ब्रेकिंग न्यूज

खेल

T20 वर्ल्ड कप 2026: नई जर्सी लॉन्च, हिटमैन रोहित बने ब्रांड एंबेसडर

04-Dec-2025
रायपुर (शोर संदेश)। रोहित शर्मा और युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने बुधवार को आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम की नई जर्सी लॉन्च की। भारत-साउथ अफ्रीका के बीच दूसरे वनडे मैच में इनिंग्स ब्रेक के दौरान भारत की नई जर्सी का अनावरण हुआ।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी, जिसका फाइनल 8 मार्च को खेला जाना है। किट प्रोवाइडर एडिडास की ओर से रोल आउट की गई डार्क ब्लू और बोल्ड ऑरेंज शेड वाली जर्सी के लॉन्च के समय भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) सेक्रेटरी देवजीत सैकिया भी मौजूद रहे।
भारत को बतौर कप्तान टी20 विश्व कप खिताब जिताने वाले रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इस सबसे छोटे फॉर्मेट से रिटायर हो गए हैं। अब रोहित शर्मा आगामी टी20 विश्व कप के ब्रांड एंबेसडर हैं।
रोहित शर्मा ने कहा, “यह एक लंबा सफर रहा है। हमने साल 2007 में अपना पहला वर्ल्ड कप जीता था। इस फॉर्मेट में अगला खिताब जीतने के लिए हमें 15 साल से ज्यादा लंबा इंतजार करना पड़ा। यह एक लंबा सफर रहा है, जिसमें बहुत सारे उतार-चढ़ाव आए, लेकिन फिर से ट्रॉफी उठाकर बहुत अच्छा लगा।”
रोहित ने कहा, “अब, जब वर्ल्ड कप भारत में हो रहा है, तो यह एक रोमांचक टूर्नामेंट होने वाला है। मेरी शुभकामनाएं हमेशा टीम के साथ हैं। मुझे यकीन है कि हर कोई टीम इंडिया के साथ होगा और उसे अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए सपोर्ट करेगा।”
टी20 वर्ल्ड कप 2025 में कुल 20 टीमें हिस्सा लेने जा रही हैं, जिन्हें 5-5 के चार ग्रुप में बांटा गया है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ग्रुप-ए में पाकिस्तान, यूएसए, नीदरलैंड और नामीबिया से भिड़ेगी। टीम इंडिया 7 फरवरी को अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इस दिन भारत मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में यूएसए से भिड़ेगा, जिसके बाद टीम इंडिया 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया का सामना करेगी।
15 फरवरी को भारत कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान का सामना करेगा, जिसके बाद 18 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले में उतरेगा।

