ब्रेकिंग न्यूज

ब्रेकिंग न्यूज

Previous123456789...7778Next

अवैध रेत एवं खनिज परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 3 हाईवा और 5 ट्रैक्टर जब्त

14-Sep-2026
रायपुर: जांजगीर-चांपा जिले में रेत एवं अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने बम्हनीडीह क्षेत्र के पिपरदा, पुछेली, बिर्रा, गतवा तथा शिवरीनारायण क्षेत्र में औचक जांच अभियान चलाकर अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त 3 हाईवा एवं 5 ट्रैक्टर जब्त किए।
खनिज अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान ग्राम पिपरदा से 1 हाईवा, बिर्रा क्षेत्र से 2 ट्रैक्टर, शिवरीनारायण क्षेत्र से 3 ट्रैक्टर तथा केवा-नवापारा क्षेत्र से 2 हाईवा को खनिजों का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर जब्त किया गया। जब्त वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित थाना बिर्रा, थाना शिवरीनारायण एवं कलेक्ट्रेट परिसर में रखा गया है।
जांच के दौरान अवैध परिवहन से संबंधित कुल 8 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें 5 प्रकरण अवैध रेत परिवहन, 1 प्रकरण गिट्टी तथा 2 प्रकरण ईंट के अवैध परिवहन से संबंधित हैं।
दर्ज प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 में उल्लेखित प्रावधानों के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिकारियों को नियमित रूप से जांच अभियान चलाने और अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संसाधनों के अवैध दोहन के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

 


पथराव-तोड़फोड़ पर कड़ी कार्रवाई, बिलासपुर में 11 आरोपी गिरफ्तार

31-Aug-2026
बिलासपुर  (शोर संदेश) न्यायधानी बिलासपुर में 28-29 अगस्त की दरमियानी रात हुए पथराव और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। 50 से अधिक लोगों के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद अब दोनों पक्षों से कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक अपराध क्रमांक 488/2026 में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें मौला बक्स उर्फ जुब्बू, शेख अजरूद्दीन उर्फ अज्जू, मोहम्मद जाहिद खान, सफीक अहमद उर्फ राजा खान, शकीर उर्फ सोनू, मोहम्मद लाईक, रेहान अली उर्फ ईरानी और मो. जुनैद शामिल हैं। ये आरोपी खपरगंज, तालापारा, जूनी लाइन और सरकंडा क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
वहीं अपराध क्रमांक 489/2026 में तीन आरोपियों राजू यादव उर्फ नान, राकेश यादव उर्फ रिंकु और छत्रपाल साहू को गिरफ्तार किया गया है। राजू यादव और राकेश यादव कुंदरापारा, जबकि छत्रपाल साहू डबरीपारा का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, हिंसक बवाल के दौरान तोड़फोड़ की घटनाएं भी हुईं। इसमें 8 वाहनों और एक दुकान को नुकसान पहुंचाया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों में 6 चार पहिया वाहन, एक ई-रिक्शा और एक बाइक शामिल हैं। पथराव के कारण एक मकान की खिड़कियों के कांच भी टूट गए।
उपद्रव को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम भी पथराव की चपेट में आ गई। घटना में तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। टीआई के सिर में गंभीर चोट आने की जानकारी सामने आई है। सभी घायल पुलिसकर्मियों का उपचार कराया गया।
घटना के बाद खपरगंज, तेलीपारा रोड, मध्यनगरी चौक, सिम्स चौक और करोना चौक समेत संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। स्थानीय पुलिस बल के साथ दूसरे जिलों से करीब 350 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाकर तैनात किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पैदल मार्च और पेट्रोलिंग की जा रही है।
एहतियात के तौर पर इलाके में धारा 163 लागू की गई है। पुलिस-प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील की है।
पुलिस अब बवाल में शामिल अन्य लोगों की पहचान में जुटी है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही ड्रोन के जरिए भी संवेदनशील इलाकों की निगरानी और संदिग्धों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 


हरियाणा प्रांत की शराब तस्करी एवं कच्ची महुआ शराब के विक्रय पर आबकारी विभाग की कार्रवाई

