ब्रेकिंग न्यूज

खेल

जसप्रीत बुमराह ने दिया हारिस रऊफ को ‘प्लेन क्रैश’ सेल‍िब्रेशन का जवाब, क्लीन बोल्ड मारने के बाद उड़ाया प्लेन

29-Sep-2025
नई दिल्ली।( शोर संदेश )  एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर 9वीं बार खिताब अपने नाम किया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुक़ाबले में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पाकिस्तानी गेंदबाज हारिस रऊफ को उनके 'प्लेन क्रैश' सेल‍िब्रेशन को लेकर करारा जवाब दिया।
भारत और पाकिस्तान के बीच सुपर 4 में खेले गए मुक़ाबले में फैंस कोहली-कोहली के नारे लगाकर हारिस रऊफ को छड़ने लगे। जवाब में रऊफ ने बाउंड्री पर 'प्लेन क्रैश' का इशारा किया। दरअसल पहलगाम हमले के बाद भारतीय और पाकिस्तानी सेना के बीच तनाव देखने को मिला था। इस दौरान पाकिस्तान ने दावा किया था कि उन्होंने भारतीय वायुसेना का एक प्लेन मार गिराया है। रऊफ इसी को लेकर इशारा कर रहे थे।
रऊफ की इस हरकत के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंटरनेशनल काउंसिल से शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद आईसीसी ने उनपर 30 प्रतिशत जुर्माना लगया था। फ़ाइनल मुक़ाबले में जसप्रीत बुमराह ने जब हारिस रऊफ को क्लीन बोल्ड किया तो मुस्कुराते हुए उन्होंने भी प्लेन क्रैश होने का इशारा किया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
 

सूर्यकुमार यादव ने चैंपियन बनने के बाद जीता सभी का दिल, पूरे एशिया कप की फीस भारतीय सेना के नाम किया

29-Sep-2025
नई दिल्ली। ( शोर संदेश )  भारतीय टीम ने एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। ये 9वीं बार है, जब टीम इंडिया एशिया कप चैंपियन बनी है। भारत की इस जीत के हीरो बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा रहे, जिन्होंने 53 गेंद पर नाबाद 69 रन की अहम पारी खेली। सबसे खास बात ये रही कि चैंपियन बनने के बाद भी भारत ने ट्रॉफी नहीं ली। इसके पीछे की वजह पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी थे, जिन्होंने एशिया कप के दौरान भारत विरोधी बयानबाजी की थी। मैच के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पूरे एशिया कप की अपनी फीस को भारतीय सेना को दान करने की घोषणा की है। उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर भी दी है।
एशिया कप में भारतीय टीम ने बल्ले और गेंद दोनों से अपनी पूरी बात रखी। टीम अजेय रही और एक ही टूर्नामेंट में पाकिस्तान को तीन बार हराकर एक अनोखा कारनामा किया। फाइनल एक कड़ा और दबाव भरा मुकाबला था, लेकिन भारत ने जीत हासिल कर ली। इसका अंत जश्न के साथ होना चाहिए था। लेकिन, इसके बाद जो दृश्य देखने को मिले, वे शांत, लगभग अजीब थे। खिलाड़ी मेडल लेकर तो चले गए, लेकिन ट्रॉफी नज़र नहीं आई। मैच के बाद शांति से खड़े सूर्यकुमार ने एक ऐसी बात कह दी, जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी।

PCB चीफ मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से भारतीय खिलाड़ियों ने किया इनकार

