ब्रेकिंग न्यूज

खेल

हरमनप्रीत की कप्तानी पारी से मुंबई इंडियंस की शानदार जीत, गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराया

14-Jan-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  मुंबई इंडियंस ने विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 के छठे मुकाबले में गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से मात दी। यह सीजन में मुंबई इंडियंस की दूसरी जीत रही।
मुंबई इंडियंस 3 में से 2 मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर पहुंच गई है, जबकि तीन में से 1 मैच गंवाकर गुजरात जायंट्स तीसरे स्थान पर है।
मंगलवार को डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी गुजरात जायंट्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 192 रन बनाए।
टीम ने 2.4 ओवर में सोफी डिवाइन (8) के रूप में पहला विकेट गंवा दिया था। यहां से बेथ मूनी ने कनिका आहूजा के साथ दूसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 42 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 64 के स्कोर तक पहुंचाया।
मूनी 26 गेंदों में 33 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जबकि कनिका ने 18 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 35 रन बनाए। इनके अलावा, कप्तान एश्ले गार्डनर ने 11 गेंदों में 20 रन की पारी खेली।
गुजरात जायंट्स ने 99 के स्कोर तक 4 विकेट गंवा दिए थे। यहां से जॉर्जिया वेयरहैम ने मोर्चा संभाला। उन्होंने आयुषी सोनी के साथ 37 रन, जबकि भारती फुलमाली के साथ 56 रन की साझेदारी की।
जॉर्जिया 33 गेंदों में 43 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि भारती ने 15 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से नाबाद 36 रन बनाए। विपक्षी खेमे से शबनीम इस्माइल, हेली मैथ्यूज, निकोला कैरी और अमेलिया केर ने 1-1 विकेट निकाला।
इसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने 19.2 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। टीम 4.5 ओवरों में 37 के स्कोर तक 2 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अमनजोत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 44 गेंदों में 72 रन की साझेदारी की। अमनजोत ने 26 गेंदों में 7 चौकों के साथ 40 रन बनाए।
मुंबई इंडियंस को 109 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा, जहां से कप्तान ने निकोला कैरी के साथ 43 गेंदों में 84 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को चार गेंदें शेष रहते जीत दिलाई। हरमनप्रीत कौर 43 गेंदों में 2 छक्कों और 7 चौकों के साथ 71 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि निकोला ने 38 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से रेणुका ठाकुर, काशवी गौतम और सोफी डिवाइन ने 1-1 विकेट निकाला।


 

रायपुर में भारत-न्यूजीलैंड मैच : जल्दी पहुंचें दर्शक, पहली पारी के बाद नहीं मिलेगी एंट्री

