ब्रेकिंग न्यूज

Bemetara

सहकारिता की पहल से बेमेतरा में खेती को मिली नई उड़ान

02-Jul-2026
बेमेतरा (शोर संदेश)। सहकारी सप्ताह के तृतीय दिवस पर केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बेमेतरा जिले में किसानों को ड्रोन तकनीक के माध्यम से उर्वरक छिड़काव का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ते हुए खेती को अधिक लाभकारी, सुरक्षित और लागत प्रभावी बनाना रहा।
कार्यक्रम में ड्रोन के जरिए खेतों में उर्वरक छिड़काव का लाइव प्रदर्शन किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि पारंपरिक तरीके की तुलना में ड्रोन से छिड़काव तेज, सटीक और समान रूप से होता है। इससे उर्वरक की बर्बादी कम होती है, श्रम और समय की बचत होती है तथा किसानों की उत्पादन लागत में भी कमी आती है।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार ड्रोन तकनीक से फसलों की निगरानी भी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकती है। साथ ही किसानों को रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के सीधे संपर्क से बचाव मिलता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी कम होते हैं।
कृषक सदस्य विजय पटेल और कमल पटेल ने बताया कि वे पिछले पाँच वर्षों से आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग करते हुए सब्जी, फूल एवं अन्य फसलों की खेती कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सहकारिता, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के सहयोग से अत्याधुनिक कृषि यंत्रों का लाभ मिल रहा है। ड्रोन के माध्यम से मात्र 7 मिनट में एक एकड़ क्षेत्र में उर्वरक का छिड़काव पूरा हो जाता है, जिससे समय और लागत दोनों में उल्लेखनीय बचत हो रही है। उन्होंने इसे किसानों के लिए बेहद उपयोगी तकनीक बताते हुए कहा कि इससे खेती अधिक लाभदायक बन रही है।
इस अवसर पर सहायक पंजीयक ए. के. सिंह, वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक विनय कुमार जेहोआश, महेंद्र कुमार टेकाम, सहकारिता विस्तार अधिकारी संदीप वर्मा, सहकारी निरीक्षक पल्लवी मेश्राम, रूपिका यादव, कृषि विभाग के आरईओ राजेश वर्मा, मार्केटिंग प्रबंधक संजय ठाकुर, समिति प्रबंधक उत्तरा टंडन, विनोद कुमार साहू, हरीश कुमार साहू, ड्रोन ऑपरेटर लोकेश साहू, पूरन निर्मलकर, मंशा साहू, हरीश वर्मा, प्रिंस राजपूत सहित बड़ी संख्या मं। किसान एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
सहकारिता विभाग की यह पहल जिले में आधुनिक एवं तकनीक आधारित खेती को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे किसानों को कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के साथ-साथ कृषि कार्यों में नई तकनीकों को अपनाने के लिए भी प्रोत्साहन मिल रहा है।

विधायक दीपेश साहू ने किया राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ

30-Jun-2026
बेमेतरा: राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस के अवसर पर रविवार को 100 बिस्तर मातृ एवं शिशु (एमसीएच) अस्पताल, बेमेतरा में जिला स्तरीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि विधायक दीपेश साहू एवं नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने बच्चों को पोलियो की "दो बूंद जिंदगी की" पिलाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया तथा जिलेवासियों से अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील की। कार्यक्रम में जिला भाजपा प्रभारी राजेन्द्र शर्मा, पार्षद नीतु कोठारी,गौरव साहू, निखिल साहू, चांदनी रोशन दत्ता, रवि मुलवानी, महेश साहू, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. लोकेश साहू, नोडल अधिकारी डॉ. बी.एल. राज, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े, जिला कार्यक्रम प्रबंधक लता बंजारे, आरएमएनसीएच सलाहकार, एनसीडी डाटा मैनेजर, आईडीएसपी, वीबीडीटीएस सुपरवाइजर, जिला मीडिया प्रभारी संजय तिवारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 96,085 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए पूरे जिले में 801 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं तथा 14 ट्रांजिट टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि 28 जून को बूथ दिवस के रूप में सभी निर्धारित केंद्रों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। वहीं 29 एवं 30 जून को अभियान के दौरान छूटे हुए बच्चों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर पोलियो की खुराक उपलब्ध कराएंगी, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि भारत ने पोलियो जैसी गंभीर बीमारी पर ऐतिहासिक विजय प्राप्त की है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक नागरिक की निरंतर सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी माता-पिता एवं अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद जिंदगी की अवश्य पिलाएं। कोई भी बच्चा इस अभियान से छूटना नहीं चाहिए।
विधायक साहू ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं तथा जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से अभियान को सफल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सशक्त बनाया जा रहा है और टीकाकरण अभियान बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे स्वयं तो अपने बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाएं ही, साथ ही अपने आसपास के परिवारों को भी जागरूक करें, जिससे बेमेतरा का कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर से लेकर बूथ स्तर तक निगरानी एवं निरीक्षण हेतु अधिकारियों की टीम गठित की गई है। अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि सभी लक्षित बच्चों तक समय पर पोलियो की खुराक पहुंचाई जा सके। उन्होंने बताया कि इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, शिक्षा विभाग तथा मितानिन कार्यक्रम का सक्रिय सहयोग प्राप्त हो रहा है। सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से अभियान को सफल बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान शहर मंडल अध्यक्ष युगल देवांगन, महामंत्री संदीप यादव, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष रेवाराम निषाद, करण साहू, रुद्राक्ष साहू, गोपी देवांगन, पिंकी नेमा गुप्ता, रोहित साहू, गौकरण साहू, वैभव तिवारी सहित जिला चिकित्सालय के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
 

