ब्रेकिंग न्यूज

खेल

Previous123456789...4546Next

सरगुजा ओलंपिक में 4.16 लाख खिलाड़ियों का पंजीयन, विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं संपन्न

29-Oct-2026
रायपुर।( शोर संदेश ) प्रदेश में दूसरी बार हो रहे सरगुजा ओलंपिक में सरगुजा संभाग के 6 जिलों के कुल 4 लाख 16 हजार 813 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। इनमें महिला खिलाड़ियों की संख्या पुरुषों से 69 हजार 45 अधिक है। सभी छह जिलों में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं संपन्न हो चुकी हैं। विकासखंड स्तरीय स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ी अब जिला स्तर पर अपना दमखम दिखाएंगे। जिला स्तर के विजेता आगामी नवम्बर में प्रस्तावित संभाग स्तरीय मुकाबलों में अपने जिलों का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की पहल पर सरगुजा क्षेत्र के युवाओं को मुख्य धारा से जोड़ने तथा उनकी रचनात्मक और खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें खिलाड़ी के रूप में तैयार करने पिछले वर्ष से सरगुजा ओलंपिक का आयोजन प्रारंभ किया गया है। इसके माध्यम से शासन और जनता के बीच मजबूत एवं प्रत्यक्ष संबंध स्थापित करने का भी लक्ष्य है। इस सोच को धरातल पर उतारने विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
इस साल के सरगुजा ओलंपिक के लिए 10 अगस्त से 10 सितम्बर 2026 तक पंजीयन किया गया था। इस दौरान 1 लाख 73 हजार 884 पुरुषों और 2 लाख 42 हजार 929 महिलाओं ने पंजीयन कराया। विभिन्न खेलों में भाग लेने के लिए पंजीकृत खिलाड़ियों में महिला खिलाड़ियों की संख्या पुरुष खिलाड़ियों से करीब 40 प्रतिशत अधिक है।
सरगुजा ओलंपिक में हिस्सेदारी के लिए सूरजपुर जिले से सर्वाधिक 99 हजार 322 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। वहीं बलरामपुर-रामानुजगंज के 91 हजार 995, सरगुजा के 90 हजार 116, जशपुर के 74 हजार 809, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के 33 हजार 676 और कोरिया के 26 हजार 895 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है।
सरगुजा संभाग के सभी छह जिलों में 1 अक्टूबर से 10 अक्टूबर के बीच विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ी अब जिला स्तरीय स्पर्धाओं में भागीदारी करेंगे। हॉकी और कुश्ती की प्रतियोगिताएं सीधे जिला स्तर पर आयोजित की जा रही हैं। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में जिला स्तरीय मुकाबले भी पूरे हो चुके हैं। 
सरगुजा ओलंपिक के तहत जशपुर जिले में 29 अक्टूबर और 30 अक्टूबर को जिला स्तरीय मुकाबले निर्धारित हैं। वहीं सरगुजा, कोरिया और बलरामपुर-रामानुजगंज में 3 नवम्बर से 5 नवम्बर तथा सूरजपुर में 4 नवम्बर और 5 नवम्बर को जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी। संभाग स्तरीय स्पर्धाओं का आयोजन 15 नवम्बर से 20 नवम्बर के मध्य प्रस्तावित है, जिसमें सरगुजा संभाग के सभी छह जिलों के विजेता खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
सरगुजा ओलंपिक में जूनियर और सीनियर, दो वर्गों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। जूनियर वर्ग में 14 वर्ष से 17 वर्ष तक के बालक-बालिकाएं भाग ले रहे हैं, जबकि सीनियर वर्ग में महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के लिए आयु का बंधन नहीं है। कुल 12 खेल विधाओं एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और रस्साकशी में पुरूषों और महिलाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने खेल प्रेमियों, अभिभावकों और नागरिकों से सरगुजा ओलंपिक की जिला स्तरीय और संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।










 

 


