ब्रेकिंग न्यूज

खेल

राज्य स्तरीय पैरा स्विमिंग चौम्पियनशिप में कबीरधाम के खिलाड़ियों ने जीते 14 पदक

30-Oct-2025
रायपुर,।  ( शोर संदेश ) कबीरधाम जिले के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय पैरा स्विमिंग चौम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 14 पदक (7 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य) जीतकर जिले का नाम पूरे राज्य में रोशन किया है। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने आज जिला कार्यालय में इन 6 विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर बधाई दी। यह प्रतियोगिता बिलासपुर जिले में आयोजित की गई थी, जिसमें राज्य के 17 जिलों के पैरा तैराकों ने भाग लिया। कबीरधाम के खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से न केवल सभी का ध्यान आकर्षित किया, बल्कि अपने संघर्ष, आत्मविश्वास और खेल भावना से यह सिद्ध कर दिया कि इच्छाशक्ति के सामने कोई बाधा बड़ी नहीं होती।
कलेक्टर वर्मा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले के इन युवा खिलाड़ियों ने अपने परिश्रम और संकल्प से यह साबित किया है कि प्रतिभा अवसर की मोहताज नहीं होती। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन दिव्यांग खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने खेल विभाग और संबंधित प्रशिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन आगे भी ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और संसाधन उपलब्ध कराता रहेगा। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक  अभिलाषा पंडा उपतस्थित थे।
कबीरधाम जिले के विजेता खिलाड़ियों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा -
सुखनंदन - 50 मीटर बटरफ्लाई, 100 मीटर बैक स्ट्रोक और 50 मीटर बैक स्ट्रोक स्पर्धाओं में 2 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीते। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें “सर्वश्रेष्ठ तैराक” की श्रेणी में सम्मानित किया गया।
यशपाल धुर्वे - 50 मीटर फ्री स्टाइल और 50 मीटर बैक स्ट्रोक में 2 स्वर्ण पदक हासिल किए। यशपाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच और परिवार को दिया।
खिलेश्वर पटेल - 100 मीटर फ्री स्टाइल में स्वर्ण, 50 मीटर फ्री स्टाइल में रजत और 50 मीटर बैक स्ट्रोक में कांस्य पदक जीतकर कुल 3 पदक अपने नाम किए।
कन्हैया खांडे (एस-6 वर्ग) - 50 मीटर बटरफ्लाई में स्वर्ण, 50 मीटर बैक स्ट्रोक और 50 मीटर फ्री स्टाइल में रजत पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
चंद्रपाल मानिकपुरी (एस-7 वर्ग) - 50 मीटर बैक स्ट्रोक और 50 मीटर फ्री स्टाइल दोनों में कांस्य पदक जीतकर जिले की झोली में दो और पदक जोड़े।
अनिल चंद्रवंशी (एस-40 वर्ग) -50 मीटर फ्री स्टाइल में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता।



 

राज्यस्तरीय पैरा दिव्यांग तैराकी प्रतियोगिता में जशपुर के तैराकों ने जीते तीन गोल्ड और दो सिल्वर

30-Oct-2025
रायपुर, ( शोर संदेश )  बिलासपुर में आयोजित 12 वीं छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय पैरा दिव्यांग तैराकी प्रतियोगिता में जशपुर जिले के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल्ड एवं दो सिल्वर मैडल प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता में तैराक सतेंद्र राम ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया और तीन गोल्ड मैडल हासिल किए। 
वहीं गोस्वामी पैंकरा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दो सिल्वर मैडल प्राप्त किए। सतेंद्र राम हैदराबाद में 15 नवंबर से 18 नवंबर 2025 तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय दिव्यांग तैराकी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।


 

भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टी-20 मैच बारिश में धुला, इंडिया ने बना लिए थे एक विकेट पर 97 रन

