ब्रेकिंग न्यूज

ब्रेकिंग न्यूज

बाघ और तेंदुए के शिकार में शामिल डिप्टी रेंजर सहित 9 आरोपी गिरफ्तार

19-Mar-2026
रायपुर, । ( शोर संदेश ) छत्तीसगढ़ में वन एवं वन्यजीव संरक्षण के तहत वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाघ और तेंदुए के अवैध शिकार में शामिल एक डिप्टी रेंजर सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दंतेवाड़ा और बीजापुर क्षेत्र के जंगलों में की गई।
वन विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल में फंदे लगाकर वन्यजीवों का शिकार कर रहे हैं। इसके बाद विभाग और राज्य उड़नदस्ता टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। लगातार निगरानी और जांच के दौरान एक संगठित शिकार गिरोह का खुलासा हुआ। जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई कि इस अवैध गतिविधि में वन विभाग का ही एक कर्मचारी, डिप्टी रेंजर देवी प्रसाद ओयाम भी शामिल था।
डिप्टी रेंजर पोयाम की मिलीभगत के कारण शिकारियों को जंगल में प्रवेश और शिकार करने में मदद मिली। आरोपियों ने शिकार के लिए लोहे के तार के फंदों का उपयोग किया, जिनमें मांस लगाकर बाघ और तेंदुए को फंसाया गया। फंदे में फंसने के कारण दोनों वन्यप्राणियों की मौत हो गई।
बरामद बाघ की उम्र लगभग 3 वर्ष बताई गई है। आरोपी इनकी खाल को रायपुर ले जाकर बेचने की योजना बना रहे थे। इस पूरे मामले में वन मंत्री  केदार कश्यप के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) अरुण कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में टीम ने इस गिरोह का भंडाफोड़ किया।
आरोपियों में शिकार के मुख्य आरोपियों में लक्ष्मण तेलाम, देवीराम ओयाम, रमेश कुड़ियाम, फरसोन पोयामी, सेमला रमेश, सुखराम पोडियाम और छत्रू कुड़ियाम शामिल हैं। पूछताछ के आधार पर ग्राम केशापुर में दबिश देकर तेंदुए की खाल बरामद की गई तथा मासो ओयाम और अर्जुन भोगामी को भी गिरफ्तार किया गया।
वनमंडलाधिकारी दंतेवाड़ा रामकृष्णा ने बताया कि बाघ और तेंदुआ दोनों ही अनुसूची-1 के तहत संरक्षित वन्यजीव हैं। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस सफलता पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम को बधाई दी है और संबंधित अधिकारियों- कर्मचारियों को सम्मानित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मामले की विस्तृत जांच कर शीघ्र न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
वन मंत्री केदार कश्यप ने स्पष्ट किया है कि राज्य में वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों का शिकार गंभीर अपराध है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो। वन विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि वन एवं वन्यजीवों के संरक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध गतिविधि पर सख्ती से कार्यवाही की जाएगी।

रेलवे स्टेशन के बाहर 13 किलो गांजा के साथ प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार

13-Mar-2026
रायपुर। ( शोर संदेश )  राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर और उसकी महिला साथी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 13 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया है। कार्रवाई गुढ़ियारी थाना पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों को थाना क्षेत्र के रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर पार्किंग के पास से पकड़ा गया। दोनों अपने बैग में गांजा रखकर कहीं जाने की फिराक में थे।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राजेंद्र प्रसाद और हेमलता कैवर्त्य बताया। जांच में सामने आया कि दोनों आपस में प्रेमी-प्रेमिका हैं और पुलिस से बचने के लिए पति-पत्नी बनकर यात्रा करते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी उड़ीसा के खरियार रोड क्षेत्र से गांजा लाकर उत्तरप्रदेश के प्रयागराज ले जा रहे थे। तलाशी के दौरान उनके बैग से 13.156 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 6 लाख 77 हजार 800 रुपये आंकी गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ गुढ़ियारी थाने में नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और तस्करी नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में गुढ़ियारी थाना पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।
 

महासमुंद में आबकारी की कार्रवाई, 18 किलो गांजा और 14 चक्का ट्रक जब्त

10-Mar-2026
महासमुंद । ( शोर संदेश ) महासमुंद जिले में आबकारी विभाग की टीम द्वारा 18.285 किलोग्राम अवैध गांजा तथा एक 14 चक्का ट्रक जब्त किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एनएच-53 स्थित बैतारी के पास वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान आबकारी उपनिरीक्षक मिर्जा जफर बैग, हृदय कुमार त्रिपुड़े, नीरज कुमार साह तथा अनिल कुमार झरिया की संयुक्त टीम ने एक 14 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक में सवार आरोपी ईरफान गौरी के पास से 18.285 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (पप) (सी) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। आबकारी विभाग द्वारा आरोपी को रिमांड पर लेकर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

 

 