न्यायधानी नाइट्स और चक्रधर चौंपियंस के बीच कड़ा मुकाबला 4-4 से ड्रॉ

28-Oct-2026
रायपुर।( शोर संदेश )  छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के एक और तेज़-तर्रार मुकाबले में आज एस.वी. सुनील की ’चक्रधर चौंपियंस’ और सुरेंद्र सिंह की श्न्यायधानी नाइट्सश् के बीच मैच 4-4 से ड्रॉ रहा। चौंपियंस के लिए युवराज वाल्मीकि तीन गोल करके हीरो बने, जबकि नाइट्स की ओर से केतन ने बेहतरीन हॉकी का प्रदर्शन किया। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग की निदेशक प्रो. रीता वेणुगोपाल, जिंदल ग्रुप के उपाध्यक्ष यू.पी. सिंह, अडानी ग्रुप के वरिष्ठ प्रबंधक  अतुल कुमार गुप्ता और छत्तीसगढ़ तैराकी संघ के सचिव सही राम जाखड़ भी इस मैच को देखने स्टेडियम पहुंचे थे। उन्होंने मैच में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाडि़यों को पुरस्कार दिए।
बिलासपुर नाइट्स की संतुलित टीम किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं है। जहाँ चिराग पेनल्टी कॉर्नर के विशेषज्ञ हैं, वहीं केतन, आदर्श और सोनू निषाद ने फॉरवर्ड लाइन में शानदार खेल दिखाया है। जब चिराग छह पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने से चूक गए, तब टीम के अन्य खिलाडि़यों ने जिम्मेदारी संभाली। वहीं चक्रधर चौंपियंस की टीम में एस.वी. सुनील और वाल्मीकि मुख्य रूप से टीम का भार उठाते रहे हैं। इस मैच में दोनों टीमों की इन अलग-अलग खूबियों को देखने का मौका मिला। 

मैच के दूसरे क्वार्टर में केतन और आदर्श ने श्न्यायधानीश् के लिए स्कोरिंग की शुरुआत की। केतन ने दाईं ओर से दौड़ते हुए चार डिफेंडरों को छकाया और बहुत आसानी से सर्कल के अंदर प्रवेश किया। उन्होंने आखिरी पल में आदर्श को पास दिया, जिन्होंने गेंद को गोल में पहुंचा दिया। दूसरा गोल आने में ज्यादा समय नहीं लगा। इस बार केतन बाईं ओर से सर्कल में दाखिल हुए और सोनू निषाद ने गेंद को डिफ्लेक्ट (दिशा बदलकर) करके गोल कर दिया, जिससे हाफ-टाइम तक उनकी टीम 2-1 से आगे हो गई। 
तीसरे क्वार्टर में भी कुछ ऐसा ही नज़ारा देखने को मिला। चिराग गोल करने से चूक गए, लेकिन केतन गोल के ठीक सामने मौजूद थे और उन्होंने अपना पहला गोल किया, जिससे उनकी टीम का कुल स्कोर चार हो गया। इस बीच वाल्मीकि ने पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए दो गोल किए। उनका तीसरा गोल एक फील्ड गोल था, जिसमें सर्कल के ठीक बाहर से सुनील ने उन्हें गेंद पास की थी। वाल्मीकि ने एक श्रिवर्स फ्लिकश् लगाई जो सीधे गोल पोस्ट के अंदर चली गई। टूर्नामेंट में अपनी दूसरी हैट्रिक पूरी करने के बाद वे अपना चौथा गोल करने के भी करीब लग रहे थे, लेकिन अंत में डिफ्लेक्शन के लिए खोगेश्वर को गोल का श्रेय दिया गया। इसके बाद दोनों टीमों की ओर से खेल में कोई खास हलचल नहीं हुई।






 

शाहरुख और आशीष पूर्ति ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को दिलाई पहली जीत, राजधानी रॉयल्स को 4-2 से हराया

28-Oct-2026
रायपुर: संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने आज ललित उपाध्याय की राजधानी रॉयल्स को 4-2 से हराकर छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में अपनी पहली जीत दर्ज की। शमशेर की कप्तानी वाली स्ट्राइकर्स टीम शानदार फॉर्म में दिखी। मैच में आशीष तानी पूर्ति और शाहरुख ने 2-2 गोल किए। उप मुख्यमंत्री अरुण साव और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के साथ छत्तीसगढ़ कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ चंदन कुमार, शारदा ग्रुप के चेयरमैन (वित्त) योगेंद्र शुक्ला, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक आदर्श श्रीवास्तव, गोयल ग्रुप के मार्केटिंग हेड चंद्रशेखर और छत्तीसगढ़ प्रदेश सॉफ्टबॉल एसोसिएशन के महासचिव ओपी शर्मा भी इस मैच को देखने स्टेडियम पहुंचे थे।
शाहरुख और आशीष पूर्ति ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को दिलाई पहली जीत, राजधानी रॉयल्स को 4-2 से हराया शाहरुख और आशीष पूर्ति ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को दिलाई पहली जीत, राजधानी रॉयल्स को 4-2 से हराया
संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और राजधानी रायल्स दोनों के लिए यह मुकाबला बहुत अहम था। टूर्नामेंट में बने रहने के लिए यह उनके पास आखिरी मौका था, क्योंकि इससे पहले दोनों में से किसी को भी जीत नहीं मिली थी। शुरुआत में खिलाड़ियों पर दबाव साफ दिख रहा था।

पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने संभलकर शुरुआत की। दोनों ही टीमों को अटैक करने या सर्कल के अंदर पहुंचने में मुश्किल हुई और उनका पूरा ध्यान गेंद पर अपना कब्ज़ा बनाए रखने पर था। फिर भी, स्ट्राइकर्स के लिए आशीष ने एक पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल करके खाता खोला।
काफी संघर्ष के बाद, हाफ-टाइम हूटर बजने से ठीक पहले, रॉयल्स ने भी मैच में वापसी की। रोशन ने रिवर्स हिट के जरिए गोल करके स्कोर बराबर कर दिया। यह खेल का एक बेहतरीन नज़ारा था, जिसमें उन्होंने सर्कल के अंदर कुछ खिलाड़ियों को छकाया, बाईं ओर थोड़ी जगह बनाई और फिर एक शानदार शॉट लगाकर स्कोर बराबर कर दिया।
राजधानी रायल्सि का डिफेंस काफी हद तक अच्छा था, लेकिन शाहरुख को खुला छोड़ देने की एक छोटी सी गलती भारी पड़ गई। उन्होंने सर्कल के ठीक अंदर से एक 'रिवर्स फ्लिक' के ज़रिए गोल कर दिया। उस पल के बाद संस्कारधानी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। आशीष ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टूर्नामेंट में अपने कुल गोलों की संख्या 9 तक पहुँचा दी।
तीसरे क्वार्टर के खत्म होने में जब एक मिनट बचा था, तब शाहरुख ने एक बार फिर गोल किया। उन्हें दाईं ओर से पोस्ट के ठीक सामने एक बेहतरीन पास मिला था, जिसे उन्होंने गोल में बदल दिया। अब सवाल सिर्फ अपनी बढ़त को और बढ़ाने का था। हालाँकि, राजधानी के लिए ललित ने भी गोल किया। एक पेनल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर उन्होंने गेंद को नेट के अंदर पहुँचा दिया। आशीष को 'स्ट्राइकर ऑफ द मैच' और शाहरुख को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला।

आज के पहले ही मैच में लीग के सेमीफाइनलिस्ट मिल गए, जब सुरेंद्र सिंह की 'न्यायधानी नाइट्स' और एस.वी. सुनील की 'चक्रधर चैंपियंस' के बीच मुकाबला 4-4 से ड्रॉ रहा। पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर बने रहने के कारण नाइट्स ने आगे का सफर तय किया। चैंपियंस के लिए युवराज वाल्मीकि हीरो बनकर उभरे, जिन्होंने तीन गोल किए, जबकि नाइट्स की ओर से केतन ने अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाया।











 

खैरागढ़ में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, पांच संभागों के 330 खिलाड़ी दिखाएंगे खेल प्रतिभा

