ब्रेकिंग न्यूज

Kabirdham

छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश बार्डर पर मिला करोड़ों रुपए का नशीला पदार्थ, कवर्धा पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

01-Sep-2026
कवर्धा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिल्फी बॉर्डर पर एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कंटेनर ट्रक के गुप्त चेंबर में छिपाकर रखा गया 04 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2.23 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, चिल्फी बॉर्डर क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान एक कंटेनर ट्रक पर पुलिस टीम को संदेह हुआ। बारीकी से तलाशी लेने पर ट्रक में बनाए गए गुप्त चेंबर का पता चला। चेंबर को खोलकर जांच की गई तो उसमें बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी से गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है तथा तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।
नशे के खिलाफ अवैध कार्रवाई
कबीरधाम पुलिस ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई में गांजा, वाहन सहित कुल 2.50 करोड़ रुपये से अधिक का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई पर आई.जी. राजनांदगांव रेंज राजनांदगांव अजय यादव ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और वाहन जांच को और अधिक सख्त किया जाएगा।

क्षीरपानी जलाशय में फंसे ग्रामीणों का रेस्क्यू, भोंदा पुल पर भी परखी गई बचाव व्यवस्था

21-Aug-2026
कवर्धा (शोर संदेश)। कवर्धा जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज बोड़ला विकासखंड के क्षीरपानी जलाशय एवं ग्राम भोंदा पुल के समीप मॉकड्रिल आयोजित किया गया। मॉकड्रिल के दौरान अत्यधिक बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित होने, जलाशय के ओवरफ्लो होने तथा ग्रामीणों के गहरे पानी में फंसने की काल्पनिक स्थिति तैयार कर मॉकड्रील किया गया। इस दौरान राज्य से टीम भी वीड़ियों कांन्फ्रेस के माध्यम से जुड़ी रही।
मॉकड्रिल के तहत मैकल पर्वतीय क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के कारण क्षीरपानी जलाशय के अधिकतम जलभराव क्षमता तक पहुंचने और ओवरफ्लो की स्थिति निर्मित होने की सूचना दी गई। इस दौरान चार ग्रामीणों के जलाशय के गहरे पानी में फंसने तथा तारेगांव जंगल मार्ग पर ग्राम भोंदा के समीप पुल बाढ़ के तेज बहाव से क्षतिग्रस्त होने की स्थिति का अभ्यास किया गया। पुल क्षतिग्रस्त होने से आसपास के कई गांवों का संपर्क बाधित होने की काल्पनिक स्थिति निर्मित की गई। स्थिति की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों द्वारा जिला बाढ़ कंट्रोल कक्ष को सूचना देने और तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। अपर कलेक्टर रामप्रसाद आँचला ने स्थिति का संज्ञान लेते हुए जिला बाढ़ आपदा एवं प्रबंधन टीम में शामिल नगर सेना एवं एनडीआरएफ की संयुक्त टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया। सुबह 10 बजे संयुक्त दल क्षीरपानी जलाशय पहुंचा और राहत एवं बचाव अभियान प्रारंभ किया।
मॉकड्रिल के दौरान नगर सेना, एनडीआरएफ के विशेषज्ञ जवानों, जिला प्रशासन के अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों की रैपिड एक्शन टीमों ने आपसी समन्वय के साथ राहत-बचाव कार्यों का अभ्यास किया। जलाशय में फंसे चार ग्रामीणों को सुरक्षित निकालने तथा ग्राम भोंदा में क्षतिग्रस्त पुल के दूसरी ओर अलग-थलग हुए ग्रामीणों तक वैकल्पिक पुल बनाकर बाहर निकालने, आवश्यक सहायता पहुंचाने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान आपदा की स्थिति में सूचना प्राप्त होने से लेकर राहत एवं बचाव दल की तैनाती, प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। मॉकड्रिल के दौरान बोड़ला एडीएम आशुतोष शर्मा, तहसीलदार हुलेश्वर पटेल सहित अन्य विभाग के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे। विभिन्न विभागों द्वारा आपदा के दौरान अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप की जाने वाली कार्रवाई का भी अभ्यास किया गया।

प्रयागराज से बिलासपुर जाने के दौरान बिगड़ी तबीयत,यात्री बस में युवक की मौत

11-May-2026
कवर्धा (शोर संदेश)। इलाहाबाद से बिलासपुर जा रही एक यात्री बस में सफर के दौरान युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हडक़ंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बस को तत्काल पंडरिया थाना लाया गया, जहां से युवक को अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार युवक इलाहाबाद से बिलासपुर जाने के लिए बस में सवार हुआ था।
यात्रा के दौरान वह अपनी सीट पर बैठा हुआ था, लेकिन कुछ देर बाद उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने लगीं। काफी समय तक युवक के नहीं हिलने-डुलने पर बस कर्मियों और यात्रियों को संदेह हुआ। इसके बाद उसकी स्थिति की जांच की गई, जिसमें युवक अचेत अवस्था में मिला। स्थिति गंभीर देख चालक और परिचालक ने बिना देर किए बस को पंडरिया थाना पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक युवक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। युवक के पास से कोई स्पष्ट पहचान संबंधी दस्तावेज भी नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
पंडरिया पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। युवक की पहचान के लिए आसपास के थानों से संपर्क किया जा रहा है। इसके अलावा बस में सफर कर रहे यात्रियों और बस कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है. युवक के पास से कोई स्पष्ट पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. पंडरिया पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस आसपास के थानों और अन्य माध्यमों से युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वहीं बस में सफर कर रहे यात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