एकलव्य परिसर जवांगा की खिलाड़ी कोसी ने रचा इतिहास, बस्तर ओलंपिक में पहला स्थान

03-Dec-2025
रायपुर ( शोर संदेश ) दंतेवाड़ा जिले के नक्सल प्रभावित दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली कोसी ने बस्तर ओलंपिक में अपनी वॉलीबॉल टीम के साथ दंतेवाड़ा जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर नया इतिहास रच दिया है। यह उपलब्धि सिर्फ एक खिलाड़ी की नहीं, बल्कि उस पूरे क्षेत्र की जीत का प्रतीक बन गई है, जहां वर्षों से संघर्ष, भय और चुनौतियाँ बच्चों के सपनों पर हावी रही हैं।
किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली कोसी बचपन से ही कठिन परिस्थितियों के बीच पली-बढ़ी। खेती-बाड़ी और रोज़मर्रा की समस्याओं से जूझते परिवार में कोसी ने बॉलीबाल खेल को एक उम्मीद की रोशनी की तरह देखा और लगातार मेहनत से अपने कौशल को निखारा। उसके पिता किसान हैं और भाई-बहन आज भी गाँव में कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, लेकिन कोसी की सफलता पूरे परिवार और गांव के लिए गर्व का क्षण बनकर आई है।
एकलव्य परिसर जवांगा ने कोसी की प्रतिभा को पहचाना, उसे प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर प्रदान किए। इसी सहयोग और उसके अथक प्रयासों की बदौलत अब कोसी संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक के मुकाबलों की तैयारी में जुटी है। उसकी यह प्रगति न केवल खेल उपलब्धि है, बल्कि उस सामाजिक परिवर्तन का संकेत भी है, जिसमें नक्सल प्रभावित क्षेत्र के बच्चे मैदानों की ओर लौट रहे हैं।
इलाके में खेल सुविधाओं की कमी, सीमित मैदान व सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के बावजूद कोसी जैसी बेटियों ने खेल को अपना साहस बनाया है। कोसी की सफलता इस बात का प्रमाण है कि अवसर मिले तो धुर नक्सल क्षेत्रों से भी बेहतरीन खिलाड़ी तैयार हो सकते हैं।खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सरकार और खेल विभाग से आगे भी पर्याप्त सहयोग मिलता रहा, तो कोसी आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर न केवल बस्तर का, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकती है। उसकी कहानी उस नई पीढ़ी की कहानी है, जो बंदूकों की छाया से निकलकर खेल के मैदानों में अपनी पहचान बनाने की राह पर हैं।

रोहित शर्मा: 5 छक्के लगाते ही अनोखी उपलब्धि अपने नाम कर लेंगे हिटमैन

03-Dec-2025
रायपुर (शोर संदेश)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने लंबे-लंबे और दर्शनीय छक्कों के लिए जाने जाते हैं। रोहित ने रांची में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए पहले वनडे मैच में 3 छक्के लगाए थे और शाहिद अफरीदी के वनडे क्रिकेट में लगाए सबसे ज्यादा छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया था। रायपुर में खेले जाने वाले दूसरे वनडे में भी एक बड़ा और अनोखा रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम जुड़ सकता है।
रोहित शर्मा अगर रायपुर में 5 छक्के लगाने में कामयाब हो जाते हैं, तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके 650 छक्के हो जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 650 छक्के लगाने वाले रोहित पहले बल्लेबाज हो सकते हैं। हालांकि रोहित के पास रायपुर के बाद भी इस उपलब्धि को हासिल करने का पूरा समय है। उन्होंने फिलहाल तीनों फॉर्मेट मिलाकर 645 छक्के लगाए हैं। रायपुर वनडे में रोहित शर्मा वेस्टइंडीज के पूर्व सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल का भी एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। क्रिस गेल ने बतौर ओपनर 274 पारियों में 328 छक्के लगाए हैं। रोहित ने अब तक 188 पारियों में 324 सिक्स लगाए हैं। अगर रोहित रायपुर में 5 छक्के लगा पाते हैं, तो 650 छक्के लगाने वाले पहले क्रिकेटर बनने के साथ ही, बतौर ओपनर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन सकते हैं।
हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा के नाम इस समय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड है। तीनों फॉर्मेट मिलाकर 503 मैचों की 536 पारियों में वह 645 छक्के लगा चुके हैं। वहीं अगर फॉर्मेट के मुताबिक बात करें, तो रोहित ने वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाए हैं। 277 मैचों की 269 पारियों में वह 252 छक्के लगा चुके हैं। रोहित ने अंतरराष्ट्रीय टी20 में भी सबसे ज्यादा छक्के लगाए हैं। उनके 159 मैचों में 205 छक्के हैं। रोहित शर्मा वनडे विश्व कप में भी सबसे ज्यादा छक्का लगाने वाले खिलाड़ी हैं। 2015 से लेकर 2023 के बीच तीन विश्व कप के 28 मैचों की 28 पारियों में उन्होंने 54 छक्के लगाए हैं।

