ब्रेकिंग न्यूज

ब्रेकिंग न्यूज

शिकार की साजिश नाकाम : तीन शिकारी गिरफ्तार

03-Sep-2025
रायपुर ।  शोर संदेश  03 सितम्बर 2025 वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार वन्य प्राणियों के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में सख्त कार्रवाई करते हुए बलौदाबाजार वनमण्डल ने शिकार की एक बड़ी साजिश को विफल किया है। वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार धम्मशील गणवीर ने बताया कि देवपुर वन परिक्षेत्र की टीम ने 31 अगस्त 2025 की रात कसौंदी बीट में गश्त के दौरान शिकार की योजना बना रहे तीन आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। ये आरोपी विद्युत जीआई तार को 11 केवी लाइन से जोड़कर वन्य प्राणियों का शिकार करने की कोशिश कर रहे थे। इन आरोपियों से मौके पर जीआई तार, दवाइयों की खाली शीशियाँ, लकड़ी की खूंटी, प्लास्टिक कवर पाइप और बांस की डांगिनी जैसी सामग्री जब्त की गई।
वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार धम्मशील गणवीर ने बताया कि यह सफलता विगत दिनों आयोजित बैठक और रात्रिकालीन गश्त की सुदृढ़ व्यवस्था का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस त्वरित कार्रवाई में संभावित शिकार को रोका, जिसका सारा श्रेय वन विभाग की सजगता और तत्परता को जाता है।
गिरफ्तार आरोपियों में बालाराम बरिहा (50 वर्ष), गणेशराम बरिहा (28 वर्ष) और गुनसागर बरिहा (51 वर्ष) सभी ग्राम कुम्हारी, थाना राजादेवरी, जिला बलौदाबाजार निवासी हैं। इन आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 एवं संशोधित अधिनियम 2022 की धाराओं के अंतर्गत अपराध दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशों के परिपालन में उक्त कारवाई हुई है उन्होंने वन विभाग की टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई से वन्य प्राणियों की सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने आमजन और युवाओं से अपील की है कि वन्यजीवों की रक्षा में वन विभाग का सहयोग करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना विभाग को दें।

प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर सहायता पहुँचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री साय

01-Sep-2025

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर संभाग के बाढ़ प्रभावित जिलों दंतेवाड़ा और बस्तर का हवाई सर्वेक्षण एवं जमीनी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक परिवार तक समय पर सहायता पहुँचना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी स्तरों पर संवेदनशीलता और तत्परता आवश्यक है।

मुख्यमंत्री साय दंतेवाड़ा के चूड़ीटिकरा वार्ड में बनाए गए अस्थायी राहत शिविर पहुँचे, जहाँ उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से भेंट कर उनकी समस्याओं को सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया कि शिविरों में पर्याप्त भोजन, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षित आवास की व्यवस्था निरंतर बनी रहे।

मुख्यमंत्री साय ने यहां लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल टीम से दवाइयों की उपलब्धता, डॉक्टरों की तैनाती और मरीजों को दी जा रही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद करते हुए यह भी पूछा कि क्या वे प्रशासन की मदद से संतुष्ट हैं। प्रभावितों ने जिला प्रशासन के त्वरित सहयोग पर संतोष व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री साय ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए पुल का भी निरीक्षण किया और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था तथा पुनर्निर्माण कार्यों की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित गाँवों में सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की शीघ्र बहाली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने दंतेवाड़ा कलेक्टोरेट में जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति, पुनर्वास योजनाओं और प्रभावित परिवारों को दी जा रही तत्कालिक सहायता की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित गाँवों में प्रशासनिक टीमों की निरंतर पहुँच बनी रहे और हर जरूरतमंद तक राहत सामग्री समय पर पहुँचे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाएँ कठिनाई अवश्य लाती हैं, परंतु प्रशासनिक तत्परता और जनसहयोग से इन कठिनाइयों का समाधान संभव है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत शिविरों और प्रभावित गाँवों में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की विशेष देखभाल की जाए तथा स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए।