 


नदी में कार गिरने से 4 मौतें, रायपुर से कवर्धा शादी में जा रहे थे

04-May-2026
कबीरधाम (शोर संदेश)। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में देर रात तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर फोक नदी में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना पांडातराई थाना क्षेत्र की है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार सभी युवक बिरगांव (रायपुर) से पंडरिया में शादी में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पांडातराई के पास कार का बैलेंस बिगड़ा और पलटते हुए 30 फीट नीचे नदी में जा गिरी। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकला और पुलिस को हादसे की सूचना दी।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों घायलों को रायपुर रेफर किया गया है।
परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है। वहीं मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। पीएम के बाद परिजनों को शव सौंपा जाएगा।

फंदे पर लटके मिले पति-पत्नी

20-Apr-2026
कवर्धा (शोर संदेश)। कवर्धा जिले से बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पांडातराई थाना क्षेत्र के जंगलपुर गांव में एक दंपति ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान रामलाल चंद्रवंशी और रीना चंद्रवंशी के रूप में हुई है। दोनों का शव उनके घर के भीतर फंदे पर लटका हुआ पाया गया। परिजनों और पड़ोसियों ने जब यह मंजर देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

मोबाइल टाॅवर पर चढ़ा युवक, घंटो तक चला ड्रामा

19-Apr-2026
कवर्धा (शोर संदेश)। छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। राहगीरों और आसपास के लोगों की नजर जैसे ही उस पर पड़ी, मौके पर भीड़ जमा हो गई और पुलिस-प्रशासन को तुरंत सूचना दी गई। युवक काफी ऊंचाई पर खड़े होकर कुछ देर तक हंगामा करता रहा, जिससे किसी अनहोनी की आशंका बढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचकर युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुट गए।
जानकारी के अनुसार युवक ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए मोबाइल टाॅवर पर चढ़ गया, जिससे गांव में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटी हुई है। पूरा मामला ग्राम दशरंगपुर का है। टावर पर चढ़े मनीष चंद्राकर के खिलाफ दशरंगपुर चौकी में FIR दर्ज है। उस पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक के घर में घुसकर जबरदस्ती मारपीट की थी। इस मामले में मनीष के दो अन्य साथी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।

पुष्पा स्टाइल में कर रहा था गांजा तस्करी, पुलिस ने निकाल दी होशियारी

25-Feb-2026
कवर्धा (शोर संदेश)। कबीरधाम जिला पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 करोड़ का गांजा जब्त किया है। 50 लाख के कंटेनर को भी जब्त कर लिया गया है। ओडिशा से राजस्थान ले जाए जा रहे 9 क्विंटल गांजे को पुलिस ने चिल्फी घाटी के पास घेराबंदी कर पकड़ा।
तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए भारी-भरकम कंटेनर के भीतर लोहे की चादरों से विशेष "गुप्त चैंबर" बनवाया था, जिसे पुलिस की पैनी नजरों ने पकड़कर तस्करी के शातिर नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया। मामले में एक आरोपित आयाज खान (भरतपुर, राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित ने कबूल किया है कि वह गांजे की यह खेप ओडिशा के आंतरिक इलाकों से लोड कर राजस्थान के विभिन्न शहरों में खपाने के लिए ले जा रहा था।
हाईवे पर चेकिंग के दौरान ऐसे गहराया शक
जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों और अंतरराज्यीय मार्गों पर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान चिल्फी थाना क्षेत्र में नागालैंड पासिंग एक भारी भरकम कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस की टीम ने जब बारीकी से जांच की, तो कंटेनर की ऊपरी छत और बाडी के बीच कृत्रिम तरीके से बनाए गए एक विशाल गुप्त बॉक्स का पता चला, जिसने तस्करी की पोल खोल दी।
पुलिस ने विशेषज्ञों और वेल्डिंग कटर की मदद से लोहे की चादरों से ढंके गुप्त चैंबर को खुलवाया। चैंबर खुलते ही वहां 30-30 किलो की कुल 30 बोरियां बरामद हुईं, जिनमें उच्च गुणवत्ता वाला 900 किलो गांजा भरा हुआ था। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने नशीली खेप के साथ तस्करी में प्रयुक्त 50 लाख रुपये के कंटेनर को भी जब्त कर लिया है।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छवई ने कहा कि आरोपी के मोबाइल कॉल डिटेल्स, टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज, बैंक ट्रांजैक्शन और डिजिटल पदचिह्नों को खंगाला जा रहा है।