3 दिसंबर क्रिकेट मैच: नई ट्रैफिक व पार्किंग गाइडलाइन जारी

02-Dec-2025
रायपुर ( शोर संदेश )  तीन दिसंबर 2025 को शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्रस्तीय क्रिकेट स्टेडियम नया रायपुर में एक दिवसीय भारत एवं दक्षिण अफ़्रीका के मध्य खेला जाना है। इस दौरान क्रिकेट मैच देखने के लिए राज्य के अलग-अलग जिलो से आने वाले दर्शकों के सुगम आवागमन तथा खिलाड़ियों के सुरक्षित आवागमन हेतु यातायात पुलिस रायपुर द्वारा मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था निर्धारित किया गया है, जो निम्नानुसार हैः-
01. रायपुर शहर से होकर क्रिकेट स्टेडियम जाने हेतु मार्ग:- रायपुर शहर से होकर क्रिकेट स्टेडियम जाने के लिए तेलीबांधा थाना तिराहा नेशनल हाइवे क्र-53 होकर सेरीखेड़ी ओव्हरब्रीज से नया रायपुर मार्ग होकर चीचा स्टेडियम तिराहा से सांई अस्पताल रोड होकर सांई अस्पताल पार्किंग व सेंध तालाब पार्किग में अपना वाहन पार्क कर स्टेडियम पैदल पहुंचेगे।
02. बिलासपुर की ओर से स्टेडियम आने वाले दर्शको के लिए मार्ग व्यवस्था:- बिलासपुर की ओर से होकर क्रिकेट स्टेडियम आने वाले दर्शकगण बिलासपुर-रायपुर मार्ग से होकर धनेली नाला से रिंग रोड नम्बर-03 होकर विधानसभा चौक, राजू ढाबा रिंग रोड नंम्बर-03 जंक्शन होकर नेशनल हाइवे क्र-53 से मंदिर हसौद होकर नवागांव से स्टेडियम टर्निग होकर स्टेडियम के पूर्व दिशा स्थित परसदा पार्किंग एवं कोसा पार्किंग में अपना वाहन पार्क कर पैदल स्टेडियम पहुचेंगे।
03. बलौदाबाजार-खरोरा की ओर से स्टेडियम आने वाले दर्शकों के लिए मार्ग व्यवस्थाः- बलौदा बाजार-खरोरा मार्ग से होकर स्टेडियम आने वाले दर्शक बलौदाबाजार-रायपुर मार्ग में विधानसभा ओव्हरब्रीज चौक से रिंग रोड नम्बर-03 होकर विधानसभा चौक, राजू ढाबा रिंग रोड नंम्बर-03 जंक्शन होकर नेशनल हाइवे क्र-53 से मंदिर हसौद होकर नवागांव से स्टेडियम टर्निग होकर स्टेडियम के पूर्व दिशा स्थित परसदा पार्किंग एवं कोसा पार्किंग में अपना वाहन पार्क कर पैदल स्टेडियम पहुचेंगे।
04. जगदलपुर-धमतरी मार्ग से होकर आने वाले दर्शकों के लिए मार्ग व्यवस्था:- धमतरी-जगदलपुर की ओर से आने वाले दर्शक अभनपुर से केन्द्री, उपरवारा, मंत्रालय (डीडीयू) चौक, कोटराभाठा चौक, सेंध तालाब होकर सांई अस्पताल पार्किंग व सेंध तालाब पार्किग में अपना वाहन पार्क कर स्टेडियम पैदल पहुंचेगे।