27-Oct-2026
रायपुर(शोर संदेश)। खैरागढ़ के राजा फतेह सिंह खेल मैदान में सोमवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य एवं रंगारंग शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता का उद्घाटन डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के रायपुर, सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग एवं बस्तर संभाग के लगभग 330 खिलाड़ी तथा 50 खेल अधिकारी शामिल हो रहे हैं। इस राज्य स्तरीय आयोजन में बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी फुटबॉल एवं खो-खो प्रतियोगिताओं में अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन समारोह में खिलाडि़यों का उत्साह, स्कूली बच्चों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और खेल के प्रति उत्साहपूर्ण वातावरण आकर्षण का केंद्र रहा।
उद्घाटन समारोह के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने गोल पोस्ट में गोल मारकर फुटबॉल प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की। इसके साथ ही मैदान में खिलाडि़यों और दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी एवं वेसलियन स्कूल, खैरागढ़ की छात्रा वर्णिका सिंह ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाडि़यों को खेल भावना, अनुशासन, निष्पक्षता और नियमों का पालन करते हुए श्रेष्ठ प्रदर्शन करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों ने आकर्षक स्वागत गीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों और खिलाडि़यों का स्वागत किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल ने खिलाडि़यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल गतिविधियां शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सहयोग और आपसी सद्भाव की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि खिलाडि़यों को जीत और हार से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। विधायक ने सभी खिलाडि़यों को निरंतर अभ्यास, दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
चार दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रायपुर, सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग एवं बस्तर संभाग के खिलाड़ी फुटबॉल और खो-खो की विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेंगे। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाडि़यों को अपनी तकनीकी दक्षता, शारीरिक क्षमता, रणनीतिक कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। साथ ही विभिन्न संभागों से आए विद्यार्थियों के बीच आपसी परिचय, सहयोग और सद्भाव को बढ़ावा मिलेगा। इस आयोजन से जिले में खेल गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलने के साथ प्रतिभावान खिलाडि़यों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, स्कूली विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। सभी ने खिलाडि़यों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।


 

जसकरण सिंह के पांच गोलों के बावजूद बैलाडीला बुल्स जीत से दूर, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने 5-5 से ड्रॉ कराया मुकाबला

27-Oct-2026
रायपुर(शोर संदेश)। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में आज खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स के बीच मैच 5-5 से ड्रॉ रहा। बैलाडीला बुल्स के जसकरण सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अकेले पांच गोल दागे, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। वहीं, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने जबरदस्त संघर्ष करते हुए मुकाबला बराबरी पर समाप्त किया और प्रतियोगिता में अपना पहला अंक हासिल किया। शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह के नेतृत्व वाली दोनों टीमों को टूर्नामेंट में अब भी अपनी पहली जीत का इंतजार है। यह मुकाबला रोमांचक उतार-चढ़ाव और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के लिए यादगार बन गया। विधायक धरमलाल कौशिक, सारडा के हेड ऑफ ऑपरेशंस मनोज शाह और छत्तीसगढ़ जूडो संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी भी इस रोमांचक मैच को देखने मौजूद थे।
मैच के दोनों हाफ में खेल का अलग-अलग रंग देखने को मिला। पहले हाफ में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स का दबदबा रहा। आर्यन खेस और आशीष तानी पूर्ति ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। लेकिन दूसरे हाफ में जसकरण सिंह ने अपने आक्रामक खेल से मुकाबले का रुख ही बदल दिया। उन्होंने दो पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की।
मुकाबले में लगभग हर पांच मिनट में खेल का रुख बदलता नजर आया। एक समय संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की टीम बेहद मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही थी और बैलाडीला बुल्स का आक्रमण पूरी तरह बेअसर नजर आ रहा था। लेकिन कुछ ही देर में परिस्थितियां बदल गईं। स्ट्राइकर्स की रक्षापंक्ति दबाव में आ गई, जिसका फायदा उठाते हुए बुल्स ने लगातार दो गोल दागकर स्कोर बराबर कर दिया।
मैच समाप्त होने में केवल पांच मिनट शेष थे और स्कोर 4-4 की बराबरी पर था। ऐसा लग रहा था कि मुकाबला इसी स्कोर पर समाप्त होगा, लेकिन जसकरण सिंह ने एक बार फिर कमाल दिखाया। उन्होंने शानदार टॉमहॉक शॉट लगाकर अपना पांचवां गोल दागा और बैलाडीला बुल्स को 5-4 की बढ़त दिला दी।
हालांकि, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने हार नहीं मानी। मैच समाप्त होने से महज दो मिनट पहले मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्ट्राइकर्स ने स्कोर 5-5 से बराबर कर दिया। इसके बाद निर्धारित समय तक कोई और गोल नहीं हुआ और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। दोनों टीमों के बीच अंत तक चले कड़े संघर्ष ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
इस ड्रॉ के बाद बैलाडीला बुल्स दो अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर बनी हुई है, जबकि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स एक अंक के साथ पांचवें स्थान पर है। दोनों टीमें अब भी सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई हैं। पांच गोल दागकर शानदार प्रदर्शन करने वाले जसकरण सिंह को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

















 

 