बेमेतरा में 82 से ज्यादा अवैध निर्माण पर कार्रवाई

08-Jun-2026
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में प्रशासन ने अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 82 से अधिक दुकानों, मकानों और अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। जिला प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बुलडोजर चलाकर करोड़ों रुपये की सरकारी और सार्वजनिक भूमि को कब्जे से मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासन की इस सख्ती के बाद अतिक्रमणकारियों और अवैध प्लॉटिंग से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। आगे भी ऐसे अभियान जारी रहने के संकेत दिए
संयुक्त टीम ने चलाया विशेष अभियान
प्रशासन द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान में राजस्व विभाग, नगर पालिका और पुलिस विभाग की टीम शामिल रही। अधिकारियों की मौजूदगी में चिन्हित अतिक्रमणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
 

स्व-सहायता समूह से जुड़कर बनी लखपति दीदी

20-Feb-2026
बेमेतरा ,( शोर संदेश )  राज्य शासन की ग्रामीण आजीविका योजनाओं से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन परिलक्षित हो रहा है। बेमेतरा जिले के ग्राम धोबानी खुर्द की प्रीति पटेल इसकी उदाहरण हैं। वे लक्ष्मी स्व-सहायता समूह से जुड़ीं, जिसके बाद उनके जीवन में आर्थिक सशक्तिकरण की नई शुरुआत हुई।
समूह से जुड़ने के उपरांत उन्हें सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) के अंतर्गत 60,000 रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। साथ ही बैंक ऋण लेकर उन्होंने सब्जी उत्पादन तथा बड़ी (पापड़-बड़ी) निर्माण का कार्य प्रारंभ किया। आय में वृद्धि होने पर उन्होंने बकरी पालन एवं गौ-पालन भी शुरू किया। वर्तमान में वे नियमित आय अर्जित कर परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर रही हैं और अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार हेतु प्रेरित कर रही हैं।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा “लखपति दीदी” अभियान के अंतर्गत महिलाओं को वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण एवं विपणन सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे उनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक करने का लक्ष्य है। प्रीति पटेल को शासकीय आवास योजना का लाभ भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने बैंक ऋण एवं शासकीय सहायता से पक्का मकान निर्मित कराया। 
 

रमेन डेका के गोद ग्राम टेमरी के ग्रामीणों ने किया लोकभवन का प्रेरणादायी भ्रमण

17-Feb-2026
बेमेतरा ,( शोर संदेश )   राज्यपाल रमेन डेका की पहल पर लोकभवन की गतिविधियों से जनसामान्य को जोड़ने के उद्देश्य से लोकभवन का भ्रमण कराया जा रहा है। इसी कड़ी में बेमेतरा जिले के ग्राम टेमरी के जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों के सदस्यों और अन्य ग्रामीणों ने सरपंच शिवमूर्ति कोसले और विहान स्व-सहायता समूहों की प्रमुख गीता बंजारे के साथ आज लोकभवन का भ्रमण किया।
लोकभवन परिसर स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम, उदंती परिसर, कन्हार परिसर, डिस्पेंसरी, सचिवालय की विभिन्न शाखाओं और हरे-भरे उद्यान का भ्रमण कराया गया और इन स्थानों के संबंध में उन्हें विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। ग्रामीणों ने परिसर में स्थापित तोप का भी अवलोकन किया यह वर्ष 1971 के भारत पाकिस्तान युद्ध के दौरान उपयोग में लाया गया था। 
भ्रमण एवं अवलोकन के बाद ग्रामीणों ने बताया कि लोकभवन में आकर उन्हें बहुत आनंद का अनुभव हो रहा है। उल्लेखनीय है कि इस ग्राम को राज्यपाल डेका ने गोद लिया है।
 