05. दुर्ग-भिलाई की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए मार्ग व्यवस्था:- दुर्ग-भिलाई की ओर से आने वाले दर्शक टाटीबंध से रिंग रोड 01 होकर पचपेढ़ीनाका, तेलीबांधा थाना तिराहा नेशनल हाइवे क्र-53 होकर सेरीखेड़ी ओव्हरब्रीज से नया रायपुर मार्ग होकर स्टेडियम तिराहा से सांई अस्पताल रोड होकर सत्यसांई अस्पताल पार्किंग व सेंध तालाब पार्किग में अपना वाहन पार्क कर स्टेडियम पैदल पहुंचेगे।
06. महासमुंद-सरायपाली की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए मार्ग व्यवस्था:- महासमुंद सरायपाली की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए आरंग से सीधे स्टेडियम टर्निग होकर स्टेडियम के पूर्व दिशा स्थित परसदा पार्किंग एवं कोसा पार्किंग में अपना वाहन पार्क कर पैदल स्टेडियम पहुचेंगे।
पासधारी वाहनों के लिए मार्ग एवं पार्किंग:- पासधारी वाहन जिन्हे पार्किंग पास A,B,C,D, E,F,G जारी हुआ है वे सेरीखेड़ी ओव्हर ब्रीज होकर नया रायपुर प्रवेश मार्ग से स्टेडियम टर्निंग, डॉ खूबचंद बघेल चौक, कयाबांधा चौक (सेक्टर 15/21) कोटराभांठा चौक (सेक्टर-17/20) से ग्राम सेंध सेक्टर-04/10 होकर स्टेडियम पार्किंग A,B,C,D,E F G में अपना वाहन पार्क कर सकेंगे।
मध्यम/भारी माल वाहनों का आवागमन प्रतिबंध:- दिनांक 03/12 /2025क्रिकेट मैच आयोजन के दौरान सुगम सुरक्षित यातायात व्यवस्था हेतु नया रायपुर के सभी प्रवेश मार्गो पर मध्यम/भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश अपरान्ह 12 बजे से रात्रि 01:00 बजे तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। असुविधा से बचने हेतु इस मार्ग स्थान पर वैकल्पिक मार्गो का प्रयोग कर सकते है।
स्टेडियम में प्रवेश पर जो वस्तुये प्रतिबंधित की गयी है:-
01. शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटका तंबाखु, माचिस-लाईटर्स व अन्य ज्वलनशील पदार्थ ।
02. बॉटल, डिब्बे, टिफिन, वाद्य यंत्र
03. कुर्सी-स्टूल, छाता, रूल, ब्लैड्स, स्कैट्स, बोर्ड, डंडा, हॉकी स्टीक, झण्डा
04. आग्नेयअस्त्र, फटाका, चाकु, कटार, तलवार ,कैची, काटने वाले तेज धारदार व अन्य खतरनाक वस्तु
05. खाद्य पदार्थ (बच्चों के खाद्य छोड़कर), कांच का कंटेनर
06. हैण्ड बैग, सुटकेश, लेडिज बैग, कागज का पैकेट
07. लैपटॉप, हैण्डीकेम केमरा, लेजर लाईट, सूचनात्मक लाईट, फ्लैस लाईट
08. फरफ्युम, स्प्रे (सांस का स्प्रे छोड़कर) सिरिंज, पेन, पेसिंल, फुग्गे, खेलने वाले गेद
09. लाउड हैलर, सिटी, हार्न रेडियो, भड़काउ व संकट पैदा करने वाले संकेत, जानवर
10. प्रचार उत्पाद सामग्री, सभी प्रकार का सिक्का