29-Sep-2025
दुबई। ( शोर संदेश ) भारतीय टीम ने बिना ट्रॉफी के ही जीत को सेलिब्रेट किया। कप्तान सूर्या ने ऐसा जेस्चर दिखाया मानों ट्रॉफी उनके हाथ में हो। साथी खिलाड़ियों ने भी इसी को असली ट्रॉफी मानकर जश्न मनाया।
भारत ने नौवीं बार एशिया कप का खिताब जीत लिया है। जीत के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। इस वजह से मेडल सेरेमनी शुरू होने में एक घंटे की देरी हुई।
नकवी के दबाव में भारतीय टीम को किसी अन्य ऑफिशियल से भी ट्रॉफी नहीं लेने दिया गया। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने बिना ट्रॉफी के ही सेलिब्रेट किया। इस बीच, नकवी ने ट्रॉफी ग्राउंड से बाहर भिजवा दी।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साथी खिलाड़ियों के सामने खाली हाथ ही ऐसा जेस्चर बनाया मानो वे ट्रॉफी लेकर आ रहे हों। बाकी खिलाड़ियों ने भी इसे ही असली ट्रॉफी मानकर सेलिब्रेट किया।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी (बाएं से तीसरे) इस बात पे अड़े थे कि वही चैंपियन टीम को ट्रॉफी देंगे। भारतीय टीम ने इनकार किया तो वे ट्रॉफी लेकर चले गए।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी (बाएं से तीसरे) इस बात पे अड़े थे कि वही चैंपियन टीम को ट्रॉफी देंगे। भारतीय टीम ने इनकार किया तो वे ट्रॉफी लेकर चले गए।
भारतीय कप्तान बोले- ऐसा पहली बार देखा
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से ट्रॉफी के बारे में सवाल पूछा गया। सूर्या ने कहा- 'जब मैं क्रिकेट खेल रहा हूं तब से पहली बार देखा कि चैंपियन टीम को ट्रॉफी नहीं दी गई। हमने बहुत मेहनत करके यह टूर्नामेंट जीता है। खैर कोई बात नहीं। भारतीय ड्रेसिंग रूम में अपने सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ होना ही मेरे लिए ट्रॉफी है।'
BCCI सचिव ने कहा ICC में नकवी की शिकायत करेंगे
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने ANI को बताया- हमने फैसला किया था कि भारतीय टीम पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के किसी अधिकारी से ट्रॉफी नहीं लेगी। PCB चीफ ही एशियन क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन हैं, लिहाजा हमारे खिलाड़ियों ने उनसे ट्रॉफी या मेडल स्वीकार नहीं किया।
इसका मतलब ये नहीं कि नकवी भारत की ट्रॉफी या मेडल पाकिस्तान ले जाने के हकदार हो जाएंगे। नवंबर में ICC की कॉन्फ्रेंस है। हम वहां नकवी की हरकत पर कड़ी आपत्ति जताएंगे। उम्मीद है कि हमारी ट्रॉफी हमें जल्द मिल जाएगी।
पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत में यह डिमांड तेज थी कि टीम इंडिया को एशिया कप में पाकिस्तान से नहीं खेलना चाहिए। भारतीय टीम ने मैच का तो बायकॉट नहीं किया, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में भारत के खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। टूर्नामेंट की शुरुआत में ही भारत ने यह भी तय कर लिया था कि अगर टीम चैंपियन बनती है तो किसी पाकिस्तानी ऑफिशियल से ट्रॉफी नहीं लेगी।
मैच के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने भारतीय टीम पर क्रिकेट का अनादर करने का आरोप लगाया। आगा ने कहा- हमसे हाथ न मिलाकर वे हमारा अपमान नहीं कर रहे। वे क्रिकेट का अपमान कर रहे हैं। उनका व्यवहार बहुत ही गलत था।


 

एशिया कप फाइनल : कप्तान सूर्या करेंगे दो बदलाव, ये हो सकती है IND-PAK की प्लेइंग 11

