




पटना (शोर संदेश)। बिहार में बक्सर के रघुनाथपुर स्टेशन के पास बुधवार रात 12506 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के बेपटरी होने में ट्रेन की पटरी के पहले से क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आ रही है। बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे इस ट्रेन की सभी 24 बोगियां बेपटरी हो गई थीं। इनमें से आठ बोगियां पूरी तरह से गिर गई थीं। इन आठ में से दो बोगियां एक-दूसरे से टकराते हुए ढलान से नीचे गिर गईं। हादसे में मां-बेटी समेत चार की मौत की पुष्टि हो चुकी है। अबतक करीब 200 यात्रियों के चोटिल होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें से 70 के करीब ज्यादा गंभीर रूप से घायल हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, बक्सर में घटना स्थल पर राहत-बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जिला प्रशासन, रेल अधिकारी और स्थानीय लोग टीम के रूप में काम कर रहे हैं। रेलवे वार रूम ने भी काम शुरू कर दिया है।

पटना (शोर संदेश)।बिहार के मुंगेर जिले के कस्टहरनी घाट में स्नान करने आए तीन दोस्त गंगा में स्नान करते समय शनिवार को डूब गए। गंगा में स्नान कर रहे स्थानीय लोगों ने तीन डूबते युवकों में से दो युवकों को डूबने से बचा लिया। वहीं तीसरा युवक डूब गया। जिसकी खोजबीन के लिए गोताखोर लगातार कष्ट हरनी घाट समेत अन्य गंगा घाट के गंगा में तलाशी अभियान चला रही है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
क्या है घटना
घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक 20 वर्षीय संगम कुमार फ़रदा गांव के रहने वाले विक्रम मंडल का बेटा है। संगम जमालपुर में नानी के घर रहकर पढ़ाई करता था। वह पढ़ने में बहुत होशियार था। इसलिए उसके माता-पिता ने उसे नानी के घर पढ़ने के लिए भेज दिया था। नानी के घर के ही अन्य दो दोस्तों के साथ शनिवार को मुंगेर गंगा स्नान करने के लिए आया था और डूब गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तीनों युवक गंगा में स्नान कर रहे थे। स्नान करते समय शायद गहरे पानी में चल गए। डूबते समय वह लोग चिल्लाने लगे, तो हम लोग दौड़े और 2 लोगों को बचा लिया। तीसरे संगम कुमार को नहीं बचा पाए। इस संबंध में सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि युवक की डूबने की बात सामने आई है। गोताखोरों को लगा दिया गया है। एसडीआरएफ टीम भी पहुंच गई है। महाजाल भी लगाया गया है। गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ है। इसलिए ऑपरेशन चलाने में परेशानी हो रही है।

शिक्षा विभाग को मिले 268 करोड़ रुपये
पटना (शोर संदेश)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लड़कियों को प्रोत्साहन राशि देने का फैसला किया है। इसके तहत 400 करोड़ रुपये प्रोत्साहन राशि के लिए स्वीकृत की है। साल 2023 में इंटरमीडिएट की परीक्षा पास करने वाली सभी कोटि की अविवाहित छात्राओं को 25-25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में मिलेंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग वकी ओर से 268 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत इस साल 400 करोड़ रुपये का प्रविधान बजट में किया गया है।
पांच कुलपतियों के नीतिगत फैसले लेने पर पाबंदी
वहीं, राज्य के पटना विश्वविद्यालय, जय प्रकाश विश्वविद्यालय, बीएन मंडल विश्वविद्यालय, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय और कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपतियों का कार्यकाल जल्द ही खत्म हो रहा है। ऐसे में राजभवन ने सावधानी बरतते हुए संबंधित पांच विश्वविद्यालयों के कुलपतियों द्वारा किसी प्रकार की नियुक्ति करने, प्रशासनिक और वित्तीय मामले संबंधी निर्णय पर रोक लगा दी है।
राज्यपाल के प्रधान सचिव राबर्ट एल. चोंग्थू के मुताबिक राज्यपाल एवं कुलाधिपति राजेन्द्र विश्नाथ आर्लेकर की ओर से संबंधित कुलपतियों को आदेश दिया गया है कि संबंधित विश्वविद्यालयों में किसी प्रकार का नीतिगत फैसला, नई नियुक्ति व स्थानातंरण आदि की कार्रवाई नहीं की जाए।

