ब्रेकिंग न्यूज

Surajpur

राष्ट्रीय खेल दिवस पर वॉलीबॉल सद्भावना मैच का आयोजन

31-Aug-2026
सूरजपुर: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सूरजपुर एमेच्योर वालीबाल एसोसिएशन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय, बिश्रामपुर के प्रांगण में वालीबाल सद्भावना मैच का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले से पुरुष वर्ग की 12 तथा बालिका वर्ग की 4 टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने बेहतर खेल कौशल और अनुशासन का प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री रमेश कुमार मोर ने उपस्थित खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों को विकसित भारत के संकल्प के साथ नशामुक्ति अभियान की शपथ दिलाई। उन्होंने खेलों को युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम बताया।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में गजाधरपुर की टीम विजेता तथा ज्ञानसागर की टीम उपविजेता रही। वहीं बालिका वर्ग में बरपारा की टीम ने विजेता और सुंदरगज की टीम ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में एमेच्योर वालीबाल एसोसिएशन के सचिव राम श्रृंगार यादव, सहायक खेल अधिकारी शरदेन्दू शुक्ल, प्राचार्या सुचिता खलखो, संभाग प्रभारी राजनाथ गुप्ता, उपाध्यक्ष विन्देश्वर जायसवाल, संयुक्त सचिव दिनेश कुमार साहू, ब्लॉक प्रभारी बुधराम राजवाड़े एवं रविन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं ऑफिशियल्स उपस्थित रहे। मंच संचालन सीमांचल त्रिपाठी ने किया।
 

प्रेमी की मौत का सदमा नहीं सह सकी युवती, दो दिन बाद फांसी लगाकर दी जान

20-Jul-2026
सूरजपुर (शोर संदेश) । जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सड़क हादसे में प्रेमी की मौत के सदमे से उबर नहीं सकी 20 वर्षीय युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले सड़क दुर्घटना में वीरपाल नामक युवक की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद उसकी 20 वर्षीय प्रेमिका गहरे सदमे में चली गई थी। परिजनों के मुताबिक, प्रेमी की मौत के बाद युवती बेहद शांत रहने लगी थी और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रही थी।
बुधवार को युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर करंजी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि युवती प्रेमी की आकस्मिक मौत से गहरे मानसिक आघात में थी और इसी सदमे में उसने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ

18-Jun-2026
सूरजपुर (शोर संदेश) ।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ सूरजपुर के ओल्ड बस स्टैंड में किया गया। 17 से 19 जून तक आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी का उद्घाटन सांसद चिंतामणी महाराज ने किया। प्रदर्शनी में पिछले 12 वर्षों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा देश एवं राज्य की उपलब्धियों को आकर्षक चित्रों और जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। साथ ही एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भी शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।
उद्घाटन अवसर पर सांसद चिंतामणी महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण हुए हैं। इस अवधि में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं और नीतियों का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचा है तथा आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित विकास कार्यों एवं उपलब्धियों का अवलोकन करते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी आमजन को शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर देश की विकास यात्रा को समझने और शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम विद्यालय, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी चित्रों एवं विवरणों के माध्यम से दी गई है। इसके साथ ही आधारभूत संरचना के विकास, डिजिटल भारत अभियान, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में हासिल प्रमुख उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे नागरिकों, विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शित तस्वीरों और जानकारियों में विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा प्रदर्शनी की सराहना की।
कार्यक्रम में  स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान सत्यनारायण सिंह, रामकृपाल साहू, थालेश्वर साहू, अजय अग्रवाल(अज्जू), शशि तिवारी, कपिल पाण्डेय, शशिकांत गर्ग, अशोक सिंह, स्वाति संत सिंह, शैलेष अग्रवाल, संध्या सिंह, देवांती राजवाड़े, विजयनारायण राजवाड़े, अरविन्द मिश्रा, राजेश्वर तिवारी, मुकेश गर्ग, संस्कार अग्रवाल, विजय राजवाड़े, नीरज गुप्ता, दीपक गुप्ता, लीलू गुप्ता, भगवान मिश्रा, नीरज जिंदिया, मीना सिंह, सरोज साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे ।
 

युवती ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी

02-Mar-2026
अंबिकापुर।  (शोर संदेश)  शहर के बौरीपारा क्षेत्र में एक 23 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम अड़ची निवासी उर्मिला दास लटोरी में अपने चाचा के यहां रहकर शहर की एक कपड़ा दुकान में काम करती थी। उसका विवाह पांच माह पूर्व रजपुरी निवासी मुकेश दास से तय हुआ था। बताया जा रहा है कि मुकेश पिछले एक माह से बिलासपुर में पीएससी की तैयारी कर रहा था और इस दौरान दोनों के बीच बातचीत बंद थी, जिससे उर्मिला मानसिक रूप से परेशान रहती थी।
28 फरवरी को उर्मिला बौरीपारा पहुंची और कमरे में फांसी लगा ली। दरवाजा अंदर से बंद था। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो वह फंदे पर लटकी मिली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
 