28-Sep-2025
दुबई/नई दिल्ली। एशिया कप 2025 के फाइनल में आज (28 सितंबर) भारतीय टीम का सामना पाकिस्तान से होना है. यह खिताबी मुकाबला दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से शुरू होगा. मौजूदा टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान के बीच तीसरी बार मुकाबला होने जा रहा है. 
ग्रुप मुकाबले में भारतीय टीम ने पड़ोसी मु्ल्क को 7 विकेट से धो दिया था. फिर सुपर-चार मैच में सूर्या ब्रिगेड ने पाकिस्तानी टीम पर 6 विकेट से धमाकेदार जीत हासिल की थी. अब भारतीय टीम पाकिस्तान को एक बार फिर परास्त करने के इरादे से दुबई के मैदान पर उतरेगी.
खिताबी मुकाबले में भारत-पाकिस्तान के प्लेइंग-11 पर भी फैन्स की निगाहें टिकी हैं. वैसे टॉस के बाद ही पता चल पाएगा कि दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन इस मुकाबले के लिए किस तरह का है. वैसे भारतीय टीम में दो बदलाव होने तय हैं. स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर शिवम दुबे इस मुकाबले में खेलते नजर आएंगे.
ये खिलाड़ी होंगे प्लेइंग 11 से बाहर
जसप्रीत बुमराह और शिवम दुबे को श्रीलंका के खिलाफ सुपर-चार मुकाबले के लिए आराम दिया गया था. जसप्रीत बुमराह-शिवम दुबे के प्लेइंग-11 का हिस्सा बनने की स्थिति में तेज गेंदबाजों हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह को भारतीय एकादश से बाहर रहना पड़ेगा. हर्षित और अर्शदीप श्रीलंका के खिलाफ इन दो धुरंधरों की जगह खेले थे. उधर अभिषेक शर्मा और हार्दिक पंड्या के प्लेइंग-11 में रहने की पूरी संभावना है. अभिषेक और हार्दिक को श्रीलंका के खिलाफ मैच में ऐंठन की समस्या हुई थी, लेकिन दोनों की इंजरी गंभीर नहीं है.
पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम 4 स्पेशलिस्ट बैटर, 1 विकेटकीपर, 2 बैटिंग ऑलराउंडर, 1 स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर, 2 विशेषज्ञ स्पिनर और एक स्पेशलिस्ट फास्ट बॉलर के साथ उतर सकती है. दूसरी ओर पाकिस्तानी टीम उसी कॉम्बिनेशन के साथ उतर सकती है, जिसने उसे बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में जीत दिलाई थी. पाकिस्तानी टीम की प्लेइंग-11 में बदलाव की संभावना नहीं दिखाई दे रही है.
एशिया कप 2025 में भारतीय टीम अब तक अजेय है और उसने जीत का सिक्सर लगा दिया है. बल्लेबाजी में भारत की सबसे बड़ी ताकत सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा हैं, जिन्होंने 204.63 के स्ट्राइक रेट से 309 रन बनाए हैं. उधर स्पिनर कुलदीप यादव गेंदबाजी में तुरुप का इक्का साबित हुए हैं. कुलदीप ने 6.04 की इकोनॉमी रेट से 13 विकेट अपने नाम किए हैं. भारतीय टीम की असली चिंता मिडिल ऑर्डर बैटर्स का प्रदर्शन है.
उधर पाकिस्तान का बैटिंग ऑर्डर बेहद कमजोर नजर आ रहा है. सिर्फ साहिबजादा फरहान थोड़ी लय में दिखे हैं. सैम अयूब ने तो 4 डक बनाए हैं और उनसे पाकिस्तान को खिताबी मुकाबले में बल्ले से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी. शाहीन आफरीदी और हारिस रऊफ का शुरुआती स्पेल मैच के लिहाज से निर्णायक हो सकता है. अगर अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने इन दोनों गेंदबाजों की क्लास लगा दी, तो फिर टीम इंडिया का काम आसान हो जाएगा.
फाइनल में भारत की संभावित प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह.
फाइनल पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग-11: साहिबजादा फरहान, फखर जमां, सैम अयूब, सलमान अली आगा (कप्तान), मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), हुसैन तलत, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन शाह आफरीदी, अबरार अहमद और हारिस रऊफ.

हमें पता है फाइनल में क्या...', जीत पर बरसाती मेंढक की तरह उछला पाक कप्तान, भारत को दे बैठा धमकी!

