
नारायणपुर (शोर संदेश)।आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत जिले के समस्त पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाना है। जिला नारायणपुर अन्तर्गत कुल 1 लाख 34 हजार 672 पात्र राशन कार्डधारी परिवारों में से केवल 66 हजार 527 पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड के लिए पंजीयन किया गया है, जो कि निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 49.40 प्रतिशत है। जिन ग्रामों में अधिक परिवार कार्ड बनाने से वंचित है, उन ग्रामों में शिविर का आयोजन कर सभी हितग्राहियों (परिवार के सभी सदस्य का पृथक-पृथक आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। जिसके लिए 10 मार्च से कार्ययोजना अनुसार हितग्राहियों का कार्ड बनाये जाने हेतु शिविर आयोजन का प्रारंभ किया जा रहा है। इसके बाद द्वितीय एवं तृतीय चरण में अन्य ग्राम पंचायतों मे शिविर का आयोजन कर लक्ष्य की पूर्ति की जाएगी। इसके लिए तीन दिवस पूर्व क्षेत्र में प्रचार प्रसार कर क्षेत्र के छूटे हुए हितग्राहियों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर अजीत वसन्त ने आवश्यक बैठक ली। इसमें उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए निर्देशित करते हुए कहा कि इस हेतु अपने अधीनस्थ समस्त मैदानी कर्मचारियों को संलग्न कार्ययोजना अनुसार शिविर के 3 दिन पहले क्षेत्र में प्रचार-प्रसार करने निर्देशित करना सुनिश्चित करें। आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी 10 मार्च से जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इनमें ग्राम पंचायत खड़कागांव, खोडगांव, बिंजली, केरलापाल, माहका, ब्रेहबेड़ा, बाकुलवाही, बेलगांव, बड़े जम्हरी, कुकड़ाझोर, बोरण्ड, बागडोगरी, सुलेंगा (गुरिया), करलखा, भरण्डा, गरांजी, दुग्गाबंेंगाल, बोरपाल, एड़का, आमासरा, ताडोपाल, गढ़बेंगाल, देवगांव, खड़कागांव (ब) एवं बम्हनी शामिल है। कलेक्टर ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी कर्मचारी शिविर में नियत समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना सुनिश्चित करेंगें। शिविर अपरान्ह 2 बजे से प्रारंभ होगा। निर्बाध विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी कार्यपालन सी.एस.पी.डी.सी.एल. जिला नारायणपुर की होगी। शिविर आयोजन की व्यवस्था एवं टीम हेतु टेबल कुर्सी, लाईट तथा प्रिन्टर की व्यवस्था सचिव करेंगे। ई-डिस्ट्रीक प्रबंधक, जिला नारायणपुर सभी शिविरों में सीएससी व्ही.एल.ई की उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। आर.एच.ओ., सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, तथा मितानिनों, सेल्समेन और बिहान समूह के महिलाओं के द्वारा हितग्राहियों को शिविर स्थल में उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सहायक द्वारा हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड की जानकारी निर्धारित प्रपत्र में तैयार किया जाएगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नारायणपुर, ओरछा एवं खण्ड चिकित्सा अधिकारी, विकासखण्ड नारायणपुर, ओरछा उक्त शिविरों का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ की कलेक्टर ने सभी जनप्रतिनिधियों से इस अभियान में सहयोग की अपील भी की है।

रायपुर (शोर संदेश)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महिला मड़ई में स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित सामानों की बिक्री के लिए लगाए गए स्टाॅलों का अवलोकन किया। इस दौरान मिलेट कैफे में ज्वार का बना केक काटकर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री बघेल को जिला सक्ती के नंदौरखुर्द के परमेश्वरी स्व-सहायता समूह ने जीका सिल्क की साड़ी और बिलासपुर जिले की प्रतिभा आरती महिला समूह द्वारा पगड़ी और जूट से बनी गणेश की मूर्ति भेंट की गई। इसी प्रकार मुख्यमंत्री को बाल जीवन ज्योति संस्था की मानसिक दिव्यांग बालिकाओं ने खुद से बनाया बुके भी भेंट किया। मुख्यमंत्री ने नारायणपुर के मां भवानी स्व-सहायता समूह से भी चर्चा की। गौरतलब है कि महिला मड़ई में महिला समूहों द्वारा लगाए गए 54 स्टालों के माध्यम से लगभग 25 लाख रुपए की दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बिक्री की गई।

