ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

संग्रहालय में लगाई गई छाया चित्र प्रदर्शनी का शुभांरभ

20-May-2024
धार ।  ( शोर संदेश )   संग्रहालय में लगाई गई छाया चित्र प्रदर्शनी का शुभांरभ एसडीएम रोशनी पाटीदार ने किया भगवान गणेश और कार्तिकेय के दुर्लभ चित्रों को पर्यटकों ने पसंद किया विश्व संग्रहालय दिवस से शुरू हुई प्रदर्शनी 24 मई तक जारी रहेगी धार। संचालनालय पुरातत्व अभिलेखागार एवं संग्रहालय मध्य प्रदेश शासन भोपाल द्वारा मध्य प्रदेश की सबसे प्राचीन संग्रहालय धार में विश्व संग्रहालय दिवस पर शनिवार को मध्य प्रदेश की शैव प्रतिमाएं के तहत सात दिवसीय छाया चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शन का अवलोकन करने आए पर्यटकों ने इसे काफी पसंद किया। भगवान गणेश और कार्तिकेय की दुर्लभ 48 चित्रों की प्रदर्शनी में लंदन संग्रहालय में भगवान कार्तिकेय की प्रतिमा व भगवान गणेश की कंबोडिया सहित अन्य देशों के संग्रहालय में दुर्लभ व पुरा महत्व की प्रतिमाएं होने की जानकारी ने सभी को रोमांचित किया। पहले दिन यहां प्रवेश फ्री रखा गया था। शनिवार को करीब 500 पर्यटकों व कालेज छात्रों आदि ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रतिवर्ष विश्व संग्रहालय दिवस 18 मई को मनाया जाता है। इसी के तहत धार में शनिवार को मध्य प्रदेश की शैव प्रतिमाएं पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन क़िले में किया गया। इसका शुभारंभ शनिवार को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रोशनी पाटीदार ने किया।

कलेक्ट्रेट कार्यालय के राजस्व रिकॉर्ड रूम में लगाए जायेंगे सीसीटीव्ही कैमरे

20-May-2024
ग्वालियर ( शोर संदेश ) ।  ग्वालियर कलेक्ट्रेट कार्यालय में शिफ्ट हुए राजस्व रिकॉर्ड रूम में सीसीटीव्ही कैमरे लगाए जायेंगे। इसके साथ ही रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने के लिये अन्य जो आवश्यकतायें होंगीं, उनकी भी पूर्ति की जायेगी। कलेक्टर रुचिका चौहान ने रविवार को राजस्व अधिकारियों की बैठक में यह निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में राजस्व प्रकरणों, न्यायालयीन प्रकरणों, विभिन्न बैंकों की बकाया वसूली के संबंध में भी समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर अंजू अरुण कुमार, एडीएम टी एन सिंह, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा है कि राजस्व रिकॉर्ड सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं। इसको व्यवस्थित रखने के लिये गोरखी कार्यालय से जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्थापित किए गए रिकॉर्ड रूम की निगरानी के लिये सीसीटीव्ही कैमरे लगाए जाएँ। रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से रहे, इसके लिये अलमारियों आदि की जो आवश्यकता है, उसको भी शीघ्र पूर्ण किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न न्यायालयों में राजस्व संबंधी चल रहे प्रकरणों में शासन का पक्ष समय से और मजबूती के साथ रखा जाए इसके निर्देश भी दिए।
 