26-Sep-2025
नई दिल्ली। शोर संदेश एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 11 रन से हराया। जीत के साथ पाकिस्तान ने फाइनल का टिकट हासिल किया। 41 साल के टूर्नामेंट के इतिहास में यह पहली बार होगा जब भारत और पाकिस्तान एशिया कप के फाइनल में आमने-सामने होंगे। जीत की खुशी में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने बड़ा बयान दिया।
मैच प्रेजेंटेशन के दौरान सलमान से भारत-पाकिस्तान के फाइनल मुकाबले को लेकर सवाल पूछा गया। इस सलमान आगा ने कहा कि उन्हें और टीम को पता है कि फाइनल में क्या करना है। सलमान यहीं नहीं रूके। उन्होंने पिछली दो हार की खींझ निकालते हुए भारत को धमकी दे डाली।
शाहीन और रऊफ की तारीफ की
   सलमान आगा ने कहा, अगर आप इस तरह के मैच जीतते हो तो यह तय है कि यह आपका दिन था। शाहीन और हारिस ने जिस तरह की गेंदबाजी की, वह कमाल की थी। हारिस कमाल के प्लेयर हैं। वह निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हैं। हमें अपनी बल्लेबाजी पर काम करना होगा। फाइनल से पहले हम निश्चित रूप से उस पर काम करेंगे।
भारत को हराने की कही बात
    आगा ने आगे कहा, हम अपनी फील्डिंग पर पिछले तीन महीने से काफी काम कर रहे हैं। माइक हेसन ने साफ तौर पर कह दिया है कि अगर आप अच्छी फील्डिंग नहीं करेंगे तो टीम में आपको जगह नहीं मिलेगी। हमें पता है कि हमें फाइनल में क्या करना है। हम कोशिश करेंगे कि फाइनल में उनकी टीम को हराया जाए।
दो बार हार चुका है पाक
बता दें कि एशिया कप 2025 में ही भारत ने दो बार पाकिस्तान को दो बार पटखनी दे चुका है। इसका बदला पाकिस्तान हर हाल में लेना चाहेगा। वहीं, 1984 से आयोजित हो रहे टूर्नामेंट के इतिहास में यह पहली बार है कि भारत और पाकिस्तान की टीम एशिया कप के फाइनल में भिड़ेंगी।
135 का स्कोर किया डिफेंड
बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान की टीम ने जिस तरह की वापसी करते हुए इस मैच को जीता है। वह एक बड़े आत्मविश्वास के साथ फाइनल में पहुंचेंगे। बांग्लादेश की टीम ने इस मैच पहले 10 ओवर में ही काफी हद तक अपनी तरफ झुका लिया था लेकिन खराब फील्डिंग और गलत शॉट चयन ने उन्हें मैच में पीछे कर दिया। पाकिस्तान ने 135 का स्कोर डिफेंड कर दिया।
 

पीएम मोदी ने किया वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 का शुभारंभ, भारत की सबसे बड़ी पैरास्पोर्ट्स मेज़बानी