14-Jan-2026
रायपुर (शोर संदेश)। 23 जनवरी को रायपुर में होने वाले भारत बनाम न्यूजीलैंड अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर प्रशासन और आयोजक पूरी तरह सतर्क हैं। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, ताकि दर्शकों को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल मिल सके। स्टेडियम के अंदर और बाहर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है।
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ (सीएससीए) के अध्यक्ष विजय शाह ने बताया कि पिछले मैच में सुरक्षा को लेकर कुछ चूक हुई थी, जिस पर बीसीसीआई ने भी संज्ञान लिया था। इस बार ऐसी कोई गलती न हो, इसके लिए सीएससीए ने 45 सदस्यों की विशेष टीम बनाई है, जो पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर स्टेडियम में तैनात रहेगी।
इसके अलावा मैदान के चारों ओर अतिरिक्त रेलिंग भी लगाई जा रही है। पिछले दिनों हुए वनडे मैच से मिली सीख के बाद संघ पूरी तरह चौकन्ना हो गया है। इस बार दर्शकों की एंट्री भी पहली इनिंग तक ही हो सकेगी। इसके बाद पहुंचने वाले दर्शकों को निराशा हाथ लगेगी। इसके अलावा पार्किंग की व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है।
15 गेटों पर तैनात रहेंगे अधिकारी, फोर्स भी बढ़ेगी
स्टेडियम के सभी 15 प्रवेश गेटों पर सीएससी के अधिकारी तैनात रहेंगे, जो सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करेंगे। इसके अलावा अंदर की टिकट चेकिंग गेट पर विशेष रेलिंग लगाई जा रही है, जिससे दर्शक कतारबद्ध तरीके से प्रवेश कर सकें और भीड़ एकत्र न हो। इसके साथ ही सुरक्षा कर्मियों की संख्या में भी इजाफा किया गया है।
अब सभी सीटों पर नंबरिंग, ताकि विवाद न हो
मैदान के भीतर तैनात सुरक्षाकर्मी दर्शक दीर्घाओं पर लगातार नजर रखेंगे, ताकि कोई भी व्यक्ति अनधिकृत रूप से मैदान में प्रवेश न कर सके। इसके अलावा कुछ स्टैंड्स में सीटों की नंबरिंग की जा रही है, जिससे दर्शक अपनी निर्धारित सीट पर ही बैठें और आपसी विवाद की स्थिति न आए। प्रत्येक स्टैंड में सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे, जो किसी भी विवाद या समस्या की स्थिति में मौके पर ही समाधान करेंगे, ताकि मैच का माहौल बाधित न हो।
3 दिसंबर को भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच मैच के दौरान दीवार फांदकर दर्शक स्टेडियम पहंचे, इसलिए अब रेलिंग लगा रहे हैं।
ऐसे मिलेगी टिकट
वनडे मैच में रहे टिकट पार्टनर टिकट जिनी.इन को दोबारा चुना गया है। रायपुर में 23 जनवरी को होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले में भी क्रिकेट प्रेमियों को इसी वेबसाइट से टिकट खरीदनी होगी। टिकट की ऑनलाइन बुकिंग को लेकर अभी तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन, इसे लेकर स्टेट क्रिकेट संघ ने 16 जनवरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी है। जिसके बाद मैच को लेकर चलाए जा रहे कयासों पर विराम लगेगा।
 

महिला प्रीमियर लीग: नंदनी शर्मा ने की दीप्ति शर्मा की बराबरी, हैट्रिक लेने वाली बनीं चौथी गेंदबाज

12-Jan-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) महिला प्रीमियर लीग 2026 में रविवार को नवी मुंबई में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स के बीच खेले गए मुकाबले में भले ही दिल्ली कैपिटल्स को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम की तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींच लिया। नंदनी ने इस मैच में हैट्रिक सहित 5 विकेट चटकाए।
दिल्ली कैपिटल्स के अन्य गेंदबाज जहां प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे, वहीं नंदनी शर्मा ने अकेले दम पर गुजरात जायंट्स की मजबूत बल्लेबाजी क्रम को झकझोर दिया। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में 33 रन देकर 5 विकेट लिए।
नंदनी शर्मा का जन्म 20 सितंबर 2001 को चंडीगढ़ में हुआ था। दाएं हाथ की तेज गेंदबाज नंदनी को दिल्ली कैपिटल्स ने महिला प्रीमियर लीग की नीलामी में 20 लाख रुपए में खरीदा था। फ्रेंचाइजी के भरोसे पर नंदनी पूरी तरह खरी उतरीं।
नंदनी ने गुजरात जायंट्स की पारी में 95 रन पर खेल रही सोफी डिवाइन को आउट कर अपना पहला विकेट हासिल किया। यह विकेट गुजरात की पारी के लिए बड़ा झटका साबित हुआ।
गुजरात की पारी के अंतिम ओवर में नंदनी शर्मा ने गेंदबाजी करते हुए मैच का सबसे नाटकीय क्षण रच दिया। इस ओवर में उन्होंने चार विकेट झटके, जिसमें एक यादगार हैट्रिक भी शामिल रही।
हैट्रिक की पहली गेंद पर कनिका आहूजा स्टंप आउट हुईं, जब वे आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश कर रही थीं। अगली गेंद पर नंदनी ने राजेश्वरी गायकवाड़ को क्लीन बोल्ड किया और अंतिम गेंद पर रेणुका ठाकुर के स्टंप्स उखाड़ दिए।
नंदनी शर्मा महिला प्रीमियर लीग के इतिहास में हैट्रिक लेने वाली दूसरी भारतीय गेंदबाज बन गई हैं। इससे पहले दीप्ति शर्मा यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। इनके अलावा इंग्लैंड की इस्सी वोंग और ऑस्ट्रेलिया की ग्रेस हैरिस भी महिला प्रीमियर लीग में हैट्रिक ले चुकी हैं।
अगर नंदनी शर्मा अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखती हैं, तो आने वाले समय में उनका भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयन होना तय माना जा रहा है। 













