
नई दिल्ली (शोर सन्देश) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रोहतांग में रणनीतिक तौर पर अहम अटल सुरंग का उद्घाटन किया। इससे पहले पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि अटल टनल इस इलाके में कनेक्टिविटी की एक बड़ी समस्या को हल करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर लिखा, `अटल टनल क्षेत्र में कनेक्टिविटी की एक बड़ी समस्या को हल करेगी. इसमें कई मुख्य विशेषताएं हैं और यह स्थानीय नागरिकों के जीवन को और आसान बनाएगी` वहीं एक दिन पहले केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए सुरंग का निरीक्षण किया। अटल टनल का निर्माण अत्याधुनिक तकनीक की मदद से पीर पंजाल की पहाड़ियों में हुआ है।

नई दिल्ली (शोर सन्देश) । देश में कोरोना वायरस के नए मामलों के आंकड़ों में पिछले सप्ताह से थोड़ी गिरावट देखने को मिल रही है, जहां 10 दिनों पहले देश में 90 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे थे, वहीं अब 80 हजार से अधिक मामले रोज सामने आ रहे हैं। इस दौरान देश में कोरोना टेस्टिंग के आंकड़ें 7 करोड़ को पार कर चुके हैं। इस बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना से जुड़ा एक दिलचस्प आंकड़ा सामने आया है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि 25 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पिछले सप्ताह के दौरान सक्रिय मामलों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक ट्वीट में लिखा- पिछले सप्ताह के दौरान 25 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में सक्रिय मामलों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। कोरोना से रिकवरी की लगातार अधिक संख्या और लगातार घटते मृत्यु दर के कारण सक्रिय मामलों की संख्या कम हो रही है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कम से कम 76.62 प्रतिशत सक्रिय कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र ढाई लाख से अधिक एक्टिव मामलों के साथ राज्यों में सबसे आगे है। सरकार ने बताया कि देश में अब तक कुल मामलों में से 14.74 मामले एक्टिव केस हैं।
इस बीच देश में कोरोना वायरस के मामले 64 लाख को पार कर चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक कुल 64 लाख 73 हजार 545 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 9 लाख 44 हजार 996 एक्टिव केस हैं, एक्टिव मामलों की दर फिलहाल 14.60% है। वहीं 54 लाख 27 हजार 707 लोग कोरोना से ठीक होकर घर जा चुके हैं। देश की कोरोना रिकवरी दर 83.84% है। कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 1 लाख 842 तक जा पहुंचा है। भारत की कोरोना से मौत की दर 1.56% है।

नई दिल्ली (शोर सन्देश) । पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के सांसद आज हाथरस जाएंगे और मृतक युवती के परिजनों से मुलाकात करेंगे।
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट कर बताया `पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के सांसद आज दोपहर उत्तर प्रदेश के हाथरस जाएंगे और 19 वर्षीय युवती के परिवार से मिलेंगे जिसकी क्रूरता से बलात्कार और हत्या कर दी गई।`
गुरुवार को राहुल गांधी को पीड़िता के पास नहीं पहुंचने दिया गया, जिससे राजनीतिक पारा बढ़ने के आसार नजर आ रहे हैं। पीड़िता के गांव को पुलिस ने चारों तरफ से सील कर दिया है। वहां किसी राजनीतिक दल के नेताओं या मीडिया के जाने पर प्रतिबंध है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के काफिले को पुलिस ने यमुना एक्सप्रेसवे पर रोक दिया था।
.jpg)
नई दिल्ली (शोर सन्देश)। भारत में शनिवार को कोरोना वायरस से हुई मौतों की संख्या एक लाख को पार कर गई और कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 64 लाख के पार जा पहुंचा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा इसकी जानकारी दी गई है। हालांकि, कोरोना के दैनिक मामलों में आज कुछ गिरावट देखने को मिली है।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 79,476 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। वहीं, इस दौरान वायरस से होने वाली मौतों की संख्या 1,069 रही है। अब तक देश में इस वायरस से 64,73,545 लोग संक्रमित हो चुके हैं। देश में सक्रिय मामलों की संख्या 9,44,996 है।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। भारत में कोरोना वायरस से होने वाली मौतों की संख्या शुक्रवार को 1 लाख के पार पहुंच गई। यह एक ऐसा आंकड़ा है, जिसे कोई भी देश हासिल नहीं करना चाहेगा। भारत में सात महीने पहले कोरोना का पहला केस सामने आया था, इसके बाद आज हम दुनिया में संक्रमित मरीजों की संख्या के लिहाज से दूसरे स्थान पर खड़े हैं।
कोरोना मृतकों की संख्या को एक लाख पार करने वाला भारत तीसरा देश बन गया है। भारत से आगे अमेरिका (2,12,000 मौतें) और ब्राजील (1,44,000 मौतें) हैं। हालांकि, इन देशों के मुकाबले भारत में कोरोना से होने वाली मृत्यु दर काफी कम है। भारत में `वायरस मामला मृत्यु दर` (सीएफआर) 1.56 फीसदी है, जो वैश्विक औसत (2.98 फीसदी) की तुलना में आधा है। वहीं, अमेरिका (2.84 फीसदी) और ब्राजील (2.99 फीसदी) की तुलना में बेहतर है।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। कोरोना के हल्के लक्षण दिखने पर उन्होंने अपना कोविड-19 टेस्ट कराया जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने खुद ट्वीट कर ये जानकारी दी है।
00 संपर्क में आए लोगों से की ये अपील.
उपमुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा, `कोरोना संक्रमण के प्रारंभिक लक्षण आने के बाद मैंने कोविड-19 टेस्ट करवाया जिसमें आज मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। आप सभी से मेरा निवेदन है कि पिछले कुछ दिनों में जो भी मेरे सम्पर्क में आएं हैं, वो सभी निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर अपनी जाँच करवायें एवं कोविड नियमों का पालन करें।`

