2 युवकों को रौंदा, सड़क पर शव रखकर चक्काजाम

19-May-2026
अंबिकापुर (शोर संदेश)। एनएच-130 अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग स्थित शहर से लगे सांड़बार बैरियर के पास रविवार की शाम को एक कार सवार सडक़ किनारे टायर में हवा डलवा रहा था। जबकि दुकान का कर्मचारी हवा डाल रहा था। इसी बीच लखनपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने दोनों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। सोमवार को परिजन व स्थानीय लोगों ने सडक़ पर शव रखकर एनएच पर चक्काजामा कर दिया। टायर जलाकर प्रदर्शन किया। मुआवजे व आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार करने के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त किया गया।
मणिपुर थाना से आगे सांड़बार बैरियर के पास तस्लीम नामक व्यक्ति की टायर दुकान है। दुकान में तस्लीम का भतीजा मो. कामरान पिता मो. नसीम उम्र 20 वर्ष काम करता था। रविवार की शाम करीब 7.30 बजे शो-रूम से काम कर मणिपुर थाना क्षेत्र के ही ग्राम सुन्दरपुर निवासी अनिल गढ़वाल पिता अमर साय 25 वर्ष अपनी कार लेकर सांड़बार स्थित टायर दुकान में हवा डलवाने पहुंचा।
दुकान का कर्मचारी कामरान टायर में हवा डाल रहा था। जबकि अनिल गढ़वाल पास में ही खड़ा था। इसी बीच लखनपुर की ओर से तेज रफ्तार में सफेद रंग की अज्ञात कार दोनों को रौंदते हुए निकल गई।
कार दोनों को करीब 20 मीटर तक घसीटते ले गई। इससे दोनों लहूलुहान हालत में सडक़ पर ही तड़पने लगे। यह देख टायर दुकान मालिक दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गया। यहां जांच पश्चात डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। रफ्तार इतना तेज थी कि लोग उसका नंबर भी नहीं देख पाए। सूचना पर मणिपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। पुलिस दुर्घटनाकारी वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
शव रखकर किया चक्काजाम
दोनों शवों का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया गया। दोनों मृतक सांड़बार व सुन्दरपुर के हैं, जो कि एनएच से लगा हुआ है। इसके बाद परिजन व स्थानीय लोगों ने शव को सडक़र पर रखकर एनएच को जाम कर दिया।
लोगों ने सडक़ पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। बता दें कि अंबिकापुर-बिलासपुर एनएच पर लगातार हादसे हो रहे हैं और लोगों की जानें जा रही हैं। कुछ दिन पूर्व ही बेकाबू स्कॉर्पियों ने 3 महिलाओं को रौंद दिया था।

नदी में डूबने से मामा-भांजी की मौत, गर्मी की छुट्टियां मनाने रायपुर से गई थी अंबिकापुर

26-Apr-2026
अंबिकापुर (शोर संदेश)। अंबिकापुर शहर से लगे मेन्ड्राकला स्थित नदी में नहाने के दौरान मामा-भांजी की डूबने से मौत हो गई। भांजी रायपुर से अपनी मां के साथ गर्मी की छुट्टियां मनाने नानी के घर अंबिकापुर आई थी। शनिवार को वह अपने मामा समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ नहाने गई थी। इसी दौरान मामा-भांजी हादसे का शिकार हो गए। मामा-भांजी की मौत से परिवार व घुटरापारा मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।
सिम्मी सोनी पिता ईश्वर सोनी उम्र 11 वर्ष रायपुर की रहने वाली थी। वह अपनी मां के साथ गर्मी छुट्टी में नानी के घर शहर के घुटरापारा स्थित चांदनी चौक आई थी। शनिवार की दोपहर मामा विनीत सोनी उम्र 37 वर्ष व घर के अन्य सदस्यों के साथ मणिपुर थाना क्षेत्र के मेन्ड्राकला स्थित नदी में नहाने गए थे।
सभी नदी में नहा रहे थे। इस दौरान सिम्मी व विनीत सोनी के बेटा और बेटी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। विनीत ने किसी तरह अपने दोनों बच्चों को बचाकर नदी से बाहर निकाल लिया। फिर वह भांजी को बचाने नदी में उतरा, तब तक सिम्मी नदी में डूब चुकी थी। इधर गहरे पानी में चले जाने से विनीत की भी डूबकर मौत हो गई।
मामा-भांजी के डूबने से साथ नहाने गए परिवार के अन्य सदस्यों के बीच चीख-पुकार मच गयी। चिल्लाने की आवाज सुनकर गांव के लोग पहुंचे और घटना की जानकारी मणिपुर पुलिस को दी।
पुलिस ने गांव वालों की मदद से दोनों को पानी से बाहर निकाला और उन्हें शहर के निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां जांच पश्चात डॉक्टरोंं ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मामा-भांजी की मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