6 किलो गांजा के साथ महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार

08-Mar-2026
रायपुर(शोर संदेश)।राजधानी में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6.140 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किया गया दोपहिया वाहन जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 3.57 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (अपराध एवं साइबर) और उमेश प्रसाद गुप्ता, पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) की संयुक्त निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा थाना पुलिस की टीम ने की।
पुलिस को 7 मार्च को सूचना मिली थी कि एक एक्टिवा वाहन में सवार महिला और पुरुष अपने पास बैग में गांजा रखकर आरंग से रायपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तेलीबांधा क्षेत्र में किया कार शोरूम के सामने आरंग-रायपुर रिंग रोड पर नाकेबंदी कर दी।
इसी दौरान संदिग्ध एक्टिवा को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन तेज गति से भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम माधुरी जैन उर्फ डॉली और युवक ने कृष्ण साहू बताया। तलाशी लेने पर उनके बैग से गांजा बरामद हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला माधुरी जैन, थाना खमतराई के हिस्ट्रीशीटर उदय जैन की पत्नी है, जो फिलहाल नारकोटिक एक्ट के एक मामले में जेल में बंद है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 6.140 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 3.07 लाख रुपये) और तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन (कीमत करीब 50 हजार रुपये) जब्त किया है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में नारकोटिक एक्ट की धारा 20बी के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस वाहन पर पथराव करने में पांच गिरफ्तार

05-Mar-2026
जांजगीर-चांपा( शोर संदेश ) होली पर्व के दौरान नवागढ़ क्षेत्र में पत्थरबाजी कर शासकीय वाहनों को क्षतिग्रस्त करने के मामले में पांच लाेगाें को गिरफ्तार किया है। काेर्ट के आदेश पर पांचाें काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जांजगीर-चांपा पुलिस के अनुसार बीती रात थाना नवागढ़ की पेट्रोलिंग टीम ग्राम राछाभाटा से सेमरा-बुढ़ेना मार्ग की ओर गश्त कर रही थी। ग्राम बुढ़ेना पहुंचने पर पुलिस टीम ने देखा कि अज्ञात व्यक्तियों ने मुख्य मार्ग पर लकड़ी और पत्थर रखकर आवागमन बाधित कर दिया गया था। रात लगभग दाे बजे पुलिसकर्मी जब मार्ग से अवरोध हटाने का प्रयास कर रहे थे, उसी दौरान घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने शासकीय वाहनों पर अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस हमले में पुलिस के दोनों वाहनों के आगे और पीछे के शीशे टूट गए।
घटना के बाद आरोपित मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर कुछ आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दाैरान इन आराेपिताें की पहचान अनीश यादव (19 वर्ष), साहिल यादव (21 वर्ष), राज कश्यप (19 वर्ष), सुखराम कश्यप (22 वर्ष) और परमेश्वर यादव (22 वर्ष) के रूप में हुई। यह सभी ग्राम बूढ़ेना, थाना नवागढ़ के निवासी हैं। थाना नवागढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आराेपिताें काे काेर्ट में पेश
किया, जहां से सभी काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
 

आजाद चौक क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई, स्कूटर से 75 लाख रुपये नकद बरामद

28-Feb-2026
रायपुर।  ( शोर संदेश ) एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना आजाद चौक पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्कूटर से 75 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। मामले में एक युवक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में 27 फरवरी को थाना आजाद चौक क्षेत्र के समता कॉलोनी में एमसीपी प्वाइंट लगाकर संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक्टिवा (वाहन क्रमांक CG 04 NJ 8956) को रोका गया। वाहन में एक बड़ा थैला रखा हुआ था।
थैले की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में नगद राशि पाई गई। वाहन सवार युवक ने पूछताछ में अपना नाम मिलन शर्मा (25 वर्ष), पिता राधेश्याम शर्मा, निवासी समता कॉलोनी, खादुश्चाम मंदिर के सामने गली, थाना आजाद चौक, जिला रायपुर बताया।
पुलिस द्वारा नगद राशि के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं कर सका और पूछताछ के दौरान टीम को गुमराह करता रहा। इसके बाद उसके कब्जे से कुल 75,00,000 रुपये नगद, चार मोबाइल फोन और एक्टिवा वाहन जब्त कर लिया गया।
आरोपी के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 01/2026 के तहत धारा 106 बीएनएसएस में कार्रवाई की गई है। मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी गई है, जहां अब आगे की जांच की जा रही है।

 


ग्राम कुकुसदा में 09 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त

27-Feb-2026
रायपुर,( शोर संदेश )  राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन एवं आबकारी टीम द्वारा जांच-पड़ताल का सघन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मुंगेली जिले में कलेक्टर के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा की जा रही सतत कार्रवाई के दौरान ग्राम कुकुसदा में 09 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि प्रकरण में आरोपी रामफल भट्ठ के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक प्रकरण पंजीबद्ध कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में अवैध शराब तथा उससे संबंधित आपराधिक गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