 

महिला प्रीमियर लीग 2026: मुंबई इंडियंस और आरसीबी के बीच पहला मैच आज

09-Jan-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) महिला प्रीमियर लीग 2026 का धमाकेदार आगाज आज से हो रहा है। पहला मुकाबला पिछली बार की विजेता मुंबई इंडियंस (एमआई) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच होगा। मैच से पहले ओपनिंग सेरेमनी होगी।
मैच से ठीक पहले ओपनिंग सेरेमनी की शुरुआत 6 बजकर 45 मिनट पर होगी। इस ग्रैंड इवेंट में यो यो हनी सिंह, जैकलीन फर्नांडिस और हरनाज संधू परफॉर्म करने वाले हैं। हनी सिंह भारत में पहली बार किसी स्पोर्ट्स इवेंट में परफॉर्म करेंगे। 
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस और स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली आरसीबी के बीच मुकाबला नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेला जाएगा। टॉस 7 बजे होगा और मैच 7:30 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमें नीलामी के बाद पहले से ज्यादा मजबूत हुई हैं और सीजन की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेंगी। ऐसे में दोनों टीमों के बीच होने वाले सीजन के पहले मुकाबले रोमांचक होने की उम्मीद है। 
मुकाबले को आप टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकेंगे। वहीं, मोबाइल पर भी आप इस मैच का लुत्फ उठा सकते हैं। लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और उसकी वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। 
महिला प्रीमियर लीग का ये चौथा सीजन है। अब तक एमआई और आरसीबी के बीच कुल 7 मैच खेले गए हैं। एमआई ने 4 मैच जीते हैं, जबकि 3 मैचों में आरसीबी ने जीत हासिल की है। 
पिछले 3 सीजन में दो बार एमआई और एक बार आरसीबी विजेता रही है। दिल्ली कैपिटल्स तीनों बार फाइनल खेली है और उपविजेता रही है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), जॉर्जिया वोल, गौतमी नाइक, ग्रेस हैरिस, ऋचा घोष (डब्ल्यू), नादिन डी क्लार्क, पूजा वस्त्रकार, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, अरुंधति रेड्डी, लॉरेन बेल, कुमार प्रथ्योशा, सयाली सतघरे, प्रेमा रावत, दयालन हेमलता, लिन्से स्मिथ। 
मुंबई इंडियंस टीम: हेली मैथ्यूज, जी. कमालिनी (विकेटकीपर), नेट साइवर-ब्रंट, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), अमेलिया केर, अमनजोत कौर, सजीवन सजना, पूनम खेमनार, संस्कृति गुप्ता, शबनीम इस्माइल, त्रिवेणी वशिष्ठ, नल्ला रेड्डी, राहिला फिरदौस, मिल्ली इलिंगवर्थ, सैका इशाक, निकोला केरी। 


 

खेलो-इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के लिए खिलाड़ियों ने दिया ट्रायल, रायपुर में 558 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

