ब्रेकिंग न्यूज

Gujarat

विमान हादसा-265 शव अस्पताल लाए गए, इनमें 241 विमान सवार, पीएम मोदी ने घटनास्थल का दौरा किया, घायलों से मिले

13-Jun-2025
अहमदाबाद । शोर संदेश अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश में अब तक 265 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इनमें से 241 मृतक विमान में सवार पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स थे। 5 मृतक उस मेडिकल हॉस्टल के हैं, जहां प्लेन क्रैश हुआ था।
विमान जिस बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल पर गिरा, वहां 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। हालांकि, अभी यह क्लियर नहीं हुआ है कि हॉस्टल में कितनी मौतें हुई हैं। 4 MBBS छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी के मारे जाने की खबर आ रही है।
पीएम मोदी शुक्रवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे। सबसे पहले वे घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे। इसके बाद वे सिविल अस्पताल गए, जहां वे करीब 10 मिनट पीड़ितों से मिले।
एअर इंडिया की बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-171 ने गुरुवार दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। दो मिनट बाद ही फ्लाइट क्रैश हो गई।
इनमें 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात थे। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे। मृतकों में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी शामिल हैं, जबकि सिर्फ एक यात्री की जान बची है।
PM मोदी बोले- तबाही का मंजर बेहद दुखद
पीएम मोदी ने X पोस्ट में लिखा- 'आज अहमदाबाद में दुर्घटनास्थल का दौरा किया। तबाही का मंजर बेहद दुखद है। राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमों और अधिकारियों से मुलाकात की, जो लगातार मेहनत कर रहे हैं। इस त्रासदी में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, हमारी संवेदनाएं उनके साथ हैं।'
उन्होंने कहा- इस विमान दुर्घटना से हम सभी बेहद दुखी और स्तब्ध हैं। इतने लोगों की अचानक और दिल तोड़ देने वाली मौत को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति हम गहरी संवेदना प्रकट करते हैं। हम उनके दर्द को समझते हैं और जानते हैं कि इस हादसे से जो खालीपन बना है, उसे भरने में सालों लग जाएंगे।
पीएम मोदी ने दुर्घटना में जिंदा बचे यात्री से मुलाकात की
अस्पताल में घायलों से मिलने के बाद पीएम मोदी एयरपोर्ट वापस लौटे, जहां उन्होंने विजय रूपाणी की पत्नी अंजलि रूपाणी से मुलाकात की। पीएम के साथ गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी, सीआर पाटिल भी मौजूद हैं।
ब्रिटिश हाई कमीशन के अधिकारी अहमदाबाद पहुंचे
दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान ने लंदन के लिए उड़ान भरी थी। इसमें 53 ब्रिटिश नागरिक भी थे। हादसे की जानकारी लेने और आगे की कार्रवाई के लिए ब्रिटिश हाई कमीशन के अधिकारी अहमदाबाद पहुंच गए हैं।








 

अहमदाबाद विमान हादसा: डॉक्टरों के हॉस्टल पर गिरा प्लेन, 242 यात्रियों में कई घायल

