ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

दिवाली से पहले ही दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति 'गंभीर'

28-Oct-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश ) दिल्ली-एनसीआर की हवा मेें प्रदूषण का स्तर बढ़ता जा रहा है. दिल्लीवालों को आने वाले हफ्ते में वायु गुणवत्ता के मामले में चिंताजनक स्थिति का सामना करना पड़ सकता है. पूर्वानुमान से संकेत मिलता है कि 28 अक्टूबर से 30 अक्टूबर, 2024 तक दिल्ली में हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में रहेगी. पटाखे और पराली जलाने जैसे कारक स्थिति को और खराब कर सकते हैं. जिससे 30 अक्टूबर तक प्रदूषण का स्तर 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच सकता है. मुश्किल ये भी है, वर्तमान मौसम संबंधी परिस्थितियां प्रदूषकों को दिल्ली से दूर ले जाने के लिए अनुकूल भी नहीं हैं, जिसके परिणामस्वरूप शहर में स्थिर हवा हानिकारक कणों को टिकाए रखती है. आईआईटीएम, पुणे द्वारा किए गए पूर्वानुमान ने अगले 6 दिनों के लिए प्रदूषण का पूर्वानुमान जारी किया गया है.
हवाओं के साथ रहेगा स्मॉग
इस अवधि के दौरान, दक्षिण-पूर्व से आने वाली प्रमुख सतही हवाओं की गति 28 अक्टूबर को 8 किमी प्रति घंटे रहने की उम्मीद है, जो धीरे-धीरे 30 अक्टूबर तक 6 से 12 किमी प्रति घंटे के बीच हो जाएगी. इन हवाओं के साथ सुबह स्मॉग भी रहेगा लेकिन आसमान साफ रहेगा, जिससे प्रदूषण के स्तर को कम करने में बहुत कम मदद मिलेगी.
हवाओं की धीमी गति और दिशा, साथ ही सुबह के समय धुंध का बनना, रात भर जमा होने वाले प्रदूषकों के प्रभावी फैलाव में बाधा डालता है. अगले कुछ दिनों में 1500 से 1550 मीटर तक की अधिकतम मिश्रण गहराई का पूर्वानुमान लगाया गया है. साथ ही लगातार कम वेंटिलेशन इंडेक्स भी प्रदूषण फैलाने वाले कारकों को कम करने के लिए प्रतिकूल परिस्थितियों का संकेत देता है. वेंटिलेशन इंडेक्स, जो 30 अक्टूबर तक 2800 m²/s तक कम हो जाएगा, फैलाव में अनुकूल परिस्थितियों के लिए आवश्यक सीमा से नीचे है, जो वायु गुणवत्ता को कम करने के लिए बाहरी हस्तक्षेप की आवश्यकता को उजागर करता है.
पॉल्यूशन से बचने के लिए करें ये उपाय
सरकारी एजेंसियां की ओर से दिल्ली वालों को सलाह दी जाती है कि वे खराब वायु गुणवत्ता के लंबे समय तक संपर्क से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों से बचने के लिए एहतियाती उपाय करें, जैसे कि बाहरी गतिविधियों को सीमित करना और घर के अंदर एयर प्यूरीफायर का उपयोग करना शामिल है.