मुख्यमंत्री साय के साथ वन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद महेश कश्यप, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, राजस्व सचिव और आपदा राहत आयुक्त रीना बाबा साहेब कंगाले, संभागायुक्त डोमन सिंह सहित  जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

 


अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन

01-Sep-2025
रायपुर ।  ( शोर संदेश )  अवैध रेत उत्खनन पर रोकथाम के लिए सतत कार्यवाही  की जा रही है। नदी में भारी संख्या में ट्रैक्टर लगाकर रेत उत्खनन की सूचना प्राप्त होने पर टीम के पहुंचने पर मौके  नदी तट पर लगभग 14 ट्रैक्टर रेत से भरे जा रहे थे और उत्खनन कार्य में 100 से अधिक श्रमिक सक्रिय थे। अवैध रेत उत्खनन वालों के विरूद्ध पर्यावरण संरक्षण और कानून व्यवस्था के मद्देनज़र  कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। जिला बलरामपुर-रामनुजगंज के विकासखंड शंकरगढ़ के डीपाडीह कला क्षेत्र में गलफुल्ला नदी से हो रहे अवैध रेत खनन पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुसमी ने जानकारी दी है कि गलफुल्ला नदी में भारी संख्या में ट्रैक्टर लगाकर रेत उत्खनन की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल संयुक्त दल का गठन किया। जिस पर नायब तहसीलदार शंकरगढ़ और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त बल तैनात कराया गया था। टीम के पहुंचने पर मौके पर पाया गया कि नदी तट पर लगभग 14 ट्रैक्टर रेत से भरे जा रहे थे और उत्खनन कार्य में 100 से अधिक श्रमिक सक्रिय थे। थाना प्रभारी ने संयम और सूझबूझ से कार्य करते हुए पहले श्रमिकों की भीड़ को शांतिपूर्वक हटाया। 
इसके बाद नायब तहसीलदार की मौजूदगी में सभी ट्रैक्टरों को जब्त कर पुलिस चौकी डीपाडीह में रखा गया। साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 में विहित प्रावधानों के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही पृथक से की जा रही है। गौरतलब है कि कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के संयुक्त प्रयास से अवैध रेत खनन एवं परिवहन पर कड़ी कार्यवाही की जा रही है। उल्लेखनीय है कि  एनजीटी के आदेशानुसार 15 जून से 15 अक्टूबर 2025 तक नदियों से रेत खनन पूर्णतः प्रतिबंधित है, जिसके तहत पर्यावरण संरक्षण और कानून व्यवस्था के मद्देनज़र अवैध रेत उत्खनन करने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
 

एक्ट्रेस और कॉमेडियन प्रिया मराठे का निधन, टीवी जगत में शोक

31-Aug-2025
 
मुंबई (शोर संदेश)। एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। मशहूर टीवी एक्ट्रेस और स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रिया मराठे का निधन हो गया है। 38 वर्षीय प्रिया ने 31 अगस्त को मुंबई में आखिरी सांस ली। जानकारी के अनुसार, वह पिछले एक साल से कैंसर से जूझ रही थीं। उनकी असमय मृत्यु से टीवी जगत और फैंस में शोक की लहर दौड़ गई है।

पवित्र रिश्ता से पाई पहचान
प्रिया मराठे टीवी जगत का जाना-माना नाम थीं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मराठी सीरियल ‘या सुखानोया’ और ‘चार दिवस सासुचे’ से की थी। हिंदी टीवी में उनकी पहचान बालाजी टेलीफिल्म्स के शो ‘कसम से’ में विद्या बाली के किरदार से बनी। इसके बाद, उन्होंने लोकप्रिय शो ‘पवित्र रिश्ता’ में अहम भूमिका निभाकर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।