हर घर जल योजना के तहत 129388 परिवारों को मिलेगा स्वच्छ पेयजल

20-May-2024
रीवा। ( शोर संदेश )    विन्ध्य की जीवनदायिनी बाणसागर बहुउद्देश्यीय परियोजना से अब सिंचाई की सुविधा के बाद घरों में शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। मध्यप्रदेश जल निगम द्वारा रीवा और मऊगंज जिले के 1613 ग्रामों के 129388 परिवारों को स्वच्छ पेयजल घर में पहुंचाने की योजना प्रगतिरत है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने गत दिवस झिन्ना गांव में बाणसागर समूह जल प्रदाय योजना के निर्माणाधीन इंटेकवेल तथा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन किया। कलेक्टर ने जल निगम के अधिकारियों को समय सीमा में परियोजना क्रियान्वयन के निर्देश दिए।              
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत झिन्ना के ग्राम डबरई में रीवा जिले के लिए जल प्रदाय हेतु बनाए जा रहे 198 एमएलडी के इंटेक वेल निर्माण का निरीक्षण किया। इसी क्रम में कलेक्टर ने झिन्ना में 156 एमएलडी जल शोधन संयंत्र के निर्माण का भी जायजा लिया। जल निगम द्वारा सेंधवा घाटी में 4650 किलोलीटर क्षमता का पीएमईआर का निर्माण किया जा रहा है। रीवा जिले के 679 तथा मऊगंज जिले के 934 ग्रामों को 26 जोन में विभक्त कर 315 उच्च स्तरीय टंकियों द्वारा 4067.03 किमी की वितरण नलिकाओं से 129388 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन दिए जाएंगे। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने जल निगम के अधिकारियों से परियोजना की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली तथा गुणवत्ता के साथ इस अति महत्वाकांक्षी जन हितैषी परियोजना को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान जल निगम के जनरल मैनेजर चित्रांशु ने कलेक्टर को इंटेक वेल, टंकी निर्माण तथा वितरण नलिकाओं की अद्यतन प्रगति से अवगत कराया। इस अवसर पर जल निगम के नीतेश सिंह सहित विभागीय अधिकारी तथा निर्माण से संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अगले 5 दिनों तक लू चलने की संभावना, कई राज्यों में अलर्ट

19-May-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश )  पिछले कुछ दिनों से उत्तर भारतीय हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने अब अगले पांच दिन भी अत्यधिक गर्मी और लू के थपेड़ों की भविष्यवाणी की है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में गर्मी की सितम जारी रहेगा। शनिवार को उत्तर पश्चिम के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 50 डिग्री तक पहुंच गया। दिल्ली हरियाणा और राजस्थान में रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, यूपी और बिहार में ऑरेंज अलर्ट है। एक तरफ उत्तर भारतीय हिस्से गर्मी और लू से झुलस रहे हैं तो दक्षिण भारतीय हिस्सों में अगले चार से पांच दिन भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अपने नवीनतम बुलेटिन में कहा, "अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में गंभीर लू की स्थिति जारी रहने की संभावना है और अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वी और मध्य भारत में हीट वेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है।" मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी राजस्थान के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 22 मई तक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई इलाकों में और 19 मई को पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू से लेकर गंभीर लू चलने की संभावना है।
 

कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारने वाला शख्स कौन है? हमलावर ने कहा- सिखा दिया उसे सबक

18-May-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश )   उत्तर पूर्वी दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी ने जहां मनोज तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं इंडी गठबंधन की तरफ से इस सीट से कन्हैया कुमार चुनाव लड़ रहे हैं। शुक्रवार को कन्हैया कुमार पर हमला किया गया। माला पहनाने के बहाने से आए एक शख्स ने कन्हैया कुमार पर स्याही फेंकी और उन्हें थप्पड़ मार दिया। इस पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारने वाले शख्स को वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खूब पीटा। हालांकि यह सभी जानना चाहते हैं कि कन्हैया कुमार पर हमला करने वाला शख्स कौन है?
कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारने वाला शख्स कौन है?
कन्हैया कुमार पर हमला करने वाले आरोपी का नाम है दक्ष चौधरी। दक्ष चौधरी ने इस घटना के बाद का एक वीडियो भी जारी किया है। इस वीडियो में उसने कहा, "जिस कन्हैया ने नारे लगाए थे भारत तेरे टुकड़ें होंगे, अफजल हम शर्मिंदा हैं तेरे कातिल जिंदा हैं, उनको हम दोनों ने चांटे से जवाब दिया है।" दक्ष चौधरी ने आगे कहा कि जब तक हमारे जैसे सनातनी जिंदा हैं तब तक भारत के टुकड़े कोई नहीं कर सकता है। वहीं दक्ष चौधरी के साथ मौजूद दूसरा व्यक्ति कहता है कि उसे (कन्हैया कुमार) दिल्ली में घुसने नहीं देंगे। भारतीय सैनिकों को जो रेपिस्ट कहता है। दक्ष ने आगे कहा, जो कहा था वो कर दिया, उसका बढिय़ा इलाज कर दिया। बता दें कि हमलावार दक्ष चौधरी के खिलाफ पहले भी सांप्रदायिक माहौल बिगाडऩे का आरोप लग चुका है। कन्हैया कुमार पर हुए हमले के बाद अब राजनीति भी तेज हो गई है।

