ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

एनसीपी ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, अजित पवार बारामती से लड़ेंगे चुनाव

23-Oct-2024
मुंबई।   ( शोर संदेश )  महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए कैंडिडेट के नामों का ऐलान जारी है। सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी सुप्रीमो और महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री अजित पवार बारामती से चुनाव लड़ेंगे। आपको बता दें कि अभी तक भाजपा, एनसीपी और शिवसेना के बीच सीट बंटवारे को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। हालांकि आपसी समझ से तीनो दल उम्मीदवारों की घोषणा कर रही है।
एनसीपी की पहली लिस्ट में 38 उम्मीदवार शामिल हैं। धनंजय मुंडे को परली से, दिलीप वलसे पाटिल को अंबेगांव से, आशुतोष काले को कोपरगांव से उम्मीदवार बनाया गया है।
कल जॉइनिंग, आज टिकट
राजकुमार बडोले कल एनसीपी में शामिल हुए। आज उनकी उम्मीदवारी की घोषणा की गई। राजेश विटेकर की मां निर्मला विटेकर को भी टिकट मिला है। प्रकाश सोलंके ने अपने बेटे के लिए टिकट की मांग की थी, लेकिन एनसीपी ने उन्हें ही उम्मीदवार बनाया है। हीरामन खोसकर और सुलभा खोडके कांग्रेस से एनसीपी में शामिल हुए और पार्टी ने उनकी उम्मीदवारी की घोषणा कर दी है। कलवा मुंब्रा सीट से अजित पवार की पार्टी जीतेंद्र अवाद के खिलाफ मुस्लिम चेहरे के रूप में नजीम मुल्ला को कैंडिडेट बनाया है।

प्रियंका गांधी पहली बार चुनावी मैदान में, वायनाड से भरा पर्चा

23-Oct-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केरल के वायनाड से नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है. इस दौरान प्रियंका के साथ उनकी मां सोनिया गांधी, भाई राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी रहे. पर्चा भरने के वक्त प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटा भी साथ थे. इससे पहले प्रियंका ने रोड शो और जनसभा को संबोधित किया था.
जनसभा में प्रियंका ने कहा कि पहली बार मैं खुद के लिए प्रचार कर रही हूं. उन्होंने कहा कि मेरे भाई ने नफरत के खिलाफ यात्रा की. जनता विश्वास का प्रतीक है. वायनाड के साथ हर हाल में खड़ी हूं. नई यात्रा में जनता मेरी मार्गदर्शक है. मैंने अपनी मां भाई और मेरे बहुत सारे साथियों के लिए कैम्पैन किया. पिछले 35 सालों से मैं अलग-अलग चुनावों के लिए प्रचार कर रही हूं. यह पहली बार है जब मैं आपसे अपने समर्थन की मांग कर रही हूं. यह एक बहुत ही अलग एहसास है.

रोड शो में राहुल और प्रियंका
प्रियंका के नामांकन पत्र दाखिल करने के बहाने कांग्रेस यहां पर अपना दम भी दिखा रही है. कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के वरिष्ठ नेता प्रियंका के प्रति समर्थन दिखाने के लिए वायनाड में मौजूद रहे.
प्रियंका गांधी ने नामांकन पत्र पर किया साइन
उनका मुकाबला वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के सत्यन मोकेरी और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की नव्या हरिदास से है. राहुल गांधी ने वायनाड और रायबरेली सीट से लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी और बाद में उन्होंने वायनाड सीट छोड़ दी थी जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव होना है.
प्रियंका पहली बार बनेंगी सांसद!
वायनाड से निर्वाचित होने पर प्रियंका पहली बार किसी सदन की सदस्य बनेंगी. वह 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले सक्रिय राजनीति में उतरी थीं. उसके बाद से वह पार्टी महासचिव की जिम्मेदारी निभा रही हैं. लोकसभा चुनाव के कुछ दिनों बाद जून में कांग्रेस ने घोषणा की थी कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में रायबरेली संसदीय क्षेत्र रखेंगे और केरल की वायनाड सीट खाली कर देंगे, जहां से उनकी बहन प्रियंका गांधी चुनावी पारी की शुरुआत करेंगी.