09-Jan-2026
रायपुर। खेल और युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के लिए छत्तीसगढ़ की टीम के चयन को लेकर प्रदेशभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। तीन दिन तक चले राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में एक हजार से अधिक जनजातीय खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
ये ट्रायल 6 से 8 जनवरी के बीच रायपुर और बिलासपुर में आयोजित किए गए। इन दो दिनों में 7 खेलों के लिए हुआ चयन ट्रायल हुए। रायपुर में कुश्ती, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग और हॉकी का ट्रायल हुआ। वहीं बिलासपुर में तीरंदाजी, एथलेटिक्स और तैराकी के लिए ट्रायल लिया गया।
रायपुर के स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में कुश्ती, फुटबॉल और वेटलिफ्टिंग के ट्रायल हुए, जबकि सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हॉकी के ट्रायल आयोजित किए गए। इनमें रायपुर से कुल 558 खिलाड़ी चयन ट्रायल में शामिल हुए। जिनमें 355 पुरुष और 203 महिला खिलाड़ी​​​​​​​ शामिल रहीं।
राज्य के लगभग सभी जिलों से अनुसूचित जनजाति वर्ग के खिलाड़ियों ने ट्रायल में हिस्सा लिया। जशपुर से सबसे ज्यादा 92 खिलाड़ी, बालोद से 55, कांकेर से 51, कबीरधाम से 36, बस्तर और सुकमा से 31-31, नारायणपुर से 27, सरगुजा और कोंडागांव से 23-23 खिलाड़ी शामिल हुए।
इसके अलावा रायपुर, दुर्ग, धमतरी, बिलासपुर, दंतेवाड़ा, कोरिया, सूरजपुर समेत अन्य जिलों से भी खिलाड़ियों की भागीदारी रही।
बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में तीरंदाजी और एथलेटिक्स, जबकि सरकंडा स्थित जिला खेल परिसर में तैराकी के ट्रायल आयोजित किए गए। यहां कुल 470 खिलाड़ियों ने राज्य टीम में जगह बनाने के लिए दावेदारी पेश की।

एशियन इंडोर चैंपियनशिप: तजिंदरपाल तूर के नेतृत्व में उतरेगी भारतीय टीम

08-Jan-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) गोला फेंक में दो बार के एशियन इंडोर चैंपियन तजिंदरपाल सिंह तूर चीन के तियानजिन में 6 से 8 फरवरी तक होने वाली 12वीं एशियन इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 17 सदस्यीय भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगे। भारतीय टीम 3 फरवरी को कॉन्टिनेंटल इंडोर मीट के लिए रवाना होगी।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) ने गुरुवार को एशियन इंडोर चैंपियनशिप के लिए 17 सदस्यीय भारतीय टीम की औपचारिक घोषणा की।
पंजाब के 31 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय गोला फेंक खिलाड़ी तजिंदरपाल तूर का राष्ट्रीय आउटडोर रिकॉर्ड 21.77 मीटर है, जो उन्होंने 2023 में ओडिशा के भुवनेश्वर में बनाया था। दो बार के एशियन गेम्स चैंपियन तूर ने कजाकिस्तान के नूर-सुल्तान में हुई 10वीं एशियन इंडोर चैंपियनशिप में भी गोला फेंक का स्वर्ण पदक जीता था।
लंबी कूद में शाहनवाज खान और अनुभवी ट्रिपल जंपर प्रवीण चित्रवेल चीन में होने वाली एशियन इंडोर चैंपियनशिप से अपने 2026 सीजन की शुरुआत करेंगे। वहीं, हेप्टाथलॉन में तेजस्विन शंकर और 60 मीटर स्प्रिंट में मणिकांत होबलीधर पुरुष टीम के प्रमुख नाम हैं।
शीर्ष महिला स्प्रिंटर्स नित्या गंधे और अभिनय राजराजन तियानजिन में 60 मीटर डैश में भाग लेंगी। मौमिता मंडल 60 मीटर हर्डल्स और महिलाओं की लंबी कूद में हिस्सा लेंगी।
एशियन इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2024 में ईरान के तेहरान में 13 भारतीय एथलीटों (छह महिलाएं और सात पुरुष) ने हिस्सा लिया था। भारत ने इस प्रतियोगिता को चार पदकों के साथ समाप्त किया था, जिसमें तीन स्वर्ण और एक रजत पदक शामिल था।
तेहरान में आयोजित 11वीं एशियन इंडोर मीट में तजिंदरपाल तूर ने 19.72 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
मणिकांत होबलीधर (60 मी), तेजस शिरसे (60 मी हर्डल्स), जे आदर्श राम (ऊंची कूद), सीवी अनुराग और शाहनवाज खान (लंबी कूद), प्रवीण चित्रवेल (ट्रिपल जंप), समरदीप सिंह गिल और तजिंदरपाल सिंह तूर (गोला फेंक), तथा तेजस्विन शंकर (हेप्टाथलॉन)।
नित्या गंधे और अभिनय राजराजन (60 मी), मौमिता मंडल और प्रज्ञान प्रशांति साहू (60 मी हर्डल्स), पूजा (ऊंची कूद), एंसी सोजन और मौमिता मंडल (लंबी कूद), योगिता (गोला फेंक) और केए अनामिका (पेंटाथलॉन)।
 