26-Sep-2025
नई दिल्ली। शोर संदेश भारतीय खेलों के ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इंडियनऑयल नई दिल्ली 2025 विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेज़बानी दुनिया के सामने भारत को एक “खेलप्रेमी और समावेशी” राष्ट्र के रूप में स्थापित करेगी। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह गुरुवार शाम को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुआ।
करीब 2,200 प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “बाधाओं को तोड़ते हुए और नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए, पारा एथलीट्स ने भारत की पहचान को एक उभरते स्पोर्टिंग हब के रूप में मजबूत किया है और लाखों लोगों को खेल को जीवनशैली के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया है।”
भारत एशिया का चौथा देश (कतर 2015, यूएई 2019 और जापान 2024 के बाद) है जिसने वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेज़बानी की है। यह आयोजन पैरालंपिक समिति ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा, “खेल लोगों को जोड़ने और धर्म, क्षेत्र व राष्ट्रीयता की सीमाओं से परे ले जाने का माध्यम है। आज की दुनिया में खेल की यह एकजुट करने वाली शक्ति और भी महत्वपूर्ण है। मुझे विश्वास है कि WPAC प्रतिभागियों और दर्शकों पर भी यही प्रभाव डालेगा।”
रंगारंग उद्घाटन समारोह में केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, केंद्रीय राज्यमंत्री रक्षा खडसे, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सांसद कंगना रनौत, दिल्ली के शिक्षा मंत्री अश्विनी सूद और वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स के प्रमुख पॉल फिट्ज़गेराल्ड समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।
WPAC पहली बार जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के नए बने मोंडो ट्रैक पर आयोजित होगा। यह ट्रैक, जो नीले रंग के शेड में है और पेरिस पैरालंपिक 2024 में इस्तेमाल हुआ था, 29 अगस्त (राष्ट्रीय खेल दिवस) को डॉ. मांडविया ने उद्घाटन किया था। उन्होंने गुरुवार को स्टेडियम परिसर में मोंडो वॉर्म-अप ट्रैक और एक मल्टी-स्पेशियलिटी जिम्नेज़ियम भी खोला, जहाँ एक साथ 200 से अधिक एथलीट अभ्यास कर सकते हैं।
डॉ. मांडविया ने WPAC को औपचारिक रूप से उद्घोषित करते हुए कहा, “यह प्रतियोगिता भारत के लिए गर्व, प्रगति और उद्देश्य का प्रतीक है। हमारे पास अब तक का सबसे बड़ा पैरा दल है – 74 खिलाड़ी, जो दर्शाता है कि देश में पैरा स्पोर्ट्स कितनी गहराई से जड़ें जमा चुका है। हमारे स्टार खिलाड़ी सुमित अंतिल, प्रीति पाल, दीप्ति जीवनजी, धरमबीर नैण और प्रवीण कुमार घरेलू मैदान पर प्रतिस्पर्धा करेंगे।”
WPAC की प्रतियोगिताएँ 27 सितम्बर से शुरू होंगी, जिनमें 186 स्वर्ण पदकों के लिए मुकाबले होंगे। वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स प्रमुख पॉल फिट्ज़गेराल्ड ने कहा, “दर्शक और वैश्विक स्तर पर लोग एथलीट्स की अद्भुत क्षमता, गति और शक्ति का अनुभव करेंगे। हाँ, कई विश्व रिकॉर्ड टूटेंगे, कई विश्व चैंपियन बनेंगे, लेकिन हर खिलाड़ी अपने सपने पूरे नहीं कर पाएगा। जीत और हार दोनों के अनुभव होंगे, और हम सबको उन भावनाओं का हिस्सा बनना चाहिए।”
भारत इस आयोजन के ज़रिये नियमित रूप से वैश्विक खेल आयोजनों की मेज़बानी और बड़े मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट्स आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। डॉ. मांडविया ने कहा, “हम कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की योजना में आगे बढ़ रहे हैं और 2036 में ओलंपिक गेम्स की मेज़बानी की ओर देख रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने कहा है कि खेल सिर्फ चैंपियंस ही नहीं बनाता, बल्कि शांति, प्रगति और वेलनेस को भी बढ़ावा देता है।”
उन्होंने कहा कि WPAC क्षमता निर्माण को भी मज़बूत करेगा। “हम सुलभ स्थान, बेहतर सपोर्ट सिस्टम और समान अवसरों पर आधारित नई सोच को आगे छोड़ेंगे। यही असली विरासत होगी जो पदक वितरण के बाद भी कायम रहेगी।”
भारत के शीर्ष पैरा खिलाड़ी, जिनमें कई पैरालंपिक मेडलिस्ट और वर्ल्ड चैंपियन शामिल हैं, घरेलू मैदान पर खेलने को लेकर उत्साहित हैं। कोबे (जापान) में भारत ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था, 17 पदक (6 स्वर्ण, 5 रजत, 6 कांस्य) जीतकर 6वें स्थान पर रहा। पेरिस 2023 संस्करण में भारत ने 10 पदक (3 स्वर्ण, 4 रजत, 3 कांस्य) जीते थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने पैरा एथलीट्स की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा, “पैरा खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दृढ़ता और संकल्प का नया अर्थ गढ़ा है। उनकी उपलब्धियों ने यह विश्वास जगाया है कि कोई भी चुनौती असंभव नहीं है।”

अभिषेक शर्मा बने टी20 के नए रिकॉर्ड मैन, युवराज सिंह को छोड़ा पीछे

26-Sep-2025
नई दिल्ली शोर संदेश भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और हर मैच में नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। अभिषेक ने दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में सिर्फ 25 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। यह उनके अंतर्राष्ट्रीय टी20 करियर का पांचवां मौका था, जब उन्होंने 25 या उससे कम गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। इसी के साथ उन्होंने युवराज सिंह को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने यह उपलब्धि चार बार हासिल की थी।
इस सूची में भारत के लिए सबसे आगे सूर्यकुमार यादव हैं, जिन्होंने 25 या उससे कम गेंदों पर 7 अर्धशतक लगाए हैं। दूसरे स्थान पर पूर्व कप्तान रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने यह कारनामा 6 बार किया है। अब अभिषेक शर्मा 5 अर्धशतकों के साथ तीसरे स्थान पर आ गए हैं और उनका अगला निशाना रोहित शर्मा का रिकॉर्ड हो सकता है। बांग्लादेश के खिलाफ इस मैच में अभिषेक ने 37 गेंदों पर 75 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 5 छक्के और 6 चौके शामिल थे। हालांकि, वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट होकर पवेलियन लौटे।
जुलाई 2024 में टी20 अंतर्राष्ट्रीय करियर की शुरुआत करने वाले अभिषेक शर्मा ने अब तक 22 मैचों की 21 पारियों में 783 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 4 अर्धशतक और 2 शतक निकल चुके हैं। उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 135 रन है, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज का टी20 में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। फिलहाल उन्होंने वनडे और टेस्ट फॉर्मेट में डेब्यू नहीं किया है, लेकिन उनकी धमाकेदार बल्लेबाजी को देखकर माना जा रहा है कि जल्द ही उन्हें वनडे टीम में मौका मिल सकता है।

