ब्रेकिंग न्यूज

खेल

चक्रधर समारोह-2025 : अबूझमाड़ का मलखम्ब दल बिखेरेगा कौशल और संस्कृति की छटा

25-Aug-2025
रायपुर।  ( शोर संदेश ) छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने वाले अबूझमाड़ के मनोज प्रसाद के नेतृत्व वाला मलखम्ब दल आगामी 03 सितंबर को आयोजित होने वाले 40वें चक्रधर समारोह में अपनी विशेष प्रस्तुति देगा। यह दल अपनी अद्वितीय कला, अनुशासन और कौशल के माध्यम से मलखम्ब की परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगा। अबूझमाड़ का यह दल केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे भारत का गौरव बन चुका है। वर्ष 2023 में इस दल ने देश के लोकप्रिय रियलिटी शो इंडियाज गॉट टैलेंट में प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति अर्जित की थी। उनके संतुलित और कौशलपूर्ण प्रदर्शन ने न केवल दर्शकों, बल्कि निर्णायकों को भी प्रभावित किया।
सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ इस दल ने खेल जगत में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वर्ष 2023 में भूटान में आयोजित विश्व मलखम्ब चौंपियनशिप में दल के खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक अर्जित किया। इसके अलावा खेलो इंडिया गेम्स सहित विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की हैं। सुदूर वनांचल अबूझमाड़ से निकलकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों तक का यह सफर केवल प्रतिभा ही नहीं, बल्कि कठिन परिश्रम, समर्पण और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। चक्रधर समारोह 2025 में इस दल की प्रस्तुति न केवल दर्शकों के लिए मनोरंजक अनुभव होगी, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि का अद्वितीय परिचय भी प्रस्तुत करेगी।
मलखम्ब भारत का पारंपरिक खेल है, जिसमें खिलाड़ी ऊर्ध्वाधर खंभे या रस्सी पर योगासन और जिम्नास्टिक की मुद्राएं प्रस्तुत करते हैं। यह खेल शारीरिक शक्ति, संतुलन और लचीलेपन का उत्कृष्ट प्रदर्शन है। मलखम्ब शब्द ‘मल्ल’ (पहलवान) और ‘खम्भ’ (स्तंभ) से मिलकर बना है। इसकी उत्पत्ति महाराष्ट्र में हुई और यह योग तथा कुश्ती के संयोजन से विकसित हुआ।
 

संभाग स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता में सुकमा के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन

23-Aug-2025
सुकमा।  ( शोर संदेश ) जिले के खिलाड़ियों ने एक बार फिर खेल मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जिला शिक्षा अधिकारी  जी.आर. मंडावी व सहायक खेल अधिकारी कमल कौसरिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार 25वीं संभाग स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 21 अगस्त 2025 को हॉकी स्टेडियम पंडरीपानी, जगदलपुर में किया गया।
इस प्रतियोगिता में सुकमा जिले से सेजेस छिंदगढ़ की पीटीआई श्रीमती योगिता नायक हॉकी कोच के नेतृत्व में 10 खिलाड़ियों की टीम ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने खेल मैदान पर दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों व निर्णायकों की सराहना प्राप्त की।
प्रतिस्पर्धा के उपरांत सुकमा जिले के कुल 7 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए किया गया। यह उपलब्धि जिले के खेल इतिहास में एक गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ती है।
कलेक्टर  देवेश कुमार ध्रुव एवं जिला शिक्षा अधिकारी  जीआर मंडावी ने खिलाड़ियों की इस सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल जिले के लिए गर्व की बात है, बल्कि आने वाले समय में अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा ताकि वे राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें और प्रदेश का नाम रोशन करें।






















 