कॉमेडी से भी जीता दिल
एक्ट्रेस होने के साथ-साथ, प्रिया एक बेहतरीन स्टैंड-अप कॉमेडियन भी थीं। उन्होंने ‘कॉमेडी सर्कस’ के पहले सीजन में हिस्सा लिया था, जहां उनकी परफॉर्मेंस को काफी सराहा गया।
प्रिया मराठे के अचानक चले जाने से परिवार, दोस्तों और चाहने वालों को गहरा सदमा लगा है। सोशल मीडिया पर उनके फैंस और साथी कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
 

कुत्ते को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

29-Aug-2025
रायगढ़। शोर संदेश )  बीती रात एक युवक कुत्ता घुमा रहा था, जिसे देख मोहल्ले के ही दो नाबालिग सहित एक युवक ने उसे विवाद करते हुए टांगी से प्रांणघातक हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना पर तमनार पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत आमाघाट पंचायत के दादरी (फिटिंगपारा) निवासी सुजीत खलखो पिता संतोष खलखो (22 वर्ष) बुधवार को रात में अपने कुत्ते को मोहल्ले में घुमा रहा था। इस दौरान दो नाबालिग व एक युवक ने मिलकर तीनों उसे गाली-गलौच करते हुए कहने लगे कि कुत्ते को क्यों घुमा रहा है, किसी को काट लेगा तो इसका जिम्मेदार कौन होगा। इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई।
इस दौरान मृतक के पिता संतोष खलखों को सूचना मिली कि उसके बेटे को तीन लोग मिलकर मारपीट कर रहे हैं। इससे उसने बीच-बचाव करने गया तो उसे भी आरोपियों ने कड़ा से हमला कर घायल कर दिय। साथ ही एक युवक ने घर से टांगी लेकर आया और सुजीत खलखों पर प्राणघातक हमला कर दिया। इससे वह मौके पर गिरकर छटपटाने लगा, जिसे देख आसपास के लोग वहां पहुंचे तो तीनों वहां से भाग गए।
इससे गंभीर रूप से घायल सुजीत खलखों को तमनार अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों की रिपोर्ट पर तमनार पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज करते हुए दो नाबालिग और एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि हत्या में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 

बलौदाबाजार वनमंडल की बड़ी कार्रवाई, अवैध शिकारियों पर कसा शिकंजा

28-Aug-2025
रायपुर ( शोर संदेश ) वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार बलौदाबाजार वनमण्डल द्वारा अवैध शिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है। सिमगा परिक्षेत्र अंतर्गत कचलोन बीट में प्राप्त सूचना के आधार पर की गई कार्यवाही में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 12 आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील के मार्गदर्शन में उपवनमण्डलाधिकारी निश्चल शुक्ला एवं परिक्षेत्र अधिकारी बसंत खांडेकर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में आरोपी से जंगली सुवर का मांस, कत्तल, हंसिया, जंगली सुवर की अंतड़ी, जी.आई. तार, विद्युत तार एवं खूंटियां बरामद की गईं। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि सभी आरोपी संगठित रूप से अवैध शिकार की गतिविधियों में संलिप्त थे।
गिरफ्तार आरोपी परमानंद निषाद (आयु 40 वर्ष, निवासी कचलोन) के विरुद्ध वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 एवं संशोधन अधिनियम 2022 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर अपराध क्रमांक 1966/13 दिनांक 25 अगस्त 2025 कायम किया गया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील ने कहा है कि वन्यप्राणी हमारे पर्यावरण एवं पारिस्थितिकीय संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। अवैध शिकार जैसे वन्य अपराधों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों एवं ग्रामीणों से अपील की है कि वे ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल विभाग को दें एवं वन्यजीव संरक्षण के कार्य में सहयोग प्रदान करें।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु वनपरिक्षेत्र अधिकारी अनिरुद्ध कश्यप, उपवनक्षेत्रपाल सरिता एक्का, वनरक्षक रजनीश वर्मा, मनबोधन टंडन, वनपाल संतराम कुंद्रे, वनरक्षक राकेश ध्रुव, गोविंद सिंह पटले, वन चौकीदार इमेश्वर शर्मा सहित विभागीय अमले एवं सुरक्षा कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






 