21-Aug-2026
रायपुर: कवर्धा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग ने 17 अगस्त 2026 को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अन्य प्रांत हरियाणा की मदिरा का अवैध परिवहन करने तथा कच्ची महुआ शराब का विक्रय करने वाले कुल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में मदिरा, महुआ लाहन एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन सहित कुल 8 लाख 16 हजार 310 रुपये की सामग्री जब्त की गई है। आबकारी आयुक्त पदुम सिंह एल्मा एवं कलेक्टर के निर्देश तथा प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी मुकेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी मुकेश पाण्डेय ने बताया कि 17 अगस्त 2026 को आबकारी चेक पोस्ट चिल्फी के प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक रामानंद दीवान द्वारा वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान चार पहिया वाहन क्रमांक एचआर 36 एबी 0487 की विधिवत तलाशी लेने पर वाहन से 5.25 बल्क लीटर विदेशी मदिरा, जिस पर सेल फॉर हरियाणा अंकित था, बरामद की गई। मदिरा को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी विक्रम सिंह पिता आजाद सिंह, उम्र 41 वर्ष, निवासी ग्राम अमलीडीह, पोस्ट बरगड़ा, जिला बेमेतरा के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 यथा संशोधित की धारा 34(1)(क), 34(2), 59(क) एवं 36 के तहत गैर-जमानती प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उक्त कार्रवाई में आबकारी मुख्य आरक्षक विद्यासिंह परमार, इम्तियाज खान तथा आबकारी आरक्षक भूपेंद्र साहू,कामिनी भुआर्य, मेघा ध्रुव एवं सीमा नेताम का विशेष योगदान रहा।
 

धौड़ाई में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई : 3 आरोपियों के कब्जे से तेंदुए की खाल जब्त

11-Aug-2026
रायपुर (शोर संदेश)।  वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार वन्यजीव संरक्षण और वन्यजीव तस्करी पर रोक लगाने के लिए वन विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में नारायणपुर जिले के धौड़ाई परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक तेंदुए की खाल और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं।
वनमंडलाधिकारी के निर्देशन में धौड़ाई परिक्षेत्र के वन अधिकारियों और कर्मचारियों ने 8 अगस्त 2026 को गश्त के दौरान गायतापारा सड़क किनारे तीन व्यक्तियों को दो मोटरसाइकिलों से तेंदुए की खाल ले जाते हुए पकड़ा। वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन क्रमांक CG-21/J-4096 और CG-21/J-0920 सहित तेंदुए की खाल जब्त कर ली। जब्त की गई तेंदुए की खाल की लंबाई 184 सेंटीमीटर, सामने के दोनों पैरों के बीच की लंबाई 125 सेंटीमीटर, पीछे के दोनों पैरों के बीच की लंबाई 118 सेंटीमीटर तथा पेट की चौड़ाई 55 सेंटीमीटर पाई गई।
गिरफ्तार आरोपियों में सोनूराम कचलाम (39 वर्ष), निवासी ग्राम रोहताड़, छोटेडोंगर, पुनीत कुमार बघेल (32 वर्ष), निवासी ग्राम छोटेडोंगर (डुरकाडोंगरी) और जमधर पोटाई (50 वर्ष), निवासी ग्राम तारागांव, धौड़ाई शामिल हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, नारायणपुर के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस अपराध में 7 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। मामले की जांच जारी है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि राज्य सरकार वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वन्यजीवों का अवैध शिकार और तस्करी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने वन अधिकारियों को वन्यजीव संरक्षण को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं।

कोरबा वन मंडल ने की 20 घनमीटर अवैध साल लकड़ी बरामद,मुख्य आरोपी गिरफ्तार

22-Jul-2026
रायपुर । छत्तीसगढ के कोरबा वन मंडल ने लकड़ी की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 20 घनमीटर अवैध साल लकड़ी बरामद की है। वन विभाग की रणनीतिक कार्रवाई और रायपुर वन मंडल के सहयोग से अंतर-जिला स्तर पर संचालित तस्करी के मामले का खुलासा हुआ। मुख्य आरोपी सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
वन विभाग कोरबा को सूचना मिली थी कि कोरबा से अवैध रूप से साल लकड़ी का परिवहन कर उसे रायपुर के अभनपुर स्थित एक आरा मिल में बेचा गया है। सूचना के आधार पर विभाग ने जांच शुरू की और संदिग्ध से पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अधिकारियों को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने लकड़ी को अभनपुर स्थित आरा मिल में बेचने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर कोरबा वन मंडल ने पांच वन परिक्षेत्र अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर अभनपुर स्थित आरा मिल में छापेमारी की। जांच के दौरान चोरी की गई 20 घनमीटर साल लकड़ी बरामद की गई। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और दस्तावेजीकरण किया गया।
रायपुर वन मंडल की टीम ने आरा मिल में बड़ी मात्रा में संदिग्ध वनोपज मिलने पर उसे सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान लकड़ी परिवहन में उपयोग किए जा रहे एक ट्रैक्टर, क्रेन सहित अन्य वाहनों को भी जब्त किया गया। बरामद लकड़ी को सुरक्षित रूप से कोरबा के कसनिया डिपो में जमा कराया गया।
पूरी कार्रवाई वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देशन में की गई। इस दौरान रायपुर वनमंडलाधिकारी लोकनाथ पटेल तथा कोरबा पुलिस प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा गया, जिससे कार्रवाई सफल रही।
मामले में आरोपी के विरुद्ध शासकीय संपत्ति की चोरी और अवैध परिवहन से संबंधित प्रावधानों के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 316(5) के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
वन विभाग ने कहा है कि प्रदेश की वन संपदा की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। अवैध कटाई, परिवहन और तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। यह कार्रवाई वन संपदा संरक्षण और अवैध वनोपज कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

