ब्रेकिंग न्यूज

ब्रेकिंग न्यूज

पुलिस ने किया युवक के पास से किया नशीली दवाइयां जब्त

27-Jul-2024
कोरबा।  ( शोर  संदेश  )  पुलिस ने नशे के सौदागर पर कार्यवाही की है। कटघोरा थाना और सायबर सेल को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति पैदल चलकर जेन्जरा बायपास से चकचकवा पहाड़ कटघोरा की ओर जा रहा है। जिसके पास मादक पादर्थ नशीली दवा है जिसे बिक्री करने जाने वाला है। सूचना पर कटघोरा पुलिस ने तत्काल इसकी सूचना अपने उच्च अधिकारियों को दिया।जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूबीएस चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नेहा वर्मा, एसडीओपी कटघोरा पंकज ठाकुर के मार्गदर्शन में कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी द्वारा टीम बनाकर मुखबिर द्वारा बताए अनुसार कटघोरा पुलिस ने चकचकवा पहाड़ बायपास मार्ग पर रेड कार्यवाही करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की जोकि वह व्यक्ति नीले स्लेटी रंग का पिट्ठू बैग में कुछ सामान रखे हुए आते दिखा। पुलिस ने उस व्यक्ति की तलाशी ली बैग में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ 4320 नशीली दवा को बरामद किया गया। जिसकी कुल कीमत 46 हज़ार के आसपास होना पाया गया। आरोपी गोपाल यादव उर्फ मलिंगा पर धारा 21 बी, एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस बड़ी कार्यवाही में कटघोरा एसडीओपी पंकज ठाकुर, थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी, सायबर सेल कोरबा प्रधान आरक्षक राजेश कंवर, कटघोरा थाना आरक्षक महेंद्र चन्द्रा, आरक्षक रमेश कश्यप का अहम योगदान रहा।

युवती का फोटो एडिट कर बनाया न्यूड वीडियो, फिर करने लगा ब्लैकमेल, गिरफ्तार

27-Jul-2024
बिलासपुर।  ( शोर  संदेश  )  छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की युवती से झारखंड के युवक ने पहले दोस्ती की, फिर उसे मंदिर घुमाने के बहाने ले गया। इस दौरान उसने लड़की की कुछ तस्वीरें ली, जिसे एडिट कर न्यूड वीडियो बना लिया। वायरल करने की धमकी देकर रेप किया। मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है। 20 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि वह साल 2019 में सिलाई का काम करती थी। वहीं, मल्हार के सीताराम फैशन के कपड़े की दुकान में राहुल गुप्ता (28) नाम का युवक काम करता था। वह झारखंड के पलामू जिले के रेहला कला वार्ड नं. 05 का रहने वाला था। कपड़ा दुकान में आते-जाते उसने जान-पहचान बनाई, फिर दोस्ती कर बातचीत करने लगा। इस दौरान उसने युवती से प्यार का इजहार किया। युवती भी उसकी बातों में आ गई। कुछ समय बाद युवक उसे मंदिर घुमाने के बहाने मेला ले गया, तभी उसने युवती की तस्वीरें ली थी, जिसे अपने पास रख लिया था। इसके बाद युवती की तस्वीरों को एडिट कर न्यूड वीडियो बना लिया। घरवालों को भेजने की धमकी देकर युवती को मिलने बुलाया। इस दौरान उसने अपने किराए के मकान में उसके साथ रेप किया, फिर युवती को लगातार परेशान करने लगा। शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने लगा। युवती ने पुलिस को बताया कि वह राहुल गुप्ता की हरकतों से तंग आ गई थी। वीडियो दिखाकर वह बार-बार ब्लैकमेल करता था। शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाता था। उसकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी राहुल के खिलाफ FIR दर्ज की। आरोपित लोकेशन बदल बदलकर छिप रहा था। इस दौरान गोवा में पुलिस ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया। उसके पास से तीन सिम कार्ड और मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

रायपुर फायरिंग केस : अमनदीप ने नहीं खोली जुबान, शूटरों को पिस्‍टल देने वाला पंजाब से गिरफ्तार