निर्वाचित होने पर प्रियंका गांधी पहली बार सांसद बनेंगी तथा यह भी पहली बार होगा कि गांधी परिवार के तीन सदस्य – सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका एक साथ संसद में होंगे. वायनाड संसदीय सीट और 47 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 13 नवंबर को झारखंड विधानसभा के पहले चरण के मतदान के साथ होगा. मतगणना 23 नवंबर को होगी.
प्रियंका की नव्या हरिदास से टक्कर
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की प्रत्याशी नव्या हरिदास अपने सियासी अनुभव के बूते प्रियंका गांधी को चुनौती देंगी. सिंगापुर और नीदरलैंड में काम करके अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल कर चुकीं हरिदास एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं जो एक दशक तक कोझिकोड में एक पार्षद के रूप में भी काम कर चुकी हैं.

जिंदा मां को मरा बताकर क्लेम किए 80 लाख रुपये, ऐसे खुला पूरा मामला

23-Oct-2024
आगरा।  ( शोर संदेश ) आगरा के हरीपर्वत थाना क्षेत्र के निवासी एक युवक ने अपनी मां के निजी कंपनी में दो बीमा कराए थे। बेटा नोमिनी था। 6 साल तक किस्त का भुगतान किया। इसके बाद बेटे ने मां का मृत्यु प्रमाणपत्र लगाकर कंपनी में बीमा के 80 लाख रुपये लेने के लिए क्लेम किया। कंपनी के सर्वेयर ने जांच की तो महिला जीवित मिली। मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस की शाखा संजय प्लेस के प्रबंधक अमित मेहरोत्रा ने मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि रामनगर निवासी अमित अग्रवाल ने 23 जनवरी 2017 और 24 जनवरी 2018 को मां गिरजेश अग्रवाल के नाम से 30 लाख और 50 लाख रुपये की बीमा पालिसी ली थीं। जिसमें अमित खुद नोमिनी बना। किस्त भी समय से जमा कीं।
16 जून 2023 को बेटे ने मां का मृत्यु प्रमाणपत्र लगाकर कंपनी में बीमा की रकम के लिए क्लेम किया। कहा कि मां गिरजेश की 14 मई 2023 को मौत हो गई। सर्वेयर की जांच में मां गिरजेश जीवित मिली। इस समय वह दूसरे बेटे के साथ रहती है। पुलिस ने बताया कि शिकायत और साक्ष्य के आधार पर अमित अग्रवाल और उनकी मां गिरजेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।

30 उड़ानों में फिर बम की धमकी, तीन उड़ानों की करानी पड़ी इमर्जेंसी लैंडिंग

23-Oct-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश )  इंडिगो, विस्तारा और एयर इंडिया की 30 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में सोमवार रात फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकियों के बाद जेद्दा जाने वाली इंडिगो की तीन उड़ानों को सऊदी अरब और कतर के हवाई अड्डों पर भेजा गया। एक सप्ताह में भारतीय एयरलाइंस की ओर से संचालित 120 से अधिक उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने कहा, धमकियां भले ही फर्जी हैं, लेकिन हम इन्हें हल्के में नहीं ले सकते। ऐसी धमकी देने वालों के लिए कड़ी सजा सुनिश्चित करने के लिए विमान सुरक्षा नियमों में बदलाव किया जाएगा।
सीआरपीएफ के स्कूलों को भी धमकी
दिल्ली में सीआरपीएफ स्कूल के पास बम विस्फोट के बाद ईमेल के जरिए देश के अन्य राज्यों में सीआरपीएफ स्कलों में बम विस्फोट की धमकी दी गई है। इनमें दो स्कूल दिल्ली और एक हैदराबाद में बताया गया है। माना जा रहा है कि यह ईमेल किसी ने दहशत फैलाने के लिए किया है। उधर दिल्ली बम धमाके को लेकर अभी तक सुरक्षा एजेंसियां कुछ ठोस जानकारी हासिल नहीं कर पाईं।