रायगढ़ में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त अभियान, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

15-Jul-2026
रायपुर(शोर संदेश) सड़क सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए रायगढ़ जिला प्रशासन ने आज राजमार्गों पर अवैध अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ व्यापक संयुक्त अभियान चलाया। सर्वाेच्च न्यायालय के निर्देशों तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गठित जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स ने शहर के प्रमुख यातायात क्षेत्रों में सघन प्रवर्तन अभियान चलाते हुए राजमार्गों से अतिक्रमण हटाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले 41 से अधिक वाहनों पर लगभग 41 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी मयंक चतुर्वेदी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह के निर्देशन में यह अभियान कांशीराम चौक, छातामुड़ा चौक तथा अन्य व्यस्त मार्गों पर संचालित किया गया। अभियान के दौरान एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, एसडीएम श्री महेश शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात), तहसीलदार, अनुविभागीय अधिकारी (राष्ट्रीय राजमार्ग) तथा जिला परिवहन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने मैदानी स्तर पर कार्रवाई की।
संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के राइट ऑफ वे क्षेत्र में किए गए अवैध अतिक्रमणों को तत्काल हटाया। दुकानों के सामने किए गए सड़क विस्तार, अस्थायी शेड, अवैध निर्माण तथा अन्य बाधाओं को हटाते हुए संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अभियान के दौरान राजमार्गों और प्रमुख चौराहों के आसपास अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों एवं अन्य गाडि़यों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की गई। यातायात बाधित करने और दुर्घटना की आशंका बढ़ाने वाले 41 से अधिक वाहनों पर मौके पर ही चालानी कार्रवाई करते हुए लगभग 41 हजार रुपए का अर्थदंड वसूला गया। जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे 15 मीटर की परिधि के भीतर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अथवा संबंधित मंत्रालय की पूर्व स्वीकृति के बिना किसी भी प्रकार का निर्माण, लाइसेंस अथवा अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी या नवीनीकृत नहीं किया जाएगा। सर्वाेच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप इस अभियान की विस्तृत अनुपालन रिपोर्ट निर्धारित अवधि में प्रस्तुत की जाएगी।
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने जिले के सभी दुकानदारों, ढाबा संचालकों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पूर्णतः पालन करें। राजमार्गों पर अतिक्रमण न करें और न ही वाहनों को अव्यवस्थित ढंग से खड़ा करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी पूरे जिले में ऐसे औचक अभियान लगातार चलाए जाएंगे तथा दोबारा उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक एवं वित्तीय कार्रवाई की जाएगी।

 


धामन सांप और गोह के शिकार का खुलासा, वन विभाग ने पांच आरोपियों को भेजा जेल

10-Jul-2026
रायपुर  (शोर संदेश)  वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार धमतरी वनमंडल के बिरगुड़ी परिक्षेत्र अंतर्गत खैरभरी बीट के आरक्षित वन में वन्यजीवों के शिकार के मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वनमंडलाधिकारी कांकेर से प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 4 जुलाई को ग्राम भनसुली (तहसील नरहरपुर, जिला कांकेर) के पांच लोगों पर तीन धामन (असोड़िया) सांप और एक गोह का शिकार करने का आरोप है। आरोप है कि शिकार किए गए वन्यजीवों को एक आरोपी के घर ले जाकर उनके टुकड़े किए गए और भोजन के रूप में उपयोग किया गया।
मामले की सूचना मिलने पर वनमंडलाधिकारी श्री जाधव श्रीकृष्ण के निर्देश पर धमतरी वनमंडल, कांकेर वनमंडल, उड़नदस्ता तथा एंटी-पोचिंग टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी, नगरी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वन विभाग ने बताया कि मामले की जांच जारी है। वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम के तहत संरक्षित वन्यजीवों के शिकार, अवैध कब्जे या व्यापार पर तीन से सात वर्ष तक के कारावास और जुर्माने का प्रावधान है।
वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वन्यजीवों के संरक्षण में सहयोग करें तथा शिकार या वन्यजीव अपराध से संबंधित किसी भी सूचना की तत्काल विभाग को जानकारी दें। वन्यजीवों की सुरक्षा जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है।
 

