ब्रेकिंग न्यूज

जनता

*गोगांव के तालाब में बोरे में भरा मिला भाजपा नेता के बेटे का शव*

11-May-2021

रायपुर (शोर सन्देश) राजधानी शहर के गोगांव क्षेत्र में भाजपा नेता के पुत्र की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस पूरे मामले में एक किराना व्यवसायी को हिरासत में लिया है। पुलिस पूछताछ कर रही है। बताया गया कि भाजपा ग्रामीण के मंडल महामंत्री रवि साहू के पुत्र हरीश साहू का शव गोगांव के तालाब के एक बोरे में मिला। इससे वहां सनसनी फैल गई। मृतक के चेहरे और सिर पर कई जख्म मिले थे। पता चला है कि पत्थर से मार मारकर उसकी हत्या की गई। पुलिस ने पूछताछ के बाद एक किराना व्यवसायी को हिरासत में लिया है। किराना व्यवसायी के साथ हरीश का लेन देन का विवाद था। आरोपी का कहना था कि हरीश ने उससे कुछ पैसे उधार लिए थे, लेकिन वह वापस नहीं कर रहा था। साथ ही रोज उसके दुकान में आकर कुछ भी सामान जबरदस्ती ले जाता था। इसको लेकर कई बार विवाद भी हो चुका था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, कई और लोगों से पूछताछ की जा रही है। 


*बीपी व शुगर से पीड़ित 76 वर्षीय चेतन ने दृढ इच्छा शक्ति से कोरोना को हराया*

24-Apr-2021

 00 सांस लेने की दिक्कत, खांसी, बदन दर्द, 88 प्रतिशत ऑक्सीजन की हालत में हुए थे भर्ती,
जांजगीर-चांपा (शोर सन्देश)। सकारात्मक सोंच और दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो किसी भी समस्या का समाधान संभव है। कोरोना संक्रमित चेतन ने अपनी इसी सोंच, दृढ़ इच्छाशक्ति और चिकित्सा स्टाफ के समर्पित भाव से काम करने और इलाज में सामयिक सहयोग से कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो गए हैं। वैश्विक महामारी कोरोना पीड़ित लोगों के इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग समर्पित भाव से जुटा हुआ है। इस कार्य में अन्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है। जिला प्रशासन द्वारा मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। जिला अस्पताल और कोविड केयर सेंटर्स में पौष्टिक भोजन, साफ-सफाई, चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मचारियों, सफाई कर्मचारियों के समर्पित भाव से कार्य करने के फलस्वरूप मरीज स्वस्थ हो रहे हैं। नवागढ़ ब्लाक के शुगर व बीपी से पीड़ित 76 वर्षीय चेतन कुमार देवांगन कोविड केयर सेंटर महुदा, विकास खंड बलौदा में समुचित उपचार मिलने से पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। वह कोरोना संक्रमित होने पर बलौदा ब्लॉक के आईटीआई भवन महुदा में संचालित कोविड केयर सेंटर में 15 अप्रैल को भर्ती हुए थे। भर्ती के समय उनका आॅक्सीजन 88 प्रतिशत, सांस लेने में दिक्कत, खांसी, बदन दर्द था। साथ ही बीपी और शुगर से पीड़ित होने के कारण अधिक देखभाल की आवश्यकता थी। कोविड केयर सेन्टर में देर रात भर्ती होने पर वहां उपस्थित डॉ रामायण सिंह, आरएमए नील सागर यादव, विरेन्द्र केशरवानी, के के देवागंन की टीम ने तत्काल उपचार प्रारंभ किया। ऑक्सीजन मास्क लगाया और बीपी, शुगर के उपचार के साथ ही कोरोना का भी उपचार प्रारंभ किया। समुचित उपचार के फलस्वरूप 3 दिन में चेतन पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। आॅक्सीजन मास्क हटने के बाद 4 दिन से आज उनका ऑक्सीजन प्रतिशत 95-98 प्रतिशत के बीच है। चेतन पूरी तरह स्वस्थ होने पर स्वास्थ्य विभाग स्वच्छता कर्मचारियों अस्पताल में ड्यूटी कर रहे अन्य सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। महुदा कोविड केयर सेंटर में स्टाफ नर्स रीता सिंह, संतोषी जगत, बबीता जोगी, वार्ड ब्वाय वीरसिंह, प्रकाश यादव द्वारा मरीजो की उपचार में मदद के साथ ही मनोबल बढ़ा रहे हैं। स्वीपर अंशु महंत और लक्ष्मण भी पूरे समर्पण भाव से सेंटर की साफ-सफाई का काम कर रहे है।


*छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय में कोविड नियंत्रण कक्ष स्थापित*