आगरा से दिल्ली पहुंचना होगा आसान, अब बस इतने मिनट का होगा सफर

18-May-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  उत्तर प्रदेश वासियों को भारतीय रेलवे एक और सौगात देने जा रहा है. अब नई दिल्ली के लिए एक और वंदे भारत ट्रेन उतरने वाली है. अब आप सोच रहे होंगे कि अब ये नई वंदे भारत ट्रेन कहां से चलने वाली है. आइए इस नई वंदे भारत मेट्रो के बारे में आपको कुछ ताजा जानकारी दे देते हैं. ये नई वंदे भारत ट्रेन यूपी के आगरा से शुरू होकर नई दिल्ली जाएगी. वहीं इसकी स्पीड की बात करें तो ये बाकी ट्रेनों के कंपेरिजन में बेहद तेज होने वाली है. जहां बाकी ट्रेनें नई दिल्ली से आगरा के बीच की दूरी 2 से 4 घंटों में पूरा करती है तो वहीं ये नई वंदे भारत 200 किलोमीटर की दूरी को मात्र सवा घंटे यानी 75 मिनट में कवर करने वाली है. यानी की वंदे भारत 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली है.  
जुलाई में किया जाएगा ट्रायल : वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के बारे में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और सीईओ जया वर्मा ने बताया कि इस इस ट्रेन में 16 कोच होने वाले हैं. यह नई दिल्ली पहुंचने से पहले आगरा और लखनऊ स्टेशनों से होकर निकलेगी. उनका ये भी कहना है कि इस ट्रेन का ट्रायल जुलाई में रेलवे सेक्शन पर किया जाएगा.
ये हो सकती है ट्रेन की टाइमिंग
आगरा और नई दिल्ली के बीच की दूरी 200 किमी की है. इस दौरान जितनी भी ट्रेनें इस रूट पर दौड़ रही हैं उनका एवरेज टाइमिंग 2 से 4 घंटे का है. वहीं इंटरसिटी ट्रेन सुबह 5.50 बजे कैंट स्टेशन से निकलती है. ऐसे में ये कहा जा रहा है कि नई दिल्ली-आगरा  वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की टाइमिंग भी सुबह की ही होने सकती है.
जल्द ही चल सकती है वंदे भारत ट्रेन
जया वर्मा सिन्हा ने बताया कि भारतीय रेलवे इस समय 150 से 200 किमी की दूरी वाले शहरों के बीच वंदे भारत मेट्रो चलाने की तैयारी कर रहा है. बीते सप्ताह में पलवल और वृंदावन के बीच ट्रेन के कवच सिस्टम का भी ट्रायल किया गया. जिस ट्रेन का ट्रायल किया गया, वह 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौडऩे वाली वंदे भारत ट्रेन थी, जिसमें 8 डिब्बे थे.
कुछ ऐसा रहा सफल ट्रायल
जया वर्मा सिन्हा ने ये कवच की क्षमता के आकलन के बारे में बताते हुए ये भी कहा, ये कवच सिस्टम का ट्रायल सफल रहा. इस ट्रेन कवच की सहायता से ट्रेन लाल सिग्नल पर आराम से खुद ब खुद रुक गई. लोको पायलट के बिना कुछ किए  कवच की सहायता से स्पीड को कंट्रोल किया गया.  