29-Oct-2025
नई दिल्ली (शोर संदेश)। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही टी-20 सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा है। कैनबरा में बुधवार को बार-बार हो रही बारिश के कारण दो बार खेल रोकना पड़ा है। इस सीरीज का दूसरा मुकाबला 31 अक्टूबर को मेलबर्न पर खेला जाएगा।
आखिरी बार जब खेल रोका गया था, तब तक भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9.4 ओवर में एक विकेट पर 97 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल 37 और कप्तान सूर्यकुमार यादव 39 रन पर नाबाद रहे। अभिषेक शर्मा 19 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें नाथन एलिस ने टिम डेविस के हाथों कैच कराया।
इससे पहले टीम इंडिया को 3 वनडे की सीरीज में 1-2 की हार झेलनी पड़ी हैं, टीम ने सिडनी वनडे 9 विकेट से जीता था। इस मुकाबले में रोहित शर्मा ने 121 और विराट कोहली ने 74 रनों की नाबाद पारियां खेली थीं। मैच का स्कोरबोर्ड
प्लेइंग-11
भारत- अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
ऑस्ट्रेलिया- मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), टिम डेविड, मिचेल ओवेन, जोश फिलिप, मार्कस स्टोयनिस, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, मैथ्यू कुह्नेमन, जोश हेजलवुड।
 

जयपुर–अजमेर सहित 7 शहरों में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, 5,000 से अधिक खिलाड़ी होंगे शामिल

29-Oct-2025
रायपुर ( शोर संदेश ) पांचवें खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स राजस्थान के सात शहरों में 24 नवंबर से 5 दिसम्बर 2025 तक आयोजित होंगे। इसमें 23 मेडल स्पोर्ट्स और एक डेमोंस्ट्रेशन स्पोर्ट (खो-खो) में प्रतियोगिताएं होंगी। इसी साल कुछ समय पहले में बिहार में हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तरह, यूनिवर्सिटी गेम्स भी राजस्थान के सात शहरों जयपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा और भरतपुर में आयोजित होंगे। इस 12 दिनों के यूनिवर्सिटी आयोजन में 5,000 से अधिक एथलीटों के आने की उम्मीद है। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन भारतीय विश्वविद्यालय संघ के सहयोग से किया जाता है।
केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि ‘खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स’ भारत के खेल मार्ग में एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। दुनिया भर में विश्वविद्यालय, चैंपियनों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और केआईयूजी हमारे युवा एथलीटों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का मंच प्रदान करता है। इन खेलों का राजस्थान संस्करण भारत के विस्तृत खेल परिदृश्य को उजागर करेगा और वैश्विक स्तर पर राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करने की आकांक्षा रखने वालों के लिए पहला कदम साबित होगा।
डॉ. मंडाविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विज़न के तहत खेलो इंडिया पहल ने भागीदारी, प्रतिभा विकास और उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने वाला एक ठोस पारिस्थितिकी तंत्र बनाया है। राजस्थान में आयोजित होने वाले ये यूनिवर्सिटी गेम्स हजारों छात्रों को न केवल खेलों को पढ़ाई के समानांतर ही आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही प्रतियोगिता एवं सौहार्द्र के माध्यम से ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत भी करेंगे।
केआईयूजी-2025 में 23 मेडल स्पोर्ट्स और एक डेमोंस्ट्रेशन श्रेणी के स्पोर्ट्स होंगे। मेडल स्पोर्ट्स में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, फेंसिंग, फुटबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, मल्लखंब, रग्बी, शूटिंग, तैराकी, टेबल टेनिस, टेनिस, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, योगासन, साइक्लिंग, बीच वॉलीबॉल, कैनोइंग और कयाकिंग शामिल हैं।
खो-खो एक डेमोंस्ट्रेशन इवेंट होगा। पहली बार केआईयूजी कार्यक्रम में कैनोइंग, बीच वॉलीबॉल, और कयाकिंग तथा साइक्लिंग को शामिल किया जा रहा है। पूर्वाेत्तर भारत में आयोजित हुए पिछले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी चैंपियन बनी। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, अमृतसर ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया था।
खेलो इंडिया योजना युवा मामले एवं खेल मंत्रालय की प्रमुख केंद्रीय क्षेत्र की योजना है। खेलो इंडिया गेम्स खेल कौशल प्रदर्शन का आधारभूत मंच हैं, जो प्रतिभा की पहचान करने और प्रतिभाशाली बच्चों को उत्कृष्टता हासिल करने हेतु एक विकास का मार्ग प्रदान करने का प्लेटफॉर्म बनते हैं। ये राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं ओलंपिक आंदोलन की सच्ची भावना में आयोजित की जा रही हैं, जिसमें संबंधित एनएसएफ, एसजीएफआई, एआईयू आदि जैसे विभिन्न हितधारकों को शामिल किया जाता है। इस कार्यक्रम के तहत अब तक देश भर में 20 संस्करणों का आयोजन हो चुका है, जिसमें 7 संस्करण खेलो इंडिया यूथ गेम्स (केआईव्हायजी), 4 संस्करण खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (केआईयूजी), 5 संस्करण खेलो इंडिया विंटर गेम्स (केआईव्हीजी), 2 संस्करण खेलो इंडिया पैरा गेम्स (केआईपीजी), 1 संस्करण खेलो इंडिया बीच गेम्स (केआईबीजी), और 1 संस्करण खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल (केआईडब्ल्यूएसएफ) शामिल हैं।