राज्यपाल रमेन डेका की पहल, गोद ग्रामों में मार्च तक योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन का लक्ष्य

21-Jan-2026
बेमेतरा ,( शोर संदेश )  राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेश के गोद लिए गए तीन ग्रामों, बेमेतरा जिले के ग्राम टेमरी, गरियाबंद जिले के ग्राम बिजली और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम सोनपुरी में केन्द्र एवं राज्य शासन की फ्लैगशिप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए उन्होंने माह मार्च 2026 तक का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इस संबंध में राज्यपाल डेका ने आज संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। जिसमें गोद ग्रामांे के सरपंच भी उपस्थित रहे। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण, जल संरक्षण, स्वच्छता, जैविक खेती और आजीविका से जुड़े बहुमुखी विकास पर जोर दिया।
राज्यपाल ने निर्देश दिया कि गोद ग्रामों में शिविर लगाकर आयुष्मान हेल्थ कार्ड एवं 70 वर्ष एवं अधिक आयु के नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाए जाए और वर्ष 2026 तक टी.बी. छत्तीसगढ़ के लक्ष्य के तहत टी.बी. मरीजों को गोद लेने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए। कैंसर विशेषकर ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग के लिए शिविर, स्कूली बच्चों की आंखों की जांच के लिए परीक्षा पूर्व आई कैंम्प और बुजुर्गो में मोतियाबिंद जांच के लिए शिविर लगाएं।
राज्यपाल ने गोद ग्रामों में स्वच्छता के लिए ग्रामीण महिलाओं का सहयोग लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में लाइवलीहुड मिशन के लिए अच्छे काम हो रहे है। महिलाओं को भी इसका लाभ मिलना चाहिए।
राज्यपाल ने सरपंच से चर्चा के दौरान ग्राम बिजली में मुक्तिधाम निर्माण के लिए 3 लाख रूपए अपने स्वेच्छानुदान मद से देेने की घोषणा की। साथ ही ग्राम सोनपुरी में स्कूलों बच्चों के लिए लाइब्रेरी में किताबें लोकभवन की ओर से प्रदान करने की घोषणा की उन्होंने ग्राम टेमरी में समुदायिक भवन और ओपन जिम के लिए सी.एस.आर. से राशि उपलब्ध कराए जाने की बात कही।
डेका ने निर्देश दिया कि गोद ग्रामों में जिला स्तर के अधिकारी सतत् भ्रमण करें। सरपंच, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से नियमित संवाद कर स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक पहुंचे।
बैठक में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, समाज कल्याण विभाग की संचालक रोक्तिमा यादव, संचालक स्वास्थ्य सेवा संजीव कुमार झा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के उप सचिव एस. आलोक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
 

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से बेटियों को मिला सुरक्षित भविष्य

25-Dec-2025
 बेमेतरा  ( शोर संदेश ) जिले के ग्राम खुड़मुड़ा निवासी केसर निषाद के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना आशा की नई किरण बनकर आई है। सीमित आय वाले मध्यम वर्गीय परिवार से संबंध रखने वाली केसर निषाद के पति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। कठिन आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद केसर निषाद ने हमेशा अपने बच्चों को स्वस्थ और बेहतर भविष्य देने का सपना देखा, जिसे शासन की इस योजना ने साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आंगनबाड़ी केंद्र में पंजीकरण के बाद उन्हें नियमित स्वास्थ्य परामर्श, पोषण संबंधी जानकारी और आवश्यक दवाइयाँ मिलीं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 3 हजार रूपए की पहली और पुत्री के जन्म के बाद 2 हजार रूपए की दूसरी किस्त प्राप्त हुई, जिससे पोषण और स्वास्थ्य देखभाल में सहायता मिली।
दूसरी पुत्री के जन्म पर उन्हें योजना के तहत 6 हजार रूपए एकमुश्त राशि प्राप्त हुई। इस राशि से उन्होंने न केवल अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दिया, बल्कि पहली बेटी का सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत खाता भी खुलवाया। केसर निषाद का कहना है कि पूरक पोषण आहार, टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं ने उन्हें एक जागरूक माँ बनने का आत्मविश्वास दिया। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना ने उनकी बेटियों के सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी है।
 

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से द्रोपदी यादव की रसोई और जीवन में आया उजाला