जम्मू-कश्मीर के अखनूर में सेना की गाड़ी पर गोलीबारी, जवानों ने चलाया सर्च ऑपरेशन

28-Oct-2024
जम्मू।  ( शोर संदेश ) जम्मू-कश्मीर के अखनूर में सोमवार को आतंकवादियों ने सेना की गाड़ी पर गोलीबारी कर दी। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू जिले के जोगवान इलाके में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास की यह घटना है। बताया जा रहा है कि आर्मी के एम्बुलेंस को निशाना बनाया गया है। सैन्य अधिकारी ने कहा कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। सतर्क जवानों ने टेरर अटैक को नाकाम कर दिया। साथ ही, इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। लोगों से पूछताछ के आधार पर और जानकारी जुटाई जा रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के साथ लगती सीमा के समीप अखनूर सेक्टर में 3 आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली है। सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि खौर के भट्टल इलाके में आसन मंदिर के पास ग्रामीणों ने भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी दी थी। सीमा पर स्थित गांव से जब सेना की एक एम्बुलेंस गुजरी तो वहां गोलियों की आवाज भी सुनी गई। सैन्य कर्मियों के साथ पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी। ऐसी आशंका है कि ये आतंकवादी सीमा पार से घुसपैठ कर आए हैं।
पिछले 2 हफ्ते में 7 आतंकी हमले
बीते 2 हफ्ते में जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमलों में 12 लोगों की जान चली गई है। इस तरह, विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद केंद्र शासित प्रदेश में शांति भंग हो गई है। हाल के दिनों में जम्मू-कश्मीर में 7 आतंकी हमले हुए हैं। इनमें 24 अक्टूबर की शाम को गुलमर्ग में अटैक भी शामिल है, जिसमें 4 लोगों की जान चली गई थी। गांदरबल जिले के गगनगीर में 20 अक्टूबर को आतंकवादी हमला हुआ था। इसमें एक स्थानीय डॉक्टर और बिहार के 2 मजदूरों सहित 7 लोगों की जान चली गई थी। कश्मीर में स्थानीय युवकों के आतंकवादी समूहों में शामिल होने की गुप्त प्रवृत्ति ने चिंता पैदा कर दी है। अब जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं।
आतंकियों के खिलाफ ऐक्शन जारी
इस बीच, जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में हथियार, गोला-बारूद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री के साथ आतंकवादियों के सहयोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कहा कि हंदवाड़ा पुलिस ने सेना की 22 आरआर (राष्ट्रीय राइफल्स) और सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) 92 बटालियान (बीएन) के साथ मिलकर ऐक्शन लिया। यूनिसू में तलाशी के दौरान आतंकवादियों के एक सहयोगी को पकड़ा। आरोपी की पहचान उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के लट्टी शार्ट सोपोर निवासी इश्फाक मजीद डार के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक पिस्तौल, 2 मैगजीन, 12 राउंड और कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। हंदवाड़ा थाने में धारा 13, 23 यूएलएपी, 7/25 आईए अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

भारत-चीन सीमा विवाद पर बनी सहमति, लेकिन चुनौतियां भी साथ; कितना भरोसेमंद ड्रैगन

25-Oct-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर स्थिति सुधारने की दिशा में हालिया सहमति महत्वपूर्ण कदम है, खासकर गलवान घाटी संघर्ष के बाद से दोनों देशों के रिश्तों में आई खटास को देखते हुए। इस सहमति का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने रूस के कजान में BRICS बैठक के दौरान द्विपक्षीय वार्ता की।
हालांकि, चीन पर भरोसा करने में सावधानी बरतने की आवश्यकता है। पीएम मोदी ने अप्रैल 2024 में कहा था कि सीमाओं पर चल रही स्थिति का समाधान आवश्यक है, जबकि चीनी विदेश मंत्रालय ने इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सीमा विवाद के बीच अन्य मुद्दों के समाधान की उम्मीद जताई। भारत और चीन के बीच गश्ती अधिकारों पर सहमति, विशेषकर डेपसांग मैदान और डेमचोक क्षेत्र में स्थिति में सुधार की उम्मीद जगाती है।
हालांकि, दोनों देशों के बीच ब्रीफिंग में अंतर स्पष्ट है। भारत ने यह कहना जारी रखा कि जब तक सीमा विवाद का समाधान नहीं होता तब तक चीन के साथ सामान्य व्यापार नहीं हो सकता। यह स्थिति दर्शाती है कि सीमा विवाद अभी भी द्विपक्षीय संबंधों में एक संवेदनशील मुद्दा बना हुआ है।
सतर्कता जरूरी
पीएम मोदी और शी जिनपिंग की बैठक के बाद कुछ भिन्नताएं उभरकर सामने आईं। भारत की तरफ से की गई ब्रीफिंग में कहा गया कि पीएम ने 2020 में भारत-चीन सीमा क्षेत्रों में उत्पन्न समस्याओं के पूर्ण समाधान के लिए हाल के समझौते का स्वागत किया।" वहीं, चीनी बयान में केवल इतना कहा गया कि दोनों नेताओं ने सीमा क्षेत्रों में संबंधित मुद्दों के समाधान पर महत्वपूर्ण प्रगति की।
समझौते की रूपरेखा
दोनों देशों ने डेपसांग मैदान और डेमचोक क्षेत्र में एक-दूसरे को गश्ती अधिकार बहाल करने पर सहमति व्यक्त की है। ये ऐसे क्षेत्र हैं जहां समस्याएं 2020 के चीनी आक्रमण से पहले की हैं। इसका मतलब है कि भारतीय सैनिक गश्ती बिंदु (PP) 10 से 13 तक डेपसांग मैदान में और डेमचोक के चार्डिंग नाले में गश्ती कर सकते हैं।
 

