ब्रेकिंग न्यूज

खेल

Previous123456789...4041Next

संघर्ष से सफलता तक: बालिकागृह की शिवबती बनी बेटियों के लिए प्रेरणा

18-Jul-2026
रायपुर(शोर संदेश) कठिन परिस्थितियाँ अक्सर जीवन की राह को चुनौतीपूर्ण बना देती हैं, लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति, उचित मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास से हर चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है। कोंडागांव जिला प्रशासन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कोंडागांव में संचालित छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद, बालिकागृह की शिवबती ने अपने संघर्ष और प्रतिभा के दम पर यह साबित कर दिखाया है।
श्रवण दिव्यांग शिवबती का बचपन अनेक कठिनाइयों से भरा रहा। बीमारी के कारण उन्होंने कम उम्र में अपनी माँ को खो दिया और कुछ समय बाद नक्सली हिंसा में पिता का साया भी सिर से उठ गया। माता-पिता के निधन के बाद उनके चाचा ने उन्हें बालिकागृह में प्रवेश दिलाया। जीवन की इन विषम परिस्थितियों के बावजूद शिवबती ने हार मानने के बजाय अपने सपनों को नई दिशा देने का संकल्प लिया।
बालिकागृह में उन्हें सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संरक्षण और अपनी प्रतिभा को निखारने के अवसर मिले। 
तीरंदाजी में रुचि को देखते हुए उन्हें भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण दिलाया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बहतराई (बिलासपुर) में हुआ, जहाँ उन्होंने एक वर्ष तक उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल कोष निधि से बालिकागृह की बालिकाओं के लिए इंडियन एवं रिकर्व तीरंदाजी उपकरण भी उपलब्ध कराए गए। समय पर मिले संसाधनों, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और शिवबती की अथक मेहनत ने उनके सपनों को नई उड़ान दी।
वर्तमान में बालिकागृह कोण्डागांव में रहकर नियमित अभ्यास कर रही शिवबती ने जगदलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय शालेय तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और राज्य स्तरीय शालेय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। उनकी यह उपलब्धि संघर्ष, आत्मविश्वास और अवसरों की शक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण है।
शिवबती की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि बच्चों को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, तो वे विपरीत परिस्थितियों को पीछे छोड़ते हुए अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। आज शिवबती न केवल बालिकागृह की गौरव हैं, बल्कि उन हजारों बच्चों, विशेषकर दिव्यांग बेटियों के लिए प्रेरणा हैं जो चुनौतियों के बीच भी अपने सपनों को पूरा करने का साहस रखती हैं। कोंडागांव जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग, छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद एवं बालिकागृह कोण्डागांव परिवार ने शिवबती की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें राज्य स्तरीय शालेय तीरंदाजी प्रतियोगिता एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं और विश्वास व्यक्त किया है कि शिवबती आने वाले समय में राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित करेंगी।





 

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत पर दी बधाई

14-Jul-2026
रायपुर, (शोर संदेश) वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड के विरुद्ध शानदार प्रदर्शन करते हुए टेस्ट मैच में जीत दर्ज करने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि यह जीत केवल एक मैच की सफलता नहीं, बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट के निरंतर सशक्त होते सफर, खिलाड़ियों के आत्मविश्वास, अनुशासन और अदम्य क्षमता का प्रतीक है। विश्व क्रिकेट के प्रतिष्ठित मैदान लॉर्ड्स पर मिली यह ऐतिहासिक विजय प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की यह उपलब्धि देश की युवा बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। खिलाड़ियों के समर्पण, कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट टीम भावना ने यह सिद्ध किया है कि भारतीय बेटियां हर क्षेत्र में विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने टीम की सभी खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ एवं सहयोगी दल को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।



 