रायपुर (शोर संदेश)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने में मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को छोटे उद्योगों के लिए लोन और सब्सिडी की सुविधा देने की पहल की जाएगी, जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें। मुख्यमंत्री बघेल शनिवार को राजधानी के बीटीआई ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर सरगुजा, दुर्ग, कोरिया जिले की महिला संरक्षण अधिकारियों, 5 पर्यवेक्षकों और बिलासपुर, बालोद और नारायणपुर जिले में संचालित सखी वन स्टाॅप सेंटर को सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया ने की। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ महिला कोष से 8 महिला समूहों और 3 महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों के लिए 2 लाख से लेकर 4 लाख रुपए तक के चेक वितरित किए। कार्यक्रम में संसदीय सचिव रश्मि आशीष सिंह, धरसींवा विधायक अनिता योगेन्द्र शर्मा, पंडरिया विधायक ममता चन्द्राकर, विधायक रायपुर उत्तर कुलदीप जुनेजा, पूर्व सांसद छाया वर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक, छत्तीसगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष तेजकुंवर नेताम सहित अनेक जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं। मुख्यमंत्री बघेल ने महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार ने ऐसी योजनाएं शुरू की, जिससे महिलाओं के पास पैसा जाए और उनका आत्मविश्वास बढ़े। राज्य सरकार ने महिला समूहों का 13 करोड़ ऋण माफ किया। ऋण योजना में लोन की सीमा बढ़ाकर 4 लाख रुपए कर दिया है। महिलाएं आगे बढ़कर ज्यादा से ज्यादा योजनाओं का लाभ लें। बघेल ने कहा कि राज्य सरकार गोबर खरीद कर समूह के माध्यम से वर्मी कम्पोस्ट बनवा रही। पहले इसकी आलोचना हुई लेकिन अब तक हमने 200 करोड़ रूपए की गोबर खरीदी कर ली है। इसका आधा पैसा महिलाओं को जा रहा है। महिलाएं गोबर से प्राकृतिक पेंट भी बना रही है। इस प्राकृतिक पेंट से सरकारी कार्यालयों में पोताई कराने के निर्देश जारी कर दिया है। इसी प्रकार महिलाएं वमÊ खाद, गमला, सब्जी उत्पादन जैसी कई गतिविधियों से जुड़ी हैं। रीपा में महिला उद्यमियों को भी लघुकुटीर उद्योगों को प्रारम्भ करने जमीन, बिजली, पानी जैसी जरूरी सुविधाएं दी जा रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर महिला समूहों को दिए जाने वाले ऋण राशि को दोगुनी करते हुए उसकी सीमा 4 लाख रुपए तक बढ़ा दी गई है। सक्षम योजना में भी सीमा दोगुनी कर दी गई है। महिलाएं आगे बढ़े और योजनाओं का लाभ लें। राज्य सरकार महिलाओं के साथ है। महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक दिव्या मिश्रा ने बताया कि सखी वन स्टाॅप सेंटर के माध्यम से 13 हजार से अधिक महिलाओं को आश्रय प्रदान किया गया है और 4 हजार से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया गया है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 1 लाख से अधिक कन्याओं का विवाह कराया गया है। कौशल्या मातृत्व योजना के तहत 1171 महिलाओं और नोनी सुरक्षा योजना के तहत 72 हजार 375 बालिकाओं को लाभान्वित किया गया है। अब तक 39 हजार से अधिक समूहों को 92 करोड़ रुपए के ऋण स्वीकृत किए गए हैं। सक्षम योजना से भी 3176 महिलाओं को 20 करोड़ से अधिक के ऋण दिए गए हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत रायपुर की अध्यक्ष डोमेश्वरी वर्मा, जिला पंचायत महासमुन्द की अध्यक्ष ऊषा पटेल, नगर निगम रायपुर के महापौर एजाज ढेबर, नगर निगम बीरगांव के महापौर नंद देवांगन, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज शर्मा, राज्य महिला आयोग और छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की सदस्य सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