टी20 विश्व कप 2026: न्यूजीलैंड की टीम घोषित, मिचेल सेंटनर होंगे कप्तान

07-Jan-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) टी20 विश्व कप 2026 के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने टीम का ऐलान कर दिया है। अनुभवी ऑलराउंडर मिचेल सेंटनर 15 सदस्यीय टीम का नेतृत्व करेंगे। कप्तान के साथ ही मिचेल सेंटनर विश्व कप में सबसे अनुभवी खिलाड़ी भी होंगे। 
वह अपना 9वां आईसीसी इवेंट खेलेंगे। उनके साथ अनुभवी स्पिनर ईश सोढ़ी भी टीम का हिस्सा हैं। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी का साल 2025 में शानदार प्रदर्शन रहा है। उन्हें भी टीम में जगह दी गई है। डफी ने पिछले साल तीनों फॉर्मेट मिलाकर 81 विकेट लिए थे। टी20 में गेंदबाजों की रैंकिंग में वह दूसरे नंबर पर हैं। तेज गेंदबाजी में डफी के साथ लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी और एडम मिल्ने को जगह दी गई है। 
जिमी नीशम भी तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में टीम में शामिल हैं। ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल, ग्लेन फिलिप्स और रचिन रवींद्र टीम में गेंदबाजी और बल्लेबाजी को मजबूत करेंगे। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी टिम सीफर्ट को दी गई है। काइल जैमीसन रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर शामिल हैं।
जेमीसन को टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिल सकता है। टूर्नामेंट के दौरान फर्ग्यूसन और मैट हेनरी दोनों पैटरनिटी लीव लेने वाले हैं। इस दौरान जैमिसन की टीम में एंट्री हो सकती है। न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वाल्टर टी20 विश्व कप को लेकर उत्साहित हैं। वॉल्टर ने कहा, “विश्व कप खास होते हैं, और भारत आधुनिक क्रिकेट की धड़कन है, और इससे बेहतर जगहें बहुत कम हैं।”
उन्होंने कहा कि मेगा इवेंट के लिए चुनी गई टीम संतुलित है। हमारे पास बैटिंग में बहुत पावर और स्किल है, क्वालिटी बॉलर हैं जो हालात के हिसाब से ढल सकते हैं, साथ ही पांच ऑल-राउंडर हैं जो सभी कुछ अलग लाते हैं। यह एक अनुभवी ग्रुप है, और खिलाड़ी सब-कॉन्टिनेंट में खेलने के लिए नए नहीं हैं, जो उनके लिए फायदेमंद होगा।
न्यूजीलैंड को ग्रुप डी में अफगानिस्तान, कनाडा, साउथ अफ्रीका और यूएई के साथ रखा गया है। टीम का पहला मुकाबला 8 फरवरी को चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ होगा। विश्व कप भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से 8 मार्च तक खेला जाना है।
मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, डेरिल मिशेल, एडम मिल्ने, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम सीफर्ट, ईश सोढ़ी।












