महासमुंद (शोर संदेश)। सरायपाली के सिंघोड़ा पुलिस ने एक ट्रक से 312.590 किलोग्राम गांजा जब्त करते हुए दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 56 लाख 34 हजार 500 रुपए बताई गई है। इस मामले में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लेकर तस्कर महाराष्ट्र जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की गई। कुछ समय बाद बताए गए नंबर का ट्रक पहुंचा, जिसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में रखी बोरियों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। ट्रक में सवार चालक इम्तियाज खान (कर्नाटक) और सह-चालक रवि प्रकाश राउतकर (बालाघाट, मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि गांजा ओडिशा के सोनपुर जिले से मुंबई ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जांच में जम्मू, उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश के लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिससे यह संगठित अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह प्रतीत होता है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।