महाराष्ट्र चुनाव के लिए देवेंद्र फडणवीस का नामांकन, नागपुर दक्षिण-पश्चिम से ठोकेंगे ताल

25-Oct-2024
मुंबई।  ( शोर संदेश )  महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती जा रही है। महायुति और महा विकास अघाड़ी दोनों ही गठबंधन अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। साथ ही, सीट बंटवारे और उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राज्य के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के सीनियर नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महायुति ने 288 विधानसभा सीटों में से 278 पर उम्मीदवारों के टिकट तय कर लिए हैं। शेष 10 सीटों पर अगले कुछ दिनों में फैसला कर लिया जाएगा। महायुति में भाजपा, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल है। अब तक भाजपा ने 99, शिवसेना ने 40 और एनसीपी ने 38 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है।

कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को 48 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। इसमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टिवार और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं। कांग्रेस की इस पहली सूची में 25 विधायकों पर एक बार फिर से विश्वास जताया गया है। वहीं, शरद पवार गुट के गुट वाले एनसीपी ने 45 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की। इसके मुताबिक, युगेंद्र पवार राज्य के उपमुख्यमंत्री व अपने चाचा अजीत पवार के खिलाफ बारामती निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। युगेंद्र पवार के अलावा जयंत पाटिल इस्लामपुर से और अनिल देशमुख कटोल से चुनाव लड़ेंगे।
 

ओडिशा में 'दाना' ने तबाही मचाना किया शुरू, 400 उड़ानें और 750 ट्रेनें रद

25-Oct-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  उत्तर बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात दाना ओडिशा के तट से टकरा गया है। तूफान की वजह से ओडिशा में कई स्थानों पर भारी बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को सहमा दिया है। कई जगहों पर पेड़ उखड़ने की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मुताबिक चक्रवात 'दाना' के पहुंचने की प्रक्रिया 24 और 25 अक्टूबर की मध्य रात्रि में शुरू हुई है। यह शुक्रवार की सुबह तक जारी रहने की उम्मीद है। आईएमडी के मुताबिक तूफान पारादीप (ओडिशा) से लगभग 50 किमी पूर्व-उत्तरपूर्व, धामरा (ओडिशा) से 40 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व और सागर द्वीप (पश्चिम बंगाल) से 160 किमी दक्षिण-पश्चिम में स्थित है।
ओडिशा में 385 बचाव दलों को तैनात किया गया है। 20 एनडीआरएफ, 51 ओडीआरएएफ, 220 अग्निशमन दल और 95 ओडिशा वन विकास निगम दल भी तैनात हैं।
60 ब्लॉक, 2131 गांव, 12 शहरी स्थानीय निकाय और विभिन्न शहरी स्थानीय निकायों के 55 वार्ड के लोगों को निकाला गया है। 4756 चक्रवात राहत केंद्र चालू हैं। 6454 पालतू पशुओं को राहत केंद्रों में लाया गया है। वहीं 213 चिकित्सा दल को भी तैनात किया गया है। 120 पशु चिकित्सा दल भी तैनात हैं।
ओडिशा में अभी तक तीन लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। 7000 से अधिक शिविर स्थापित किए गए हैं। 2,300 से अधिक गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। इस बीच ओडिशा के भद्रक में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने लगीं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हुगली और 24 परगना समेत पूरे दक्षिण बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। यहां अगले 48 घंटों में भारी बारिश की संभावना है। एनडीआरएफ के उप महानिरीक्षक मोहसेन शाहेदी ने बताया कि ओडिशा में 20 टीमें और पश्चिम बंगाल में 17 टीमों को तैनात किया गया है।
कोलकाता बंदरगाह को बंद किया गया है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी जारी की गई है। बंगाल में राज्य आपदा प्रबंधन बल की 13 बटालियनों को तैनात किया गया है।