मारपीट करने और हाथ को जलाने से पत्नी की मौत, आरोपी पति गिरफ्तार

27-Aug-2025

 रायगढ़। शोर संदेश कोतरारोड़ पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी भीखम दास महंत उर्फ भीखो उर्फ विक्रम निवासी बालमगोड़ा को घेराबंदी कर पकड़ लिया है। इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामला 10 अगस्त 2025 का है, जब थाना कोतरारोड़ अंतर्गत ग्राम बालमगोड़ा से एक महिला 40 वर्ष को संजीवनी 108 एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसी दिन उसकी मौत हो गई।

चक्रधरनगर पुलिस ने बिना नंबर मर्ग डायरी मिलने पर कोतरारोड़ पुलिस ने धारा 194 बीएनएस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान ग्रामवासियों ने बताया कि भीखम दास महंत करीब छह माह पहले महिला को अपने साथ लाकर पत्नी के रूप में रखने लगा था और आए दिन उससे विवाद कर मारपीट करता था।
वह महिला को रेल्वे स्टेशन के पास से लेकर आना बताया था जिसके बारे में और जानकारी नहीं थी। इसको लेकर कई बार गांव के लोगों ने भीखम को समझाया, लेकिन वह अपनी आदत से बाज नहीं आया। करीब एक माह पहले भी उसने पत्नी से मारपीट की थी। 7 अगस्त की रात भीखम दास ने महिला को बेरहमी से पीटा था, उस समय उसके सिर में गंभीर चोट और हाथ जल जाने से फफोले हो गए थे।
महिला की बिगड़ती हालत को देखकर ग्रामीणों ने अस्पताल ले जाने की बात कही तो आरोपी महिला को एक परिचित के घर के पास छोड़कर भाग निकला था। गांव वालों ने एबुलेंस बुलाकर अस्पताल भेजिवाया, इलाज के दौरान 10 अगस्त को महिला की मौत हो गई।
पीएम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत लगातार मारपीट और हाथ को आग से जलाने से हुई गंभीर चोट एवं संक्रमण के कारण हुई है। इसके आधार पर 13 अगस्त को आरोपी भीखम दास महंत के खिलाफ कोतरारोड़ पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसे थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार की। आरोपी को न्यायिक आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
 

अवैध गौ तस्करी करने वालों पर बड़ी कार्यवाही! 54 बैल बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार

27-Aug-2025
दंतेवाड़ा।शोर संदेश ) गीदम जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में गीदम थाना पुलिस ने अवैध गौ तस्करी करने वालों पर बड़ी कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 54 नग कृषक पशु बैल बरामद किए। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय पटेल के नेतृत्व में मिली मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम ने छिंदनार जंगल पहाड़ी इलाके में दबिश दी। यहां मवेशी तस्करों को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम विष्णु कोर्राम (40 वर्ष), निवासी असलनार, थाना मर्दापाल, जिला कोंडागांव और चंदन कश्यप (58 वर्ष), निवासी असलनार, थाना मर्दापाल, जिला कोंडागांव बताया। तस्कर इन मवेशियों को असलनार, कुदुर, कोडे, इरपुन, सातधार, बारसूर और छिंदनार जंगल मार्ग से क्रूरता पूर्वक हांकते हुए तेलंगाना के मुलगू बुचड़खाना तक ले जाने की तैयारी में थे। आरोपियों के विरुद्ध थाना गीदम में अपराध क्रमांक 75/2025 धारा 4, 6, 10 छग कृषक पशु संरक्षण अधिनियम 2004 एवं पशु क्रूरता अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया है।
बरामद 54 बैलों को सुरक्षित गौशाला भेजा गया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दीनानाथ वैष्णव, सउनि प्रशांत सिंह, प्रआर राजकुमार, प्रधान आरक्षक नथलू कवासी, आरक्षक गिरीश नेताम, देवचरण मरकाम, रामचन्द्र जुर्री, खेमलाल रावटे, बालचंद गावड़े और मनीष ठाकुर की अहम भूमिका रही।