सूरजपुर (शोर संदेश)। विश्व श्रवण दिवस पर सूरजपुर जिले में 3 से 10 मार्च तक श्रवण सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.एस. सिंह तथा सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर. के. त्रिपाठी के निर्देशानुसार एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. राजेश पैकरा के मार्गदर्शन में श्रवण सुरक्षा सप्ताह में जिला चिकित्सालय सूरजपुर में निःशुल्क श्रवण जांच परामर्श शिविर का आयोजन किया गया है। जिसमें कान से संबंधित रोग का जांच व परामर्श ओ.पी.डी. नंबर 59 में होगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.एस. सिंह ने बताया कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिये इस तरह के कैम्प का आयोजन किया जा रहा है, तथा इन्होंने जिले के लोगों से अपील किया है कि जितने भी कर्ण रोग से पीड़ित मरीज हैं वे लोग कैम्प में आकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। प्रत्येक वर्ष 3 मार्च को विश्व श्रवण दिवस मनाया जाता है। इस दिन विश्व स्वास्थ्य संगठन एक कैंपेन आयोजित करके लोगों को बहरेपन की बढ़ रही समस्याओं के प्रति जागरूक करता है। इस दिवस को मनाने का मुख्य मकसद लोगों को बहरेपन की समस्या के कारण और निवारण के प्रति जागरूक करना है। इस दरम्यान लोगों को यह भी बताया जाता है कि लोग कैसे अपने कान की सुरक्षा और सेहत पर ध्यान देना चाहिए। विश्व श्रवण दिवस पर दुनिया के कोने-कोने में कई कैंपेन और प्रोग्राम आयोजित किए जाते हैं, ताकि लोग इन आयोजनों में उपस्थिति दर्ज करने के साथ इस गंभीर समस्या पर भी नजर रखें।

रायपुर (शोर संदेश)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर के मार्गदर्शन में प्रदेश में परिवहन विभाग द्वारा ट्रांसपोर्टर और डीलरों के माँग पर तत्काल कार्यवाही की जा रही है । इसके तहत परिवहन विभाग द्वारा परिवहन सुविधाओं को लगातार ऑनलाइन उपलब्ध कराया जा रहा है । इसी कड़ी में नये ख़रीदे जाने वाले गाड़ी के टेम्पररी रजिस्ट्रेशन आवेदन भी अब गाड़ी ख़रीदने समय गाड़ी विक्रेता डीलर के द्वारा किया जा सकेगा। पूर्व में टीआर रजिस्ट्रेशन की वैलिडिटी एक माह की होती थी जिस समय सीमा के अंदर वाहन क्रेता को अन्य ज़िले अथवा अन्य राज्य में जाकर गाड़ी का स्थायी रजिस्ट्रेशन कराना होता था। कई बार इस सीमा में स्थायी रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाता है जिससे की वाहन क्रेता को पेनाल्टी लग जाती है। इस समस्या का समाधान करने परिवहन विभाग ने टेम्पररी रजिस्ट्रेशन की वैधता अब बढ़ाकर 6 माह कर दी है।
क्या होता है टेम्पररी रजिस्ट्रेशन
यदि आप किसी और ज़िले से नई गाड़ी ख़रीद रहे है तो आपको डीलर टेम्पररी रजिस्ट्रेशन कर के देता है जिसे अपने ज़िले के आरटीओ में जमा कर स्थायी रजिस्ट्रेशन नंबर लिया जाना होता है। इसी तरह यदि आप अन्य राज्य से नई गाड़ी ख़रीद कर लाते है या छत्तीसगढ़ से नई गाड़ी ख़रीद कर किसी और राज्य में ले जाते है तो आपको टेम्पररी रजिस्ट्रेशन करा कर गाड़ी ले जानी होती है। इसी तरह कमर्शियल गाड़ी क्रेता बस या ट्रक बनाने के लिए कई बार सिर्फ़ चेसिस ख़रीदते है और बाद उसने बॉडी बनायी जाती है। चेसिस वाली गाड़ी टेम्पररी रजिस्ट्रेशन होता है और बॉडी बनने बाद उनका निरीक्षण कर स्थायी रजिस्ट्रेशन होता है । कई बार चेसिस वाली गाड़ी में बॉडी बनने विलंब हो जाता है ऐसे स्थिति में ट्रांसपोर्टर को पैनल्टी लग जाती है । अब टेम्पररी रजिस्ट्रेशन को वैलिडिटी 6 माह हो जाने से ट्रांसपोर्टर बड़ी राहत मिलेगी। रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन (राडा) के द्वार टीआर की वैलिडिटी बढ़ाने की माँग पिछले की जा रही थी। इस संबंध में ऑटोमोबाइल एसोसिएशन के द्वारा परिवहन मंत्री मिलकर माँग किया गया था । जिस पर परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर द्वारा कार्यवाही करने का आस्वासन दिया गया था। ज्ञात हो कि परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर द्वारा ‘तुंहर सरकार तुंहर द्वार‘ के अन्तर्गत आरटीओ के विभिन्न सुविधाओं को वाहन स्वामी के घर के पास प्रदान करने हेतु लगातार प्रयास किया जा रहा है। परिवहन मंत्री की मंशा है कि गाड़ी के कार्य हेतु लोगो को कम से कम परिवहन कार्यालय आना पड़े। इससे लोगो को घर में सुविधा मिलेगी और उनके समय का बचत होगा, साथ ही साथ आरटीओ ऑफिस में भी भीड़ में कमी आयेगी जिससे परिवहन अमले के कार्य प्रणाली और गुणवत्ता में सुधार आएगी ।