 

वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर आईसीयू में भर्ती, BBCI की ओर से बयान जारी

28-Oct-2025
नई दिल्ली  ( शोर संदेश )  भारतीय क्रिकेटर श्रेयस अय्यर को बाईं पसली के निचले हिस्से में चोट के बाद अस्पताल भर्ती करवाना पड़ा है। इसकी जानकारी खुद बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने दी है। बीसीसीआई सचिव की ओर से जारी बयान में कहा गया, “श्रेयस अय्यर को 25 अक्टूबर 2025 को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान क्षेत्ररक्षण करते समय बाईं पसली के निचले हिस्से में चोट लग गई थी। उन्हें आगे की जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।”
बयान में कहा गया, “स्कैन से उनकी स्प्लीन में लैसरेशन इंजरी का पता चला है। अय्यर का इलाज चल रहा है, उनकी हालत स्थिर है। वे अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम सिडनी और भारत के विशेषज्ञों के परामर्श से उनकी चोट की स्थिति पर नजर रख रही है। भारतीय टीम के डॉक्टर श्रेयस के साथ सिडनी में रहेंगे और उनकी प्रोग्रेस का मूल्यांकन करेंगे।”
वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलियाई पारी के 34वें ओवर के दौरान चोटिल हुए थे। अय्यर इस ओवर की चौथी गेंद पर एलेक्स कैरी का कैच लपकने की कोशिश में जमीन पर गिर पड़े थे। हालांकि, उन्होंने कैच को छूटने नहीं दिया और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को पवेलियन लौटना पड़ा, लेकिन टीम इंडिया को यह सफलता भारी पड़ गई।
एक ओर एलेक्स कैरी पवेलियन लौट रहे थे, तो दूसरी तरफ जमीन पर पड़े श्रेयस अय्यर दर्द से छटपटा रहे थे। इसके बाद उन्हें फिजियो के साथ मैदान से बाहर लौटना पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ड्रेसिंग रूम में अय्यर को सांस लेने में तकलीफ का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। रिपोर्ट आने के बाद इंटरनल ब्लीडिंग का पता चला है।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज का अंतिम मैच 9 विकेट से अपने नाम किया। टीम इंडिया सीरीज के शुरुआती दो मुकाबले गंवा चुकी थी। इसके बाद मेहमान टीम सम्मान की लड़ाई लड़ने उतरी थी।

Women’s ODI rankings: स्मृति मंधाना शीर्ष पर, प्रतिका ने लगाई 12 पायदान की छलांग

28-Oct-2025
नई दिल्ली  ( शोर संदेश ) स्मृति मंधाना ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शतकीय पारी की बदौलत महिला वनडे क्रिकेट में नंबर 1 बल्लेबाज के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के साथ मंधाना की रेटिंग अब तक के करियर की सर्वश्रेष्ठ है। उनकी जोड़ीदार प्रतिका रावल ने 12 पायदान की छलांग लगाई है। 
स्मृति मंधाना ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 109 रन की पारी खेलने के बाद बांग्लादेश के विरुद्ध नाबाद 34 रन बनाए थे। मंधाना 828 रेटिंग अंक के साथ शीर्ष पर मौजूद हैं, जबकि दूसरे स्थान पर मौजूद ऐश गार्डनर (731) उनसे 97 अंक पीछे हैं। 12 पायदान की छलांग लगाकर प्रतिका रावल 564 की रेटिंग के साथ 27वें स्थान पर पहुंच गई हैं, लेकिन चोट के कारण अब टूर्नामेंट के शेष मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगी।
भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को विश्व कप से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए सितंबर 2025 का ‘आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ’ चुना गया था।
दूसरी ओर, साउथ अफ्रीकी कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट दो स्थानों की छलांग के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ 90, जबकि ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध 31 रन की पारी खेली थी।
इस बीच, इंग्लैंड की एमी जोंस ने टॉप-10 में जगह बना ली है। वह 4 स्थान की छलांग के साथ 9वें (656) स्थान पर पहुंच गई हैं। एनाबेल सदरलैंड ने टॉप 40 में सबसे बड़ी छलांग लगाई है, जो 16 स्थान ऊपर चढ़कर 16वें पायदान पर पहुंच गईं।
महिला गेंदबाजों की रैंकिंग देखें, तो सोफी एक्लेस्टोन (747) शीर्ष पर बनी हुई हैं। ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर अलाना किंग 5 स्थान की छलांग के साथ दूसरे पायदान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 18 रन देकर 7 विकेट हासिल किए थे। उनकी साथी ऐश गार्डनर एक स्थान नीचे खिसककर तीसरे नंबर पर पहुंच गई हैं।
इस बीच पाकिस्तान की नशरा संधू, बाएं हाथ की ऑर्थोडॉक्स स्पिनर नॉनकुलुलेको म्लाबा (610) के साथ संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर पहुंच गई हैं। तेज गेंदबाज मारिजैन कैप्प और एनाबेल सदरलैंड भी एक स्थान ऊपर चढ़कर क्रमशः चौथे और 7वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

