ब्रेकिंग न्यूज

हाथियों का आतंक : 101 हाथियों की मौजूदगी से गांवों में दहशत

25-Mar-2026
रायगढ़। ( शोर संदेश ) जिले में इन दिनों हाथियों का दल लगातार रिहायशी और खेती वाले इलाकों की ओर रुख कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। खासकर रात के समय हाथियों की गतिविधि बढ़ गई है और वे सीधे खेतों में घुसकर खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में सोमवार रात हाथियों का झुंड कई गांवों तक पहुंच गया। इस दौरान 8 किसानों की धान की फसल को रौंदकर पूरी तरह खराब कर दिया गया। बोरो रेंज के चाल्हा गांव में एक किसान, बरतापाली में एक किसान, माढरमार और आमापाली में पांच किसानों तथा भंडरीमुड़ा में एक किसान की फसल को नुकसान पहुंचा है।
ग्रामीणों को जैसे ही हाथियों के खेतों में घुसने की जानकारी मिली, वे वन विभाग के अमले के साथ मौके पर पहुंचे और हाथियों को भगाने की कोशिश की। हालांकि हाथियों का झुंड काफी देर तक खेतों में डटा रहा और भारी नुकसान पहुंचाने के बाद ही वापस जंगल की ओर लौटा। अब वन विभाग नुकसान का आकलन कर रहा है, जिसके आधार पर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
महिला पर हमला, जान बचाकर भागीं ग्रामीण महिलाएं
इसी इलाके के ओंगना गांव में एक और चिंताजनक घटना सामने आई। यहां भारती यादव सहित कुछ महिलाएं जंगल में महुआ बीनने गई थीं। इसी दौरान उनका सामना अचानक एक हाथी से हो गया। हाथी ने उन्हें दौड़ा लिया, जिससे भगदड़ मच गई। इस घटना में भारती यादव घायल हो गईं और उनके चेहरे पर चोट आई। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
 


leave a comment


kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account