शराब घोटाले में ईडी का बड़ा ऐक्शन, पहली बार बनाया ‘आप’ और केजरीवाल को आरोपी

18-May-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  कथित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ा ऐक्शन लिया है। ईडी ने शुक्रवार को सप्लीमेट्री चार्जशीट दायर करते हुए पहली बार आम आदमी पार्टी और इसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को आरोपी बनाया। यह पहला मौका है जब किसी राजनीतिक दल को पीएमएल केस में आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा कथित घोटाले में पहली बार दिल्ली के मुख्यमंत्री को भी आरोपी बनाया गया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली कथित शराब घोटाले में शुक्रवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में पूरक आरोपपत्र दायर किया। प्रवर्तन निदेशालय द्वारा इस मामले में दायर यह आठवां आरोप पत्र है। इस चार्जशीट में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी का नाम आरोपी के तौर पर दर्ज है। इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री के खिलाफ दायर यह पहली चार्जशीट है।
यह पहली बार है कि एक मौजूदा मुख्यमंत्री और एक राजनीतिक दल को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों का सामना करना पड़ा है। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा आने वाले दिनों में ईडी द्वारा दायर की गई 200 पृष्ठों के इस आरोपपत्र पर संज्ञान ले सकती हैं। सूत्रों ने कहा कि आरोपियों पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत आरोप लगाने की मांग की गई है। दिल्ली के कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में 50 दिन तिहाड़ जेल में बंद रहने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के सीएम को चुनाव प्रचार के लिए 1 जून तक की अंतरिम जमानत दी थी। उनकी जमानत का विरोध करते हुए ईडी ने कहा था कि वह इस घोटाले में जल्द ही आम आदमी पार्टी को भी आरोपी  बनाने जा रही है। ईडी अब तक इस मामले में सात आरोप पत्र दायर कर चुकी है।
ईडी ने अपने आरोपपत्र में कहा है कि मनीष सिसोदिया और के कविता के साथ अरविंद केजरीवाल भी इस मामले के मास्टरमाइंड हैं। साथ ही कहा है कि पीएमएलए की धारा 70 के तहत आम आदमी पार्टी कंपनी के रूप में मुकदमा चलाने के लिए उत्तरदायी है।

दिल्ली पुलिस ने सीएम आवास से बिभव कुमार को किया गिरफ्तार, स्वाति मालीवाल पर हमले का है आरोप

18-May-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी की सांसद स्वाति मालीवाल से कथित मारपीट मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव बिभव कुमार को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया. दिल्ली पुलिस की टीम शनिवार दोपहर मुख्यमंत्री आवास पर पहुंची, जहां से वह बिभव कुमार को अपने साथ ले गई. मालीवाल के मुताबिक, सोमवार को जब वह सीएम आवास पर केजरीवाल से मिलने गई थीं, उस दौरान बिभव कुमार ने उनसे मारपीट की. घटना वाले दिन मौखिक शिकायत के बाद गुरुवार को उन्होंने मालीवाल ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करवाई थी. पुलिस तभी से केजरीवाल के निजी सचिव की तलाश में थी. उनका मोबाइल नंबर भी ट्रेस किया जा रहा था. दिल्ली पुलिस को शनिवार को बिभव के सीएम आवास में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उनको वहां से हिरासत में ले लिया गया. जानकारी के अनुसार बिभव कुमार का पहले मेडिकल करवाया जाएगा. उसके बाद उन्हें दिल्ली पुलिस तीस हजारी कोर्ट में पेश करेगी. पुलिस इस दौरान बिभव की रिमांड मांग सकती है.
मालीवाल का बिभव पर क्या है आरोप 
दिल्ली पुलिस में दर्ज कराई गई एफआईआर में मालीवाल ने आरोप लगाया है कि वह सोमवार सुबह केजरीवाल से मिलने उनके कैंप ऑफिस स्थित आवास पर गई थीं. ड्राइंग रूम में जब वह सीएम का इंतजार कर रही थीं, इसी दौरान बिभव कुमार वहां आए और उनके साथ मारपीट की गई. उन्हें बुरी तरह पीटा गया और  थप्पड़ और लात तक मारी गई। पुलिस ने शिकायत के बाद आप सांसद का मेडिकल चेक करवाय था. शनिवार को इसकी रिपोर्ट भी सामने आ गई. स्वाति मालीवाल की मेडिकल रिपोर्ट में उनके पैर के पिछले हिस्से और दाहिने गाल पर चोट के निशान की बता कही गई है. मालीवाल की चिकित्सकीय जांच शुक्रवार को की गई थी. अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से प्राप्त मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार उनके (मालीवाल) ‘‘बाएं पैर के पिछले हिस्से में लगभग 3&2 सेंटीमीटर आकार के और दाहिनी आंख के नीचे गाल पर लगभग 2&2 सेंटीमीटर आकार के चोट के निशान हैं.’
मारपीट का नया वीडियो आया सामने
दूसरी ओर राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल और बिभव कुमार के बीच हुई कथित मारपीट मामले में एक और वीडियो आज सामने आया है. इस वीडियो में सीएम आवास में मौजूद सिक्योरिटी अधिकारी स्वाति मालीवाल का हाथ पकडकऱ उन्हें बाहर निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं. आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया पर इस वीडियो को जारी किया है. सीसीटीवी के इस वीडियो के जरिए आम आदमी पार्टी यह दिखाना चाहती है कि स्वाति मालीवाल जो कुछ भी कह रही हैं, वह झूठ है. 32 सेकंड के वीडियो में यह दिखाया गया है कि स्वाति मालीवाल को एक महिला सिक्योरिटी अफसर हाथ पकडकऱ अंदर से बाहर ले जाते हुए दिखाई दे रही है. सीसीटीवी फुटेज में 13 मई की डेट और सुबह के 9:41 का समय दिखाया जा रहा है. इससे पहले मोबाइल से बनाया गया एक वीडियो सामने आया था जिसमें ऑडियो भी था.
आप ने स्वाति मालीवाल के आरोपों को बताया गलत
‘आप’ नेता आतिशी ने स्वाति के सारे आरोपों को गलत बताया है और कहा कि अगर दिल्ली पुलिस निष्पक्ष है तो उसे दिल्ली के मुख्यमंत्री के सहयोगी बिभव कुमार की सांसद स्वाति मालीवाल के खिलाफ शिकायत पर मामला दर्ज करना चाहिए.
 