खेल और शिक्षा दोनों में प्रतिभाओं को मिलेगा पूरा सहयोग : राज्यपाल

25-Sep-2025
रायपुर ( शोर संदेश )। राज्यपाल रमेन डेका ने बु्धवार को भोरमदेव मंदिर परिसर में कबीरधाम जिले के प्रतिभाशाली एवं मेधावी विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों से उनके सपनों, लक्ष्य और उपलब्धियों के बारे में जानकारी ली और उन्हें मार्गदर्शन दिया।
प्रयास स्टेट टॉपर प्रियंका मेरावी, कक्षा 10वीं की टॉपर भूमिका साहू, पीवीटीजी वर्ग के टॉपर पतिराम तथा खो-खो की नेशनल खिलाड़ी अनुराधा मरकाम ने राज्यपाल से अपने विचार एवं आकांक्षाएं साझा कीं।
पीवीटीजी टॉपर पतिराम ने राज्यपाल को बताया कि वे भविष्य में शिक्षक बनना चाहते हैं। इस पर राज्यपाल डेका ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ कौशल का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए बनाए गए विशेष प्रावधानों की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि बच्चों की प्रगति के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। खो-खो नेशनल खिलाड़ी अनुराधा मरकाम ने बताया कि वह कक्षा 11वीं में अध्ययनरत हैं। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना चाहती हैं। राज्यपाल ने प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेलों का बहुत व्यापक दायरा है, मेहनत और लगन से सफलता निश्चित मिलेगी।
दसवीं टॉपर भूमिका साहू ने अपने लक्ष्य के बारे में बताया कि वे भविष्य में प्रोफेसर बनकर पढ़ाई को रोचक और आनंदमय तरीके से विद्यार्थियों तक पहुँचाना चाहती हैं। राज्यपाल ने उनकी सोच की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास शिक्षा को बोझ नहीं, बल्कि आनंदमय अनुभव बनाते हैं। राज्यपाल ने प्रयास टॉपर प्रियंका मेरावी से भी संवाद कर उनके संकल्प को जाना और सभी विद्यार्थियों से उनके परिवार और जीवन के अनुभवों के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातियों को प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। आप सबकी सफलता समाज के लिए प्रेरणा बनेगी।
राज्यपाल ने सभी विद्यार्थियों से उनके परिवार, संघर्ष और सपनों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। बच्चों की बातें सुनकर उन्होंने कहा कि ये सभी विद्यार्थी समाज में प्रेरणास्रोत बनेंगे और इनके प्रयासों से अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की राह मिलेगी। निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और अनुशासन के बल पर जीवन में कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। राज्यपाल ने बच्चों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत और अनुशासन को मूलमंत्र बताया।
इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, कलेक्टर गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र कुमार छवई, डीएफओ निखिल अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओं अजय कुमार त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।