दुर्ग (शोर संदेश)। पत्नी से घरेलू विवाद के बीच अपनी ही नाबालिग बेटी को आग के हवाले कर उसकी हत्या कर देने वाले आरोपी पिता को कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा दी है। द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश राकेश कुमार वर्मा की कोर्ट ने आरोपी तीरथ राज पटेल को उम्र कैद की सजा सुनाई है। पिछले साल 3 सितम्बर आरोपी अपने घर में किसी बात को लेकर अपनी पत्नी संगनी पटेल के साथ विवाद कर रहा था। दोनों के बीच हो रहे विवाद के दौरान उसकी 12 वर्षीय पुत्री कुमारी लीलिमा पटेल बीच-बचाव करने आई तो गुस्साए आरोपी तीरथ राज पटेल ने अपनी बेटी के ऊपर मिट्टी तेल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया जिसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया और इलाज के दौरान पीड़िता ने दम तोड़ दिया था।


उज्जैन (शोर संदेश)। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर (महाकाल) में भक्तों को लड्डू का प्रसाद महंगा मिलेगा। सोमवार को महाकाल मंदिर समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया है। इस फैसले के बाद अब लड्डू की कीमत में 60 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी होगी। पहले लड्डू 300 रुपए में मिलते थे, लेकिन बढ़ोतरी के बाद 360 रुपए में मिलेंगे। समिति का यह फैसला 3 दिन बाद लागू किया जाएगा। इसके साथ ही 20 दिसंबर से महाकाल मंदिर में मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि बाबा का जो प्रसाद बनता है उस लड्डू को बनाने में 374 रुपये प्रति किलोग्राम की लागत आती है। बावजूद इसके समिति ने लड्डू के प्रसाद को सिर्फ 360 रुपये प्रति किलोग्राम बेचने का फैसला लिया है। इससे समिति को 14 रुपए प्रति किलो घाटा रहेगा ही।

मोबाइल ले जाने पर लगेगा जुर्माना
कलेक्टर ने बताया कि महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद यह पहली बैठक थी और इसमें कुछ और भी निर्णय लिए गए हैं। 20 दिसंबर से मंदिर में मोबाइल फोन पर भी पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। दर्शन के दौरान वीवीआईपी भक्त भी मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। जो कोई भी ऐसा करता दिखा उसे जुर्माना भरना पड़ सकता है। कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि पिछले कुछ समय से मंदिर परिसर में लगातार मोबाइल से वीडियो और रील्स बनाने की शिकायतें मिल रहीं थीं। आजकल सभी लोग मोबाइल रखते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर में लॉकर बनाए जाएंगे। यहां श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश करने से पहले अपने मोबाइल रख सकेंगे। इसका टोकन उन्हें दिया जाएगा। बता दें कि महाकाल मंदिर में तैनात दो महिला सुरक्षाकर्मियों ने मोबाइल पर रील्स बनाईं थीं। उसमें वह बॉलीवुड के गानों पर डांस कर रही थीं। वीडियो वायरल होने के बाद दोनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।