 


मोदी-जिनपिंग मुलाकात से एलएसी पर बदले हालात, देपसांग और डेमचोक में डिसइंगेजमेंट शुरू

25-Oct-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर तनाव कम होता दिख रहा है. पीएम नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच कूटनीतिक मुलाकात के साथ, देपसांग और डेमचोक में डिसइंगेजमेंट की प्रक्रिया शुरू हो गई है. यह कदम भारत-चीन के बीच बनी सहमति और LAC एग्रीमेंट का नतीजा है, जिसका ऐलान 21 अक्टूबर को विदेश सचिव विक्रम मिश्री द्वारा किया गया था. जिसकी विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी पुष्टि की थी.
22 अक्टूबर को हुई महत्वपूर्ण बैठक
इसके बाद 22 अक्टूबर को स्थानीय सैन्य कमांडरों के बीच LAC एग्रीमेंट और डिसेंगेजमेंट को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई. उसके बाद 23 अक्टूबर को दोनों देशों के बीच पांच साल के अंतराल के बाद ब्रिक्स सम्मेलन के साइडलाइन में राष्ट्रध्यक्ष लेबल बातचीत का रास्ता साफ हो गया. उसके बाद ब्रिक्स के साइडलाइन मेंरूस के कजान शहर में पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की द्विपक्षीय वार्ता हुई. इस वार्ता के साथ ही देपसांग और डेमचोक में डिसइंगेजमेंट की प्रक्रिया को अमली जामा पहनाया शुरू हो गया, जिसमें दोनों पक्षों ने अपने सैनिकों को पीछे हटाना शुरू कर दिया.
इसके साथ ही देपसांग में चीनी सेना द्वारा बनाए गए अस्थायी शेल्टर्स को हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. चीनी सैनिक अपनी गाड़ियों और शेल्टर्स को हटाकर वापस लौटते दिख रहे हैं. बता दें कि चीनी सैनिकों ने इस इलाके में गाड़ियों पर तिरपाल तानकर टेंट बना लिए थे. वहीं, भारतीय सेना ने भी अपनी तैनाती को धीरे-धीरे कम करना शुरू कर दिया है. डिसइंगेजमेंट पूरी तरह सफल होने के बाद, इस क्षेत्र में पेट्रोलिंग को फिर से शुरू किया जाएगा. सूत्रों के मुताबिक इसमें हफ्ते भर का समय लग सकता है.
यही नहीं इस एग्रीमेंट के बाद डेमचोक में चार्डिंग नाले के पास दोनों पक्षों की ओर से बनाए गए टेंट भी हटा लिए गए हैं. साथ ही, गुरुवार को अस्थायी ढांचों को भी तोड़ने का काम भी शुरू हो गया. यहां चीनी सैनिकों द्वारा बनाए गए पत्थरों के ढांचों को हटाया जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, दर्जन भर टेंट और पत्थर के ढांचों को डिस्मेंटल किया जा रहा है.
इस इलाके में चार्डिंग नाले के एक साइड भारतीय और दूसरी साइड चीनी सैनिक तैनात हैं. डेमचोक में पश्चिम साइड भारतीय हिस्से में चीनी सैनिकों ने टेंट बना लिए थे, जिसे अब हटाया जा रहा है. बता दें कि इस क्षेत्र से दोनों देशों की सेनाएं अपनी तैनाती को कम करते हुए पीछे लौट रही हैं, जिससे हालात सामान्य होने की उम्मीद है. भारत और चीन के बीच चल रही यह डिसइंगेजमेंट प्रक्रिया दोनों देशों के बीच तनाव को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे सीमा पर स्थिरता आने की संभावना है.
 

बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान ने छोड़ा कांग्रेस का 'हाथ', एनसीपी में शामिल होते ही मिला टिकट

25-Oct-2024
मुंबई।   ( शोर संदेश )  महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. दरअसल, दिवंगत बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी ने कांग्रेस छोड़कर एनसीपी का दामन थाम लिया. पार्टी में शामिल होते हैं अजित पवार ने उन्हें टिकट भी दे दिया. बता दें कि बाबा सिद्दीकी ने भी लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था और अजित पवार वाली एनसीपी में शामिल हो गए थे. इससे पहले वह दो बार कांग्रेस से विधायक रहे, लेकिन इसी साल उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी और अब उनके बेटे ने भी कांग्रेस छोड़ दी.
एनसीपी ने बांद्रा से दिया जीशान को टिकट
बता दें कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित गुट) में शामिल होते हैं जीशान सिद्दीकी को पार्टी ने टिकट भी दे दिया. उन्हें उन्हीं के पुराने विधानसभा क्षेत्र बांद्रा पूर्व से एनसीपी ने चुनावी मैदान में उतारा है. बता दें कि जीशान सिद्दीकी फिलहाल कांग्रेस विधायक हैं, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया था.  एनसीपी अजित पवार गुट ने जीशान सिद्दीकी के साथ महाराष्ट्र सरकार में पूर्व मंत्री रहे नवाब मलिक की बेटी सना मलिक को भी चुनावी मैदान में उतारा है.

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 7 शूटर्स गिरफ्तार, हरियाणा में करने वाले थे मर्डर, कारतूस और 6 पिस्टल बरामद

25-Oct-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ दिल्ली पुलिस लगातार शिकंजा कस रही हैं. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को गैंग के सात शूटर्स को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है. यह लोग हरियाणा में एक मर्डर की वारदात को अंजाम देने वाले थे. हालांकि स्पेशल सेल ने समय रहते ही इनके मंसूबों को नाकाम कर दिया गया. आरोपियों के पास से पुलिस ने काफी संख्या में हथियारों की भी बरामदगी की है. 
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल लगातार गैंगस्टरों के खिलाफ काम कर रही है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ ही अन्य गैंग पर भी शिकंजा कसा जा रहा है. बिश्नोई गैंग के खिलाफ भी देश भर में कार्रवाई कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, बाबा सिद्दीकी मर्डर के बारे में भी दिल्ली पुलिस पूछताछ में जुटी है. 
6 सेमीऑटोमेटिक पिस्टल बरामद
पुलिस के मुताबिक, सभी शूटर्स को पंजाब और दूसरे राज्यों से गिरफ्तार किया गया है. यह हरियाणा में एक मर्डर करने वाले थे. साथ ही आरोपियों के निशाने पर और भी लोग थे. 
स्पेशल सेल के डीसीपी प्रमोद कुशवाहा ने कहा कि आरोपिायें के पास से 6 सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, 26 कारतूस, मोटरसाइकिल और जीपीएस ट्रैकिंग डिवाइस मिले हैं. 
कुशवाहा ने बताया कि इन शूटर्स को आरजू बिश्नोई नाम का शख्स इंस्ट्रक्शन दे रहा था. उन्होंने कहा कि आरजू बिश्नोई के अनमोल बिश्नोई के साथ लिंक मिले हैं. उन्होंने बताया कि इन शूटर्स को राजस्थान के गंगानगर में एक बाहुबली सुनील पहलवान की हत्या करनी थी. 
23 अक्टूबर को पहली गिरफ्तारी 
उन्होंने बताया कि इस मामले में दिल्ली के आईएसबीटी से 23 अक्टूबर को पहली गिरफ्तारी हुई थी. उसके बाद गंगानगर से सुखराम की और उसके बाद बादल, अमर, साहिल और प्रमोद को गिरफ्तार किया गया है.आरोपियों को पंजाब, हरियाणा, राजस्थान ओर दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है. 
उन्होंने बताया कि आरोपी कई बार टारगेट की गाड़ी में जीपीएस डिवाइस लगा देते थे, जिसके जरिये आरोपियों के लिए उस शख्स को निशाना बनाना आसान होता है. आरोपी टारगेट को ऐसी जगह पर निशाना बनाते थे, जहां ऐसा करना सबसे आसान होता है. 
अनमोल बिश्नोई पर 10 लाख का इनाम 
उधर, एनआईए ने जेल में बंद कुख्यात अपराधी लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई के बारे में सूचना देकर उसे गिरफ्तार कराने पर 10 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है.