पीएम मोदी बोले- क्रिकेट से आगे बढ़ेगा भारत-ऑस्ट्रेलिया का खेल सहयोग

10-Jul-2026
नई दिल्ली।(शोर संदेश) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के अंतिम दिन शुक्रवार को प्रतिष्ठित मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पहुंचकर ऑस्ट्रेलिया के युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलेबरेशन रोडमैप का शुभारंभ किया, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच खेल सहयोग को नई दिशा देना है।
एमसीजी में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के दौरान युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों ने उनसे ऑटोग्राफ लिए और सामूहिक तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस अवसर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेट कप्तान स्टीव वॉ भी मौजूद रहे और उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एमसीजी में आकर किसी भी भारतीय के मन में भारत-ऑस्ट्रेलिया मुकाबलों का रोमांच और दोनों देशों के साझा क्रिकेट प्रेम की भावना जाग उठती है। उन्होंने कहा कि आज यहां खेल की खुशी, भारत-ऑस्ट्रेलिया मित्रता की गर्मजोशी और भविष्य के चैंपियनों का उत्साह देखने को मिला।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि उन्हें कबड्डी, ऑस्ट्रेलियन फुटबॉल और क्रिकेट से जुड़े युवा खिलाड़ियों से बातचीत का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलेबरेशन रोडमैप के तहत क्रिकेट के साथ-साथ अन्य खेलों में भी सहयोग बढ़ाया जाएगा। दोनों देश स्पोर्ट्स ट्रेनिंग, स्पोर्ट्स साइंस, टेक्नोलॉजी और खेलों से जुड़े अन्य क्षेत्रों में मिलकर काम करेंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत में ‘खेलो इंडिया’ जैसी पहल के जरिए छोटे शहरों, गांवों और सामान्य परिवारों के बच्चों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भारत 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए प्रयासरत है, जबकि 2032 ओलंपिक खेलों की मेजबानी ऑस्ट्रेलिया का ब्रिस्बेन करेगा। ऐसे बड़े आयोजन दोनों देशों के बीच खेल सहयोग के नए अवसर लेकर आएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में दोनों देशों को एक-दूसरे से सीखने और साथ काम करने के कई नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि बिग बैश लीग का एक मैच भारत के चेन्नई में आयोजित किया जाएगा। किसी भी स्पोर्टिंग लीग के लिए भारत में आयोजन बड़ी रीच और व्यूअरशिप की गारंटी है।
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि खेलों की तरह भारत और ऑस्ट्रेलिया की साझेदारी भी हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “हम साथ खेलें और हम साथ जीतें।”


 

ICC Rankings: ईशान किशन टी20 के नंबर वन बल्लेबाज बने, अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ पहला स्थान किया हासिल

01-Jul-2026
नई दिल्ली। (शोर संदेश) भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन आईसीसी द्वारा बुधवार को जारी टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। ईशान ने लगभग 1 साल से नंबर वन की कुर्सी पर काबिज अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है।
ईशान किशन ने टी20 फॉर्मेट में वापसी के बाद से लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। न्यूजीलैंड टी20 सीरीज, टी20 विश्व कप में दमदार प्रदर्शन की वजह से ही ईशान टी20 के नंबर 1 बल्लेबाज बन सके हैं।
टी20 रैंकिंग में अभिषेक शर्मा दूसरे स्थान पर चले गए हैं। पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान तीसरे, इंग्लैंड के फिल साल्ट चौथे, श्रीलंका के पाथुम निसांका पांचवें और भारत के तिलक वर्मा छठे स्थान पर हैं।
इंग्लैंड के जोस बटलर को एक स्थान का फायदा हुआ है। बटलर सातवें स्थान पर चले गए हैं। सूर्यकुमार यादव एक स्थान के नुकसान के साथ आठवें स्थान पर चले गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के मिशेल मार्श नौवें और दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस दसवें स्थान पर हैं।
आईसीसी द्वारा जारी टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के बल्लेबाज ट्रेविस हेड को 2 स्थान का फायदा हुआ है। हेड टेस्ट फॉर्मेट के नंबर वन बल्लेबाज बन गए हैं। इंग्लैंड के हैरी ब्रूक दूसरे स्थान पर हैं। इंग्लैंड के जो रूट को 2 स्थान का घाटा हुआ है। रूट पहले स्थान से तीसरे स्थान पर चले गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ चौथे और दक्षिण अफ्रीका के तेंबा बावुमा पांचवें स्थान पर हैं। बावुमा को 1 स्थान का फायदा हुआ है।
वनडे फॉर्मेट के शीर्ष 5 बल्लेबाजों की रैंकिंग पर गौर करें तो न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल पहले, शुभमन गिल तीन स्थान की छलांग लगाते हुए दूसरे स्थान पर हैं। विराट कोहली को एक स्थान का घाटा हुआ है। वह तीसरे स्थान पर हैं। रोहित शर्मा चौथे और अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान 2 स्थान के नुकसान के साथ पांचवें स्थान पर हैं।