 

सिडनी टेस्ट में इंग्लैंड को करारा झटका, कप्तान बेन स्टोक्स चोट की वजह से मैदान से बाहर

07-Jan-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) सिडनी टेस्ट के चौथे दिन पहले सत्र में इंग्लैंड को बड़ा झटका लगा। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को इंजरी की वजह से फील्ड छोड़ कर जाना पड़ा। स्टोक्स की इंजरी ने इंग्लैंड की परेशानी बढ़ा दी है।
बुधवार को जब खेल शुरू हुआ तो स्टोक्स अपने दूसरे ओवर में की चौथी गेंद फेंकने के बाद दर्द में नजर आए। दर्द की वजह से उन्होंने फील्ड छोड़ दिया। यह उनके स्पेल के 28वें ओवर की चौथी गेंद थी। उस समय ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 7 विकेट के नुकसान पर 523 रन था। स्टोक्स के ओवर को जैकब बेथेल ने उस ओवर पूरा किया। स्टोक्स की गैरमौजूदगी में हैरी ब्रूक ने कप्तानी का जिम्मा संभाला।
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने बेन स्टोक्स की चोट पर कहा कि स्टोक्स को दाहिनी मांसपेशी में दर्द की शिकायत है। उनकी दाहिनी एडक्टर की जांच की जा रही है। जल्द ही अपडेट दिया जाएगा।
बेन स्टोक्स का करियर इंजरी से बुरी तरह प्रभावित रहा है। पिछले 18 महीनों में स्टोक्स को यह चौथी बार चोट लगी है और यह लगातार चौथी सीरीज है जिसमें वह चोटिल हुए हैं। वह अगस्त में द हंड्रेड के दौरान भी इंजर्ड हो गए थे और श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज में नहीं खेल पाए थे। वह पाकिस्तान के खिलाफ भी पहला टेस्ट नहीं खेल पाए थे। दिसंबर 2024 में, इंग्लैंड की टीम न्यूजीलैंड दौरे पर गई थी। इस सीरीज के तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच में उन्हें दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। दाहिने कंधे की चोट के कारण पिछले साल वह भारत के खिलाफ सीरीज के पांचवें टेस्ट से बाहर रहे थे। देखना होगा वह इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में बल्लेबाजी या गेंदबाजी कर पाते हैं या नहीं।
सिडनी टेस्ट के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 567 रन पर समाप्त हुई। स्टीव स्मिथ 138 रन बनाकर आउट हुए। ब्यू वेबस्टर 71 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड पर 183 रन की बढ़त मिली है। इंग्लैंड की पहली पारी 384 रन पर सिमटी थी।
















 

कवर्धा प्रीमियर लीग से जिले में खेल संस्कृति को मिला नया आयाम: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