 

रांची वनडे : ‘रन मशीन’ विराट कोहली ने जड़ा 52वां वनडे शतक

01-Dec-2025
नई दिल्ली (शोर संदेश)। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए वनडे सीरीज के पहले मैच में विराट कोहली ने शानदार 135 की पारी खेलकर अपना 52वां वनडे शतक जमाया। यह शतक वनडे फॉर्मेट में किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे अधिक है। 37 वर्षीय कोहली अब 306 वनडे मुकाबलों में कुल 52 शतक, 14,000 से अधिक रन और 150 से अधिक छक्के अपने नाम कर चुके हैं।

वनडे शतकों की सूची में दूसरे स्थान पर सचिन तेंदुलकर हैं, जिन्होंने 463 मैचों में 49 शतक जड़े। तीसरे स्थान पर रोहित शर्मा हैं, जिनके नाम 277 वनडे मैचों में 33 शतक हैं। इसके बाद चौथे और पांचवें स्थान पर क्रमशः रिकी पोंटिंग (30 शतक) और सनथ जयसूर्या (28 शतक) हैं।

कोहली ने हाल ही में टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। अब वह केवल वनडे फॉर्मेट में ही टीम इंडिया के लिए खेलते हैं। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि वह भविष्य में होने वाले वनडे विश्व कप 2027 में भी खेलेंगे, हालांकि यह निर्णय उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा।

ध्यान देने वाली बात है कि कोहली ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शुरूआती दो वनडे मैचों में रन नहीं बना सके थे। लेकिन रांची में उन्होंने वापसी करते हुए यह शानदार शतक जमाया। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज है, और टीम इंडिया इस जीत के साथ श्रृंखला में बढ़त बनाना चाहेगी, खासकर क्योंकि साउथ अफ्रीका ने टेस्ट सीरीज में भारत को 2-0 से हराया था।

भारत–दक्षिण अफ्रीका मुकाबले की दीवानगी : टिकट मिनटों में बिका

30-Nov-2025
रायपुर (शोर संदेश)। भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच 3 दिसंबर को होने वाले वनडे मुकाबले के टिकटों में दलालों के ’खेल’ करने की आशंका जताई जा रही है। क्रिकेट प्रेमियों ने शनिवार को कुछ मिनट में ही 35000 टिकट बुक होने पर आश्चर्य जताया है।
बुकिंग बंद होने के बाद भी लोग टिकट के जुगाड़ में लगे हैं। कोई सीएससीएस के कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है तो कोई इंडोर स्टेडियम में फिजिकल टिकट बांटने के लिए बनाए गए काउंटरों में पहुंच रहे हैं। लोगों ने आशंका जताई है कि टिकट दलालों ने थोक में टिकट बुक करा लिए हैं और ब्लैक में बेचेंगे
स्टेडियम की लगभग 3000 सिल्वर, गोल्ड, प्लेटिनम और कारपोरेट बॉक्स वाली अधिकतर वीआईपी सीटें बेची ही नहीं गईं। कुछ वीआईपी टिकट बीसीसीआई व अन्य राज्य क्रिकेट संघ से आने वाले पदाधिकारियों के लिए भी सीएससीएस ने बचा रखे हैं। जनरल के भी करीब 5000 टिकट नहीं बेचे गए।
दो चरणों में हुई बुकिंग
सीएससीएस में भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच के टिकट बेचने की जिम्मेदारी बुकिंग एजेंसी को सौंपी थी। पहले चरण की बुकिंग 22 नवंबर को शुरू हुई और 18000 टिकट 15 मिनट के अंदर बुक हो गए थे। इसके बाद बुकिंग बंद कर दी गई थी।
 

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया ‘विजय शर्मा कवर्धा प्रीमियर लीग’ पोस्टर का विमोचन

27-Nov-2025
रायपुर, ( शोर संदेश )  कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक नई पहल करते हुए उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज विधायक कार्यालय कवर्धा में “विजय शर्मा कवर्धा प्रीमियर लीग” के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वयं बल्ले से प्रतीकात्मक शॉट भी लगाया। 
यह प्रतियोगिता विधानसभा स्तर पर आयोजित होने जा रही है, जिसका आगाज आगामी 13 दिसंबर से होने जा रहा है। इस प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें कवर्धा विधानसभा के 07 मंडलों की टीमें हिस्सा लेंगी। ग्रामीण मंडल को ग्राम पंचायत वार और कवर्धा शहर को वार्डों से वार्डवार टीमों का गठन किया गया है। प्रतियोगिता टेनिस बॉल क्रिकेट मैच के रूप में खेली जाएगी। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कवर्धा विधानसभा के सभी 07 मंडलों की टीमों के लिए तैयार विशेष मैच जर्सी को भी विधिवत लॉन्च किया गया। 
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में पहली बार ऐसी प्रतियोगिता होने जा रही है, जिसमें केवल युवा ही नहीं बल्कि बुजुर्ग खिलाड़ी भी अपने-अपने वार्ड से हिस्सा ले सकेंगे। इससे समाज में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बनेगा और नई पीढ़ी को फिटनेस एवं अनुशासन का संदेश मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं सामाजिक समरसता को भी मजबूत करती हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चद्रवंशी, सतविंदर पाहुजा, खिलेश्वर साहू सहित जनप्रतिनिधि, युवा, खिलाड़ी उपस्थित थे। 
प्रतियोगिता को और अधिक रोचक बनाने के लिए आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की गई है। विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ-साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम ईनाम 1 लाख 11 हजार रूपए, दूसरा ईनाम 51 हजार और तीसरा ईनाम 31 हजार रूपए है। 
पोस्टर विमोचन के बाद क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों ने इस आयोजन के लिए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का अवसर पहली बार मिला है, जिससे क्षेत्र की छुपी हुई प्रतिभाओं को मंच मिलेगा।