चक्रधर चैंपियंस की पहली हार, संदीप के दो गोलों से जीता मैनपाट टाइटंस

27-Oct-2026
रायपुर(शोर संदेश)।  छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के 9वें मैच में मैनपाट टाइटंस ने चक्रधर चैंपियंस को 3-1 से हराया। इस जीत के साथ ही टीम पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। मैनपाट के लिए संदीप ने पेनल्टी कॉर्नर से दो गोल किए, जबकि चैंपियंस की ओर से एकमात्र गोल युवराज वाल्मीकि ने किया। इस मैच को देखने छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के एमडी सौमिल रंजन चौबे, आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका और जिंदल पावर एंड स्टील के उपाध्यक्ष यू.पी. सिंह भी मौजूद थे।
चक्रधर चैंपियंस और मैनपाट टाइटन्स के बीच पहला क्वार्टर उम्मीद से अलग रहा। दोनों ही टीमें गोल करने में माहिर हैं, लेकिन मैच के शुरुआती 15 मिनट में कोई गोल नहीं हुआ। टीमें एक-दूसरे को परख रही थीं, जिसमें ज्यादा मौके नहीं बने और कोई पेनल्टी कॉर्नर भी नहीं मिला।
दूसरे क्वार्टर में वाल्मीकि ने टाइटंस के कुछ डिफेंडरों को छकाया और गोलकीपर अल्फ़ाज़ खान को पछाड़ते हुए अपना पहला गोल किया। चार मिनट बाद मैनपाट के लिए संदीप कुमार ने गोल करके अपनी टीम को पिछड़ने से बचा लिया।
खेल के प्रवाह के विपरीत, टाइटंस ने कुछ ऐसा कमाल दिखाया जिससे उन्हें आखिरी क्वार्टर से पहले बढ़त मिल गई। डिफेंडर आनंद लकड़ा ने अपने हाफ से गेंद को हवा में उछाला (स्कूप किया), जो गोलकीपर वैभव सिंह चंदेल के ठीक सामने गिरने वाली थी, लेकिन साहिल ज़ाक्सा ने गेंद को डिफ्लेक्ट करके गोल में पहुंचा दिया। इससे चक्रधर की टीम पूरी तरह हैरान रह गई।
संदीप ने मैच का अपना दूसरा पेनल्टी कॉर्नर गोल में बदलकर लाल और सफेद जर्सी वाली अपनी टीम (मैनपाट टाइटंस) की जीत पक्की कर दी। इसके बाद चक्रधर चैंपियंस के लिए वापसी करना नामुमकिन हो गया और उन्हें टूर्नामेंट में अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा। 
अंत में दोनों टीमों के बीच मुख्य अंतर यह रहा कि टाइटन्स ने मिडफील्ड में सुनील को किस तरह से घेरे रखा। इस अनुभवी खिलाड़ी को फॉरवर्ड्स तक गेंद पहुँचाने का मौका नहीं मिला, और जब भी वह सर्कल के करीब आए, कम से कम चार डिफेंडरों ने उन्हें घेर लिया।
आज के पहले मुकाबले में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स के बीच मैच 5-5 से ड्रॉ रहा। बुल्स के जसकरण सिंह ने स्ट्राइकर्स के खिलाफ अकेले मोर्चा संभाला और अपनी टीम के लिए सभी गोल खुद ही किए। इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद बुल्स लीग में अभी तक कोई जीत हासिल नहीं कर पाई है। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स भी अब तक जीत से दूर है। विधायक धरमलाल कौशिक, सारडा के हेड ऑफ ऑपरेशंस मनोज शाह और छत्तीसगढ़ जूडो एसोसिएशन के प्रमुख अरुण द्विवेदी भी इस मैच को देखने पहुंचे थे।

 

राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों में दिखा जबरदस्त उत्साह, विभिन्न संभागों ने जीते पदक