पटना (शोर संदेश)।बिहार में शहरों के बाद अब गांव में भी बिजली के स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जाएंगे। इसके बाद बिजली आपूर्ति का लाभ लेने के लिए गांव वालों को भी बिल जमा करने की बजाय पहले ही अपने मीटर को रिचार्ज करना होगा। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को यानी आज ऊर्जा क्षेत्र की 15 हजार 871.24 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी है। इसमें गांवों में स्मार्ट मीटर लगाने की योजना भी शामिल है।
2635 करोड़ की योजनाएं हो गईं पूरी
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 2635.30 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण, 5930.89 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और 7305.05 करोड़ रुपये की योजनाओं का शुभारंभ किया। इसके अलावा ग्रामीण बिजली उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने का शुभारंभ भी किया।
तेजस्वी यादव भी रहेंगे कार्यक्रम में शामिल
ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव भी कार्यक्रम में शामिल रहे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के भी शामिल होने की उम्मीद थी, लेकिन वे नहीं दिखे। ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव एवं बीएसपीएचसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक संजीव हंस ने उपलब्धियों पर चर्चा की। कार्यक्रम में मुख्य सचिव आमिर सुबहानी सहित अन्य कई बड़े अफसर रहे।
सोलर पावर प्लांट योजना भी होगी लांच
मुख्यमंत्री ग्रामीण क्षेत्र में स्मार्ट प्रीपेड मीटर इंस्टालेशन कार्य का शुभारंभ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। योजना की कुल लागत 3666.67 करोड़ रुपये है। इसके अलावा ब्रेडा की 1579.37 करोड़ की लागत से ग्रिड कनेक्टेड ग्राउंड माउंटेड सोलर पावर प्लांट योजना और सरकारी भवनों पर ग्रिड कनेक्टेड रूफ टॉप सोलर प्लांट का शिलान्यास किया गया। 11.55 करोड़ की लागत से बने ग्रिड कनेक्टेड फ्लोटिंग पावर प्लांट का लोकार्पण भी किया।
इन जिलों में बने विद्युत शक्ति उपकेंद्र
एनबीपीडीसीएल के अंतर्गत 92.71 करोड़ की लागत से दरभंगा, मोतिहारी,छपरा, वैशाली, पश्चिमी चंपारण, सहरसा, अररिया, गोपालगंज, बेगूसराय और एसबीपीडीसीएल के अंतर्गत 182.84 करोड़ की लागत से पटना, भागलपुर, नालंदा, गया, आरा, औरंगाबाद में निर्मित विद्युत शक्ति उपकेंद्रों का लोकार्पण किया। समारोह में बिहार ग्रिड कंपनी लिमिटेड के 1099. 42 करोड़ रुपए की लागत से पटना क्षेत्र में बने नए ग्रिड उपकेंद्र और संबद्ध संचरण लाइनों का उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री ने बीएसपीटीसीएल की 1164.05 करोड़ रुपए की योजनाओं का भी लोकार्पण किया।

पटना (शोर संदेश)। स्मार्ट प्रीपेड मीटर इंस्टॉलेशन के मामले में बिहार पूरे देश में अव्वल है। बिहार के इसी सक्सेस मॉडल को समझने छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की तीन सदस्यीय वरिष्ठ इंजीनियरों की एक टीम पटना पहुंची है। यह टीम बिहार के घरों में लगाए जा रहे स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर की अच्छाइयों और इसे लगाए जाने की प्रक्रिया को समझ रही है तथा इससे उपभोक्ताओं को मिलने वाले लाभ को जाना।बिहार में अब तक 15 लाख से अधिक प्रीपेड मीटर लगाए जाने का विभाग द्वारा दावा किया जा रहा है। ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि छत्तीसगढ स्टेट पावर ड्ट्रिरब्यूशन कंपनी के अधिकारियों का स्मार्ट प्रीपेड मीटर के अध्ययन के लिए बिहार आना हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण इलाकों में भी स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने का काम तेजी से हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2025 तक पूरे बिहार में स्मार्ट मीटर लग जाएंगे। अब तक बिहार में 15.41लाख मीटर लग चुके हैंङ्क जिसमें उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने 7.21 लाख और दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने 8.19 लाख प्रीपेड मीटर लगाए हैं।छत्तीसगढ़ से आई इंजीनियरों की टीम ने प्रीपेड मीटर लगाने वाली कंपनियों के अधिकारियों से भी मुलाकात की है। इसके अलावा मीटर लगाने में आने वाली बाधाओं और परेशानियों को भी इन अधिकारियों ने समझा है। अधिकारियों ने इसकी कार्य प्रणाली और उपभोक्ताओं को दिए जाने वाले बिजली बिल के विषय में भी जानकारी प्राप्त की।

पटना (शोर संदेश)। नहर में रुपयों के बंडल मिलने पर किसी को यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब लोगों ने अपनी आंखों से देखा तो लूटने के लिए होड़ मच गई। रुपए लूटने लोग एक दूसरे पर कूदने लगे। और रुपए रखने बनियान को ही थैला बना लिया। दरअसल, ये पूरा मामला सासाराम के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र का है। यहां सोन उच्च स्तरीय नहर में मुरादाबाद पुल के पास शनिवार को मछली मार रहे कुछ लोगों को रुपयों के बंडल मिले। यह खबर जंगल में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद आसपास के लोग भी नहर में उतर नोटों की गड्डियां खोजने लगे। मिट्टी-पानी में सनी रुपयों की गड्डियों को बटोरने को लोग अपनी शर्ट और बनियान तक को झोला बना डाला। नहर से रुपए के बंडल मिलने की खबर दूर-दूर तक फैल गई और लोग नहर में कूद नोटों की गड्डियां बटोरने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि 10 से 50 रुपए के नोटों की कई गड्डियां मिली हैं, जिसे लोग लेकर चलते बने। वहीं नहर में असली नोट कहां से आए, इसकी कोई जानकारी नहीं है। नोट मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने वहां पहुंचकर लोगों से बात की। पुलिस फिलहाल कोई खास जानकारी देने से परहेज कर जांच की बात कह रही है।