दिशा समिति की बैठक में विकास योजनाओं की गहन समीक्षा, सांसद चिंतामणि महाराज ने दिए अहम निर्देश

27-Feb-2026
सूरजपुर( शोर संदेश ) सूरजपुर जिला पंचायत सभाकक्ष में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा समिति) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व निर्देशों की समीक्षा के साथ विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।
सांसद ने किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों का उल्लेख करते हुए कृषि एवं संबंधित विभागों को जैविक पद्धति के लाभों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को मिट्टी परीक्षण तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जोड़ने की बात कही।
बैठक में लोक निर्माण विभाग सहित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं मुख्यमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित भौतिक परीक्षण पर जोर दिया गया। सांसद ने कहा कि प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधि भी कार्यस्थल का निरीक्षण करें, ताकि सड़कों का निर्माण गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा हो सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा में बताया गया कि 72,357 स्वीकृत आवासों में से 60,236 पूर्ण हो चुके हैं। जिला 84 प्रतिशत पूर्णता के साथ राज्य में चौथे एवं संभाग में प्रथम स्थान पर है। पिछले दो वर्षों में 34,809 स्वीकृत आवासों में से 24,420 पूर्ण किए गए हैं।
बैठक में अमृत मिशन, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), जल जीवन मिशन, महतारी वंदन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, खेलो इंडिया एवं प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना सहित अन्य योजनाओं की भी प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। 

नगरीय–ग्रामीण समन्वय से केशवनगर एफएसटीपी का संचालन शुरू, स्वच्छता को मिली नई दिशा

21-Jan-2026
सूरजपुर( शोर संदेश ) कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जनपद सूरजपुर की ग्राम पंचायत केशवनगर में निर्मित फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) का नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के समन्वय से सुचारू संचालन प्रारंभ कर दिया गया है।
इस पहल के तहत नगर पंचायत विश्रामपुर के डी-स्लज वाहन के माध्यम से ग्राम पंचायत क्षेत्र के सेप्टिक टैंकों की डी - स्लजिंग की जा रही है। एकत्रित मलिय कीचड़ को केशवनगर स्थित एफएसटीपी प्लांट में वैज्ञानिक एवं सुरक्षित उपचार प्रक्रिया से गुजारकर उसका पर्यावरण अनुकूल निपटान किया जा रहा है।
इस व्यवस्था से पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी, मिट्टी की गुणवत्ता बनी रहेगी, भू-जल प्रदूषण से बचाव होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही यह पहल स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के लक्ष्यों की प्राप्ति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। संयंत्र के क्रियाशील होने से जिले में मलिय कीचड़ प्रबंधन को एक नई दिशा मिली है।
इस उद्देश्य से ग्राम पंचायत क्षेत्रों में नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही निकटवर्ती नगरीय निकायों के डी-स्लज वाहन चालकों के मोबाइल नंबर पंचायतों के सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित कराए जा रहे हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर नागरिक आसानी से संपर्क कर सकें।
 इस कार्य में नगर पंचायत विश्रामपुर के सीएमओ एवं नगर पालिका सूरजपुर का सक्रिय सहयोग प्राप्त हो रहा है। वर्तमान में जिले की समस्त 6 नगरीय निकायों से उपलब्ध डी-स्लज वाहनों हेतु अनुबंध किया जा चुका है, जिससे जिले में फीकल स्लज प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा

 

कानून-व्यवस्था पर सवाल: ड्यूटी से लौट रहे एसईसीएल कर्मचारियों पर हमला

20-Jan-2026
सूरजपुर  ( शोर संदेश )  । सूरजपुर जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। ड्यूटी से लौट रहे एसईसीएल कर्मचारियों के साथ बदमाशों द्वारा दिनदहाड़े की गई गुंडागर्दी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार आमगांव एसईसीएल खदान से कर्मचारियों को लेकर आ रही बस को रास्ते में कुछ बदमाशों ने जबरन रुकवाया। आरोप है कि बदमाशों ने पहले बस चालक के साथ गाली-गलौज की, फिर बस में घुसकर एक एसईसीएल कर्मचारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से बस में सवार कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के दौरान बस के भीतर हुई मारपीट और हंगामे का वीडियो किसी यात्री ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद कर्मचारियों में भारी आक्रोश है और उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
मामले की शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद एसईसीएल कर्मचारियों में भय और नाराजगी का माहौल है, वहीं आम लोगों के बीच भी दिनदहाड़े हुई इस गुंडागर्दी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।


















 

कर्मा पर्व प्रकृति से जुड़ाव और सामूहिक आनंद का उत्सव है: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