25-Jul-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )  राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में कंस्ट्रक्शन कंपनी पीआरए ग्रुप के दफ्तर के बाहर फायरिंग करवाने की जिम्मेदारी जेल में बंद अमन साहू ने हरियाणा के अमनदीप वाल्मीकि को दी थी। बुधवार को गोलीकांड के मुख्य आरोपित सिरसा से गिरफ्तार गैंगस्टर अमनदीप वाल्मीकि उर्फ अम्मू सहित उसके दो अन्य साथी लक्ष्मण दास बाजीगर और रवि कुमार सेन को कोर्ट में पेश किया गया। गैंगस्टर अमनदीप वाल्मीकि को एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपित से पूछताछ की जाएगी। वहीं फरार चल रहे एक आरोपित चमन को पंजाब से गिरफ्तार किया गया है। इसी ने आरोपितों के खाते में रकम डाली थी।
जानकारी के अनुसार चमन, मुख्य आरोपित अमनदीप और शूटरों का करीबी रहा है। उसने ही शूटरों को पिस्टल उपलब्ध करवाई थी। अमन साहू ने अमनदीप को शूटआउट के लिए सात लाख रुपये में सुपारी दी थी। कंस्ट्रक्शन कंपनी का झारखंड में 810 करोड़ का काम चल रहा है।
ठेका मिलने के बाद अमन साहू की गैंग चला रहे मलेशिया में बैठे मयंक सिंह ने 60 करोड़ रुपये फिरौती मांगी थी। पैसे नहीं मिलने पर धमकी दी गई। इसके बाद फायरिंग करवाई गई। रायपुर पुलिस ने डेढ़ माह में लारेंस और अमन साहू गैंग के 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।
फिर वारंट जारी कराएगी पुलिस
गैंगस्टर अमन साव को लाने पुलिस चौथी बार वारंट जारी कराने का प्रयास करेगी। जब भी पुलिस पहुंचती है, उसके एक दिन पहले ही अमन को दूसरे जेल में शिफ्ट कर दिया जाता है। अमन पूरा जोर लगा रहा है कि पुलिस उसे रायपुर लेकर न ला सके।
रवि-लक्ष्मण से सिम और दस्तावेज उपलब्ध करवाए
रवि कुमार सेन और लक्ष्मण दास बाजीगर को सिम कार्ड सहित अन्य दस्तावेज उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। शूटरों के अलावा गिरोह के अन्य आरोपितों को भी इनके द्वारा दूसरे राज्यों के सिम कार्ड उपलब्ध करवाए गए, जिससे पुलिस अगर सिम मालिक के पास पहुंचे तो उन्हें सही व्यक्ति की पहचान न हो सके।
29 मई को छूटने के बाद फिर से उसी काम जुटा अमनदीप
पुलिस के अनुसार अमनदीप की हरियाणा-पंजाब में गैंग है। गैंगस्टर के लिए शूटर की व्यवस्था करता है। वह एक मामले में जेल में बंद था। 29 मई को जेल से छूटा है। उसके बाद से फिर इसी काम में लग गया है। उसका देश के कई शहरों में नेटवर्क है। उसके पास 25-30 साल के युवाओं क गैंग है, जो 20-25 हजार रुपये में किसी की हत्या करने को तैयार रहते हैं। वह हरियाणा सिरसा से गैंग आपरेट करता है।
एप के माध्यम से अमनदीप व गैंग के सदस्य करते हैं बात
पुलिस के अनुसार अमन साव, अमनदीप समेत गैंग के सभी सदस्य पुलिस से बचने के लिए कई तरह के एप का उपयोग करते हैं। एप के माध्यम से उनकी बातचीत और चैट होती है। इसे ट्रेस करना मुश्किल होता है। इन एप की जानकारी भी पुलिस को तुरंत नहीं मिल पाती है। पिछली बार पकड़े गए चार शूटरों से इस बात का राजफाश हुआ था।
 

