ब्रेकिंग न्यूज

कारोबारी से करोड़ों की ठगी कर फरार हुए आरोपी

14-May-2026
बिलासपुर (शोर संदेश)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में करोड़ों रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक जमीन कारोबारी को भारी मुनाफे का झांसा देकर 3 करोड़ 32 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। मामले में पुलिस ने बाप-बेटे समेत तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। आरोपित फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक, विनोबा नगर निवासी जमीन कारोबारी विजय कुमार गुप्ता की पहचान वर्ष 2023 में एक जमीन सौदे के दौरान तोरवा निवासी अशोक कुमार गिडवानी से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच अच्छी जान-पहचान हो गई। इसी दौरान अशोक गिडवानी ने अपने बेटे मोहित गिडवानी के साथ मिलकर कारोबारी को निवेश का प्रस्ताव दिया।
आरोपितों ने विजय गुप्ता और उनके मित्र रमेश कुमार अग्रवाल को बताया कि उनका मनिहारी व्यवसाय तेजी से बढ़ रहा है और यदि वे निवेश करेंगे तो हर तीन महीने में अच्छा मुनाफा मिलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निवेश की रकम पूरी तरह सुरक्षित रहेगी और नियमित लाभ भी मिलता रहेगा। आरोपितों की बातों में आकर विजय गुप्ता ने स्वयं के अलावा अपने स्वजनों और मित्रों के माध्यम से भी रकम जुटाई। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में कुल 3 करोड़ 32 लाख रुपये आरोपितों को सौंप दिए गए।


leave a comment

Feedback/Enquiry



Log In Your Account