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश के रोहतांग में दुनिया की सबसे लंबी राजमार्ग सुरंग अटल टनल का उद्घाटन करेंगे। यह टनल रणनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री के दौरे से पहले केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए सुरंग का निरीक्षण किया था। प्रधानमंत्री कार्यालय के एक बयान में कहा गया है कि समारोह सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा।
इस टनल को बनाने का ऐतिहासिक फैसला तीन जून 2000 को लिया गया था, जब अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री थे। 26 मई 2002 को इसकी आधारशिला रखी गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 24 दिसंबर 2019 को इस टनल का नाम दिवंगत प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर अटल टनल रखने का फैसला किया था।
अटल टनल से क्या होगा फायदा
अटल टनल मनाली और लेह के बीच की दूरी को 46 किलोमीटर तक कम करती है और यात्रा के समय को भी चार से पांच घंटे कम कर देती है। यह 9.02 किलोमीटर लंबी सुरंग है, जो कि मनाली को पूरे साल लाहौल-स्पीति घाटी से जोड़े रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे पहले घाटी हर साल लगभग छह महीने तक भारी बर्फबारी के कारण अन्य हिस्सों से कट जाती थी। सुरंग को समुद्र तल से 3,000 मीटर (10,000 फीट) की ऊंचाई पर हिमालय की पीर पंजाल श्रेणी में आधुनिक तकनीक के साथ बनाया गया है।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। कोरोना वायरस लॉकडाउन के बाद दुनियाभर में फंसे भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए वंदे भारत मिशन की शुरुआत की गई। इसी कड़ी में मिशन के सातवें चरण के तहत यूएई से 40 हजार भारतीयों की स्वदेश वापसी होगी।
वंदे भारत मिशन के सातवें चरण के लिए 271 फ्लाइट्स का संचालन यूएई के लिए किया जाएगा। इस चरण में सबसे अधिक लोगों की यूएई से वापसी होगी। वहीं, ओमान, सिंगापुर, कतर, सऊदी अरब से भी काफी संख्या में भारतीय वापस लौटेंगे। नागरिक उड्डयन मंत्रालय की तरफ से अक्तूबर का कार्यक्रम तय कर लिया गया है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की 496 फ्लाइट्स का अक्तूबर में संचालन किया जाएगा। इसमें यूएई के बाद ओमान से सबसे अधिक लोग वापस आएंगे। ओमान से कुल 13 हजार लोगों को भारत लाने का प्रबंध किया गया है। वहीं, सिंगापुर, कतर, सऊदी अरब और कुवैत से काफी संख्या में लोग स्वदेश लौटेंगे।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। देश में कोरोना का कोहराम लगातार जारी है। देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या में बेतहाशा बढ़ोतरी हो रही है। हर रोज मरीजों की बढ़ती संख्या परेशान करने वाली हैं। कोरोना के मामलों में देश में चिंताजनक स्थिति है। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या में 86 हजार से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। जबकि 1,100 से ज्यादा लोगों की मौतें हुई। भारत में इस रोग की चपेट में आने वालों की तादाद एक लाख, यानी 1,00,000 तक पहुंचने में 110 दिन का समय लगा था, लेकिन उसके बाद गति बढ़ती चली गई, और अब देश में एक लाख केस सिर्फ एक-दो दिन में जुड़ते जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आज सुबह जारी ताजा अपडेट के मुताबिक, देश में कुल कंफर्म केस की संख्या 63,12,585 है, जिसमें 98,678 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में फिलहाल 9,40,705 एक्टिव केस हैं। वहीं, ठीक होने वालों का आंकड़ा बढ़कर 52,73,202 हो गया है। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या में 86,821 की बढ़ोतरी हुई है। जबकि 1181 लोगों की मौतें हुई।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। 38 कोयला खदानों की नीलामी प्रक्रिया के एक हिस्से के रूप में ऑनलाइन और ऑफलाइन बोली दस्तावेजों से युक्त तकनीकी बोलियां 30 सितंबर, 2020 को नई दिल्ली में बोलीदाताओं की उपस्थिति में शुरू की गईं। बोलीदाताओं को बैठक में व्यक्तिगत तौर पर या वर्चुअली शामिल होने का विकल्प प्रदान किया गया था। कोयले की बिक्री के लिए 38 कोयला खदानों की नीलामी प्रक्रिया 18 जून, 2020 को कोयला मंत्रालय द्वारा शुरू की गई थी। तकनीकी बोली जमा करने की अंतिम तिथि 29 सितंबर, 2020 को दोपहर 2:00 बजे थी। ऑनलाइन बोलियों को विकोड (डिक्रिप्ट) किया गया और बोलीदाताओं की उपस्थिति में इलेक्ट्रॉनिक रूप से खोला गया। इसके बाद, बोलीकर्ताओं की उपस्थिति में ऑफ़लाइन बोली दस्तावेजों वाले सीलबंद लिफाफे भी खोले गए। स्क्रीन पर बोली लगाने वालों के लिए पूरी प्रक्रिया प्रदर्शित की गई थी। 23 कोयला खदानों के लिए कुल 76 बोलियां प्राप्त हुई हैं। 19 कोयला खदानों के लिए दो या अधिक बोलियां प्राप्त हुई हैं। बोली का मूल्यांकन एक बहु-विषयक तकनीकी मूल्यांकन समिति द्वारा किया जाएगा और 19 अक्टूबर, 2020 से एमएसटीसीपोर्टल पर होने वाली इलेक्ट्रॉनिक नीलामी में भाग लेने के लिए तकनीकी रूप से योग्य बोलीदाताओं को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।