ब्रेकिंग न्यूज

रायगढ़ में हाथियों का आतंक, 120 हाथियों की मौजूदगी से गांवों में दहशत

14-Apr-2026
रायगढ़ (शोर संदेश)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों की बढ़ती संख्या अब गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। धरमजयगढ़ वन मंडल में वर्तमान में कुल 123 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। जंगलों के साथ-साथ अब इनका मूवमेंट गांवों के आसपास भी बढ़ गया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
जिले के छाल वन परिक्षेत्र में 35 हाथियों का एक बड़ा दल देखा गया है। इस दल में 3 नर, 25 मादा और 7 शावक शामिल हैं। सोमवार शाम बोजिया परिसर के पेलमबांध क्षेत्र में यह झुंड विचरण करता नजर आया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जंगल से गांव तक बढ़ी हलचल
हाथियों का यह दल जंगल के साथ-साथ गांवों के आसपास भी घूमता नजर आया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों ने हाथियों की मौजूदगी की जानकारी तुरंत वन विभाग को दी।
हाथी मित्र दल अलर्ट, मुनादी कर ग्रामीणों को चेतावनी
स्थिति को देखते हुए हाथी मित्र दल लगातार निगरानी कर रहा है। बोजिया से औरानारा मार्ग, गड़ाईनबहरी और सिंघीझाप क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सड़क पर आए हाथियों को लौटाया जंगल की ओर
एक वीडियो में देखा गया कि सड़क पर आए हाथियों को हाथी मित्र दल के सदस्य ने आवाज देकर सुरक्षित जंगल की ओर लौटा दिया। इससे पहले भी इसी तरह की घटनाओं में हाथियों को गांवों से दूर किया गया है। जानकारी के अनुसार यह हाथी दल घरघोड़ा क्षेत्र से छाल रेंज में पहुंचा है। वन विभाग लगातार उनके मूवमेंट पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।


leave a comment


kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account