 

टीम इंडिया का कमाल! न्यूजीलैंड पर जीत के साथ महिला विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची भारत की शेरनियाँ

24-Oct-2025
नई दिल्ली ( शोर संदेश )  भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने गुरुवार को नवी मुंबई में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड को डीएलएस नियम के तहत 53 रन से हराकर विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने पर पूर्व कप्तानों मिताली राज, अंजुम चोपड़ा और झूलन गोस्वामी ने बधाई दी है।
झूलन गोस्वामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “शाबाश भारत, स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने शानदार प्रदर्शन किया और रिकॉर्ड 212 रनों की ओपनिंग साझेदारी की, जो महिला विश्व कप के इतिहास में भारत की ओर से सबसे ज्यादा है। क्वालीफिकेशन मैच में इस अहम जीत के साथ भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है।”
मिताली राज ने जियोस्टार के ‘क्रिकेट लाइव’ पर कहा, “हम सभी इस बात से राहत महसूस कर रहे हैं कि भारत सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर गया है। लेकिन हां, इस भारतीय टीम से बहुत कुछ अपेक्षित था। बल्लेबाजी पारी से शुरुआत करते हुए, सलामी बल्लेबाजों ने एक ठोस नींव रखी, जिसमें जेमिमा रोड्रिग्स का भी योगदान रहा, जो पिछला मैच न खेलने के बाद तीसरे नंबर पर उतरीं। उन्होंने साबित कर दिया कि वह आज भी इस बल्लेबाजी क्रम में कितना योगदान देती हैं। हमारी गेंदबाजी भी शानदार रही। मुझे लगता है कि भारत ने इस बड़े मैच के महत्व को समझते हुए वास्तव में कड़ी मेहनत की और सभी ने अपना योगदान दिया।”
पूर्व खिलाड़ी और कमेंटेटर अंजुम चोपड़ा ने भारत की जीत को विश्व कप अभियान का निर्णायक क्षण बताया। उन्होंने कहा, “जीत जरूरी थी, लेकिन यह एक निर्णायक जीत भी थी। 320 से ज्यादा रन बनाना और बल्लेबाजों को नियंत्रण में रखना महत्वपूर्ण था। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ, वे लड़खड़ा गए थे, लेकिन इंग्लैंड से हार के बाद, इस मैच ने उन्हें आत्मविश्वास दिया। यह राहत की बात थी। दो अंक मिलने से क्वालिफिकेशन पक्का हो गया, लेकिन अभी भी चिंतन की जरूरत है। बल्लेबाजी से परे, मुख्य सवाल यह है, क्या हम अब भी 300 से ज्यादा स्कोर बना सकते हैं या उसका बचाव कर सकते हैं?”
 

बीजापुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन — राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में जीते 25 पदक

18-Oct-2025
रायपुर ( शोर संदेश )  छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकने में सक्षम खिलाड़ी छत्तीसगढ़ में हैं। खिलाड़ी कभी हारता नहीं है या तो वह जीतता है या सीखता है। बीजापुर जिले के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और लगन से एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। कोरबा जिले में आयोजित 25 वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025 में बीजापुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 25 पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। 
खिलाड़ियों ने स्विमिंग सहित विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 10 स्वर्ण, 10 रजत और 5 कांस्य पदक अपने नाम किए और ओवरऑल द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में सदना पोरतेटी ने 3 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीते। अक्षिता तोड़ेम ने 3 स्वर्ण और 1 रजत पदक प्राप्त किया। अंडर-17 बालक वर्ग में बबलु ऐंजा ने 3 रजत पदक और सरैया पालदेव ने 1 कांस्य पदक जीता।  इसी तरह अंडर-14 बालिका वर्ग में रीता पोरतेटी ने 2 स्वर्ण और 1 रजत,गुंजन कोरसा ने 2 स्वर्ण और 1 रजत,सपना कोरसा ने 2 रजत और 1 कांस्य, जबकि तमन्ना ने 1 कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-14 बालक वर्ग में खिलाड़ियों ने 1 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से बीजापुर के खिलाड़ी अब राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक परचम लहराने को तैयार हैं।
इन सभी खिलाड़ियों ने बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त किया। उनकी सफलता में कोच दीप्ति वर्मा का मार्गदर्शन बेहद महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, फिटनेस और आत्मविश्वास के साथ खेल भावना सिखाई, जिसका परिणाम आज सामने आया। 
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि बीजापुर के इन युवा खिलाड़ियों ने पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। यह सफलता जिले के खेल प्रेमी युवाओं के लिए प्रेरणा है। सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है ताकि बस्तर और बीजापुर जैसे अंचलों की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर चमकें।
इस शानदार प्रदर्शन से पूरे बीजापुर जिले में खुशी का माहौल है। कलेक्टर संबित मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी, खेल अधिकारी एवं अन्य प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। स्थानीय खेल प्रेमियों और अभिभावकों ने भी गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि बीजापुर के इन बच्चों ने जिले को गौरवान्वित किया है।










 

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के 5वें संस्करण का आयोजन राजस्थान के 7 शहरों में 24 नवंबर से 5 दिसंबर तक

17-Oct-2025
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (केआईयूजी) का पांचवां संस्करण 24 नवंबर से 5 दिसंबर, 2025 तक राजस्थान के सात शहरों में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता 23 पदक खेलों में और एक प्रदर्शन खेल (खो-खो) में आयोजित की जाएगी। इस साल की शुरुआत में बिहार में हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तरह, यूनिवर्सिटी गेम्स भी सात शहरों – जयपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा और भरतपुर-में आयोजित किए जाएंगे। 12 दिनों तक चलने वाले इस यूनिवर्सिटी मीट में 5,000 से ज़्यादा एथलीटों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
केंद्रीय युवा मामले एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री, डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा, “खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स भारत के खेल में एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। दुनिया भर में, विश्वविद्यालय चैंपियन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, और केआईयूजी हमारे युवा एथलीटों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने के लिए एक मंच प्रदान करता है। राजस्थान संस्करण भारत के बढ़ते खेल परिदृश्य को उजागर करेगा और विश्व स्तर पर राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करने की आकांक्षा रखने वाले कई लोगों के लिए गौरव की सीढ़ी साबित होगा।”
डॉ. मंडाविया ने आगे विस्तार से बताया, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के तहत, खेलो इंडिया पहल ने एक मज़बूत पारिस्थितिकी तंत्र बनाया है जो भागीदारी, प्रतिभा विकास और उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करता है। राजस्थान में विश्वविद्यालय खेल हज़ारों छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी रुचि लेने के लिए प्रेरित करेंगे और प्रतिस्पर्धा एवं सौहार्द के माध्यम से ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मज़बूत करेंगे।”
केआईयूजी 2025 में 23 पदक विजेता खेल और एक प्रदर्शन खेल शामिल होंगे। पदक विजेता खेलों में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, मुक्केबाजी, तलवारबाजी, फुटबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, मल्लखंब, रग्बी, निशानेबाजी, तैराकी, टेबल टेनिस, टेनिस, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन, कुश्ती, योगासन, साइकिलिंग, बीच वॉलीबॉल, कैनोइंग और कयाकिंग शामिल हैं।
आपको बता दें, खो-खो एक प्रदर्शन कार्यक्रम होगा। वहीं, पहली बार, केआईयूजी कार्यक्रम में बीच वॉलीबॉल, कैनोइंग और कयाकिंग, और साइकिलिंग को शामिल किया जा रहा है।
पूर्वोत्तर भारत में आयोजित पिछले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय चैंपियन बना था। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, अमृतसर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे थे।
खेलो इंडिया योजना युवा मामले और खेल मंत्रालय की प्रमुख केंद्रीय क्षेत्र योजना है। खेलो इंडिया गेम्स खेल कौशल दिखाने के लिए बुनियादी मंच हैं और तदनुसार, प्रतिभा को खोजने और प्रतिभाशाली बच्चों को उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए विकास के मार्ग प्रदान करने का एक मंच बन जाते हैं। इन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं को विभिन्न हितधारकों जैसे संबंधित राष्ट्रीय खेल महासंघों, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज आदि को जोड़कर ओलंपिक आंदोलन की सच्ची भावना में आयोजित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के तहत अब तक देश भर में खेलो इंडिया गेम्स के 20 संस्करण आयोजित किए गए हैं, जिसमें खेलो इंडिया यूथ गेम्स (केआईवाईजी) के सात संस्करण, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के चार संस्करण, खेलो इंडिया विंटर गेम्स के पांच संस्करण और खेलो इंडिया पैरा गेम्स के दो संस्करण, खेलो इंडिया बीच गेम्स का एक संस्करण और खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल का एक संस्करण शामिल है।