पॉल्यूशन कंट्रोल के लिए 65 शहरों में चलेगी एक लाख ई-बसें

24-Oct-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) डीजल और पेट्रोल वाहनों की भरमार से शहरों में बढ़ते प्रदूषण के कारण नारकीय होते जीवन को सुधारने के लिए मोदी सरकार बड़ी योजना चलाने जा रही है। देश के दस लाख से ज्यादा आबादी वाले 65 शहरों में एक लाख ई-बसें चलाने की तैयारी है। भारत शहरी मेगा बस मिशन योजना पर तेजी से कार्य चल रहा है। नए साल (2025) में 1.75 लाख करोड़ की लागत से यह योजना लॉन्च हो जाएगी। यह नई योजना मोदी सरकार की पिछले साल पीपीपी मॉडल पर शुरू हुई। पीएम ई-बस सेवा का ही विस्तार है। पीएम ई-बस योजना में तीन लाख आबादी वाले शहरों को 10 हजार ई-बसों से लैस करने की तैयारी थी।
प्रदूषण नियंत्रण में होगा कारगर
यह योजना कई लक्ष्यों को साधने के लिए चलाई जाएगी। एक लक्ष्य तो शहरों को प्रदूषण से निजात दिलाना है, दूसरे लोगों को निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक परिवहन की तरफ आकर्षित करना है। केंद्र सरकार की कोशिश 2030 तक मोटर चालित यात्राओं में 60 प्रतिशत और गैर मोटर चालित यात्राओं में सार्वजनिक परिवहन को कम से कम 50 प्रतिशत बढ़ाने का है। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय शहरों में 56 प्रतिशत से अधिक यात्राएं पांच किमी से कम लंबाई की होती हैं।
पांच साल तक चलेगी योजना
आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, इस योजना पर 2025-30 तक कार्य होगा। कुल 1.75 लाख करोड़ में से 80,000 करोड़ रुपए बसों के संचालन पर खर्च होंगे और 45,000 करोड़ रुपए की लागत से बस स्टॉप सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। कम दूरी की यात्रा पैदल या साइकिल से तय करने के लिए योजना के तहत कुल पांच हजार किमी फुटपाथ और साइकिल ट्रैक बनाया जाना है।
 

यूपी उपचुनाव को लेकर बीजेपी ने जारी की लिस्ट

24-Oct-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) उत्तर प्रदेश की 9 सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है. बीजेपी ने अपनी पहली लिस्ट में कुल सात उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है. जिन सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई है उनमें कुंदरकी, गाजियाबाद, खैर, करहल, फूलपुर, कटेहरी और मझवां सीट शामिल हैं. बीजेपी ने कुंदरकी सीट से रामवीर सिंह ठाकुर को, गाजियाबाद से संजीव शर्मा, खैर से सुरेंद्र दिलेर, करहल से अनुजेश यादव, फूलपुर से दीपक पटेल, कटेहरी से धर्मराज निषाद और मझवां से सुचिस्मिता मौर्य को मैदान में उतारा है.
बीजेपी ने कटेहरी और मझवां से उम्मीदवार उतारकर डॉ. संजय निषाद को झटका दिया है. जिन दो सीटों पर अभी उम्मीदवारों का नाम होना बचा है वो हैं मीरापुर और सीसामऊ. सूत्रों के अनुसार बीजेपी मीरापुर की सीट आरएलडी को देगी जबकि सीसामऊ पर उसे अभी अपने उम्मीदवार का नाम तय करना है. 
एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच है सीधा मुकाबला
उत्तर प्रदेश के उपचुनाव में इस बार सीधा मुकाबाल एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच है. दोनों ही गठबंधन के लिए ये चुनाव अपने आप को और मजबूत करने का जरिया है. यही वजह है कि दोनों ही गठबंधन को उम्मीदवारों का नाम तय करने से पहले कई राउंड की बैठक करनी पड़ी है. बीजेपी ने गुरुवार को अपनी पहली लिस्ट में 9 सीटों में से सात पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. कहा जा रहा है कि बीजेपी एक सीट अपने सहयोगी आरएलडी को देगी. हालांकि, इसका ऐलान होना अभी बांकी है.

 



Feedback/Enquiry



Log In Your Account