गरियाबंद (शोर संदेश)। थाना शोभा और थाना पायलीखण्ड़ (जुगाड़) क्षेत्रांतर्गत आने वाले ग्राम साईबीनकछार, कोदोमाली और भूतबेड़ा के जंगलों में पुलिस ने दबिश दिया और वहां नक्सलियों द्वारा डम्प की गई भारी मात्रा में आईईडी बनाने का सामान, चार कुकर बम, इलेक्ट्रिक वायर, फटाखे और राशन सामग्री को जप्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय से लगभग 90 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम साईबीनकछार, कोदोमाली और भूतबेड़ा के जंगलों में जिला पुलिस बल की ऑपरेशन ग्रुप (ई-30) टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वहां दबिश दिया। जहां प्रतिबंधित माओवादी संगठन उदंती एरिया कमेटी के नक्सलियों ने पुलिस बल और ग्रामीणों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से जंगल में विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखा था। तलाशी के दौरान पुलिस को जमीन में गाड़े गए संदिग्ध डम्प मिले जिससे विस्फोटक सामग्री, चार प्रेशर कुकर, इलेक्ट्रिक वायर, फटाखे और अन्य राशन सामग्री बरामद की गई। गरियाबंद पुलिस ने इस सफलता को माओवादी नीतियों के विरुद्ध एक बड़ी उपलब्धि बताया है।