भीषण गर्मी में पशुओं को ’हीट स्ट्रोक’ से बचाने पशुपालन विभाग ने जारी की एडवायजरी

21-Apr-2026
अम्बिकापुर (शोर संदेश)। सरगुजा जिले में बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए पशुपालन विभाग ने पशुपालकों और किसानों के लिए  एडवायजरी जारी की है। अतिरिक्त उपसंचालक डॉ. सी.के. मिश्रा ने बताया कि अत्यधिक तापमान के कारण पशुओं में ’हीट स्ट्रोक’ (लू लगना) का खतरा बढ़ जाता है, जिससे उनकी शारीरिक क्षमता और दुग्ध उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर पशुपालक न केवल अपने पशुओं को स्वस्थ रख सकते हैं, बल्कि आर्थिक हानि से भी बच सकते हैं।
आवास और छाया की पुख्ता व्यवस्था : 
पशुओं को लू से बचाने के लिए उनके आवास (शेड) पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता हैः शेड का प्रबंधनः पशुओं को हमेशा ठंडी और हवादार जगह पर रखें। शेड के ऊपर टाट, घास डालकर या सफेद पेंट कर तापमान को कम रखा जा सकता है। कूलिंग सिस्टमः शेड में पंखे या कूलर का उपयोग करें। दोपहर के समय पशुओं को सीधी धूप में बाहर कतई न बांधें। प्राकृतिक छायाः पशु शेड के आसपास छायादार वृक्षों का होना तापमान नियंत्रण में अत्यधिक सहायक होता है।
शीतल जल और संतुलित आहार :
पेयजलः पशुओं को दिन में कम से कम 3-4 बार ताज़ा और ठंडा पानी पिलाएं। पानी में इलेक्ट्रोलाइट, नमक या गुड़ का घोल मिलाकर देने से लू से बचाव होता है। स्नानः शरीर के तापमान को संतुलित रखने के लिए दिन में 1-2 बार पशुओं को नहलाना लाभदायक है। खान-पानः पशुओं को सुबह और शाम के ठंडे समय में ही चारा दें। दोपहर में भारी दाना देने से बचें और आहार में पर्याप्त हरा चारा शामिल करें, क्योंकि इसमें प्रचुर मात्रा में खनिज और विटामिंस होते हैं।
’इन लक्षणों को न करें नजर अंदाज : 
यदि पशु तेज सांस ले रहा हो, हांफ रहा हो, मुंह खोलकर सांस ले रहा हो या उसके मुंह से लार टपक रही हो, तो यह लू लगने के संकेत हैं। शरीर का अत्यधिक गर्म होना या पशु का सुस्त होकर गिर जाना भी चिंताजनक लक्षण हैं।
तत्काल करें उपचार : 
डॉ. मिश्रा ने सलाह दी है कि लू के लक्षण दिखने पर पशु को तुरंत छाया में ले जाएं और उसके सिर व गर्दन पर ठंडा पानी डालें। प्राथमिक उपचार के साथ ही अविलंब नजदीकी पशु चिकित्सक से संपर्क कर उचित इलाज कराएं।
पशुपालन विभाग ने अपील की है कि देखरेख के अभाव में पशुओं की उत्पादन क्षमता घट सकती है, अतः किसान भाई इस भीषण गर्मी में अपने पशुधन का विशेष ख्याल रखें।

नशीले कैप्सूल और इंजेक्शन के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

20-Apr-2026
अंबिकापुर (शोर संदेश)। सरगुजा के संभागीय आबकारी उडऩदस्ता टीम ने 1704 नग नशीले कैप्सूल व 100 नग नशीले इंजेक्शन के साथ 3 आरोपी को गिरफ्तार किया है। इनमें एक सप्लायर भी शामिल है। सप्लायर के नाम का खुलासा पहले पकड़े गए 2 आरोपियों ने की। यह भी पता चला कि सप्लायर (Drug smuggling) हत्या के एक मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने शहर के प्रतीक्षा बस स्टैंड एक लॉज में दबिश देकर सप्लायर को गिरफ्तार किया। आबकारी टीम ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि 17 अपै्रल की रात को मुखबिर की सूचना पर सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हारपारा महेशपुर निवासी गौतम बनवासी एवं जगजीवन प्रजापति को 1704 नग नशीले कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों (Drug smuggling) ने अपने कथन में उक्त नशीली कैप्सूल को बेलखरिखा थाना दरिमा निवासी शेख अयातुल्ला उर्फ भोलू खान से खरीदना बताया।
दोनों आरोपियों ने बताया कि भोलू खान अंबिकापुर बस स्टैंड स्थित श्याम लॉज में रहकर आजकल नशीले इंजेक्शन व कैप्सूल की सप्लाई कर रहा है, जो कि हत्या के मामले में फरार चल रहा है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी इसकी जानकारी आईजी को दी। आरोपी (Drug smuggling) का मोबाइल लोकेशन श्याम लॉज में पाया गया।
टीम ने 18 अपै्रल को संभागीय आबकारी टीम ने आरोपी शेख अयातुल्लाह उर्फ भोलू खान को गिरफ्तार किया। टीम ने आरोपी के कब्जे से 100 नशीले इंजेक्शन (Drug smuggling) पाया गया। जिसे जब्त कर तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21सी, 22सी एवं 29 के तहत कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि भोलू खान की तलाश बहुत दिनों से कर रहे थे। वह सरगुजा के कई क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की सप्लाई लंबे समय से कर रहा था। वह अक्सर अपना मोबाइल नंबर बदल देता था। इस लिए वह पकड़ में नहीं आ रहा था।