26-Oct-2026
अम्बिकापुर।  ( शोर संदेश ) राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 के दूसरे दिन खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों के खिलाड़ियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। खिलाड़ियों के उत्साह और रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए खेल मैदान में खेल प्रेमियों एवं दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
बैडमिंटन प्रतियोगिता के 19 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग संभाग ने प्रथम, रायपुर ने द्वितीय, बिलासपुर ने तृतीय तथा सरगुजा ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। 19 वर्ष बालिका वर्ग में बस्तर प्रथम, दुर्ग द्वितीय, सरगुजा तृतीय और रायपुर चतुर्थ स्थान पर रहा।
इसी प्रकार 17 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग संभाग ने प्रथम, रायपुर ने द्वितीय, बिलासपुर ने तृतीय तथा सरगुजा ने चतुर्थ स्थान हासिल किया। 17 वर्ष बालिका वर्ग में दुर्ग प्रथम, रायपुर द्वितीय, सरगुजा तृतीय और बस्तर चतुर्थ स्थान पर रहा।
सॉफ्ट टेनिस प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 14 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर ने प्रथम, रायपुर ने द्वितीय और दुर्ग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 14 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और सरगुजा तृतीय स्थान पर रहा।
17 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर ने प्रथम, रायपुर ने द्वितीय और दुर्ग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 17 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय स्थान पर रहा।
19 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर ने प्रथम, दुर्ग ने द्वितीय और रायपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया। 19 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा।
फुटबॉल के 19 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर संभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सरगुजा द्वितीय और दुर्ग तृतीय स्थान पर रहा।
बास्केटबॉल के 17 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर संभाग ने प्रथम, दुर्ग ने द्वितीय और सरगुजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 14 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर ने प्रथम, सरगुजा ने द्वितीय और बिलासपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ी पूरे मनोयोग से मैदान में उतर रहे हैं। वहीं शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए लगातार प्रतियोगिता स्थल एवं संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। अधिकारी खिलाड़ियों की आवश्यकताओं की जानकारी लेकर सुविधाओं को सुनिश्चित करने में जुटे हैं।
राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न संभागों के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना से दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर भी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है।














 

न्यायधानी नाइट्स लगातार तीसरी जीत के साथ सेमीफाइनल के और करीब

26-Oct-2026
रायपुर(शोर संदेश)।  बैलाडीला बुल्स के खिलाफ 4-1 की शानदार जीत के साथ न्यायधानी नाइट्स ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की मौजूदगी में न्यायधानी नाइट्स ने अपने तीनों मैच जीते हैं और वे पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर पहुंच गए हैं। दूसरी ओर, बैलाडीला बुल्स अभी भी पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे की ओर है। टीम ने अब तक एक भी मैच नहीं जीता है।
आज का मैच लीग की सबसे मजबूत डिफेंस (रक्षा पंक्ति) वाली दो टीमों के बीच मुकाबला था। लीग के बांकी मुकाबलों से इसमें अलग मैच देखने को मिला। फैंस आमतौर पर हाई-स्कोरिंग मैच देखने के आदी हैं, लेकिन इस मुकाबले में दोनों टीमों का डिफेंस बहुत मजबूत दिखा। कम से कम पहले क्वार्टर में तो यही देखने को मिला, जिसमें कोई गोल नहीं हुआ।
सवाल बस यह था कि कौन सी टीम पहले गलती करेगी। और आखिरकार बैलाडीला ने गलती की। दूसरे क्वार्टर में उन्हें एक पेनल्टी कॉर्नर देना पड़ा, जिस पर चिराग ने आज की पहली ही ड्रैग-फ्लिक से गोल कर दिया। हाफ-टाइम के करीब, उन्होंने लगभग उसी तरह एक और गोल किया। 

बैलाडीला बुल्स ने वापसी की कोशिश की। जसकरण ने गेंद को डिफ्लेक्ट करके गोल में पहुंचा दिया, जिससे हाफ-टाइम तक स्कोर 2-1 हो गया और वे मैच में बने रहे।
2020 टोक्यो ओलंपिक के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट सुरेंद्र ने युवाओं को दिखा दिया कि पेनल्टी कॉर्नर बचाने के मामले में वे आज भी सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं। 
तीसरे क्वार्टर में एक अनावश्यक 'स्टिक चेक' की वजह से नाइट्स को पेनल्टी कॉर्नर देना पड़ा। इसके जवाब में अनुभवी सुरेंद्र गोलपोस्ट पर बिना हिले-डुले खड़े रहे और एक बेहद तेज ड्रैग-फ्लिक को अपनी स्टिक के बीचों-बीच रोक दिया। इसी बीच पूरे आत्मविश्वास के साथ खेल रहे चिराग ने क्वार्टर के अंत में अपनी हैट्रिक पूरी की और अपनी टीम की बढ़त को और बढ़ा दिया। मैच के अंत में जब बैलाडीला की वापसी की कोई उम्मीद नहीं बची थी, तब केतन कुशवाहा ने एक शानदार गोल (टोमाहॉक) करके अपनी टीम की बढ़त को और बढ़ा दिया।
कुल मिलाकर यह एक बेहतरीन डिफेंसिव प्रदर्शन था। चिराग को उनके शानदार खेल के लिए 'स्ट्राइकर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। अब न्यायधानी अपना अगला मैच 27 अक्टूबर को चक्रधर चैंपियंस के खिलाफ खेलेगी, जबकि बैलाडीला बुल्स 26 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स का सामना करेगी।