18-Jan-2026
सूरजपुर ( शोर संदेश ) कर्मा महोत्सव को छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन लोक पर्वों को सहेजने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। कर्मा पर्व प्रकृति से जुड़ाव, आपसी भाईचारा और सामूहिक आनंद का उत्सव है। उक्त आशय के विचार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर जिले के चुनगुड़ी में आयोजित कर्मा महोत्सव में व्यक्त किए। 
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 172.51 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने चुनगुड़ी के स्कूल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने तथा नगर पंचायत भटगांव के विकास हेतु एक करोड़ रुपये की घोषणा की। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और सांसद चिंतामणि महाराज ने भी सम्बोधित किया।
परंपरा, संस्कृति और उल्लास से परिपूर्ण कर्मा महोत्सव में मांदर की थाप और घुंघरुओं की झंकार के बीच पूरा क्षेत्र कर्मा नृत्य की लय में थिरक उठा। सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, कोरिया एवं मनेंद्रगढ़ जिलों से आए 33 कर्मा दलों के लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में कर्मा नृत्य प्रस्तुत कर सबको लोक संस्कृति के रंगों से भर दिया। 
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगायी गई प्रदर्शनी के स्टॉलों का निरीक्षण कर नाव-जाल एवं आइस बॉक्स, आयुष्मान कार्ड, छत्तीसगढ़ महिला कोष से ऋण वितरण और महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित छह रेडी-टू-ईट ईकाइयों का शुभारंभ किया और पोषण वितरण कार्य से जुड़ी महिलाओं को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके अलावा महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मुद्रा लोन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत बीमा क्लेम तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत खुशियों की चाबी प्रदान की।
कार्यक्रम में विधायक भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष रेखा राजलाल रजवाड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि सहित समस्त जिलास्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। 

सूरजपुर में पीएम आवास योजना की हकीकत देखने पहुँचे मुख्यमंत्री साय

18-Jan-2026
 सूरजपुर ( शोर संदेश ) मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही कालीचरण के निवास पर पहुँचकर उनके पक्के आवास का निरीक्षण किया और परिवारजनों से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री का अपने घर पर आगमन पाकर हितग्राही एवं उनके परिजन भावविभोर दिखाई दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सहज और स्नेहपूर्ण वातावरण में परिवार से बातचीत करते हुए उनकी दिनचर्या, आवश्यकताओं और आवास मिलने के बाद जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री साय ने बातचीत के दौरान हितग्राही कालीचरण से आवास प्राप्ति से पूर्व उनके जीवन के अनुभवों को भी जाना। उन्होंने पहले कच्चे मकान में रहने के दौरान आने वाली कठिनाइयों, बरसात और मौसम की मार, सुरक्षा की चिंता तथा सामाजिक असहजता के बारे में विस्तार से सुना। हितग्राही ने बताया कि पक्का आवास मिलने से न केवल उनका जीवन सुरक्षित हुआ है, बल्कि आत्मसम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा में भी वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का मूल उद्देश्य यही है कि प्रदेश का कोई भी पात्र परिवार आवास जैसी बुनियादी आवश्यकता से वंचित न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पक्का घर केवल चार दीवारें और छत नहीं, बल्कि वह परिवार के लिए सुरक्षा, स्थायित्व और सम्मानजनक जीवन की नींव होता है। सरकार की प्राथमिकता है कि गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबके लिए आवास” के संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ ज़मीन पर उतार रही है। उन्होंने बताया कि आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और पात्रता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि सही हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुँचे। सरकार निरंतर यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी पात्र परिवार छूटे नहीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हितग्राही परिवार को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएँ बनाना नहीं, बल्कि उनके प्रभाव को लोगों के जीवन में प्रत्यक्ष रूप से देखना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में संवेदनशीलता, ईमानदारी और तत्परता बनाए रखें, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँच सके।









 

सूरजपुर में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से मनाया जा रहा रजत जयंती चावल उत्सव

08-Jan-2026
सूरजपुर,।  ( शोर संदेश ) छत्तीसगढ़ राज्य गठन की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर सूरजपुर जिले में रजत जयंती चावल उत्सव जन-उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा आयोजित यह उत्सव 2 जनवरी से 9 जनवरी 2026 तक जिलेभर में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुलभ एवं जनहितकारी बनाना है।
उत्सव के तहत प्रतापपुर क्षेत्र के मरहटा में जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं सूरजपुर शहर में नगर पालिका उपाध्यक्ष शैलेश अग्रवाल की उपस्थिति में चावल उत्सव संपन्न हुआ। इसके अतिरिक्त जिले की विभिन्न पंचायतों एवं समस्त नगर पालिका क्षेत्रों में पार्षदों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से लगातार यह आयोजन किया जा रहा है।
जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों में कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मुनादी, बैनर एवं सूचना पटों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। यह उत्सव केवल राशन वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्षों की उपलब्धियों तथा राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने का भी सशक्त माध्यम है।
कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशन में आयोजित इस विशेष सप्ताह के दौरान शेष राशन कार्डधारियों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने हेतु अभियान भी चलाया जा रहा है। साथ ही सभी उचित मूल्य दुकानों को स्टॉक एवं वितरण पंजी अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं। निगरानी समितियों एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता से वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि पात्र हितग्राहियों को बिना किसी परेशानी के शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके।


+ Load More

Feedback/Enquiry



Log In Your Account