भूपेश बघेल और कांग्रेस ने क्या किया, इसका उदाहरण मैं ही हूं, राधिका खेड़ा ने फिर लगाया आरोप

17-May-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की पूर्व पदाधिकारी और मौजूदा वक़्त में भाजपा का दामन चुकी महिला नेत्री राधिका खेड़ा लगातार कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर हमलावर हैं। खासकर सोशल मीडिया पर वह कभी राहुल गांधी तो कभी प्रियंका गांधी पर हमले कर रही हैं। नारी सम्मान के दावों पर खुद की मिसाल दे रही है। वही इस बीच उन्होंने छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और मौजूदा समय में रायबरेली लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस पर्यवेक्षक भूपेश बघेल के खिलाफ ट्वीट किया हैं।
दरअसल राहुल गांधी के प्रचार के सिलसिले में भूपेश बघेल इन दिनों रायबरेली में हैं। वे वहां जनसभाएं कर रहे हैं। कल भूपेश बघेल ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा था, “कांग्रेस की सरकार किसानों के लिए स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट लागू करेगी, युवाओं को 30 लाख सरकारी नौकरियां देगी, सभी युवाओं को अप्रेंटिसशिप का अधिकार मिलेगा, महिलाओं के खातों में ₹1 लाख आएंगे। INDIA की सरकार आम देशवासियों की सरकार होगी, सबको न्याय देगी।” राधिका खेड़ा ने अब इसी ट्वीट का जवाब दिया है।
 

कर्नाटक वीडियो स्कैंडल में फंसे प्रज्वल रेवन्ना की बढ़ी मुसीबत, रेप का मामला दर्ज

03-May-2024
नई दिल्ली। (  शोर सन्देश  )  पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा के पोते और जनता दल सांसद प्रज्वल रेवन्ना की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। कर्नाटक वीडियो स्कैंडल मामले में आरोपी रेवन्ना के खिलाफ अब दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ यह दूसरा मामला है। रेप के मामले के अलावा अन्य कई गंभीर धाराओं के तहत स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने उनके खिलाफ केस दर्ज किया है।
कर्नाटक पुलिस की एसआईटी की टीम ने प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ नया केस दर्ज किया है। एसआईटी ने आईपीसी की धारा 376 के तहत रेवन्ना के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया है। इसके अलावा आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रज्वल रेवन्ना पर महिलाओं का यौन उत्पीडऩ का आरोप है। मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने एसआईटी का गठन किया है।
प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी
कथित कर्नाटक सेक्स स्कैंडल मामले में सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ सरकार अब एक्शन मोड में है। प्रज्ज्वल ने विशेष जांच दल यानी एसआईटी के सामने पेश होने के लिए 7 दिन का समय मांगा है। इस पर कर्नाटक के गृह मंत्री परमेश्वर ने कहा कि 24 घंटे से ज्यादा समय देने का प्रावधान नहीं है। प्रज्वल रेवन्ना के विदेश चले जाने के कारण लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। हमने लुकआउट नोटिस के बारे में सभी बंदरगाहों और एयरपोर्ट को जानकारी दे दी है। उन्होंने आगे कहा कि एक और महिला की शिकायत सामने आई है। पीडि़ता का बयान दर्ज कर लिया गया है।


Feedback/Enquiry



Log In Your Account