पीकेएल सीज़न 12 : दबंग दिल्ली की कमान फिर आशु मलिक के हाथों में

22-Aug-2025
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के सीज़न 12 में दबंग दिल्ली केसी एक बार फिर नई ऊर्जा के साथ उतरने को तैयार है। टीम ने पिछले सीज़न की तरह इस बार भी युवा रेडर आशु मलिक को कप्तान बनाए रखने की घोषणा की है। आशु सीज़न 11 में टॉप स्कोरर थे।
सिर्फ 22 साल की उम्र में ही आशु ने लगातार शानदार प्रदर्शन और परिपक्व नेतृत्व क्षमता दिखाई है। दिल्ली की टीम पिछले छह सीज़नों से लगातार प्लेऑफ़ तक पहुंची है और इस बार भी आशु की अगुवाई में खिताब जीतने की उम्मीद कर रही है।
टीम के सीईओ प्रशांत मिश्रा ने कहा, “यह सीज़न हमारे लिए बेहद अहम है। लगातार छह बार प्लेऑफ़ तक पहुंचने के बाद अब हमारा लक्ष्य खिताब जीतना है। इसके लिए मजबूत नेतृत्व की जरूरत होती है और आशु ने खुद को इस भूमिका के लिए साबित किया है। हमें पूरा विश्वास है कि वह टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।”
मुख्य कोच जोगिंदर नरवाल ने भी आशु पर भरोसा जताते हुए कहा,“आशु मलिक ने पिछले सीज़न में लगातार टीम को आगे बढ़ाया और एक अच्छे लीडर के रूप में खुद को स्थापित किया। इस बार हमारा लक्ष्य सिर्फ प्लेऑफ़ तक सीमित नहीं है बल्कि चैंपियनशिप जीतना है।”
दबंग दिल्ली केसी अपना पहला मुकाबला 2 सितंबर को बेंगलुरु बुल्स के खिलाफ खेलेगी। आशु मलिक की कप्तानी में टीम इस सीज़न में नई ऊर्जा और जीत के जज्बे के साथ मैदान में उतरेगी।

 

दिल्ली प्रीमियर लीग: न्यू दिल्ली टाइगर्स की धमाकेदार जीत, नॉर्थ स्ट्राइकर्स 8 विकेट से पराजित

20-Aug-2025
नई दिल्ली,।  ( शोर संदेश ) न्यू दिल्ली टाइगर्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के मुकाबले में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को 8 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टाइगर्स ने गेंद और बल्ले दोनों से दमदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्ट्राइकर्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने शुरुआती 12 ओवरों में ही 54/6 का स्कोर बना लिया। हालांकि, वैभव कंडपाल (45 रन, 32 गेंद) और अर्जुन रापरिया (29 रन, 24 गेंद) ने सातवें विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला। इसके बावजूद टीम 20 ओवरों में 124/9 तक ही पहुंच सकी।
टाइगर्स के लिए गेंदबाजी में यशजीत चमके, जिन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट झटके। पंकज जसवाल (2/28) और प्रद्युमन सानन (2/22) ने भी अहम योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए टाइगर्स की शुरुआत डगमगाई और शिवम गुप्ता पहली ही गेंद पर आउट हो गए। लेकिन इसके बाद कप्तान हिम्मत सिंह (46 रन, 25 गेंद) और लक्ष्य थरेजा (42 रन, 31 गेंद) ने 78 रन जोड़कर मैच को टीम की ओर मोड़ दिया। अंत में लक्ष्य और वैभव रावल (27 रन, 22 गेंद) की नाबाद जोड़ी ने 47 रनों की साझेदारी कर 17वें ओवर में टीम को जीत दिला दी।
इस जीत के साथ न्यू दिल्ली टाइगर्स ने अपने दमदार इरादे जाहिर कर दिए हैं और टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है।

 