 

भारत की टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी हार, SA ने 2-0 से जीती सीरीज

26-Nov-2025
गुवाहाटी (शोर संदेश)। भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए टेस्ट में 408 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा है। टेस्ट क्रिकेट में रनों के अंतर से भारत की यह अब तक की सबसे बड़ी हार है। भारतीय टीम को जीत के लिए 549 रन बनाना था। टीम 140 रन पर सिमट गई। इस हार के साथ ही भारत ने सीरीज 0-2 से गंवा दी है।
भारतीय टीम ने पांचवें दिन की शुरुआत 2 विकेट पर 27 रन से शुरू की थी। दक्षिण अफ्रीकी स्पिनर सिमोन हार्मर के सामने भारतीय बल्लेबाज पूरी तरह असफल साबित हुए। टीम ने निरंतर विकेट खोए और पूरी टीम 140 रन पर सिमट गई। रवींद्र जडेजा 87 गेंद पर 54 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे।
दक्षिण अफ्रीका के लिए सिमोन हार्मर ने 37 रन देकर 6 विकेट लिए। केशव महाराज ने 2, मार्को जानसेन और सेनुरन मुथुसामी ने 1-1 विकेट लिए।
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सेनुरन मुथुसामी के 109 और मार्को जानसेन के 93 रन की बदौलत 489 रन बनाए थे। भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने 4, जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज ने 2-2 विकेट लिए थे।
भारतीय टीम पहली पारी में 201 रन पर सिमट गई थी और 288 रन से पिछड़ी थी। दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्को जानसेन ने 6, सिमोन हार्मर ने 3 और केशव महाराज ने 1 विकेट लिए।
दक्षिण अफ्रीका ने दूसरी पारी 5 विकेट पर 260 रन बनाकर घोषित की थी और पहली पारी में मिले 288 रन की बढ़त के आधार पर भारत को 549 रन का लक्ष्य दिया। भारतीय टीम 140 पर सिमट गई और 408 रन के अंतर से टेस्ट क्रिकेट इतिहास की अपनी सबसे बड़ी हार गले लगा बैठी।
कोलकाता टेस्ट 30 रन से जीतने वाली दक्षिण अफ्रीका ने इस रिकॉर्ड जीत के साथ सीरीज 0-2 से अपने नाम की।
 

