ब्रेकिंग न्यूज

खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा दीपावली के अवसर पर खाद्य पदार्थों की सघन जांच जारी

24-Oct-2026
महासमुंद।( शोर संदेश ) कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु सघन जाँच एवं नमूना संकलन अभियान जारी है।
अभिहित अधिकारी उमेश कुमार के मार्गदर्शन में जनवरी से सितंबर 2026 तक जिले में कुल 216 खाद्य नमूने संकलित किए गए, जिनमें 78 विधिक एवं 138 सर्विलेंस नमूने शामिल हैं। प्राप्त प्रयोगशाला जांच रिपोर्टों में 05 नमूने मिथ्याछाप, 02 अवमानक एवं 04 असुरक्षित पाए गए हैं। शेष 13 नमूनों की जांच रिपोर्ट अप्राप्त है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता संबंधी मामलों में कुल 11 प्रकरण दायर किए गए हैं तथा सक्षम प्राधिकारी द्वारा 16 लाख 90 हजार 100 रुपए का जुर्माना अधिरोपित किया गया है।
अक्टूबर 2026 में अब तक  खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा कुल 26 खाद्य नमूने संकलित किए गए हैं, जिनमें 13 विधिक एवं 13 सर्विलेंस नमूने हैं। इनमें पनीर, दही, मिठाइयाँ, दुग्ध उत्पाद, खाद्य तेल एवं अन्य खाद्य पदार्थ शामिल हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अंतर्गत लागू नियमों एवं विनियमों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य कारोबार कर्ताओं को स्वच्छता, उचित भंडारण, गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल के उपयोग तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आम नागरिकों से अपील है कि खाद्य पदार्थ विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से खरीदें तथा पैकेटबंद उत्पादों पर आवश्यक लेबल विवरणों की जांच करें।


leave a comment

Feedback/Enquiry



Log In Your Account