13-Jun-2025
अहमदाबाद। शोर संदेश अहमदाबाद विमान हादसे के बाद क्रैश का भयावह मंजर सामने आया है। एअर इंडिया विमान संख्या- AI171 12 जून को दुर्घटनाग्रस्त हुई। एअर इंडिया फ्लाइट अहमदाबाद के मेघाणीनगर में क्रैश हुई है। दुर्घटनाग्रस्त एअर इंडिया की फ्लाइट डॉक्टरों के हॉस्टल पर गिरी है। खबरों के मुताबिक इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी सवार थे।
गुरुवार को दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के तुरंत बाद मेघाणीनगर इलाके में डॉक्टरों के हॉस्टल पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में आग और धुएं का भीषण गुबार उठता देखा गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें से अधिकतर भारतीय नागरिक थे।
एयर इंडिया ने जताया दुख, जांच जारी
एयर इंडिया प्रवक्ता ने कहा कि हादसे के सभी विवरण एकत्र किए जा रहे हैं। एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा: “यह एक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है। हमारी संवेदनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं।”
विमान में सवार नागरिकों की राष्ट्रीयता
169 भारतीय नागरिक
53 ब्रिटिश
7 पुर्तगाली
1 कनाडाई
चालक दल के सदस्य सहित कुल 242 लोग सवार थे।
विमान हादसे में आग ने बढ़ाई तबाही
DGCA के मुताबिक, बोइंग 787-8 मॉडल के इस विमान ने जैसे ही उड़ान भरी, पूर्ण टैंक ईंधन के कारण टकराव के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। यही कारण है कि हादसा और ज्यादा घातक हो गया। राहत व बचाव कार्य में NDRF, फायर ब्रिगेड और पुलिस बल जुटे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सभी उड़ानों का अस्थायी संचालन रोक दिया गया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने बयान में कहा है कि अगली सूचना तक सभी उड़ानों को निलंबित कर दिया गया है। दिल्ली से अहमदाबाद की ओर आने वाली उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस फ्लाइट में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी सवार थे। हालांकि उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
पीएम मोदी और सीएम भूपेंद्र पटेल की प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से बात कर स्थिति की जानकारी ली है।
मुख्यमंत्री पटेल ने ट्वीट कर लिखा: “इस हादसे से बेहद दुखी हूं। सभी प्रशासनिक एजेंसियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य और घायलों के इलाज के निर्देश दिए हैं। ग्रीन कॉरिडोर के ज़रिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।”
अब तक की स्थिति:
 242 सवारियों में कई घायल, इलाज जारी
डॉक्टरों के हॉस्टल पर गिरा विमान, बड़ा नुकसान
NDRF, फायर ब्रिगेड, पुलिस मौके पर
हवाई अड्डा संचालन बंद, उड़ानें निलंबित
जांच DGCA और एयर इंडिया की संयुक्त टीम कर रही है
यह हादसा भारत के हालिया विमान इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक हो सकता है। सरकार और एयर इंडिया की प्राथमिकता सभी घायलों को सुरक्षित उपचार देना और हादसे के पीछे की वजहों की गहन जांच करना है।

 


गुजरात के आनंद में जोरों से चल रही हॉरर कमेडी फिल्म होलिका दहन की शूटिंग

14-May-2024

आंनद (शोर संदेश)। अब तक बनी सभी भोजपूरी फिल्मों से एक दम अलग हटकर एक भोजपूरी फिल्म की शूटिंग गुजरात के आंनद के करमसर के हरिदर्शन और उसके आस पास बडे ही जोर शोर से चल रही है। इस फिल्म का नाम होलिका दहन है जो ए फार यू फिल्म प्रोडकशन  एवं वंदना मोशन पिक्चर के बेनर तले बन रही है। इसके निर्माता भोजपूरी फिल्मो के प्रसिद्ध प्रोडयूसर मनौव्वर अंसारी व श्रीमती वंदना तिवारी, सुभाष गुप्ता एवं श्रवण जैसवार है। इसको डायरेक्टर कर रहे हैं भोजपूरी सिनेमा में एक एक बढकर सुपरहीट कहानी लिखकर सूर्खियों में आये राईटर साजिद मलिक। ये इनकी दूसरी फिल्म है इसके पहले ये एक और भोजपूरी फिल्म एक लड़की को देखा तो एसा लगा से फिल्म निर्देशन की दुनिया में कदम रखे थे। जिसमें हिरो गौरव झा, हिरोईन काजल यादव के साथ ही बालेश्वर सिंह, प्रकाश जैस, शमशीर सिवानी व विद्या सिंह जैसे कलाकारों ने अभिनय किया था।



फिल्म के निर्माता मनौव्वर अंसारी एवं निर्देशक साजिद मलिक ने हमारे संवाददाता से चर्चा करते हुए बताया कि भोजपूरी सिने जगत के लिए ये एक अलग तरह की फिल्म दर्शकों के लिए साबित होगी क्योंकि यह एक फुल हॉरर, सस्पेंस एवं जबर्दस्त कमेडी फिल्म है। अब तक बहुत सी हॉरर फिल्म आई लेकिन इस फिल्म का कन्सेप्ट एक दम ही अलग है। उन्होंने आगे बताया कि इस फिल्म में भोजपूरी सिने जगत के बडे स्टारकास्ट है जिसमें भोजपूरी सिनेमा की डिमांडेट हिरोईन काजल राघवानी, हिरो कुन्दन भारद्वाज, देवेंन्द्र जांगडे, पूजा, प्रकाश जैस, मधु अवस्थी, निलू यादव, के साथ ही छत्तीसढी और भोजपूरी फिल्मो के जर्बदस्त अभिनेता ललित उपाध्याय, शमशीर सिवानी, प्रदीप शर्मा एवं पुष्पेन्द्र सिंह के साथ ही हिन्दी एवं भोजपूरी फिल्मों के जाने मोन एक्टर दीपक सिन्हा, तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम पवन मिश्रा, प्रशांत कुडिया, चंचलेश सिंह, सुधा यादव, रंगीता सिंह के अलावा भोजपुरी फिल्मों के अन्य कई प्रसिद्ध कलाकार इसमें अपनी महती भूमिका का निर्वहन कर रहे है।