 

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के 7वें मैच में मैनपाट टाइटन्स ने राजधानी रॉयल्स को 5-2 से हराया

26-Oct-2026
रायपुर।( शोर संदेश ) छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सातवें मुकाबले में आज प्रदीप मोर की मैनपाट टाइटन्स ने राजधानी रॉयल्स को 5-2 से करारी शिकस्त दी। लीग के मैचों के बढ़ते रोमांच के बीच केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री  तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव, सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व मंत्री  महेश गागड़ा और पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नीता डूमरे भी आज मैच देखने पहुंचे। उन्होंने मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उप मुख्यमंत्री साव तमाम व्यस्तताओं के बावजूद आज लगातार तीसरे दिन मैच देखने हॉकी स्टेडियम पहुंचे।  
आज के मैच में हार के साथ ही राजधानी रॉयल्स के सेमीफाइनल में पहुंचने का रास्ता लगभग बंद हो गया है। मैच के पहले क्वार्टर में ज्यादातर समय खेल काफी सुस्त रहा। दोनों टीमें मिडफील्ड में ही गेंद को घुमाती रहीं और बहुत कम बार ही विपक्षी सर्कल के अंदर पहुंच पाईं। क्वार्टर के अंत में मैनपाट टाइटन्स ने तेजी दिखाते हुए सर्कल के अंदर एक मौका बनाया, जिस पर मनीष वट्टी ने गोल करके टीम को बढ़त दिलाई।

इसके जवाब में राजधानी रॉयल्स ने भी वापसी की कोशिश की। रोशन ने सर्कल के बाहर से अनिकेत को गेंद पास की, जिस पर अनिकेत ने गोल करके स्कोर बराबर कर दिया। इसके लगभग 30 सेकंड बाद ही रोशन ने टाइटन्स के गोलकीपर अल्फ़ाज़ खान को छकाते हुए गोल कर दिया, जिसे रेफरी ने अमान्य करार दिया। मैनपाट के संदीप ठाकुर को मिडफील्ड से एक बेहतरीन पास मिला, जिस पर उन्होंने गोल करके हाफ-टाइम तक टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद ललित ने शानदार खेल दिखाते हुए काफी दूर से गेंद को उछालकर (स्कूप करके) रोशन के पास पहुंचाया, जिसे रोशन ने गोल में बदल दिया। इसे शायद इस टूर्नामेंट का 'सर्वश्रेष्ठ गोल' कहा जा सकता है। इसी क्वार्टर में मोहित नायक ने रिवर्स फ्लिक के जरिए गोल करके मैनपाट की बढ़त को और मजबूत कर दिया।
इसके बाद राजधानी रॉयल्स की ओर से कुछ कमजोर खेल देखने को मिला, जिसका फायदा उठाते हुए प्रिंस ने गोल किया और मैनपाट टाइटन्स की बढ़त 4-2 हो गई। रॉयल्स के लिए यह मैच यहीं खत्म हो गया, क्योंकि वे कोई खास हमला नहीं कर पाए। रॉयल्स के लिए सबसे बड़ी समस्या यह रही कि वे पेनल्टी कॉर्नर को गोल में नहीं बदल सके। इसके जरिए वे कोई गोल नहीं कर पाए। मैच खत्म होने के बाद मोहित नायक को 'स्ट्राइकर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
26 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स का सामना बैलाडीला बुल्स से होगा, जबकि चक्रधर चैंपियंस का मुकाबला मैनपाट टाइटन्स से होगा।
बैलाडीला बुल्स के खिलाफ 4-1 की शानदार जीत के साथ न्यायधानी नाइट्स ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सेमीफाइनल में अपनी जगह जगह पक्की कर ली है। 
न्यायधानी नाइट्स ने अब तक खेले गए अपने तीनों मैच जीते हैं और वे पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर पहुंच गए हैं। दूसरी ओर बैलाडीला बुल्स अभी भी पॉइंट्स टेबल के निचले हिस्से में हैं। टीम ने अब तक कोई जीत हासिल नहीं की है। इस मैच के स्टार ड्रैग-फ्लिकर चिराग रहे, जिन्होंने हैट्रिक लगाई। वहीं, विपक्षी टीम का इकलौता गोल जसकरण सिंह ने किया। शानदार प्रदर्शन के लिए चिराग को 'स्ट्राइकर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