छत्तीसगढ़ सरकार की योजना से डोमन साहू दंपती को मिला अयोध्या दर्शन का सौभाग्य

29-Jan-2026
कबीरधाम  ( शोर संदेश ) छत्तीसगढ़ शासन की रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना आम नागरिकों की वर्षों पुरानी अभिलाषा को पूरा करने का माध्यम बन रही है। कबीरधाम जिले के ग्राम बबई निवासी डोमन साहू ने बताया कि प्रभु राम के दर्शन की इच्छा उनके मन में लंबे समय से थी, किंतु आर्थिक एवं पारिवारिक परिस्थितियों के कारण अयोध्या जाना संभव नहीं हो पा रहा था। प्रभु श्रीराम की कृपा और छत्तीसगढ़ सरकार की सहयोग से उन्हें अपनी पत्नी पार्वती साहू के साथ अयोध्या धाम की यात्रा और रामलला के दर्शन का सौभाग्य मिला, जिसके चलते उनकी वर्षों की इच्छा पूरी हो गई। इस दौरान काशी विश्वनाथ के दर्शन का भी सौभाग्य मिला।  
कबीरधाम जिले से कुल 71 श्रद्धालु इस पावन यात्रा पर रवाना हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क बस द्वारा कवर्धा से दुर्ग रेलवे स्टेशन तक परिवहन की व्यवस्था की गई। इसके पश्चात विशेष ट्रेन से काशी एवं अयोध्या धाम ले जाया गया। यात्रा के दौरान भोजन, नाश्ता, चाय एवं स्वास्थ्य सुविधा हेतु चिकित्सकों की व्यवस्था भी की गई। श्रद्धालुओं ने काशी विश्वनाथ मंदिर एवं अयोध्या धाम में प्रभु राम के दर्शन कर आत्मिक शांति का अनुभव किया। छत्तीसगढ़ सरकार की यह योजना श्रद्धालुओं के लिए आस्था, सुविधा एवं सम्मान का प्रतीक बन गई है।

 

कवर्धा में अज्ञात युवक की हत्या, खून से लथपथ शव मिलने से मचा हड़कंप

19-Jan-2026
कवर्धा।  ( शोर संदेश ) कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर नर्सरी के पास रविवार शाम एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की शिनाख्त फिलहाल नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि शव करीब दो दिन पुराना है। मृतक के गले और पेट पर चाकू से किए गए कई गहरे घाव मिले हैं, जिससे उसकी बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही मृतक की पहचान कर ली जाएगी और इस जघन्य वारदात में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में कवर्धा के एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के लालपुर नर्सरी के पीछे एक अज्ञात युवक का शव मिला है, जो देखने में करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
 

प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना से सरस्वती यादव की गर्भावस्था को मिला सुरक्षित आधार

19-Jan-2026
कबीरधाम  ( शोर संदेश ) गर्भावस्था का समय हर महिला के लिए बहुत नाजुक होता है। इस दौरान सही खाना, समय पर जांच और दवाइयों की जरूरत होती है। लेकिन सीमित आमदनी वाले परिवारों के लिए यह सब कर पाना आसान नहीं होता। ऐसे में प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना सरस्वती यादव के लिए बड़ी राहत बनकर आई।
कबीरधाम जिले की रहने वाली सरस्वती यादव बताती हैं कि गर्भावस्था के दौरान घर खर्च के साथ इलाज और पोषण का ध्यान रखना मुश्किल हो रहा था। फल, दूध और दवाइयों के लिए बार-बार सोचना पड़ता था। उन्हें चिंता रहती थी कि कहीं पोषण की कमी से बच्चे पर असर न पड़े। इसी दौरान गांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के बारे में बताया। उन्होंने जरूरी कागजात के साथ आंगनबाड़ी केंद्र में आवेदन किया। कुछ समय बाद योजना की राशि सीधे उनके बैंक खाते में आने लगी।
सरस्वती यादव को पहले बच्चे के लिए कुल 5 हजार रुपए की मदद मिली। यह राशि तीन किस्तों में मिली। पहली किस्त 1 हजार रुपए, दूसरी और तीसरी किस्त 2-2 हजार रुपए। सरस्वती कहती हैं कि यह पैसे हमारे लिए बहुत मददगार रही है। इससे अच्छा खाना, फल-दूध और दवाइयां ले पाई। जांच भी समय पर हो सकी। उन्होंने बताया कि पहले गर्भावस्था को लेकर डर बना रहता था, लेकिन योजना से मिली मदद से काफी राहत मिली। परिवार पर भी आर्थिक बोझ कम हुआ।
प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना मातृत्व को सम्मान और सुरक्षा देने की एक महत्वपूर्ण पहल है। यह योजना गर्भावस्था के दौरान ग्रामीण और कमजोर वर्ग की महिलाओं को आर्थिक सहारा देकर उनके स्वास्थ्य और पोषण को मजबूत करती है। कबीरधाम जिले में सरस्वती यादव जैसी कई महिलाओं के लिए यह योजना राहत और भरोसे का माध्यम बनी है, जहां छोटी-सी मदद भी सुरक्षित और स्वस्थ मातृत्व की बड़ी ताकत बन रही है।
 


+ Load More

Feedback/Enquiry



Log In Your Account