फिल्म के निर्माता मनौव्वर अंसारी ने आगे बताया कि यह फिल्म तीन पार्ट में बनेगी अभी ये फिल्म का पहला भाग होलिका दहन है, जिसकी  शूटिंग मुहुर्त के साथ गत 30 अप्रेल से शुरू हुई। इसके बाद होलिका दहन पार्ट 2 एवं होलिका दहन पार्ट 3 भी बनेगी। इस फिल्म के लेखक व निर्देशक साजिद मलिक, एसोसिएट डायरेक्टर लता तिवारी, सहायक निर्देशक अभिषेक पाठक व नितिन यादव  है, जबकि इसके कैमरा मैन भोजपूरी सिनेमा के बडे प्रसिद्ध डीओपी देवेन्द्र तिवारी, स्टील फोटोग्राफर मुन्ना सिंह है। इसको अपने संगीत से सजाया है प्रसिद्ध संगीतकार साजन मिश्रा ने। वही इसके कोरियाग्राफर प्रवीण सालार एवं फाईट मास्टर प्रदीप जी है। इसके मेकअप मेन जाकिर शेख, सिद्धि शेखर, ड्रेस डिजाईनर विद्या  जी, सोनू सिंह,मोनू सलेमपुरिया व अनीस अंसारी एवं प्रोडकशन मैनेजर कौशल मिश्रा है।

 

 


रसायन फैक्टरी में लगी आग, 24 श्रमिक घायल

29-Nov-2023

सूरत (शोर संदेश)। गुजरात के सूरत शहर में बुधवार को एक रसायन फैक्टरी में विस्फोट के बाद आग लग गई जिससे 24 श्रमिक घायल हो गए।अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सूरत के प्रभारी मुख्य दमकल अधिकारी बसंत पारेख ने कहा कि सचिन जीआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित रसायन फैक्टरी में देर रात करीब दो बजे एक बड़े टैंक में रखे ज्वलनशील रसायन के रिसाव के कारण विस्फोट हो गया, जिसके बाद फैक्टरी में आग लग गई। उन्होंने बताया, ‘‘कम से कम 24 श्रमिक घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है जहां उनका इलाज हो रहा है।’’ उन्होंने कहा कि अभी यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के वक्त कितने श्रमिक फैक्टरी के अंदर थे। अन्य अधिकारी ने कहा, ‘‘फैक्टरी की तीन मंजिला इमारत में विस्फोट के कारण आग लग गई और पूरी इकाई जलकर नष्ट हो गई।’’ उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर दमकल की 12 से अधिक गाड़ियां भेजी गईं और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।


गुजरात में बेमौसम बारिश के बाद बिजली गिरने से 20 की मौत, गृह मंत्री अमित शाह ने जताया दुख

