ब्रेकिंग न्यूज

स्वरोजगार से आत्मनिर्भरता की राह पर समूह की दीदीयां, कलेक्टर ने आजीविका गतिविधियों का लिया जायजा

17-Oct-2026
राजेन्द्र ठाकुर (शोर संदेश) सूरजपुर कलेक्टर रेना जमील ने जनपद पंचायत रामानुजनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत कृष्णपुर पहुंचकर पूजा महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य बसंती राजवाड़े द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ऑयल मिल, आटा चक्की एवं धान मिल के संचालन की जानकारी ली तथा बसंती राजवाड़े से चर्चा कर स्वरोजगार के माध्यम से हो रही आय एवं व्यवसाय की प्रगति के संबंध में पूछा।
बसंती राजवाड़े ने बताया कि इन आजीविका गतिविधियों से उन्हें प्रतिमाह लगभग 32 हजार रुपये की आमदनी होती है, जिसमें से करीब 10 हजार रुपये मशीनों के संचालन एवं रखरखाव पर खर्च होते हैं। उन्होंने बताया कि ऑयल मिल में उत्पादित सरसों तेल की आपूर्ति सूरजपुर एवं अंबिकापुर तक की जा रही है, जिससे उनके व्यवसाय को स्थानीय बाजार के साथ अन्य क्षेत्रों में भी पहचान मिल रही है।
कलेक्टर जमील ने बसंती राजवाड़े के स्वरोजगार प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें व्यवसाय के विस्तार एवं अन्य आजीविका गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्थल पर स्वच्छता बनाए रखने, मशीनों के समुचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से संचालित आजीविका गतिविधियां ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी जन मौजूद रहें।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रयास किया जा रहा है महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से संचालित आजीविका गतिविधियां ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित कर रही हैं। महिलाएं अपनी मेहनत, कौशल एवं उद्यमशीलता से परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने में योगदान दे रही है।


leave a comment

Feedback/Enquiry



Log In Your Account