ब्रेकिंग न्यूज

नामकरण संस्कार से लौट रही पिकअप पलटी, मौके पर ही 2 महिलाओं की मौत, 18 घायल

23-Mar-2026
बालोद (शोर संदेश)। बालोद जिला में एक सड़क हादसा सामने आया है। डौंडीलोहारा क्षेत्र में ग्रामीणों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हो गए। घायलों में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, पद्देटोला गांव के ग्रामीण पिकअप में सवार होकर खलबत्तर गांव में आयोजित नामकरण संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भंवरमरा नेताम टोला मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
दो महिलाओं की मौत, 18 घायल
इस भीषण दुर्घटना में 68 वर्षीय मान बाई और 40 वर्षीय नंदिनी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं 18 अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मंगचुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों महिलाओं के शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी में रखवाया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


leave a comment


kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account