पुलिस ने रेड मारकर 14 जुआरियों को किया गिरफ्तार

25-Jul-2024
रायगढ़। ( शोर संदेश )।जिले में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देश से खरसिया पुलिस ने जुआ फड़ पर रेड मारकर 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस ने जिलेभर में अवैध शराब, जुआ-सट्टा, कबाड़ पर प्रतिबंध लगाने के सख्त निर्देश दिए हैं, जिसके परिपालन में खरसिया व धरमजयगढ़ अनुविभाग में रामगोपाल करियारे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायगढ़-ग्रामीण के मार्गदर्शन में थाना, चौकी प्रभारीगण अवैध गतिविधियों पर निगाह रखकर कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में 24 जुलाई को मदनपुर बिजली ऑफिस के पास जुआरियों द्वारा 52 पत्ती ताश से जुआ खेलने की सूचना पर थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में थाना खरसिया और चौकी खरसिया की टीम बनाकर मुखबीर के बताए स्थान की घेराबंदी कर पुलिस टीम द्वारा जुआ रेड कार्यवाही किया गया । पुलिस टीम ने मदनपुर बिजली ऑफिस के पास 02 जुआ फड़ पर खेल रहे 14 जुआरियों को पकड़ा। आरोपियों के पास से पुलिस ने ₹57,150 की जप्ती की है।

चीतल-जंगली सुअर का शिकार करने वाले पांच गिरफ्तार

24-Jul-2024
कोरबा।   ( शोर संदेश )  छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली वन परिक्षेत्र में चीतल और जंगली सुअर के शिकार के मामले में महिला समेत 5 लोग पकड़े गए हैं। ग्राम दमिया निवासी महेन्द्र गंधर्व के घर पर वन विभाग की टीम ने छापा मारा। अपराधी बार-बार ठिकाना बदल रहे थे। जिससे उन्हें पकड़ने में परेशानी हो रही थी। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई। आरोपियों ने 11केवी बिजली तार जंगल में फैलाकर शिकार करना स्वीकार किया है।
वनमंडलाधिकारी पाली ने सर्च वारंट जारी किया था। टीम ग्राम दमिया में महेन्द्र गंधर्व/संतराम गंधर्व के घर में सर्च करने पहुंची। टीम को देखकर महेन्द्र और उसके साथी घर में ताला लगाकर फरार हो गये थे। महेन्द्र गंधर्व के घर में ताला लगा होने के कारण पुलिस, राजस्व अधिकारी, सरपंच और पंचों की उपस्थिति में वन विभाग की टीम ने ताला तोड़ा। घर के अंदर तलाशी के दौरान महेन्द्र गंधर्व के घर में कटा हुआ चीतल का मांस और भुना हुआ जंगली सुअर पाया गया।

ढाई लाख की चोरी, 50 तोला चांदी भी ले उड़े चोर

23-Jul-2024
बिलासपुर।   ( शोर संदेश )   रतनपुर के गांधीनगर में रहने वाला परिवार महाकाल का दर्शन करने उज्जैन गया था। इस दौरान चोरों ने सूने मकान में धावा बोलकर सोने-चांदी के जेवर समेत करीब ढाई लाख का माल पार कर दिया। जब वे अपने घर आए तो चोरी की जानकारी हुई। रतनपुर के गांधीनगर में रहने वाले अमितेंद्र तिवारी निजी संस्थान में काम करते हैं। वे अपने परिवार को लेकर 19 जुलाई को महाकाल का दर्शन करने उज्जैन गए थे। सोमवार की दोपहर वे अपने घर आए। दरवाजा खाेलकर वे अंदर गए तो कमरे में सामान बिखरा हुआ था। पीछे के दरवाजे से घुसे चोरों ने आलमारी से चार तोला सोना, 50 तोला चांदी के जेवर, एक लैपटाप, तीन मोबाइल और नकदी समेत करीब ढाई लाख का माल पार कर दिया था। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी पड़ोसियों को दी। इसके बाद घटना की सूचना रतनपुर थाने में दी गई। रतनपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। साथ ही डाग स्क्वायड को बुलाया गया। पुलिस की टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदेहियों की जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा पुराने अपराधियों की तस्दीक की गई है।
 

कोयले की हेराफेरी करने वाले तीन ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार

23-Jul-2024
दुर्ग।  ( शोर संदेश )    भिलाई में ACC अडानी सीमेंट फैक्ट्री में करोड़ों के कोयले की हेराफेरी का मामला सामने आया है। जामुल पुलिस ने 3 ट्रक ड्राइवरों को गिरफ्तार किया है। दीपिका की खदान से अच्छी ग्रेड का कोयला लोड करते थे। बिलासपुर में उसकी जगह घटिया ग्रेड का कोयला बदलकर ACC अडानी सीमेंट प्लांट में सप्लाई करते थे। पूरा मामला जामुल थाना क्षेत्र का है। जामुल थाना प्रभारी कपिल देव पांडेय ने बताया कि ACC सीमेंट कंपनी प्रबंधन ने उनके यहां एक शिकायत की थी कि एसीसी कंपनी में दीपका की खदान से कोयला मंगाया जाता है। वहां से जो कोयला यहां आता है वो उस ग्रेड का कोयला नहीं होता, जिस ग्रेड का कोयले का वो लोग आर्डर देते हैं। जामुल पुलिस ने 22 जून को शिकायत दर्ज की। मामले की जांच के दौरान पाया गया कि कोरबा जिले की दीपका खदान से जी 11 ग्रेड का कोयला लोड करके तीन ट्रक पर निकले थे। इसके बाद वो ट्रक जब एसीसी प्लांट पहुंचे तो उसमें लदा कोयला बदलकर खराब क्वालिटी का हो गया। एसीसी प्रबंधन ने पुलिस को बताया कि इस तरह का काम कई महीनों से हो रहा है और उन्हें करोड़ों का चूना लगाया जा चुका है।

रामनगर अपहरण और मारपीट मामले में हुई गिरफ्तारी

23-Jul-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )  राजधानी रायपुर के युवक का अपहरण कर मंदिर हसौद ले जाकर पिटाई करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रिंस बागड़े, अंशुल समेत 2 अन्य आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार कर रायपुर ने आई है। गुढ़ियारी थाना के रामनगर चौकी में अपहरण और मारपीट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज है। जानकारी के अनुसार आरोपित और प्रार्थी दोनों दोस्त हैं। पुराने विवाद के चलते आरोपित प्रिंस बागड़े और अंशुल ने युवक से मारपीट की। पहले उसे मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद कमरे में बंद कर उसकी जमकर पिटाई की। बेसबाल से पीटते हुए वीडियो भी बनाया। इसके बाद बदमाशों ने वीडियो को वायरल कर दिया। जानकारी के अनुसार गुढ़ियारी क्षेत्र के एक घर के कमरे में बंद कर पिटाई की गई। इसके बाद उसे कार में बैठाकर मंदिर हसौद क्षेत्र में ले गए। वहां भी उसकी पिटाई कर दी, जिससे युवक बेहोश हो गया। बेहोश होने पर मरा समझकर सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपितों की तलाश कर रही थी।
 

93 मवेशियों के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

22-Jul-2024
केशकाल ( शोर संदेश )। गोवंश तस्करी के विरुद्ध कोंडागांव पुलिस ने लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है। पहले विश्रामपुरी पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं इस बार बाँसकोट पुलिस ने लगभग 93 गाय बैल लेकर बालोद से ओडिशा जा रहे 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। एक सप्ताह में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। दोनों कार्रवाई में 132 मवेशियों को अब तक पांच आरोपियों को जेल भेजा गया । प्रेस कांफ्रेंस कर केशकाल एसडीओपी भूपत सिंह ने बताया कि तीनों तस्कर नवरंगपुर (ओडिशा) के निवासी हैं।
जो कि बालोद जिले के करहीबदर से 93 नग गौवंश खरीद कर पैदल ही रायघर (ओडिशा) लेकर जा रहे थे। लगभग 60 किलोमीटर से अधिक पैदल चलते हुए सभी मवेशियों को क्रूरता पूर्वक बांधकर मारते हुए ले जा रहे थे । शनिवार सुबह बाँसकोट चौकी अंतर्गत ग्राम मारंगपुरी के समीप ग्रामीणों ने उन्हें रोका और बाँसकोट पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को देख दो लोग भाग गए वहीं तीन लोगों को पकड़ कर थाना लाकर पूछताछ की।
इस दौरान तस्करों ने गौवंश को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने से सम्बंधित किसी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए हैं। जिसके तहत पशु क्रूरता अधिनियम के तहत तीनों को पर कार्रवाई की गई जिसे न्यायालय में पेश करने के उपरांत जेल भेज दिया गया ।गौवंश संरक्षण के लिए जन जागरूकता अभियान चलाए जाने की आवश्यकता है। आने वाले दिनों में गोवंश की तस्करी पर पूर्णत: अंकुश लगाया जाएगा। साथ ही सडक़ों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों के सम्बंध में भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