06-Jan-2026
रायपुर, ।  ( शोर संदेश )  उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की विशेष पहल पर आयोजित कवर्धा प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला कवर्धा के वार्ड नंबर 08 एवं ग्राम सारी के मध्य कवर्धा के करपात्री स्टेडियम में खेला गया। यह मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहा, जिसमें अंतिम गेंद पर खेल का परिणाम तय हुआ। फाइनल मैच में वार्ड नंबर 08 की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्राम सारी को 101 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए ग्राम सारी की टीम को वार्ड नंबर 08 के गेंदबाजों ने अपने शानदार गेंदबाजी और अनुशासित खेल द्वारा परास्त कर टीम विजेता बनी और वार्ड नंबर 08 ने कवर्धा प्रीमियर लीग का खिताब अपने नाम किया। इस अवसर पर तीसरे स्थान के लिए ग्राम बरेंडा एवं कवर्धा के वार्ड नंबर 09 के मध्य मुकाबला खेला गया, जिसमें ग्राम बरेंडा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर तीसरे स्थान प्राप्त किया।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने फाइनल मुकाबले से पूर्व विधिवत पूजा-अर्चना कर मैच का शुभारंभ किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया। मैच के दौरान उपमुख्यमंत्री शर्मा ने भी क्रिकेट में हांथ आजमाया और नगर पालिका अध्यक्ष एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष की गेंदों पर आकर्षक लंबे शॉट लगाया, जिससे मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम बरेंडा में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा भी की। 
उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी प्रतिभाओं को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है, ताकि युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने कवर्धा प्रीमियर लीग में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों, आयोजकों एवं खेल प्रेमियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस आयोजन ने जिले में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है। उन्होंने खिलाड़ियों द्वारा प्रदर्शित अनुशासन, समर्पण और खेल भावना की विशेष रूप से सराहना की। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा, मंच और प्रोत्साहन प्रदान किया जाता रहेगा, ताकि कवर्धा जिले से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उभर सकें।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा प्रीमियर लीग के समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कवर्धा वार्ड नंबर 08 की टीम को 1 लाख 11 हजार रुपए की पुरस्कार राशि एवं आकर्षक शील्ड प्रदान की गई। वहीं, प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल करने वाली ग्राम सारी की टीम को 51 हजार रुपए एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली ग्राम बरेंडा की टीम को 31 हजार रुपए की पुरस्कार राशि एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।    
उन्होंने बेस्ट बाॅलर, बेस्ट बैट्समैन, मैन ऑफ द सीरिज खिलाड़ियों को भी शील्ड मोमेंटो देकर सम्मानित किया। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी विजेता एवं सहभागी टीमों को बधाई देते हुए कहा कि कवर्धा प्रीमियर लीग जैसे आयोजनों से जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है तथा युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का सशक्त मंच प्राप्त हो रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, मेहनत और खेल भावना की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की बात कही।
कवर्धा विधायक एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कवर्धा प्रीमियर लीग का आयोजन कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के सात मंडलों में किया गया। प्रत्येक मंडल में अलग-अलग स्तर पर टूर्नामेंट आयोजित हुए, इसमें ग्रामीण अंचलों के साथ-साथ सुदूर वनांचल की अनेक टीमों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रत्येक मंडल से 4-4 शीर्ष टीमें चयनित होकर सुपर-28 लीग में पहुंचीं। इस लीग में कवर्धा शहर मंडल की 4 टीमें भी शामिल रहीं। इस प्रकार पूरे टूर्नामेंट में कुल 226 टीमों ने भाग लिया, जबकि 4500 से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। सुपर-28 लीग चरण के सभी मुकाबले कवर्धा के स्वामी करपात्री मैदान में अत्याधुनिक फ्लड लाइट व्यवस्था के बीच खेले गए। यह आयोजन कबीरधाम जिले के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट सिद्ध हुआ, जिसने खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह का संचार किया।

जो रूट के शतक के बदौलत सिडनी टेस्ट में इंग्लैंड की मजबूत शुरुआत, पहली पारी में 384 रन