नल-जल योजना के 6 लाख के डीआई पाइप चोरी का खुलासा, मध्यप्रदेश से आरोपी गिरफ्तार

02-Jul-2026
मुंगेली। (शोर संदेश) मुंगेली पुलिस ने शासकीय नल-जल योजना से जुड़े करीब छह लाख रुपये मूल्य के चोरी हुए डीआई पाइप बरामद कर अंतर्राज्यीय चोरी के मामले का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश के अनुपपुर जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई कार्रवाई में थाना लोरमी पुलिस ने चोरी हुए 24 डीआई पाइप बरामद किए। पुलिस के अनुसार, ग्राम गोड़खाम्ही नहर रोड स्थित निर्माण स्थल पर नल-जल योजना के तहत रखे गए 30 पाइपों में से 24 पाइप 10 जून 2026 के आसपास चोरी हो गए थे। इनकी अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये थी। शिकायत के आधार पर थाना लोरमी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस मध्यप्रदेश के अनुपपुर-शहडोल मार्ग स्थित कुदौली क्षेत्र पहुंची। वहां एक कबाड़ी की दुकान पर दबिश देकर चोरी के पाइप बरामद किए गए। पूछताछ में दुकान संचालक अनुज कुमार नामदेव (20) ने बताया कि पाइप ट्रक के जरिए लाकर कबाड़ के रूप में खरीदे गए थे। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
जांच में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी सामने आई। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर उसे न्यायालय के आदेश पर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे चोरी नेटवर्क की जांच जारी है। सरकारी संपत्ति की चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।







 

अवैध गिट्टी परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, राजनांदगांव में दो वाहन जब्त

20-Jun-2026
रायपुर (शोर संदेश)  राजनांदगांव जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन मामले में शुक्रवार को कोहका क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर खनिज विभाग ने दो वाहनों को जब्त कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने बीजाभांठा, तुमड़ीबोड़, कोहका, मारगांव, दीवानभेड़ी, मचानपार, मटिया और डोंगरगांव क्षेत्र में आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कोहका क्षेत्र में बिना वैध अनुमति चूना पत्थर (गिट्टी) का परिवहन करते हुए दो वाहन पकड़े गए।
विभाग ने ग्राम पटपर निवासी भोला देवदास के स्वामित्व वाले माजदा वाहन (सीजी 08 एएफ 0152) तथा चिचोला निवासी अशरफ अली के स्वामित्व वाले हाईवा (सीजी 08 एएन 8053) को जब्त किया। दोनों वाहनों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना तुमड़ीबोड़ के सुपुर्द कर दिया गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार गश्त, निगरानी और आकस्मिक जांच अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
 

अवैध खनिज परिवहन मामले में 9 वाहन जब्त

04-Jun-2026
रायपुर (शोर संदेश) अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने अम्बिकापुर जिले के सीतापुर तहसील क्षेत्र में बिना अभिवहन पास खनिज परिवहन कर रहे 9 वाहनों को जब्त किया है। सभी वाहनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें अग्रिम आदेश तक थाना सीतापुर की अभिरक्षा में रखा गया है।
कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को खनिज अमले ने सीतापुर तहसील के केसला घाट, मंगरेलगढ़, बिठुआ, लमगांव, ढेलसरा, राधापुर और प्रतापगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की सघन जांच की।
जांच के दौरान नौ ट्रैक्टर-वाहन बिना वैध अभिवहन पास के खनिज परिवहन करते पाए गए। विभाग ने सभी 9 ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया हैं, जिनका उपयोग अवैध रूप से खनिज परिवहन में किया जा रहा था।
खनिज विभाग ने बताया कि सभी मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग का कहना है कि अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई का सह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। 


 


Feedback/Enquiry



Log In Your Account