पाकिस्तान ने एशिया कप और त्रिकोणीय सीरीज के लिए 17 सदस्यीय टीम का ऐलान किया

18-Aug-2025
नई दिल्ली।  शोर संदेश )  पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने रविवार को आगामी त्रिकोणीय सीरीज और एशिया कप 2025 के लिए 17 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को जगह नहीं मिली है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अनुसार सलमान अली आगा त्रिकोणीय श्रृंखला और उसके बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में खेले जाने वाले एशिया कप के लिए पाकिस्तानी टीम का नेतृत्व करेंगे। पाकिस्तान की 17 सदस्यीय टीम में फखर जमान, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ, हसन अली और फहीम अशरफ जैसे प्रमुख खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। सैम अयूब, हसन नवाज और मोहम्मद हारिस जैसे युवा खिलाड़ियों को भी टीम में जगह मिली है।
पाकिस्तान की टीम पहले 29 अगस्त से 7 सितम्बर के बीच यूएई और अफगानिस्तान के साथ त्रिकोणीय श्रृंखला में भाग लेगी। इसके बाद टीम 9 से 28 सितंबर के बीच होने वाले एशिया कप 2025 में खेलेगी। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा।
पाकिस्तान की टीमसलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमान, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन शाह अफरीदी और सुफयान मोकिम।
ट्राई सीरीज शेड्यूल (सभी मैच शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में)
29 अगस्त- अफगानिस्तान बनाम पाकिस्तान
30 अगस्त- यूएई बनाम पाकिस्तान
1 सितंबर- यूएई बनाम अफगानिस्तान
2 सितंबर- पाकिस्तान बनाम अफगानिस्तान
4 सितंबर- पाकिस्तान बनाम यूएई
5 सितंबर- अफगानिस्तान बनाम यूएई
7 सितंबर- फाइनल
















 

भारतीय ए महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहली जीत दर्ज की

14-Aug-2025
 ब्रिसबेन।  शोर संदेश )  भारतीय ए महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अपनी पहली जीत दर्ज की है। उसने बुधवार को इयान हीली ओवल में खेले गए पहले वनडे मैच में ताहलिया मैकग्राथ की ऑस्ट्रेलिया ए की टीम को तीन विकेट से हरा दिया।
यह जीत भारत ए के लिए खास रही, क्योंकि इससे पहले टीम तीनों टी20 मैच हार चुकी थी। 215 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ए ने 42 ओवर में यह लक्ष्य हासिल कर लिया। यास्तिका भाटिया ने 59 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि शैफाली वर्मा (36) और धारा गुज्जर (31) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। राघवी बिष्ट 25 रन बनाकर नाबाद रहीं और मध्य ओवरों में ऑस्ट्रेलिया ए के वापसी के प्रयास को नाकाम करते हुए भारत को जीत दिलाई।
इससे पहले भारत ए की कप्तान राधा यादव ने तीन विकेट लिए, जबकि तितास साधु और मिन्नू मणि ने दो-दो विकेट चटकाए। ऑस्ट्रेलिया ए की टीम 214 रनों पर ढेर हो गई। अनिका लियरोयड 92 रन बनाकर नाबाद रहीं, लेकिन उनके साथी रन बनाने में नाकाम रहे। रेचल ट्रेनमैन (51) ने मुख्य सहयोग दिया, लेकिन वह रन आउट हो गईं। दोनों टीमें अब 15 और 17 अगस्त को इसी मैदान पर दो और वनडे मैच खेलेंगी। इसके बाद 21 अगस्त से एलन बॉर्डर फील्ड में एक अनौपचारिक चार दिवसीय टेस्ट मैच होगा।
 

वर्ष 2027 तक भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम के कोच बने खालिद जमील

14-Aug-2025
नई दिल्ली।  शोर संदेश ) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने बुधवार को खालिद जमील को भारतीय सीनियर पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया। जमील का कार्यकाल दो साल का होगा। जिसमें एक और वर्ष के लिए विस्तार का विकल्प भी शामिल है।
जमील पूर्णकालिक आधार पर राष्ट्रीय टीम के साथ काम करेंगे और 15 अगस्त को बेंगलुरु के द्रविड़-पादुकोण सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस में अपना पहला प्रशिक्षण शिविर शुरू करेंगे। संभावित खिलाड़ियों की सूची जल्द ही घोषित की जाएगी। उनका पहला टूर्नामेंट नेशंस कप होगा, जहां भारत ग्रुप बी में मेज़बान ताजिकिस्तान (29 अगस्त), ईरान (1 सितंबर) और अफ़ग़ानिस्तान (4 सितंबर) से भिड़ेगा। अक्टूबर में, ब्लू टाइगर्स सिंगापुर के खिलाफ दो महत्वपूर्ण एएफसी एशियन कप 2027 क्वालीफायर (9 और 14 अक्टूबर) खेलेंगे।
अपनी नियुक्ति पर जमील, जो 2012 में सावियो मेडेइरा के बाद यह भूमिका निभाने वाले पहले भारतीय हैं, ने कहा, मुझे हमारी राष्ट्रीय टीम का नेतृत्व करने का दायित्व मिलने पर बहुत गर्व है। वर्षों से भारतीय खिलाड़ियों के साथ मेरे अनुभव ने मुझे उनकी ताकत और कमजोरियों के बारे में बहुमूल्य जानकारी दी है, जो हमारी तैयारियों का मार्गदर्शन करेगी।
48 वर्षीय इस खिलाड़ी ने जमशेदपुर एफसी, नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी, आइजोल एफसी, ईस्ट बंगाल एफसी, मोहन बागान एसी और मुंबई एफसी सहित कई आई-लीग और आईएसएल क्लबों का प्रबंधन किया है। उन्होंने 2016-17 में आइजोल एफसी को आई-लीग खिताब दिलाया था।
15 मैच खेल चुके पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय मिड फ़ील्डर जमील ने 1997 के सैफ चैंपियनशिप में पदार्पण किया और 2002 फीफा विश्व कप क्वालीफायर और 2001 मर्डेका टूर्नामेंट में भारतीय टीम का हिस्सा रहे। क्लब स्तर पर, उन्होंने नेशनल फुटबॉल लीग, दो फेडरेशन कप और महिंद्रा यूनाइटेड के साथ दो आईएफए शील्ड जीते।