27-Nov-2023

अहमदाबाद (शोर संदेश)। गुजरात के कई जिलों में हुई मूसलाधार बारिश के दौरान बिजली गिरने से 20 लोगों की मौत हो गई। सोमवार को एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुजरात के विभिन्न शहरों में खराब मौसम और बिजली गिरने से हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया और कहा कि स्थानीय प्रशासन राहत कार्य में लगा हुआ है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) के एक अधिकारी के अनुसार, गुजरात के विभिन्न हिस्सों से अब तक बारिश से संबंधित कुल 20 मौतें हुई हैं। रविवार को राज्य में हुई बेमौसम बारिश के दौरान बिजली गिरने से सभी मौतें हुईं हैं।  एसईओसी अधिकारी ने बताया कि दाहोद जिले में चार, भरूच में तीन, तापी में दो और अहमदाबाद, अमरेली, बनासकांठा, बोटाद, खेड़ा, मेहसाणा, पंचमहल, साबरकांठा, सूरत, सुरेंद्रनगर और देवभूमि द्वारका में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने रविवार रात एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ”गुजरात के विभिन्न शहरों में खराब मौसम और बिजली गिरने से कई लोगों की मौत की खबर से मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं उन लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खोया है। स्थानीय प्रशासन राहत कार्य में जुटा हुआ है, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की जा रही है.’ भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि सोमवार को बारिश की गतिविधि कम होने की उम्मीद है। एसईओसी आंकड़ों के अनुसार, गुजरात के 252 तालुकाओं में से 234 में रविवार को बारिश हुई, सूरत, सुरेंद्रनगर, खेड़ा, तापी, भरूच और अमरेली जिलों में 16 घंटों में 50-117 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया. इस बेमौसम बारिश के चलते फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. राजकोट के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि हुई। अधिकारियों ने कहा कि फसल को नुकसान पहुंचाने के अलावा, बारिश ने सौराष्ट्र क्षेत्र के मोरबी जिले के सिरेमिक उद्योग को भी प्रभावित किया। आईएमडी के अहमदाबाद केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि सोमवार को बारिश कम हो जाएगी और दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र जिलों के कुछ हिस्सों में केंद्रित रहेगी. आईएमडी ने अपने बुलेटिन में कहा कि उत्तर पूर्वी अरब सागर और आसपास के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्रों के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण बारिश हो रही है।


ड्रेसिंग रूम पहुंचकर पीएम मोदी ने शमी को गले लगाया

20-Nov-2023

अहमदाबाद (शोर संदेश)। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। कंगारुओं ने भारत को छह विकेट से हराया। इस हार के बाद भारतीय खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में गए थे और उनके भावुक होने की तस्वीर भी सामने आई थी। रोहित शर्मा, मोहम्मद सिराज और विराट कोहली समेत तमाम खिलाड़ी भावुक नजर आए थे। ऑस्ट्रेलिया से हार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ड्रेसिंग रूम में भारतीय क्रिकेटरों से मुलाकात भी की। इसकी तस्वीर सामने आई है। पीएम ने भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।



जडेजा ने शेयर की तस्वीर
भारत के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने पीएम के ड्रेसिंग रूम में आने की तस्वीर शेयर की है। उन्होंने लिखा- हमारा टूर्नामेंट बहुत अच्छा था, लेकिन फाइनल में हम हार गए। हम सभी दुखी हैं, लेकिन हमारे देश के लोगों का समर्थन हमें आगे बढ़ा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ड्रेसिंग रूम में पहुंचे। उनका दौरा विशेष और बहुत प्रेरणादायक था।

प्रधानमंत्री ने शमी को लगाया गले
शमी ने भी पीएम से मुलाकात की तस्वीर शेयर की है। उन्होंने लिखा- दुर्भाग्य से कल हमारा दिन नहीं था। मैं पूरे टूर्नामेंट के दौरान हमारी टीम और मेरा समर्थन करने के लिए सभी भारतीयों को धन्यवाद देना चाहता हूं। विशेष रूप से ड्रेसिंग रूम में आने और हमारा उत्साह बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभारी हूं। हम वापसी करेंगे!

गृह मंत्री अमित शाह भी मैच देखने पहुंचे थे
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच के देखने के लिए कई बड़ी हस्तियां पहुंचीं थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दूसरी पारी के दौरान स्टेडियम में नजर आए। पीएम मोदी के साथ गृह मंत्री अमित शाह नजर आए। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए पीएम मोदी के अलावा बॉलीवुड हस्तियां भी पहुंचीं। शाहरूख खान, गौरी खान, आशा भोसले, अनुष्का शर्मा, आथिया शेट्टी समेत अन्य कई दिग्गज स्टेडियम में मौजूद रहे।