 

क्या वैभव सूर्यवंशी करेंगे डेब्यू, सीरीज बचाने उतरेगा भारत : आयरलैंड के खिलाफ दूसरा टी-20 आज

28-Jun-2026
नई दिल्ली। भारत और आयरलैंड के बीच दूसरा टी-20 शाम 6 बजे से बेलफास्ट में खेला जाएगा। पहला मैच हारने के बाद भारतीय टीम सीरीज बचाने उतरेगी। अगर मेजबान आयरलैंड ने आज का मैच जीत लिया, तो पहली बार भारत के खिलाफ कोई सीरीज अपने नाम करेगा।
इस सीरीज में सबसे बड़ी चर्चा 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू की है। उन्हें पहले मैच में मौका नहीं मिला था, लेकिन हार के बाद टीम मैनेजमेंट प्लेइंग-11 में बदलाव कर सकती है। अगर वैभव खेलते हैं तो भारत के सबसे कम उम्र के डेब्यू करने वाले प्लेयर होंगे।
इस मुकाबले में भारत का लगातार 16 टी-20 सीरीज या टूर्नामेंट जीतने का रिकॉर्ड भी दांव पर है। पहले मुकाबले में हार के साथ लगातार 12 टी-20 सीरीज जीतने का सिलसिला टूट गया था। इसी कारण मुख्य कोच गौतम गंभीर ने दोनों मैचों के बीच सिर्फ एक दिन का अंतर होने के बावजूद खिलाड़ियों के लिए नेट्स सेशन रखा।
बेलफास्ट की पिच फिर बनेगी चुनौती
दूसरे मुकाबले में भी पहले मैच जैसी पिच मिलने की उम्मीद है। विकेट पर धीमापन और अतिरिक्त उछाल रहेगा। इससे तेज गेंदबाजों को मदद मिलेगी। बल्लेबाजों के लिए सीधे शॉट के बजाय स्क्वायर एरिया में रन बनाना आसान हो सकता है। बारिश की 15% संभावना है।
भारत ने 8 मैच जीते
भारत और आयरलैंड के बीच अब तक 9 टी-20 इंटरनेशनल खेले गए हैं। भारत ने 8 और आयरलैंड ने 1 मैच जीता है।
गेंदबाजी और कप्तानी दोनों फेल रही
पहले टी-20 में भारत ने आयरलैंड को 30 रन पर 3 विकेट झटके दिए थे, लेकिन इसके बाद गेंदबाज लय बरकरार नहीं रख सके। आयरलैंड ने घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर मैच पलट दिया।
इस दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर के फैसले भी चर्चा में रहे। उन्होंने वॉशिंगटन सुंदर को 16वें ओवर में पहली बार गेंदबाजी दी, जबकि सामने दोनों राइट हैंड बैटर थे।
इस ओवर में 19 रन बने। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा के ओवर में 26 रन बने। यहीं से मैच का रुख आयरलैंड की ओर मुड़ गया।