एशिया कप : सुपर-4 में खाता खोलने उतरेंगी पाकिस्तान-श्रीलंका की टीमें

23-Sep-2025
नई दिल्ली। पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-4 मुकाबले में शिकस्त झेलने के बाद पाकिस्तानी टीम मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ उतरेगी। यह मुकाबला आबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेला जाना है।
अपने पिछले मुकाबले में पाकिस्तानी टीम ने 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 171 रन बनाए। इसके जवाब में टीम इंडिया ने 18.5 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। श्रीलंकाई टीम ने ग्रुप चरण में यहां दोनों मैच जीते थे।
इस मुकाबले में पाकिस्तानी टीम को साहिबजादा फरहान और फखर जमान से काफी उम्मीदें होंगी। फरहान भारत के खिलाफ पिछले मुकाबले में अर्धशतक जमा चुके हैं। वहीं, गेंदबाजी में इस टीम को मोहम्मद नवाज और अबरार अहमद से उम्मीदें हैं।
दूसरी ओर, श्रीलंकाई खेमा बल्लेबाजी में पथुम निसांका और कुसल मेंडिस पर निर्भर करता है। गेंदबाजी में इस टीम को दुष्मंथा चमीरा और नुवान तुषारा से उम्मीदें हैं।आबू धाबी का शेख जायद स्टेडियम संयुक्त अरब अमीरात में सबसे ज्यादा स्कोर वाले मैदानों में से एक है। हालांकि, स्लोअर बॉलर्स भी कभी-कभी यहां कामयाब हो सकते हैं।
आबू धाबी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की उम्मीद है। मुकाबले के दौरान बारिश की आशंका नहीं है।दोनों देशों के बीच साल 2007 से अब तक 23 मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान पाकिस्तान ने 13 मैच अपने नाम किए, जबकि श्रीलंकाई टीम ने 10 मुकाबले जीते।
श्रीलंका की टीम 
पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कामिल मिशारा, कुसल परेरा, चरिथ असलांका (कप्तान), दासुन शनाका, कामिंडु मेंडिस, वानिंदु हसरंगा, डुनिथ वेललेज, दुष्मंथा चमीरा, नुवान तुषारा, नुवानिदु फर्नांडो, बिनुरा फर्नांडो, चमिका करुणारत्ने, जेनिथ लियानगे, मथीशा पथिराना, महीश थीक्षाना।
पाकिस्तान की टीम  
सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, फखर जमान, सलमान आगा (कप्तान), हुसैन तलत, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ, अबरार अहमद, हसन अली, मोहम्मद वसीम जूनियर, सलमान मिर्जा, सुफियान मुकीम, खुशदिल शाह, हसन नवाज। 

श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा ‘वर्चुअल एलिमिनेटर’, हारने वाली टीम होगी टूर्नामेंट से बाहर

22-Sep-2025
नई दिल्ली ( शोर संदेश )। एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान को भारतीय के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। यह हार पाकिस्तान के लिए एक झटका जरूर है, लेकिन उनकी फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। अब पाकिस्तान का अगला और अहम मुकाबला 23 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ होने वाला है, जिसे जीतना उनके लिए 'करो या मरो' की स्थिति बन गया है।

यह मुक़ाबला श्रीलंका और पाकिस्तान दोनों के लिए 'वर्चुअल एलिमिनेटर' जैसा होगा। जो भी टीम यह मुक़ाबला हारेगी वह एशिया कप 2025 से बाहर हो जाएगी। श्रीलंका को सुपर 4 के पहले मुक़ाबले में बांग्लादेश से हार का सामना करना पड़ा है। दोनों टीमों के लिए इस मैच में जीत न केवल उनकी फाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखेगी, बल्कि उनके नेट रन रेट को सुधारने का मौका भी देगी। श्रीलंका की टीम भी इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में है, और उनके पास मजबूत बल्लेबाजी और गेंदबाजी लाइन-अप है। ऐसे में पाकिस्तान को अपने पूरे दमखम के साथ उतरना होगा।

पाकिस्तानी कप्तान को इस मैच में अपनी रणनीति पर विशेष ध्यान देना होगा। बल्लेबाजी में शीर्ष क्रम को बड़े स्कोर बनाने होंगे, जबकि गेंदबाजों को श्रीलंका के प्रमुख बल्लेबाजों को जल्दी आउट करने की जरूरत होगी। फील्डिंग में भी सुधार जरूरी है, क्योंकि भारत के खिलाफ कुछ कैच छूटने का खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा।

एशिया कप 2025 के फाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को न केवल श्रीलंका के खिलाफ जीत हासिल करनी होगी, बल्कि बांग्लादेश को हराने के साथ-साथ अन्य सुपर-4 मुकाबलों के परिणामों पर भी नजर रखनी होगी। नेट रन रेट इस टूर्नामेंट में एक बड़ा फैक्टर बन सकता है, और पाकिस्तान को बड़े अंतर से जीत हासिल करने की कोशिश करनी होगी।

 



Feedback/Enquiry



Log In Your Account