मथुरा में मोहन भागवत और सीएम योगी के बीच अहम मुलाकात, ढाई घंटे तक हुई बातचीत

23-Oct-2024
लखनऊ।  ( शोर संदेश )   उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार शाम को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत से मुलाकात की. दोनों प्रमुख नेताओं के बीच ये अहम मुलाकात मथुरा के गौतम कुटीर में हुई. इसके अलावा सीएम योगी ने सप्त कुटीर में आरएसएस महासचिव दत्तात्रेय होसबोले से भी मुलाकात की. इस दौरान सीएम योगी करीब ढाई घंटे तक सप्त कुटीर में रुके. 
संघ प्रवक्ता के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ और मोहन भागवत के बीच कुछ राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की. इसके अलावा उन्होंने गौतम कुटीर के मुद्दों के बारे में भी बातचीत की, जहां पर भागवत ठहरे हुए हैं. 
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, आरएसएस के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले आदित्यनाथ ने महासचिव दत्तात्रेय होसबले से भी मुलाकात की और सप्त कुटीर में ढाई घंटे से अधिक समय तक रहे. आरएसएस की इस दो दिवसीय बैठक के दौरान संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी कई समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी और भविष्य की योजनाएं तैयार होंगी. 
मथुरा के परखम गांव में होगी राष्ट्रीय बैठक
संगठन द्वारा 10 अक्टूबर को अपनी वेबसाइट पर अपलोड किए गए एक बयान के अनुसार, मंदिर शहर के पास परखम गांव में होने वाली इस बैठक में "संगठनात्मक लक्ष्यों" पर भी चर्चा की जाएगी, जिन्हें अगले साल तक हासिल किया जाना है, जब आरएसएस अपनी स्थापना के 100 साल पूरे करेगा.  
25-26 अक्टूबर को होगी आरएसएस की बैठक
आरएसएस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुनील आंबेकर ने एक बयान में कहा कि इस साल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक 25 और 26 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ब्रज प्रांत में मथुरा के पास परखम गांव में होने जा रही है.  
उन्होंने कहा कि आरएसएस की 46 प्रांतीय इकाइयों के सभी प्रमुखों, महासचिवों और 'प्रचारकों' के बैठक में भाग लेने की उम्मीद है. आंबेकर ने बताया कि इस बैठक में आरएसएस प्रमुख भागवत, महासचिव दत्तात्रेय होसबले, सभी संयुक्त महासचिव और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अन्य सदस्य मौजूद रहेंगे.

यूपी में दिवाली से पहले योगी सरकार का तोहफा, कर्मचारियों को मिलेगा बोनस

23-Oct-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने दिवाली से पहले अपने कर्मचारियों को बड़ा तोहफा देने का ऐलान किया है. योगी सरकार ने ऐलान किया है कि दिवाली के मौके पर पूर्णकालिक अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों, राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, स्थानीय निकायों, जिला पंचायतों और राजकीय विभागों के कार्य प्रभारित अधिष्ठान के कर्मचारियों व दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को बोनस दिया जाएगा. इसे लेकर सीएम योगी के आधिकारिक एक्स हैंडल से एक पोस्ट भी किया है. 
यूपी सरकार ने सीएम योगी के एक्स हैंडल से बोनस दिए जाने का ऐलान किया. उन्होंने इस पोस्ट में लिखा कि UPCM @myogiadityanath ने प्रदेश के समस्त पूर्णकालिक अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों, राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, स्थानीय निकायों, जिला पंचायतों और राजकीय विभागों के कार्य प्रभारित अधिष्ठान के कर्मचारियों तथा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को वर्ष 2023-2024 के लिए बोनस प्रदान करने का सहर्ष निर्णय लिया है.