पहाड़ी इलाके में बस पलटने से एसआरपी के 38 जवान घायल

31-Oct-2023

पंचमहल (शोर संदेश)। गुजरात में पंचमहल जिले के हलोल में सोमवार शाम को राज्य रिजर्व पुलिस (एसआरपी) के जवानों को ले जा रही एक बस पहाड़ी इलाके में पलट गई। इस हादसे में कम से कम 38 कर्मी घायल हो गए, जिनमें से नौ गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्रथम दृष्टया ब्रेक फेल होने के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके परिणामस्वरूप बस ढलान पर जाकर पलट गई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि जवान पावागढ़ में तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र में भाग लेने के बाद दाहोद लौट रहे थे। पुलिस निरीक्षक आर.ए. जडेजा ने कहा, ‘‘दुर्घटना के समय बस में 50 जवान सवार थे। उनमें से 38 जवान घायल हो गए और उन्हें हलोल के अस्पताल ले जाया गया। घायलों में से 29 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, और गंभीर चोटों वाले नौ अन्य को आगे के इलाज के लिए वडोदरा के एक सरकारी अस्पताल में रेफर किया गया है।


*देश के विकास में सबसे बड़ी रुकावट है तुष्टिकरण की राजनीति : मोदी*

31-Oct-2023

अहमदाबाद (शोर संदेश)। गुजरात के एकता नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आने वाले 25 साल भारत के लिए इस शताब्दी के सबसे महत्वपूर्ण 25 साल हैं। इन 25 वर्षों में हमें समृद्ध बनना है, विकसित बनना है। पीएम मोदी ने कहा देश की एकता और विकास यात्रा में सबसे बड़ी रुकावट तुष्टिकरण की राजनीति है। भारत के बीते कई दशक साक्षी हैं कि तुष्टिकरण करने वालों को आतंकवाद, उसकी भयानकता, विकरालता कभी दिखाई नहीं देती।तुष्टिकरण करने वालों को मानवता के दुश्मनों के साथ खड़े होने में भी संकोच नहीं हो रहा है।तुष्टिकरण की ये सोच इतनी खतरनाक है कि वो आतंकियों को बचाने के लिए अदालत तक पहुंच जाते हैं।एकता को खतरे में डालने वाली ऐसी सोच से हर पल, हर समय, हर देशवासी को सावधान रहना ही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आप सभी युवाओं का जांबाजों का ये उत्साह राष्ट्रीय एकता दिवस की बहुत बड़ी ताकत है। एक तरह से मेरे सामने लघु भारत का स्वरूप दिख रहा है। राज्य अलग है, भाषा अलग है, परंपरा अलग है, लेकिन यहां मौजूद हर व्यक्ति एकता की मजबूत डोर से जुड़ा हुआ है। मोदी ने कहा, जैसे 15 अगस्त हमारी स्वतंत्रता के उत्सव का, 26 जनवरी हमारे गणतंत्र के जयघोष का दिवस है, उसी तरह 31 अक्टूबर का ये दिन देश के कोने-कोने में राष्ट्रीयता के संचार का पर्व बन गया है। नरेंद्र मोदी ने कहा, दुनिया भारत की सराहना कर रही है। हमें दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने पर गर्व है। हमें गर्व है कि जब दुनिया युद्ध और अन्य संकटों का सामना कर रही है, तब भी हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। हमें गर्व है कि हम जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने वाले हैं।


*गरबा खेलते समय 17 साल के लड़के को पड़ा दिल का दौरा, मौत से हर कोई हैरान*

22-Oct-2023

अहमदाबाद (शोर संदेश)। नवरात्र के दौरान गुजरात से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां खेड़ा जिले में गरबा खेलते समय दिल का दौरा पड़ने से 17 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह दुखद घटना नवरात्र उत्सव के छठे दिन हुई। डॉक्टर ने बताया कि 17 वर्षीय लड़का वीर शाह कपडवंज के गरबा मैदान में गरबा खेल रहा था। इस दौरान उसने चक्कर आने की शिकायत की और बेहोश हो गया। वहां मौजूद लोगों ने फौरन उसकी देखभाल की। उसे कार्डियोपल्मोनरी पुनर्जीवन (सीपीआर) के तीन चक्र दिए गए। जब उसे अस्पताल लाया गया तो उसे  मृत घोषित कर दिया गया। 17 वर्षीय लड़के की मौत से उसके पैतृक गांव में मातम छा गया। वीर के पिता रिपल शाह को उनके बेटे के निधन की सूचना दी गई। सूत्रों ने बताया कि उनकी मौत की खबर मिलने के बाद उनके माता-पिता सदमे में थे। वहीं उनकी मौत की खबर मिलने के बाद उनके माता-पिता सदमे में थे। सिसकियों के बीच गमगीन रिपल शाह ने मौज-मस्ती कर रहे लोगों से सावधानी बरतने को कहा। उन्होंने लोगों से गुजारिश की कि गरबा खेलने में सावधानी बरतें, बिना आराम किए इसे खेलना जारी न रखें। मैंने आज अपना बच्चा खो दिया है और चाहता हूं कि किसी और के साथ ऐसी घटना न हो। जिस मैदान पर वीर शाह की मृत्यु हुई, वहां आयोजक 17 वर्षीय लड़के को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट तक मौन रहे। उनके निधन के बाद मैदान में आयोजित होने वाला गरबा स्थगित कर दिया गया। इसके अलावा, एकजुटता दिखाने के लिए, कपडवंज शहर और आसपास के क्षेत्रों के सभी गरबा आयोजकों ने भी सभी निर्धारित उत्सव कार्यक्रमों को एक दिन के लिए रोक दिया।