मेरे आइडल रोहित शर्मा हैं : संजू सैमसन

11-Aug-2025
नई दिल्ली (शोर संदेश)। आईपीएल का अगला सीजन साल 2026 में खेला जाना है, लेकिन उससे पहले अभी से ही अगले सीजन की चर्चा हर तरफ देखने को मिल रही है। इसका सबसे बड़ा कारण संजू सैमसन हैं जो पिछले काफी सीजन से राजस्थान रॉयल्स टीम का हिस्सा हैं। सैमसन को लेकर ऐसी खबरें सामने आ रही हैं जिसमें वह अगले सीजन में किसी और टीम से खेलते हुए दिख सकते हैं, हालांकि इसको लेकर अभी तक कुछ भी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आया है। वहीं संजू सैमसन हाल में ही टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन के साथ कुट्टी स्टोरीज विद ऐश में आए थे, जिसमें सैमसन ने कई सवालों के जवाब दिए और इसमें उन्होंने अपने ऑल टाइम क्रिकेटिंग आइडल के बारे में भी खुलासा किया।

संजू सैमसन ने धोनी नहीं इस भारतीय खिलाड़ी का लिया नाम

एक विकेटकीपर होने के नाते सभी को उम्मीद थी कि संजू सैमसन के ऑल टाइम क्रिकेटिंग आइडल एमएस धोनी होंगे लेकिन उन्होंने जब जवाब दिया तो सभी हैरान भी रह गए। संजू सैमसन से जब अश्विन ने अपने शो में उनके क्रिकेटिंग आइडल के बारे में पूछा तो सैमसन ने जवाब में कहा कि यह काफी बड़ा सवाल है, मेरे आइडल रोहित शर्मा हैं। बता दें कि रोहित शर्मा के टी20 इंटरनेशनल से रिटायरमेंट लेने के बाद संजू सैमसन को ओपनिंग में लगातार उसके बाद से खेलने का मौका मिला है और उन्होंने खुद को उस पोजीशन पर अब तक साबित भी किया है।

इस खिलाड़ी को खेलते हुए देखकर उत्साहित होते हैं सैमसन

अश्विन के साथ कुट्टी स्टोरीज विद ऐश में जब संजू सैमसन से पूछा गया कि वह मौजूदा समय में किसी एक ऐसे खिलाड़ी का नाम बताएं जिसे खेलते हुए देखकर वह काफी उत्साहित हो जाते हैं। संजू सैमसन ने इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल 2025 में डेब्यू करने वाले सिर्फ 14 साल के बाएं हाथ के खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी का नाम लिया। बता दें कि वैभव ने जबसे आईपीएल के जरिए सभी को अपनी प्रतिभा से परिचित कराया है उसके बाद से वह पूरे वर्ल्ड क्रिकेट में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
 

वेस्ट दिल्ली लायंस ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ को 8 विकेट से हराया, अंकित कुमार और कृष यादव की धमाकेदार साझेदारी