मोरक्को ने हैती को 4-2 से हराया, राउंड ऑफ 32 में बनाई जगह

25-Jun-2026
नई दिल्ली।  (शोर संदेश) फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप सी मुकाबले में मोरक्को ने शानदार वापसी करते हुए हैती को 4-2 से हराया। इस जीत के साथ ही मोरक्को ने राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली है।
मोरक्को की राउंड ऑफ 32 में ग्रुप एफ में पहले स्थान पर रहने वाली टीम से भिड़ंत होगी। इस हार के साथ ही हैती का नॉकआउट स्टेज में पहुंचने का सपना भी टूट गया है। इस मुकाबले में हैती की टीम बिना किसी दबाव के मैदान में उतरी और टीम ने 10वें मिनट में ही पहला गोल करके हर किसी को चौंका दिया। जीन-केविन डुवर्न के शानदार पास पर लेनी जोसेफ ने बेहतरीन बैकहील फ्लिक लगाई और गेंद मोरक्को के गोलकीपर यासीन बोनो से टकराकर गोल पोस्ट में चली गई। यह 1974 के बाद वर्ल्ड कप में हैती का पहला गोल था, जिसने हैती टीम के फैंस को झूमने का मौका दिया।
हैती की बढ़त के बाद मोरक्को ने मैच में वापसी की कोशिश तेज कर दी। कई मौकों पर हैती के गोलकीपर जॉनी प्लासाइड ने शानदार बचाव किए, लेकिन आखिरकार मैच के 39वें मिनट में अचरफ हकीमी ने ब्राजील की ओर से मुकाबला का पहला गोल किया। बिलाल एल खन्नौस के शॉट को रोकने के बाद निकली गेंद पर हकीमी ने तेजी से प्रतिक्रिया देते हुए स्कोर 1-1 कर दिया।
हालांकि,हैती की टीम एक बार फिर बढ़त हासिल करने में सफल रही। हैती के लिए दूसरा गोल विल्सन इसिडोर ने किया। इसिडोर ने लंबी दूर से जबरदस्त शॉट लगाया और गेंद मोरक्को के गोलकीपर को छकाते हुए तेजी से गोल पोस्ट में पहुंच गई। हालांकि, मैच में 1-2 से पिछड़ने के बावजूद मोरक्को की ओर से लड़ाई जारी रही और हाफ टाइम के स्टॉपेज टाइम में मोरक्को ने एक बार फिर स्कोर को बराबर कर दिया। हकीमी के शानदार कटबैक पर साइबारी ने बेहतरीन गोल दागा।
दूसरे हाफ में मोरक्को ने खेल पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया। टीम ने लगातार हमले करते हुए हैती के डिफेंस पर दबाव बनाया, जिसका फायदा टीम को मैच के 78वें मिनट में मिला। बतौर सबस्टिट्यूट खिलाड़ी मैदान पर उतरे सूफियान रहीमी ने कॉर्नर के रूप में मिले मौका का फायदा उठाते हुए मोरक्को के लिए तीसरा गोल किया। इसके बाद मुकाबले के 89वें मिनट में गेस्सीम यासीन ने चौथा गोल करते हुए मोरक्को की जीत पर मुहर लगा दी। मोरक्को ग्रुप सी में 3 मुकाबलों में 7 प्वाइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर रही।




 

मेक्सिको ने चेकिया को 3-0 से हराया, ग्रुप ए में टॉप रहते हुए राउंड ऑफ 32 में पहुंचा

25-Jun-2026
नई दिल्ली।  (शोर संदेश) सह-मेजबान मेक्सिको ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह बना ली है। ग्रुप एक के मुकाबले में मेक्सिको ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चेकिया को 3-0 से हराया।
मेक्सिको ने ग्रुप ए में शीर्ष पर रहते हुए नॉकआउट स्टेज में अपनी जगह बनाई है। यह पहला मौका है जब मेक्सिको ने वर्ल्ड कप में अपने तीनों ग्रुप-स्टेज मैच जीते हैं, और यह भी पहली बार है जब उन्होंने 1970 के बाद से अपने सभी ग्रुप-स्टेज गेम्स में क्लीन शीट रखी है। मेक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मेक्सिको की टीम शुरू से ही बेहतरीन लय में दिखाई दी। हालांकि, शुरुआत में चेकिया ने आक्रामक खेल दिखाया और कुछ मौके बनाए, लेकिन वे उन्हें गोल में तब्दील करने में नाकाम रहे। मैच के 8वें मिनट में डेनिस विसिंस्की ने एक अच्छा शॉट लगाया, जो गोल पोस्ट के ऊपर से चला गया।
इसके बाद मेक्सिको ने धीरे-धीरे खेल पर नियंत्रण बना लिया। माटेओ शावेज ने शानदार खेल दिखाते हुए मैच का पहला गोल दागा। उन्होंने राउल जिमेनेज के पास पर डिफेंस को पीछे छोड़ते हुए बेहतरीन गोल से टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहले गोल के कुछ ही मिनट बाद ही मेक्सिको ने अपनी बढ़त को और मजबूत कर लिया। जॉर्ज सांचेज के एक हमले के दौरान चेकिया के डिफेंस से गलत क्लीयरेंस हुआ, जिसका फायदा जूलियन क्विनोन्स ने उठाया और आसान फिनिश के साथ स्कोर 2-0 कर दिया।
दूसरे हाफ में भी मेक्सिको का दबदबा जारी रहा। मैच के 78वें मिनट में खास पल देखने को मिला जब अनुभवी गोलकीपर गुइलेर्मो ओचोआ को मैदान पर उतारा गया। यह उनके करियर का 153वां अंतरराष्ट्रीय मैच था और वह अपना छठा वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। उनके मैदान पर आने पर दर्शकों ने जोरदार स्वागत किया। मुकाबले के स्टॉपेज टाइम में अल्वारो फिडाल्गो ने तीसरा गोल करते हुए मेक्सिको की बढ़त को 3-0 कर दिया। उन्होंने टॉप-लेफ्ट कॉर्नर में बेहतरीन शॉट लगाते हुए मेक्सिको की जीत पर मुहर लगा दी। हार के साथ ही चेकिया का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया है।