यूपी उपचुनाव के लिए कांग्रेस को मनाने में जुटी सपा, अब 3 सीटें का ऑफर

23-Oct-2024
उत्तर प्रदेश में विधानसभा उपचुनावों में सीट के बंटवारे पर अभी तक समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच आम सहमति नहीं बन पाई है. दोनों पार्टियों के बीच लगातार खींचतान चल रही है. इस बीच बड़ी खबर सामने आई है कि सपा और कांग्रेस के बीच आम सहमति बनते हुए दिखाई दे रही है. सपा ने कांग्रेस को एक और सीट ऑफर की है, जिसके बाद कहा जा रहा है कि कांग्रेस सूबे में इंडिया गठबंधन के तहत तीन सीटों पर चुनाव लड़ सकती है.
यूपी विधानसभा उपचुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस से सपा संपर्क में है. कांग्रेस को गाजियाबाद के बाद फूलपुर विधानसभा सीट भी मिल सकती है. सपा के इस तीसरे सीट के ऑफर के बाद आज कांग्रेस इस मसले पर मंथन करेगी, जिसके बाद वह अपना फैसला लेगी. इससे पहले सपा की ओर से कांग्रेस को दो सीटों का ऑफर दिया गया था, जिसमें गाजियाबाद और खैर शामिल थी, जबकि कांग्रेस लगातार पांच सीटों की मांग करती आ रही है.
कांग्रेस का दावा, यूपी में एकसाथ लड़ेंगे
हालांकि कांग्रेस ने दावा किया है कि उसका सपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत का रिजल्ट जो भी रहे लेकिन वह इस उपचुनाव में एकसाथ मैदान में उतरेगी. बीते दिन यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा, ‘सपा के साथ सीट बंटवारे की बातचीत का नतीजा चाहे जो भी हो, इंडिया ब्लॉक एकजुट होकर उपचुनाव लड़ेगा.’ दरअसल, समाजवादी पार्टी पहले ही 7 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार चुकी है, जिसमें करहल, सीसामऊ, फूलपुर, मिल्कीपुर, कटेहरी, मझवान और मीरापुर शामिल है. यूपी में उपचुनाव मिल्कीपुर (अयोध्या) को छोड़कर नौ सीटों पर हो रहे हैं.
महाराष्ट्र में सपा चाहती है 12 सीटें
समाजवादी पार्टी भी कह चुकी है कि कांग्रेस के साथ उसका समझौता आखिरी हो गया. 10 में से कांग्रेस 2 सीटों, खैर (अलीगढ़) और गाजियाबाद पर वह चुनाव लड़ेगी, जबकि बाकी आठ सीटों पर सपा अपने प्रत्याशी उतारेगी. हालांकि अब समाजवादी पार्टी का मन बदला है और उसने कांग्रेस को एक और सीट का ऑफर दे दिया. सियासी गलियारों में चर्चा है कि सपा इस ऑफर का फायदा महाराष्ट्र में उठाना चाहती है. वह इंडिया गठबंधन के तहत महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 12 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है. यही वजह है कि सपा यूपी में कांग्रेस को संतुष्ट करने के बाद महाराष्ट्र में तवज्जो चाहती है. 

बीजेपी, एकनाथ शिंदे और अजित पवार इतनी सीटों पर लड़ेंगे चुनाव, महायुति में फाइनल हुआ सीटों का बंटवारा?

23-Oct-2024
मुंबई।   ( शोर संदेश ) महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए सत्ताधारी गठबंधन महायुति में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला लगभग फाइनल माना जा रहा है. सूत्रों की मानें तो बीजेपी इस बार 153 से 156  सीटों पर चुनाव लड़ेगी. वहीं, एकनाथ शिंदे की शिवसेना के खाते में 78 से 80 आएंगी. इसके अलावा, अजित पवार की एनसीपी को 53 से 55 सीटें मिलेंगी.
महाराष्ट्र में कुल 288 विधानसभा सीटें हैं. यहां बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी गठबंधन की सरकार है, जिसे महायुति गठबंधन कहा जाता है. साल 2019 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने सबसे ज्यादा 105 सीटें जीती थीं. मौजूदा समय में बीजेपी के 103 विधायक हैं. शिवसेना के पास 40 विधायक और एनसीपी के पास 43 विधायक हैं. 
एमवीए सीट शेयरिंग भी फाइनल
महाराष्ट्र के विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी में भी सीट शेयरिंग पर फाइनल फैसला लगभग आ गया है. हालांकि, अभी औपचारिक रूप से ऐलान होना बाकी है. सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस 103-108 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है. वहीं, उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी के खाते में 90-95 सीटें आ सकती हैं. इसके अलावा, शरद पवार गुट की एनसीपी (एसपी) 80-85 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है. 
महाराष्ट्र चुनाव के लिए बीजेपी कैंडिडेट लिस्ट जारी
इस बीच बीजेपी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी करते हुए 99 कैंडिडेट के नाम का ऐलान किया है. रविवार (20 अक्टूबर) को जारी हुई लिस्ट में महिला उम्मीदवारों की भी काफी संख्या है. 
इसके अलावा, बीती रात ही एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने 45 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए अपनी पहली लिस्ट जारी की है. इसमें सीएम एकनाथ शिंदे का भी नाम है. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कोपरी पाचपाखाडी सीट से चुनावी मैदान में उतरने वाले हैं. 
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 
महाराष्ट्र की कुल 288 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान होने हैं. चुनाव आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक, 20 नवंबर को सभी सीटों पर एक साथ वोटिंग होगी. इसके बाद 23 नवंबर को मतगणना के बाद चुनावी नतीजों की घोषणा की जाएगी.