वन विभाग की बड़ी कार्रवाई! आरोपियों के पास से ताजा चीतल मांस बरामद

27-Aug-2025
बलोदा बाज़ार।   शोर संदेश ) वन विभाग की टीम ने अर्जुनी परिक्षेत्र में अवैध शिकार की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक अन्य आरोपी अभी फरार है। यह कार्रवाई वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 और वन्यजीव (संरक्षण) संशोधन अधिनियम 2022 के तहत हुई। मिली जानकारी के मुताबिक, सराईपाली परिसर के पूनमचंद फेकर को मुखबिर से सूचना मिली कि अर्जुनी से सराईपाली मार्ग (झाला ढोगी के पास) पर दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध शिकार के बाद चीतल मांस ले जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही गांजरडीह परिसर प्रभारी भरतलाल साहू, सुरक्षा श्रमिकों और वन अमला ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए लोगों में भूषण प्रसाद, पिता रंजीत वर्मा, कोमलसाय, पिता कार्तिक वर्मा हैं। दोनों निवासी बिला गांव के रहने वाले हैं। उनके पास से 23.620 किलो चीतल का ताजा मांस बरामद किया गया। उनसे एक बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मांस अर्जुनी निवासी अनिल, पिता चमारसिंग बरिहा से मिला था।
गौरतलब है कि बलौदाबाजार जिले में लंबे समय से वन्यजीवों का अवैध शिकार और वनों की कटाई तेज है। हालांकि मामले में वन विभाग ने कार्रवाई भी तेज की है, लेकिन क्षेत्र में हो रहे वन अपराधों की संख्या की तुलना में यह प्रयास मात्र बूंदभर है। प्रशासन को सतत निगरानी और सख्त कार्रवाई की जरूरत बनी हुई है।

 


पति ने पत्नी के प्रेमी का किया मर्डर, बोरे में मिली थी युवक की लाश

26-Aug-2025
रायपुर। शोर संदेश  खमतराई इलाके में अवैध संबंध के चलते एक युवक की हत्या हो गई। हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी प्रेमिका, उसके पति व एक अन्य साथी को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक ओडिशा निवासी रामा माडे रांवाभाठा में मेटल पार्क स्थित आरआर इंडस्ट्रीज में मजदूरी करता था। वह अपने मामा के साथ रहता था। कंपनी में काम करने वाली एक महिला से उसके अवैध संबंध थे। रविवार को दोपहर करीब 3 बजे रामा उस महिला के घर गया था। इस दौरान महिला का पति कृष्णा पहुंच गया। दोनों को आपत्तिजनक अवस्था में देखकर कृष्णा को बहुत गुस्सा आया। उसने रामा की पिटाई शुरू कर दी। लकड़ी के बत्ते से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ कई प्रहार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। रामा की मौत होने से दोनों घबरा गए। मोहल्ले में किसी को घटना की खबर होने नहीं दी। उसके शव को दिनभर घर में ही छुपा कर रखा।
शव को ठिकाने लगाने कृष्णा ने अपने दोस्त रामकृष्ण को बुलाया। इसके बाद रात होने का इंतजार करते रहे। रात करीब 2 बजे अपनी पत्नी और रामकृष्ण के साथ मिलकर मृतक के हाथ-पांव बांध दिए। इसके बाद शव को एक बोरी में भरकर रावाभाठा ले गए। एक खाली प्लाट में फेंककर अपने घर लौट गए।
सोमवार सुबह मैदान के आसपास से गुजरने वालों की नजर बोरी पर पड़ी। शव का कुछ हिस्सा बोरी से बाहर निकला था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची खमतराई पुलिस ने फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को बुलाया। इसके बाद बोरी को खोला। मृतक का चेहरा बंधा हुआ था। उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। कुछ देर बाद उसकी पहचान रामा के रूप में हुई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। कंपनी में पूछताछ करने पर पता चला कि मृतक के आरोपी महिला से अवैध संबंध थे। इसके बाद पुलिस ने महिला को पकड़कर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में महिला ने हत्या का खुलासा किया।
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account