 

 


*शाह ने किया तूफ़ान प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, अस्पताल में भर्ती लोगों से भी मिले*

17-Jun-2023

कच्छ (शोर संदेश)।दक्षिण-पूर्व अरब सागर से उठा चक्रवाती तूफान बिपरजॉय एक दिन पहले गुजरात के तट से टकराने के बाद शुक्रवार को आगे तो बढ़ गया, लेकिन पीछे तबाही का मंजर छोड़ गया। नुकसान का आकलन अभी मुश्किल है, लेकिन हर तरफ टूटे घर, उखड़े बिजली के खंभे हालात बयां कर रहे हैं। करीब छह सौ पेड़ सड़कों पर गिर गए, जिन्हें हटाया जा रहा है। इन्हीं सब हालातों को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। गृह मंत्री ने हेलीकॉप्टर से बाढ़ प्रभावित इलाकों का हाल जाना। साथ ही मांडवी सिविल अस्पताल में भर्ती लोगों से मुलाकात की और उनके हालचाल लिए। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बिपरजॉय ने राज्य में कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्र के आठ जिलों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। हालांकि, पूर्व चेतावनी और पुख्ता तैयारियों ने किसी तरह की जनहानि नहीं होने दी। समय रहते एक लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया था।



केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ शनिवार को गुजरात के कच्छ में चक्रवात बिपरजॉय से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। बाद में दिन में अमित शाह, सीएम पटेल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। शाह इसके बाद मांडवी जाएंगे और चक्रवात से प्रभावित लोगों से मिलेंगे और फिर भुज में स्वामीनारायण मंदिर जाएंगे और प्रभावित लोगों के लिए दी जा रही खाद्य सामग्री और अन्य सुविधाओं की समीक्षा करेंगे। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज तड़के कहा कि चक्रवात कमजोर होकर गहरे दबाव में बदल गया है और अगले 12 घंटों में इसके कमजोर होकर अवसाद में बदलने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, चक्रवाती तूफान दक्षिण पूर्व पाकिस्तान के ऊपर शुक्रवार रात 11:30 बजे कमजोर हो गया। आईएमडी ने एक ट्वीट में कहा, "दक्षिण पश्चिम राजस्थान और कच्छ धोलावीरा से लगभग 100 किमी उत्तर पूर्व में यह कमजोर पड़ गया है। इस बीच, पहले यह बताया गया था कि चक्रवात के प्रभाव के कारण भुज, कच्छ में कई पेड़ उखड़ गए। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने शुक्रवार को निकासी का काम किया। कुल छह राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमों ने रूपेन बंदर सरकारी प्राथमिक विद्यालय से 127 नागरिकों को निकाला और चक्रवात बिपरजॉय के गुरुवार शाम राज्य के तटीय क्षेत्रों में आने के बाद एनडीएच स्कूल से लोगों को स्थानांतरित कर दिया गया। एनडीआरएफ के मुताबिक, निकाले गए नागरिकों में 82 पुरुष, 27 महिलाएं और 15 बच्चे शामिल हैं। चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के गुजरात में आने के बाद अगले दो दिनों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई थी। इसके बाद, पश्चिम रेलवे ने शुक्रवार को चक्रवात संभावित इलाकों में एहतियात के तौर पर कुछ और ट्रेनों के संचालन को रद्द करने, आंशिक रूप से रद्द करने का फैसला किया।



+ Load More

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account