बिलासपुर। राष्ट्रीय महत्व के जनगणना को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए बिलासपुर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी संजय अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा, कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार या विवाद करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में जनगणना अधिनियम 1948 और भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत प्रावधान लागू किए जाएंगे।
हाल ही में बिल्हा जनपद पंचायत के ग्राम घोघरा में जनगणना कर्मी के साथ मारपीट और कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सहयोग की अपील, विकास की आधारशिला है जनगणना
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कर्मियों का सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं। अधिकारियों ने बताया कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और नीतियों के निर्धारण की आधारशिला है।