लाखों के जेवर चोरी करने वाला चोर गिरफ्तार

22-Jul-2024
भिलाई  ( शोर संदेश )  । दो दिन पहले गुरुवार को गिरफ्तारी से बचने मोबाइल टॉवर पर  राहुल बंसोड नाम का चोर चढ़ गया था। दो दिन बाद वहीं युवक लाखों की चोरी के मामले में पुलिस की गिरफ्त में आया। स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में हुई एक चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी के जेवर व अन्य सामान जब्त किया गया है। आरोपी राहुल बंसोड ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
मिली जानकारी के अनुसार 13 जून 2024 को सैय्यद जमील निवासी स्मृति नगर ने चौकी स्मृति नगर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 10 जून 2024 से 11 जून 2024 के मध्य रात्रि अज्ञात द्वारा उसके घर पर चोरी की गई। घर के पीछे लगे कुलर ग्रील को तोड़कर घर चोर अन्दर घुसा और कमरे में रखे आलमारी के लॉकर का ताला तोड़कर पुरानी इस्तेमाली सोने-चांदी के जेवरात, पुरानी इस्तेमाली मोबाईल फोन एवं नगदी रकम चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर चौकी स्मृति नगर, थाना सुपेला में धारा 457, 380 भादवि का कायम कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना स्थल निरीक्षण कर प्रार्थी के घर के आसपास क्षेत्र में रहने वाले लोगों से पूछताछ किया गया तथा आस-पास क्षेत्र के सीसीटीवी फूटेज का अवलोकन किया गया। इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक नाबालिग चांदी के जेवर बेचने के फिराक में ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर नाबालिग को हिरासत में लिया।
पूछताछ करने पर नाबालिग ने बताया कि उसने अपने साथी राहूल बंसोड के साथ मिलकर चोरी की। चोरी के कुछ सोने एवं चांदी के जेवरात को अपने घर में रखना बताया। गिरफ्तारी से बाचने मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया था आरोपी पुलिस पहुंची तो मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया आरोपी नाबालिग से पूछताछ के बाद जब पुलिस राहुल बंसोड़ को हिरासत में लेने पहुंची तो वह घर पर नहीं था।
जैसे ही उसे पता चला कि पुलिस उसे लेने पहुंची थी तो वह सीधे बाबा दीप सिंह नगर में मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। दोपहर 12  बजे से वह देर शाम तक मोबाइल टॉवर पर ही बैठा रहा। इस दौरान वह मोबाइल पर बात कर रहा था और बार बार यही कह रहा था कि पुलिस उसे झूठे मामले में फंसाने के लिए गिरफ्तार करने पहुंची थी। काफी मशक्कत के बाद वह देर शाम मोबाइल टॉवर से उतरा।
पूछताछ के कुबूल किया जुर्म मोबाइल टॉवर से उतरने के बाद पुलिस राहुल बंसोड़ को हिरासत में लेकर गई और पूछताछ की। पहले तो वह टाल-मटोल करता रहा लेकिन बाद में अपना अपराध स्वीकार कर लिया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए सोने एवं चांदी के जेवरात 1 नग सोने की चूड़ी, 2 नग सोने का हार, 2 नग सोने का माथा टीका, 10 नग सोने की अंगुठी, 2 नग सोने का इयर रिंग, 6 नग सोने की फुल्ली, 3 नग सोने की चेन मय लाकेट, 1 नग चांदी की चाबीरिंग, 2 नग चांदी का मेहंदी छल्ला, 4 नग चांदी की पायल, 3 चांदी की चुड़ी, 10 नग बेन्टेक्स चुड़ी, 01 नग घड़ी, 1 नग मोबाईल फोन एवं घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल जुमला कीमती करीबन 10 लाख रुपए जब्त किया गया।



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account