17-Dec-2025
 बेमेतरा ,( शोर संदेश )।  बेमेतरा जिला के ग्राम देवरबीजा निवासी द्रोपदी यादव के जीवन में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने एक सकारात्मक बदलाव ला दिया है। भारत सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत उन्हें निःशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन प्राप्त हुआ, जिससे वर्षों से धुएँ से भरे परंपरागत चूल्हे पर खाना पकाने की मजबूरी समाप्त हो गई।
गैस कनेक्शन मिलने के बाद द्रोपदी यादव और उनके परिवार को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक ईंधन उपलब्ध हुआ है। इससे न केवल रसोई का वातावरण स्वच्छ हुआ, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य, समय और जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। अब उन्हें लकड़ी, कोयला या उपलों की व्यवस्था के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ता, जिससे उनका दैनिक जीवन पहले की तुलना में कहीं अधिक सरल और सुरक्षित हो गया है।
गैस कनेक्शन मिलने पर द्रोपदी यादव ने भावुक होते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना ने मेरी रसोई के साथ-साथ मेरी जिंदगी भी बदल दी है। अब धुएँ से आँखों में जलन और खांसी जैसी समस्याएँ नहीं होतीं। समय की बचत हो रही है, जिसे मैं अपने परिवार और बच्चों के साथ बिता पा रही हूँ। उन्होंने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए राज्य शासन एवं केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
उज्ज्वला योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराकर उन्हें धुएँ से होने वाली बीमारियों से बचाना और जीवन को सहज बनाना है। इस योजना के तहत गैस कनेक्शन मिलने से द्रोपदी यादव जैसी अनेक महिलाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ-साथ सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिला है।
ग्राम देवरबीजा में द्रोपदी यादव को गैस कनेक्शन मिलने के बाद अन्य ग्रामीण महिलाओं में भी योजना के प्रति जागरूकता और उत्साह देखा जा रहा है। महिलाएँ आगे बढ़कर आवेदन कर रही हैं और योजना का लाभ ले रही हैं। द्रोपदी यादव की यह कहानी उज्ज्वला योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की एक प्रेरक मिसाल बनकर सामने आई है।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने बदली जिंदगी

12-Dec-2025
 बेमेतरा  ( शोर संदेश )।  प्रधानमंत्री आवास योजना से मिले पक्के मकान से बेमेतरा जिले के साजा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत केंवतरा के 38 वर्षीय चेतन साहू के जीवन में खुशहाली आई है। चेतन साहू मजदूर तथा एकल दिव्यांग हैं। पूर्व में वे टूटे-फूटे घास-फूस के कच्चे मकान में रहते थे, जहाँ बरसात के दिनों में छत टपकना, घर में पानी भर जाना तथा सर्प-बिच्छू जैसे विषैले जीवों का प्रवेश आम बात थी। परिवार को कई-कई रातें जागकर बितानी पड़ती थीं। पक्का मकान चेतन साहू के परिवार के लिए एक सपना था जो अब पूरा हो गया है। आज चेतन साहू अपने नवनिर्मित पक्के आवास में सम्मानजनक, सुरक्षित और सुखद जीवन व्यतीत कर रहे हैं। अब न बारिश का भय है, न टपकती छत, और न ही रात भर जागने की विवशता। उनके चेहरे पर झलकता आत्मविश्वास और संतोष इस बात का प्रमाण है कि यह योजना उनके जीवन में सुखद बदलाव लेकर आई है।









 

प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली जिंदगी

09-Dec-2025
 बेमेतरा  ( शोर संदेश )। जिला तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और हितग्राहीमूलक योजनाओं की बदौलत अनेक परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आए हैं। ग्राम झाल निवासी कुंती बाई के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना ने नई उम्मीदों का संचार किया है। वर्षों तक जर्जर खपरैल वाले कच्चे घर में कठिन परिस्थितियों के साथ जीवनयापन करने वाली कुंती बाई आज एक पक्के, सुरक्षित और सम्मानजनक आवास में रह रही हैं।
आर्थिक-सामाजिक जनगणना 2011 के आधार पर उनका नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की स्थायी प्रतीक्षा सूची में शामिल था। लंबे इंतजार के उपरांत वित्तीय वर्ष 2024-25 में जनपद पंचायत बेमेतरा द्वारा उन्हें आवास स्वीकृत किया गया। आज उनके घर का निर्माण पूर्ण हो चुका है। प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ-साथ कुंती बाई को केंद्र एवं राज्य सरकार की कई अन्य योजनाओं का लाभ भी प्राप्त हुआ। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण, सौभाग्य योजना के तहत विद्युत कनेक्शन, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के माध्यम से किफायती दर पर खाद्यान्न तथा उज्ज्वला योजना के अंतर्गत मिली निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन मिलने से कुंती बाई के जीवन में स्थायी और सकारात्मक बदलाव आया है। कुंती बाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब शासन की योजनाएँ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुँचती हैं, तब वे केवल किसी एक परिवार नहीं बल्कि पूरे समाज में परिवर्तन लाती हैं।










 


+ Load More

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account