नेशनल हाइवे पर ट्रक से जा भिड़ीं 2 कार, हादसे में 7 घायलों में 6 की हालत गंभीर

19-Apr-2026
अंबिकापुर (शोर संदेश)। कटनी-गुमला नेशनल हाइवे-43 के अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग पर शनिवार की दोपहर तेज रफ्तार 2 कार सामने से आ रहे एक ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दोनों कार में सवार कुल 7 लोग घायल हो गए, जिन्हें गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 6 लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार और अलग-अलग तरीके से ओवर टेक करना बताया जा रहा है।
शनिवार की दोपहर 2 कार रायगढ़ की ओर से अंबिकापुर की ओर आ रही थी। इनमें एक क्रेटा और दूसरी इन्नोवा थी। दोनों कार की रफ्तार काफी तेज थी। दोनों अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाइवे पर सरगुजा जिले के रघुनाथपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिलसिला स्थित कलकत्ता ढाबा के पास पहुंची ही थीं कि सामने से आ रहे ट्रक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।

शिक्षा की गुणवत्ता परखने मैदान में उतरे अधिकारी, पीएम विद्यालयों का किया निरीक्षण

29-Mar-2026
सूरजपुर, ।  ( शोर संदेश ) जिले में पीएम विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं को परखने के लिए वरिष्ठ अधिकारी स्वयं विद्यालयों में पहुंचे और निरीक्षण किया। कलेक्टर से लेकर पुलिस प्रमुख और वन विभाग आला अधिकारी तक — सभी ने मैदान में उतरकर शिक्षा व्यवस्था का सीधा जायजा लिया।
केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों को राज्य नोडल अधिकारी (SNO-PM SHRI) नियुक्त किया है। इस क्रम में सूरजपुर जिले से कलेक्टर एस. जयवर्धन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर एवं डीएफओ डी. पी. साहू को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सूरजपुर विकासखंड अंतर्गत पीएम जयनगर का निरीक्षण कलेक्टर  एस. जयवर्धन ने किया। उन्होंने विद्यालय में सेचुरेशन के 24 निर्धारित बिंदुओं की बारीकी से समीक्षा की, कमियों को चिन्हित किया और प्राचार्य को आवश्यक सुधार हेतु स्पष्ट निर्देश दिए।
इसी क्रम में सूरजपुर विकासखंड के पीएम प्राथमिक शाला राजापुर का निरीक्षण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर ने किया। ओड़गी विकासखंड अंतर्गत पीएम सेजस ओडगी का निरीक्षण डीएफओ डी. पी. साहू ने किया।
जिले के कलेक्टर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व डीएफओ का विद्यालय निरीक्षण हेतु स्वयं पहुंचना प्रशासन की शिक्षा के प्रति गंभीर प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। तीनों विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान डीएमसी समग्र शिक्षा मनोज कुमार साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सूरजपुर हरेंद्र सिंह, खंड स्रोत समन्वयक मनोज मंडल एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि 31 दिसंबर 2025 को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित 50वीं PRAGATI बैठक में पीएम विद्यालयों के निरीक्षण हेतु संयुक्त सचिव स्तर एवं उससे वरिष्ठ अधिकारियों की टीम गठित करने के निर्देश दिए गए थे। उसी के अनुपालन में यह निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। पीएम योजना के अंतर्गत चयनित इन विद्यालयों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब, अटल टिंकरिंग लैब एवं बेहतर खेल सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण एवं अनुभवात्मक शिक्षा प्रदान की जा रही है। जिला प्रशासन के इस निरीक्षण अभियान का उद्देश्य इन विद्यालयों को आसपास के स्कूलों के लिए रोल मॉडल के रूप में स्थापित करना है।

तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

03-Mar-2026
सूरजपुर।( शोर संदेश ) सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियानों के बावजूद लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। सूरजपुर जिले के बनारस मार्ग पर सोनवाही गांव स्थित आरव ढाबा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक ने हेलमेट नहीं पहना था। लटोरी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार नवागढ़, अंबिकापुर निवासी जगराज विश्वकर्मा (40) पिछले करीब 15 वर्षों से पेपर वितरण और सेंट्रिंग मिस्त्री के हेल्पर के रूप में कार्यरत था। रविवार रात लगभग 10 बजे वह लटोरी गांव से काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। सोनवाही गांव के पास आरव ढाबा के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटोरी की मर्च्युरी में रखवाया। पंचनामा कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव घर पहुंचते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
 

 



+ Load More

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account