दृष्टिबाधित विमेंस T20 वर्ल्ड कप: भारत पहली बार विश्व चैंपियन, CM साय ने दी बधाई

24-Nov-2025
रायपुर । ( शोर संदेश ) मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोलंबो में आयोजित विमेंस T20 वर्ल्ड कप क्रिकेट फॉर द ब्लाइंड में नेपाल को 7 विकेट से हराकर पहली बार विश्व चैंपियन बनी भारतीय महिला टीम को हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने इसे पूरे देश के लिए गर्व, प्रेरणा और भावनाओं से भरा ऐतिहासिक क्षण बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह जीत केवल एक खेल उपलब्धि भर नहीं है, बल्कि हिम्मत, विश्वास और अदम्य इच्छाशक्ति की विजयगाथा है। भारतीय बेटियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि अगर संकल्प दृढ़ हो, तो कोई भी चुनौती असंभव नहीं रहती। विशेष रूप से दृष्टिबाधित महिलाओं की टीम द्वारा विश्व मंच पर हासिल की गई यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का उज्ज्वल दीपक बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की बेटियाँ हर क्षेत्र में उत्कृष्टता का नया इतिहास लिख रही हैं—खेल, शिक्षा, विज्ञान, आर्ट, टेक्नोलॉजी और नेतृत्व—हर जगह उनकी चमक राष्ट्र का गौरव बढ़ा रही है। यह जीत न सिर्फ क्रिकेट की जीत है, बल्कि नारी शक्ति, आत्मविश्वास और ‘नए भारत’ की भावना की जीत है।
मुख्यमंत्री साय ने भारतीय महिला टीम के सभी खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि उनका यह प्रदर्शन विश्व खेल जगत में भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों पर ले गया है।

भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच के टिकट मिनटों में बिके, पोर्टल हुआ ठप, कल से फिजिकल टिकट

23-Nov-2025
रायपुर (शोर संदेश)। रायपुर में 3 दिसंबर को होने वाले भारत-दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट सीरीज के दूसरे मुकाबले के लिए प्रदेशवासियों में जबर्दस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। नतीजा यह है कि बुकिंग शुरू होने के चंद मिनटों में ही सभी टिकट बिक गए। इस दौरान पोर्टल भी ठप हो गया। कई लोगों को निराशा हुई। बुकिंग एजेंसी www. ticketgenie और in Ticketgenie में सभी कैटेगरी के टिकट सोल्ड आउट दिखा रहे हैं।
यह मैच नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में दोपहर 1.30 बजे से डे-नाइट खेला जाएगा। जनरल की पांच कैटेगरी के टिकट बुकिंग शुरू होने के 15-20 मिनट के भीतर ही बिक गए। वहीं, वीआईपी सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम के टिकट भी सोल्ड आउट दिख रहे हैं। अब बुकिंग एजेंसी में टिकट बुकिंग बंद हो गई है। सीएससीएस के अनुसार बिक्री के लिए जारी सभी कैटेगरी के टिकट बुक हो चुके हैं।
केवल छात्रों को ऑफलाइन टिकट 24 नवंबर से सुबह 10 बजे बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में बेचे जाएंगे। इसके लिए अलग से काउंटर बनाया जा रहा है। परिचय पत्र दिखाने पर छात्र 800 रुपए में टिकट खरीद सकेंगे। छात्र एक परिचय पत्र पर एक टिकट ही खरीद सकेंगे। जनरल कैटेगरी की 1500 रुपए की कीमत वाली लगभग 1500 सीटों का कोटा छात्रों के लिए आरक्षित है।
कल से दिए जाएंगे फिजिकल टिकट
बुकिंग कराने वाले दर्शकों को 24 नवंबर से बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में सुबह 10 बजे से फिजिकल टिकट (हार्ड कापी) प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए इंडोर स्टेडियम में बुकिंग एजेंसी की ओर से 8 काउंटर बनाए गए हैं। टिकट बुकिंग अमाउंट का क्यूआर कोड स्कैन कर बुकिंग वालों को टिकट दिए जाएंगे। इसके अलावा मैच के दो-तीन दिन पहले स्टेडियम के पास भी फिजिकल टिकट देने के लिए काउंटर खोले जाएंगे। 2 दिसंबर तक फिजिकल टिकट वितरित किए जाएंगे। मैच के दिन फिजिकल टिकट नहीं दिए जाएंगे।
सीएससीएस के अनुसार पहले राउंड के सभी टिकट बुक हो चुके हैं। कुछ टिकट तकनीकी फाल्ट के कारण रद्द भी हो सकते हैं। बुकिंग एजेंसी बुक सीटों की गिनती कर रही है। इसके बाद शेष टिकटों की बुकिंग एक बार फिर शुरू हो सकती है।


Feedback/Enquiry



Log In Your Account