धमतरी में नशीली दवाओं के कारोबार पर कड़ा प्रहार, तीन दोषियों को 9-9 साल सजा

26-Feb-2026
धमतरी । थाना कुरूद पुलिस द्वारा नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ की गई त्वरित कार्रवाई का बड़ा परिणाम सामने आया है। माननीय विशेष न्यायालय (एनडीपीएस एक्ट) ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए प्रत्येक को 9-9 वर्ष के सश्रम कारावास और 25,000 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड अदा नहीं करने पर अतिरिक्त 5 माह का कारावास भुगतना होगा।
आयुध अधिनियम के तहत भी अतिरिक्त सजा सुनाई गई है। टिकेन्द्र साहू उर्फ टिल्लू को 3 वर्ष सश्रम कारावास एवं 2,000 रुपये अर्थदंड, जबकि जयप्रकाश साहू उर्फ गोलू और गुलशन साहू को 2 वर्ष सश्रम कारावास एवं 1,000 रुपये अर्थदंड की सजा दी गई है।
टिकेन्द्र साहू उर्फ टिल्लू (18 वर्ष 7 माह), निवासी इंदिरानगर पचरीपारा, कुरूद
जयप्रकाश साहू उर्फ गोलू (23 वर्ष), निवासी इंदिरानगर पचरीपारा, कुरूद
गुलशन साहू (18 वर्ष 1 माह), निवासी कुहकुहा, थाना कुरूद
मुखबिर सूचना पर थाना कुरूद पुलिस ने नया कृषि उपज मंडी के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को होंडा सिटी कार (CG 04 AH 6401) सहित गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 288 नग नशीली कैप्सूल (SPASMO PROXYVON PLUS), एक देशी कट्टा, 5 कारतूस, 2 चाकू, 3 मोबाइल फोन, नगद राशि एवं वाहन जब्त किया गया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2,65,316 रुपये आंकी गई।
इस मामले में अपराध क्रमांक 44/25 दर्ज कर धारा 22 (ख) एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। सुदृढ़ विवेचना के चलते न्यायालय ने कठोर दंड सुनाया।
उत्कृष्ट विवेचना के लिए उप निरीक्षक ईश्वर साकार को पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार द्वारा नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही, नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
यह मामला दर्शाता है कि एनडीपीएस एक्ट और आयुध अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई को तेज और प्रभावी बनाया जा रहा है। पुलिस की तत्परता और मुखबिर की सूचना ने आरोपियों को कानून के दायरे में लाने में अहम भूमिका निभाई है।
 

रायपुर में बड़ी कार्रवाई: 14 किलो से अधिक गांजा के साथ 3 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

22-Feb-2026
रायपुर। ( शोर संदेश )अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14.613 किलोग्राम गांजा के साथ तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के संयुक्त मॉनिटरिंग में की गई।
यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से कुल 14.613 किलो गांजा, दो मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नगद जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 7,51,650 रुपये आंकी गई है।
पुलिस को 21 फरवरी को सूचना मिली थी कि न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह स्थित मेडिसाइन अस्पताल के पास गली में कुछ लोग गांजा बिक्री की फिराक में हैं। सूचना की तस्दीक के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम तुषार नितिन पवार (21 वर्ष, जिला पुणे, महाराष्ट्र), किरन सीताराम काये (25 वर्ष, जिला पुणे, महाराष्ट्र) और दीपक तोमर (33 वर्ष, जिला मुरैना, मध्यप्रदेश) बताए। तलाशी के दौरान उनके बैग से अलग-अलग पैकेटों में गांजा बरामद किया गया।
आरोपियों के विरुद्ध न्यू राजेंद्र नगर थाना में अपराध क्रमांक 84/26, धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेजेस के आधार पर अन्य संलिप्त आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है और एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है।

सक्ती वन परिक्षेत्र में अवैध लकड़ी भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, दो आरा मशीनों पर छापा

20-Feb-2026
रायपुर ( शोर संदेश )। वन परिक्षेत्र सक्ती अंतर्गत अवैध लकड़ी भंडारण के विरुद्ध वन विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम तुषार एवं जैजैपुर क्षेत्र में संचालित दो आरा मशीनों पर छापामार कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान अर्जुन प्रजाति की लकड़ी बड़ी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित पाई गई।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम तुषार स्थित राम टिम्बर आरा मशीन परिसर में 462 नग अर्जुन प्रजाति के लठ्ठे पाए गए, जिनका कुल आयतन 97.200 घन मीटर आंका गया। साथ ही मौके से 2 नग बैंड सॉ मशीन जब्त की गईं। इसी प्रकार जैजैपुर स्थित जी.आर. आरा मशीन में जांच के दौरान 530 नग अर्जुन प्रजाति के लठ्ठे मिले, जिनका कुल आयतन 109.192 घन मीटर मापा गया। यहां से 1 नग बैंड सॉ मशीन भी जब्त की गई। प्राथमिक जांच में संबंधित प्रतिष्ठानों द्वारा लकड़ी के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। अवैध भंडारण की आशंका के आधार पर लकड़ी एवं मशीनों को जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया है। वन विभाग द्वारा नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।








 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account