राजधानी रॉयल्स पर 4-3 की जीत के बाद चक्रधर चैंपियंस सेमीफाइनल में जगह बनाने के और करीब

25-Oct-2026
रायपुर ।( शोर संदेश ) छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में राजधानी रॉयल्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। चक्रधर चैंपियंस ने उसे 4-3 से मात दी। ललित उपाध्याय की कप्तानी वाली टीम के लिए यह हार उन्हें पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे ले आई है, जिससे उनके आगे बढ़ने की संभावनाएं काफी मुश्किल हो गई हैं। दूसरी ओर, चैंपियंस सेमीफाइनल में जगह बनाने के और करीब पहुंच गए हैं।
मैच की शुरुआत चक्रधर चैंपियंस ने की, जो लगातार दूसरे दिन अपना मैच खेल रहे थे। उन्होंने गोल करने का अपना शानदार फॉर्म जारी रखा और सबसे पहले गोल दागा। चौथे मिनट में मनीष ने टीम के लिए एक पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, जिसे युवराज वाल्मीकि ने एक बेहतरीन वेरिएशन के जरिए गोल में बदल दिया। टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत की तलाश कर रही राजधानी रॉयल्स ने कुछ ही मिनटों बाद बराबरी कर ली, जब रौशन कुमार ने 'टोमाहॉक' शॉट से गोल किया, जो इस लीग में उनका ट्रेडमार्क बन गया है। दोनों टीमों के बीच यह क्वार्टर काफी बराबरी का रहा, जिसमें दोनों तरफ से एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी गई।
चक्रधर चैंपियंस लीग में ऐसी टीम बनकर उभरी है जिसे हराना मुश्किल है, क्योंकि उनके पास अनुभवी और नए खिलाड़ियों का बेहतरीन मिश्रण है जो लगातार गोल कर रहे हैं। वाल्मीकि ने मिडफील्ड से एक लंबा पास दिया, जिसे रोकने के लिए कोई डिफेंडर मौजूद नहीं था। इसका नतीजा यह हुआ कि खोगेश्वर बाग ने शानदार तरीके से गेंद को डिफ्लेक्ट (दिशा बदलकर) करके चैंपियंस के लिए दिन का दूसरा गोल कर दिया। हाफ-टाइम से पहले उन्हें कुछ और मौके मिले, लेकिन पूरे टूर्नामेंट की तरह, पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने के मामले में उनका प्रदर्शन मिला-जुला रहा।
उनका तीसरा गोल एक पेनल्टी कॉर्नर से आया‌। इस बार परमप्रीत सिंह ने पोस्ट के बीच में निशाना साधा, और विपक्षी गोलकीपर हिमांशु मलिक एक आसान सा बचाव करने से चूक गए। राजधानी रॉयल्स ने एक गोल वापस किया, जब रौशन कुमार ने पेनल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर फिर से गोल दागा।
चक्रधर चैंपियंस के लिए अगला गोल आने में उम्मीद से कहीं ज्यादा समय लगा, जब परमप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गेंद को नेट के पार पहुंचाया। उनके दूसरे गोल के विपरीत, यह एक जोरदार प्रहार था, और मलिक को संभलने का कोई मौका नहीं मिला। ललित ने खेल खत्म होने के करीब वापसी की और एक पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। रौशन को 'स्ट्राइकर ऑफ द मैच' चुना गया, जबकि परमप्रीत 'प्लेयर ऑफ द मैच' रहे। अब राजधानी रॉयल्स अपना अगला मैच 25 अक्टूबर को मैनपाट टाइटन्स के खिलाफ खेलेगी। वहीं चक्रधर चैंपियंस का भी अगला मैच 26 अक्टूबर को मैनपाट टाइटन्स के साथ है।


Feedback/Enquiry



Log In Your Account