ब्रेकिंग न्यूज

कोरबा में 90 एकड़ सरकारी जमीन से 135 अवैध कब्जे हटाए, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

24-Feb-2026
कोरबा।( शोर संदेश ) जिले के दर्री क्षेत्र में सोमवार सुबह जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 90 एकड़ सरकारी जमीन से 135 अवैध कब्जों को हटाया। केसी जैन मार्ग स्थित इस भूमि पर फार्म हाउस, पक्के मकान और टीन-शेड के घर बनाकर लंबे समय से अतिक्रमण किया गया था।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, संबंधित कब्जाधारियों को पूर्व में नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। कटघोरा एसडीएम द्वारा 135 लोगों को विधिवत नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए बुलडोजर से कार्रवाई शुरू की।
सोमवार सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 4 से 5 जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। कई स्थानों पर 60 से 70 डेसिमल तक जमीन पर अवैध कब्जा पाया गया था। कुछ कब्जाधारियों ने कार्रवाई से पहले अपना सामान खाली कर लिया, जबकि जिन स्थानों पर सामान नहीं हटाया गया, वहां मशीनों से निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि प्रशासन की मौजूदगी में पूरा अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
मौके पर कटघोरा एसडीएम तन्मय खन्ना, पुलिस प्रशासन की ओर से अधिकारी विमल पाठक तथा नगर निगम का तोड़ू दस्ता प्रभारी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।
कटघोरा एसडीएम तन्मय खन्ना ने बताया कि “सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए पूर्व में विधिवत नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित समयावधि में कब्जा नहीं हटाए जाने पर नियमानुसार यह कार्रवाई की गई है। आगे भी शासकीय भूमि की सुरक्षा के लिए अभियान जारी रहेगा।”
पुलिस अधिकारी विमल पाठक ने कहा कि “कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त बल तैनात किया गया था। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई है।”प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि शासकीय भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें, अन्यथा भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।






 


leave a comment


kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account