05-Jan-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) इंग्लैंड के खिलाड़ी जो रूट की शानदार पारी की बदौलत उनकी टीम सोमवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें और आखिरी एशेज टेस्ट की पहली पारी में 384 रन बनाने में कामयाब रही। ऑस्ट्रेलिया के लिए, तेज गेंदबाज माइकल नेसर ने चार विकेट लिए।
दूसरे दिन चाय के समय, इंग्लैंड 97.3 ओवर में 384 रन पर ऑल आउट हो गई, जिसमें दाएं हाथ के बल्लेबाज रूट ने 242 गेंदों में 15 चौकों की मदद से 160 रन बनाए।
दूसरे दिन का दूसरा सेशन थ्री लायंस ने 78 ओवर में 336/6 के स्कोर से शुरू किया, जिसमें विल जैक्स (11 गेंदों में 3 रन) और रूट (200 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 138 रन) क्रीज पर नाबाद थे।
जैक्स ने अपनी पारी की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की, दूसरे सेशन की दूसरी गेंद पर मार्नस लाबुशेन को छक्का लगाया। 82 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 351/6 था।
विल जैक्स ने आक्रामक खेल जारी रखा और 83वें ओवर में मिशेल स्टार्क और 84वें ओवर में स्कॉट बोलैंड को चौके लगाए।
रूट ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी और टेस्ट क्रिकेट में अपना 17वां 150 रन का स्कोर बनाया। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 89वें ओवर की आखिरी गेंद पर 226 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया।
इसके अलावा, वह श्रीलंकाई महान महेला जयवर्धने (16) को पीछे छोड़कर टेस्ट में सबसे ज्यादा 150 से ज्यादा स्कोर बनाने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए। रूट से आगे ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज डॉन ब्रैडमैन (18), श्रीलंकाई महान कुमार संगकारा (19), वेस्टइंडीज के दिग्गज ब्रायन लारा (19) और भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर (20) हैं।
तेज गेंदबाज माइकल नेसर ने सातवें विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी को तोड़ा, जब उन्होंने जैक्स को 62 गेंदों में 27 रन पर आउट किया, जिसमें तीन चौके शामिल थे। इंग्लैंड का स्कोर 92 ओवर में 375/7 था। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने ब्रायडन कार्स को एक रन पर आउट किया, फिर नेसर ने 98वें ओवर में दो विकेट लिए – रूट को 160 और जोश टोंग को दो गेंदों पर शून्य पर आउट करके इंग्लैंड की पहली पारी खत्म कर दी।
ऑस्ट्रेलिया के लिए, तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क (2/93), माइकल नेसर (4/60) और स्कॉट बोलैंड (2/85) विकेट लेने वालों में शामिल थे।
इससे पहले, इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले दिन, दिन के तीसरे सेशन के बाद सिर्फ 45 ओवर फेंके गए, जिसमें बारिश और खराब रोशनी के कारण कोई खेल नहीं हो सका।
ओपनर जैक क्रॉली (29 गेंदों में 16 रन, तीन चौकों की मदद से) और बेन डकेट (24 गेंदों में 27 रन, पांच बाउंड्री की मदद से) ने पहले विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी की।
जैकब बेथेल 23 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हो गए, जिसमें दो चौके शामिल थे, इसके बाद रूट और हैरी ब्रूक ने पारी को संभाला और पहले सेशन में मेहमान टीम को 100 रन के पार पहुंचाया।
ऑस्ट्रेलिया के लिए, मिशेल स्टार्क, स्कॉट बोलैंड और माइकल नेसर ने पहले सेशन में एक-एक विकेट लिया।
दूसरे सेशन में इंग्लैंड का दबदबा रहा, बाउंड्री आती रहीं और 33 ओवर के बाद उनका स्कोर 155/3 हो गया। अगले ही ओवर में, रूट ने 65 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि ब्रूक ने तेज गेंदबाज ब्यू वेबस्टर के खिलाफ चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया।
मेहमान टीम ने 42वें ओवर में 200 रन का आंकड़ा पार किया। रूट और ब्रूक ने 43वें ओवर में चौथे विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी की, जिससे मेहमान टीम मजबूत स्थिति में आ गई और दूसरे सेशन में बिना कोई विकेट खोए चाय तक पहुंची, इससे पहले कि पहले दिन का तीसरा सेशन बारिश और खराब रोशनी के कारण रद्द हो गया। 
 


Feedback/Enquiry



Log In Your Account