07-Aug-2025
नई दिल्ली  शोर संदेश )  अरुण जेटली स्टेडियम में मंगलवार रात खेले गए दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2025 के दूसरे सीज़न के मुकाबले में वेस्ट दिल्ली लायंस ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के हीरो रहे सलामी बल्लेबाज़ अंकित कुमार और विकेटकीपर-बल्लेबाज़ कृष यादव, जिन्होंने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
186 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट दिल्ली लायंस की टीम की शुरुआत बेहद धमाकेदार रही। अंकित और कृष ने पहले विकेट के लिए मात्र 14 ओवरों में 158 रनों की तूफानी साझेदारी की, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। कृष यादव ने 42 गेंदों पर 67 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें शानदार स्ट्रोक्स और तेज़ रनिंग शामिल रही।
वहीं, अंकित कुमार दुर्भाग्यवश शतक से चूक गए और 46 गेंदों में 96 रनों की तूफानी पारी खेलकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 11 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के शामिल थे।
इससे पहले, साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए अच्छी शुरुआत की। ओपनर कुनवर बिधूड़ी (27 गेंदों में 42 रन) और सुमित माथुर (29 गेंदों में 33 रन) ने पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़े। कप्तान आयुष बडोनी ने भी 25 गेंदों में 48 रनों की अहम पारी खेली।
हालांकि, मिडल ओवर्स के बाद सुपरस्टार्ज़ की पारी बिखर गई और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। अंततः टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 185 रन ही बना सकी। वेस्ट दिल्ली लायंस के गेंदबाज़ों ने डेथ ओवर्स में शानदार गेंदबाज़ी की। अनिरुद्ध चौधरी ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं, मनन भारद्वाज ने 2/23 और हृतिक शौकीन ने 1/16 का योगदान दिया।



 

स्मृति मंधाना बनीं वनडे रैंकिंग में नंबर-1 बैटर: 5 साल बाद फिर से हासिल किया शीर्ष स्थान

17-Jun-2025

नई दिल्ली,। भारतीय क्रिकेट की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ताज़ा विमेंस वनडे बैटर्स रैंकिंग में मंधाना ने पहला स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ट और इंग्लैंड की नैटली सिवर ब्रंट को पीछे छोड़ते हुए 727 रेटिंग पॉइंट्स के साथ टॉप पर कब्जा जमाया है।

मंधाना ने करीब 5 साल बाद वनडे रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है। पिछली बार वे साल 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज़ के बाद नंबर-1 बनी थीं। इस बार ICC की ताज़ा रैंकिंग में उन्होंने एक स्थान की छलांग लगाई, जबकि सिवर-ब्रंट और वोल्वार्ट 719 पॉइंट्स के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।
 
टीम इंडिया की स्थिति
 
टॉप-10 वनडे बैटर रैंकिंग में मंधाना के अलावा भारत की कोई अन्य खिलाड़ी शामिल नहीं है।
जेमिमा रोड्रिग्ज 15वें और कप्तान हरमनप्रीत कौर 16वें स्थान पर हैं।
टी-20 बैटर रैंकिंग में भी मंधाना ही भारत की इकलौती टॉप-10 खिलाड़ी हैं। वे चौथे स्थान पर हैं, जबकि टॉप-3 में ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी, वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज, और ऑस्ट्रेलिया की ताहलिया मैक्ग्रा हैं।
 
गेंदबाज़ और ऑलराउंडर रैंकिंग
वनडे की टॉप-10 बॉलर्स रैंकिंग में दीप्ति शर्मा चौथे स्थान पर कायम हैं।
इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टन, ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर और मेगन शट शीर्ष तीन में हैं।
भारत की रेणुका सिंह वनडे बॉलर्स में 24वें स्थान पर हैं, जबकि टी-20 रैंकिंग में वे 5वें नंबर पर हैं।
दीप्ति शर्मा टी-20 बॉलर्स में दूसरे स्थान पर हैं और ऑलराउंडर रैंकिंग में भी उनका दबदबा बरकरार है।
वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में दीप्ति चौथे स्थान पर हैं, जबकि शीर्ष पर ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर हैं।
टी-20 ऑलराउंडर रैंकिंग में वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज पहले, दीप्ति तीसरे स्थान पर हैं।

 



Feedback/Enquiry



Log In Your Account