ब्रेकिंग न्यूज

पिता-पुत्र के शव मिलने से सनसनी, जहर खाकर आत्महत्या की आशंका

15-Mar-2026
दुर्ग । ( शोर संदेश ) शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आपापुरा के भोईपारा इलाके में शनिवार को एक किराए के मकान से पिता और बेटे के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 70 वर्षीय अरुण टंडिया और उनके 35 वर्षीय बेटे पंकज टंडिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों कुछ महीने पहले ही भोईपारा क्षेत्र में किराए के मकान में रहने आए थे। इससे पहले वे शहर के किसी अन्य इलाके में रहते थे।
शनिवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ। लोगों ने आवाज लगाकर दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद आसपास के लोगों ने स्थानीय पार्षद को सूचना दी।
पार्षद ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया। अंदर पिता और बेटे के शव कमरे में पड़े मिले। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
 


leave a comment


kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account