धमतरी (शोर संदेश)। सायबर सेल की टीम ने छात्रा द्वारा आटो में भूले बैग का पता तलाश कर सुरक्षित सामान को नर्सिंग के छात्रा को किया सुपुर्द। एक छात्रा ने अपने बैग को ऑटो में भूल गयी थी, जिसको आटो चालक द्वारा ईमानदारी का परिचय देते हुए ऑटो चालक सलीम खान विंध्यवासिनी वार्ड धमतरी द्वारा सायबर सेल धमतरी को फोन में सूचना दिया, जिस पर सायबर सेल प्रभारी नरेश बंजारे एवं आर, युवराज ठाकुर की टीम ने सिहावा चौक धमतरी पहुँच कर उक्त छात्रा का पता तलाश कर उसका समान सुरक्षित उस छात्रा को सुपुर्द किया। छात्रा लक्ष्मी साहू कुकरेल की रहने वाली थी, जो नर्सिंग की छात्रा है। उक्त सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर द्वारा प्रशंसा किया गया।

बलौदा बाजार (शोर संदेश) प्राकृतिक आपदा से मृत 3 लोगों के निकट परिजनों के लिए 12 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। प्रत्येक व्यक्ति के लिए 4-4 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। कलेक्टर रजत बंसल ने राजस्व पुस्तक परिपत्र की धारा 6-4 के तहत 27 सितम्बर 2022 को ये स्वीकृतियां प्रदान की हैं। जिला कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार लाभान्वित हितग्राहियों में शारदा प्रसाद पिता पीताम्बर वर्मा, निवासी ग्राम गिधौरी, तहसील कसडोल, लीलावती पति स्व. अनिल कुमार, निवासी ग्राम बैगनडबरी, तहसील कसडोल, अमरौतिन बाई पति स्व.पंचराम निषाद निवासी ग्राम पीपरछेड़ी, तहसील कसडोल शामिल हैं। हितग्राहियों के निकट परिजनों के सर्पदंश, आग से जलने एवं तालाब के पानी में डूबने से मौत हो गई थी। कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदारों को आरटीजीएस के जरिये पीड़ित लोगों के खाते में राशि जमा करने के निर्देश दिये हैं।

रायपुर (शोर संदेश) कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर भूरे ने अभनपुर और आरंग अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को निर्देंशित कर दोनों अनुभागों के सत्रह गांवों की जमीनों की खरीदी-बिक्री, बटांकन और डायवर्सन पर रोक लगा दी है। असल में इन सत्रह गांवों की जमीन भारतमाला प्रोजेक्ट राष्ट्रीय राजमार्ग 53 के लिए अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी। कलेक्टर ने अभनपुर और आरंग अनुभाग के राजस्व अधिकारियों को इसके लिए तत्काल कार्रवाई शुरू करने के निर्देंश भी दिए है।
भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत मुम्बई-कोलकाता इकोनॉमिक कॉरीडोर सड़क पर दुर्ग-रायपुर बाईपास सड़क का निर्माण किया जाना है। चार और छह लेन की यह सड़क छत्तीसगढ़ में कुल 92.230 कि.मी. लम्बाई की होगी। यह सड़की राजनांदगांव जिले के टेडेसरा गांव से शुरू होकर रायपुर जिले के पारागांव में समाप्त होगी। रायपुर जिले में सड़क की कुल लम्बाई 48.73 कि.मी. होगी। इस सड़क में अभनपुर अनुभाग के 17 और आरंग संभाग के 2 गांवों की भूमि का अर्जन किए जाना प्रस्तावित है।परियोजना से प्रभावित सत्रह गांव-अनुभाग अभनपुर- बकतरा, विरोदा, भेलवाडीह, डोमा, झाकी, केन्द्री, खट्टी, कोलर, कुर्रू, मोखेतरा, नवांगांव, पचेड़ा, पलौद, परसदा, तर्रा, टेकारी, डगेतरा, अनुभाग आरंग - अकोलीकला, लिंगाडीह।