 

अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना ICC के सितंबर महीने के श्रेष्ठ खिलाड़ी, दोनों खिलाड़ियों में टीम में निभाई अहम भूमिका

16-Oct-2025
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) आईसीसी ने भारतीय टी20 टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और भारतीय महिला टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को सितंबर महीने के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के सम्मान से नवाजा है। बाएं हाथ के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने एशिया कप 2025 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। अभिषेक ने सात मैचों में 44.85 की औसत और 200 के स्ट्राइक रेट से 314 रन बनाए थे। वे टूर्नामेंट के श्रेष्ठ स्कोरर थे। इसी प्रदर्शन के आधार पर अभिषेक को सितंबर महीने का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना गया।
अभिषेक ने इस पुरस्कार के दौर में अपनी टीम के साथी खिलाड़ी कुलदीप यादव और जिम्बाब्वे के बल्लेबाज ब्रायन बेनेट को पछाड़ा। आईसीसी द्वारा जारी एक बयान में अभिषेक ने गुरुवार को कहा, “पुरस्कार जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है और मुझे खुशी है कि यह पुरस्कार कुछ महत्वपूर्ण मैचों के लिए मिला है जिनमें मैं टीम को जीत दिलाने में मदद कर सका। मुझे उस टीम का हिस्सा होने पर गर्व है जो सबसे कठिन परिस्थितियों में भी जीत दिला सकती है।”
अभिषेक ने कहा, “टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में हमारा हालिया रिकॉर्ड हमारी उत्कृष्ट टीम संस्कृति और सकारात्मक सोच को दर्शाता है। मैं टीम प्रबंधन को उनके मार्गदर्शन के लिए और अपने सभी साथियों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। मैं उस पैनल का भी आभारी हूं जिसने मुझे इस पुरस्कार के लिए चुना।”
महिला श्रेणी में सितंबर महीने के लिए सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर का पुरस्कार स्मृति मंधाना को दिया गया। स्मृति ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू एकदिवसीय सीरीज में 58, 117, और 125 रनों की पारी खेली थी। मंधाना ने सीरीज में 77 की औसत और 135.68 के स्ट्राइक रेट से 308 रन बनाए थे। मंधाना ने इस पुरस्कार की रेस में दक्षिण अफ्रीका की तजमीन ब्रिट्स और पाकिस्तान की सिदरा अमीन को पछाड़ा।
मंधाना ने कहा, “सितंबर 2025 के लिए आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार पाकर मैं सचमुच सम्मानित महसूस कर रही हूं। इस तरह का सम्मान मुझे एक खिलाड़ी के रूप में आगे बढ़ने और विकसित होने के लिए प्रेरित करता है। यह सम्मान उस समर्थन, विश्वास और प्रयास को भी दर्शाता है जो हम एक टीम के रूप में सामूहिक रूप से एक साथ देते हैं। मेरा लक्ष्य हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना और टीम के लिए मैच जीतना रहा है। मैं उन अवसरों का पूरा लाभ उठाने के लिए उत्सुक हूं जिनसे आगे आने वाले मैचों में भारत को यादगार जीत मिलेगी।”




 


Feedback/Enquiry



Log In Your Account