 


आजसू को 10 सीट, जेडीयू को 2 और एलजेपी को 1... झारखंड एनडीए में हुआ सीटों का बंटवारा

18-Oct-2024

झारखंड। विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए के सीटों का बंटवारा हो गया है. आजसू 10 सीटों पर लड़ेगी जबकि जेडीयू को 2 सीट दी दी गई है. वहीं चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी को चतरा की एक सीट दी गई है बाकी 68 सीटों पर बीजेपी चुनाव लड़ेगी.

केंद्रीय मंत्री और झारखंड के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "झारखंड में भाजपा, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (एजेएसयू), जनता दल (यूनाइटेड) और लोक जनशक्ति पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेंगे. सीट बंटवारे पर भी सहमति बन गई है और जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी...
असम के मुख्यमंत्री और झारखंड बीजेपी चुनाव सह प्रभारी हेमंत बिस्व सरमा ने कहा कि चुनाव पीएम मोदी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा. बीजेपी 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और आजसू को 10 सीटें दी गई हैं.
दो चरणों में होगी वोटिंग
झारखंड में दो चरणों में मतदान होगा और 23 नवंबर को नतीजे आएंगे. पहले चरण में 13 नवंबर को 43 सीटों पर वोटिंग होगी और दूसरे चरण में 20 नवंबर को 38 सीटों पर मतदान होगा. इसके बाद 23 नवंबर को मतगणना होगी. चुनाव आयोग के मुताबिक, झारखंड में कुल मतदाता की संख्या 2,55,18,642 हैं, जिसमें पुरुष मतदाता की संख्या 1,29,97,325 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 1,25,20,910 है. यानी महिलाओं की सहभागिता बढ़ी है.
झारखंड में कितनी सीटों की फाइट
छोटा नागपुर के पठार पर जंगलों से आच्छादित झारखंड में विधानसभा की कुल 81 सीटों के लिए चुनाव होने हैं. विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने के लिए जादुई आंकड़ा 42 सीटों का है. पिछले यानि 2019 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो 30 सीटें जीतकर जेएमएम सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी।

 


'पांच करोड़ दो या बाबा सिद्दीकी जैसा हश्र भुगतो...', पुलिस को सलमान के लिए मिला धमकी भरा संदेश

18-Oct-2024
मुंबई। मैसेज भेजने वाले ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के हवाले से कहा है कि अगर सलमान खान जिंदा रहना चाहते हैं और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से दुश्मनी खत्म करना चाहते हैं तो उन्हें पांच करोड़ रुपये देने होंगे।
मुंबई ट्रैफिक पुलिस को सलमान खान के लिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से धमकी मिली है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप नंबर पर मैसेज भेजा है। इसमें सलमान खान से पांच करोड़ रुपये की मांग की गई है। मैसेज भेजने वाले ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के हवाले से कहा है कि अगर सलमान खान जिंदा रहना चाहते हैं और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से दुश्मनी खत्म करना चाहते हैं तो उन्हें पांच करोड़ रुपये देने होंगे। इसे हल्के में लेने की गलती न करें। मैसेज में कहा गया कि अगर उन्होंने पैसे नहीं दिए तो उनका हाल बाबा सिद्दीकी से बुरा होगा। मुंबई पुलिस ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मामले में मुंबई पुलिस ने वर्ली पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज किया है। 
पहले भी लॉरेंस बिश्नोई से मिल चुकी है सलमान को धमकी
अप्रैल महीने से ही सलमान लॉरेंस बिश्नोई गैंग के रडार पर हैं। इस मामले को लेकर अभिनेता 4 जून को मुंबई पुलिस के सामने एक बयान भी दर्ज करा चुके हैं। इस बयान के मुताबिक लॉरेंस बिश्नोई  ने अपने गिरोह के सदस्यों की मदद से उनके घर के बाहर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया। अभिनेता के मुताबिक वे उन्हें और उनके मेरे परिवार के लोगों को मारने की योजना बना रहे थे। मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने चार्जशीट में दावा किया था कि चलॉरेंस ने सलमान को मारने के लिए छह लोगों को 20 लाख रुपये दिए थे। गैंग ने अभिनेता सलमान खान को मारने के लिए 25 लाख रुपये की सुपारी ली थी। 

 



Feedback/Enquiry



Log In Your Account