 

साउथ अफ्रीका ने रचा इतिहास, साउथ कोरिया को हराकर पहली बार राउंड ऑफ 32 में पहुंचा

25-Jun-2026
नई दिल्ली।  (शोर संदेश) साउथ अफ्रीका ने फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार राउंड ऑफ 32 का टिकट हासिल कर लिया है। ग्रुप ए के मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने साउथ कोरिया को 1-0 से हराने के साथ ही नॉकआउट स्टेज में अपनी जगह पक्की की।
साउथ अफ्रीका की इस ऐतिहासिक जीत के नायक थापेलो मासेको रहे, जिन्होंने मैच का इकलौता गोल दागा। साउथ अफ्रीका ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और साउथ कोरिया के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाने का प्रयास किया। शुरुआती मिनटों में ही मासेको ने एक जबरदस्त शॉट लगाया, लेकिन कोरिया के डिफेंडर ली गिह्युक बचाव करने में सफल रहे। इसके बाद एविडेंस मकगोपा और थालेंटे म्बाथा ने भी गोल करने का प्रयास किया, लेकिन साउथ कोरिया के गोलकीपर किम स्युंगग्यु ने दोनों ही बार बेहतरीन बचाव किया।
पहले हाफ में दोनों ही टीमों की तरफ से कोई भी गोल नहीं हो सका। दूसरे हाफ में साउथ कोरिया ने अपनी रणनीति में बदलाव किया और टीम ने आक्रामक खेल के बूते साउथ अफ्रीका के डिफेंस पर दबाव डालने का प्रयास किया। कोच हांग म्युंग-बो ने टीम में तीन बदलाव भी किए। स्टार खिलाड़ी सोनह्युंग-मिन को भी मौका दिया गया। हालांकि, साउथ कोरिया का यह दांव उल्टा पड़ गया।
मैच के 63वें मिनट में तेशपांग मोरेमी ने बेहतरीन रन बनाते हुए पेनल्टी बॉक्स के किनारे में शानदार पास दिया, जिसका भरपूर फायदा मासेको ने उठाया। मासेको ने गेंद को नियंत्रण करते हुए बाएं पैर से बेहतरीन शॉट लगाया, जो सीधा गोल पोस्ट में पहुंचा। मासेको 22 साल और 225 दिन की उम्र में फीफा वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका की ओर से गोल करने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी बने। इसके बाद साउथ कोरिया ने गोल करने के काफी प्रयास किए, लेकिन वह अफ्रीका के डिफेंस को नहीं भेद सके। 3 मुकाबलों में 4 प्वाइंट के साथ साउथ अफ्रीका ने ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहते हुए नॉकआउट स्टेज में अपनी जगह बनाई।
जीत के बाद मासेको ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए अविश्वसनीय और सपने जैसा है। उन्होंने फैंस का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने टीम का पूरा साथ दिया और यह जीत उन सभी समर्थकों को समर्पित है। उन्होंने आगे कहा कि यह जीत सिर्फ उन लोगों के लिए नहीं है जिन्होंने टीम पर भरोसा किया, बल्कि उनके लिए भी है जिन्होंने भरोसा नहीं किया। मासेको ने बताया कि टीम ने कई मुश्किल दौर देखे हैं, लेकिन इस प्रदर्शन से साबित हो गया है कि वे मजबूत और सक्षम हैं।
 

छत्तीसगढ़ के तीन खिलाडियों को इंडिया टीम में मिली जगह, बीसीसीआई इमर्जिंग मेंस टूर्नामेंट में होंगे शामिल

24-Jun-2026
रायपुर  (शोर संदेश) । बीसीसीआई इमर्जिंग मेंस टूर्नामेंट की आयोजन 6 जुलाई के किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट के लिए मंगलवार को ऑल इंडिया जूनियर चयन समिति और सीनियर चयन समिति ने बीसीसीआई टीमों की घोषणा कर दी। चयनित टीमों में छत्तीसगढ़ के तीन खिलाडियों ने जगह बनाने की कामयाबी हासिल की है। छत्तीसगढ़ के वरुण सिंह भुई ने इमर्जिंग टूर्नामेंट के लिए चयनित टीम ए में जगह पक्की है। वहीं, मंयक वर्मा ने टीम बी और आयुष पांडे ने बीसीसीआई टीम डी ने जगह बनाई है। तीन खिलाडि़यों का इस टूर्नामेंट के लिए विभिन्न टीमों में उनके इमर्जिंग कैंप में किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। प्रदेश के खिलाडि़यों को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (सीएससीएस) ने टीमों में चयन होने पर बधाई दी है।
बेंगलूरु में टूर्नामेंट का आयोजन 6 से
बीसीसीआई एमेर्जिंग मेंस टूर्नामेंट का आयोजन 6 जुलाई से सेंटर ऑफ एक्सिलेंस बेंगलूरु में किया जाएगा। इसमें चार टीमें हिस्सा ले रही है। टूर्नामेंट 24 जुलाई तक चलेगा। इसमें देश के उभरते क्रिकेट खिलाडि़यों के बीच 3 मल्टी डे मैच खेले जाएंगे। खिलाडिय़ों को बीसीसीआई के शीर्ष कोचों के निर्देशन में खेलने का अवसर मिलेगा।
आयुष पांडे इंडिया टीम ए में भी जगह बना चुके
इससे पहले छत्तीसगढ़ के सलामी रणजी बल्लेबाज आयुष पांडे का चयन भारतीय ए टीम में भी किया जा चुका है। वहीं, आयुष और मयंक 13 अप्रैल से 7 मई तक अंडर-25 एमेर्जिंग कैंप में शामिल हो चुके हैं। वरुण सिंह भुई अंडर-23 एमेर्जिंग कैंप में 13 अप्रैल से 7 मई तक अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं।

IND vs ENG: वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, जसप्रीत बुमराह की वापसी, कोहली-रोहित भी शामिल

21-Jun-2026
नई दिल्ली। इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान 21 जून (रविवार) को कर दिया गया. 15 सदस्यीय टीम में पूर्व कप्तान विराट कोहली को भी शामिल किया गया है। कोहली की उपलब्धता फिनटेस क्लियरेंस के अधीन है. यानी फिटनेस टेस्ट में पास होने पर ही वो इस सीरीज में भाग ले पाएंगे.
टीम सेलेक्शन की सबसे बड़ी बात यह है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी अब वनडे सेटअप में लौट आए हैं. बुमराह आखिरी बार 2023 के क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल में भारतीय टीम के लिए 50 ओवर्स क्रिकेट खेले थे. ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी वनडे टीम में वापस लौटे हैं. अक्षर अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम का पार्ट नहीं थे.
यशस्वी जायसवाल, प्रिंस यादव और हर्ष दुबे  भी वनडे टीम का पार्ट नहीं हैं. सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने शनिवार (20 जून) को चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार 110* रन बनाए थे. अब विराट कोहली के वापस लौटने पर उनकी स्क्वॉड से छुट्टी हो गई है. यशस्वी को कोहली के इंजर्ड होने पर ही अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में चुना गया था.
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली* (फिटनेस क्लियरेंस के अधीन), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार.
भारत का इंग्लैंड दौरा
• 1 जुलाई: पहला टी20, चेस्टर ले स्ट्रीट
• 4 जुलाई: दूसरा टी20, मैनचेस्टर
• 7 जुलाई: तीसरा टी20, नॉटिंघम
• 9 जुलाई: चौथा टी20, ब्रिस्टल
• 11 जुलाई: पांचवां टी20, साउथम्प्टन
• 14 जुलाई: पहला वनडे, बर्मिंघम
• 16 जुलाई: दूसरा वनडे, कार्डिफ
• 19 जुलाई: तीसरा वनडे, लॉर्ड्स



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account