22-Apr-2021

00 विधानसभा अध्यक्ष ने सभी सदस्यों को भेजा पत्र
रायपुर (शोर सन्देश) छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेश में कोविड-19 महामारी की द्वितीय लहर के संक्रमण से बचाव हेतु हरसंभव उपाय करने एवं अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराने के साथ ही अधिकाधिक संख्या में कोरोना टेस्ट कराने एवं उन्हे टीकाकरण के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश के सभी विधायकों को पत्र प्रेषित किया है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते हम सब की नैतिक जिम्मेदारी है कि हम अपने-अपने क्षेत्र की जनता को सुरक्षित और जागरूक करें। विधानसभा अध्यक्ष ने अपने पत्र में सदस्यों से अनुरोध किया कि जिस तरह से हम सभी की सक्रिय भागीदारी एवं समन्वित सहयोग से हमने कोविड-19 की प्रथम लहर का साहस पूर्वक सामना किया था उसी तरह पूरे आत्मविश्वास एवं जनता की जागरूकता के माध्यम से हम सब कोविड-19 के द्वितीय लहर की विपदा की इस घड़ी में प्रदेश की जनता को सुरक्षित रख पाने में अवश्य सफल होंगे । डॉ महंत के निर्देशानुसार पूर्व वर्ष की तरह इस वर्ष भी छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय में कोविड-19 हेतु समन्वय तथा सहयोग के लिए नियंत्रण-कक्ष की स्थापना की गई है। विधायक मोबाइल नं 94252-02043 , फ़ैक्स 0771-2283615 एवं e-mail
[email protected] पर सम्पर्क कर सकते हैं। 


* युवती को रोजगार के नाम पर पटना बुला कर कराया जा रहा था देह व्यापार*

18-Apr-2021

00 शारदा गुप्ता की पहल पर देह व्यापार के चंगुल से कराया गया मुक्त
भिलाई (शोर सन्देश) रायपुर की लड़की जिसे पटना ले जाकर रोजगार देने के नाम पर अनैतिक कार्य देह व्यापार करवाया जा रहा था की सूचना भाजपा नेता शारदा गुप्ता को लड़की के किसी परिचित मुंह बोले भाई द्वारा मिली। श्री गुप्ता ने तत्काल पटना बिहार एसएसपी को फोन कर सूचित किया एवं 20 वर्षीय लड़की से फोन पर संपर्क कर बातचीत की लड़की ने अपना दुखड़ा बताते हुए कहा कि उसे जबरन यहां रोजगार देने के नाम पर लाकर देह व्यापार कराया जा रहा है और उसे यहां से मुक्त कराने की मांग की। पटना एसएसपी ने तत्काल संबंधित थाना नवोदतपुर को सूचना देकर छापा मारकर लड़की को अपनी गिरफ्त में लिया फिलहाल लड़की पुलिस नवदपुर थाना बिहार की कस्टडी में है। पुलिस द्वारा परिजनों से संपर्क कर लड़की को भेजने की तैयारी की जा रही है। लड़की से अनैतिक कार्य करवाए जाने वाले लोगों को खिलाफ भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। लड़की का बयान दर्ज करवाया जा रहा है भाजपा नेता शारदा गुप्ता ने सांसद विजय बघेल को अवगत करा कर उनके मार्गदर्शन में कार्रवाई करवा कर लड़की को मुक्त कराया। 


*तस्करों की गाड़ी ने दिया धोखा : पुलिस के हत्थे चढ़े दो आरोपी एक फरार*

18-Apr-2021

00 18 पेटी शराब जप्त
भिलाई (शोर सन्देश) कोरोना के चलते जिले में लॉकडाउन है, लेकिन तस्करों के लिए इसके कोई मायने नहीं है। तस्करी अब भी बदस्तूर जारी है। ताजा मामले में पुलिस ने 2 तस्करों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार तस्कर गोवा से 18 पेटी शराब लेकर जिले में दाखिल हो गए। शहर में दाखिल होने के बाद तस्करों की गाड़ी खराब हो गई थी और वे दूसरी गाड़ी में शराब की पेटियों को शिफ्ट कर रहे थे। इसी दौरान गश्त पर निकली जामुल पुलिस की टीम ने उन्हें देख लिया और दो तस्करों को गिरफ्तार किया। तस्करी का मुख्य आरोपित अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
जामुल पुलिस ने शनिवार की सुबह हाउसिंग बोर्ड 32 एकड़ साईं मंदिर के पास से दो गाड़ियों में कुल 18 पेटी शराब जब्त किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपित एसीसी चौक जामुल निवासी राहुल राजभर (24) और सुंदर विहार कालोनी निवासी गगनदीप सिंह (24) को गिरफ्तार किया है।
वहीं मुख्य तस्कर कैंप-2 निवासी विशाल त्यागी मौके से फरार हो गया। तीनों आरोपित गोवा से गोवा ब्रांड की 18 पेटी शराब लेकर जिले में दाखिल हुए थे। 32 एकड़ हाउसिंग बोर्ड में साईं मंदिर के पास इनकी गाड़ी खराब हो गई। इसलिए वे लोग दूसरी गाड़ी में शराब की पेटियों की शिफ्ट कर रहे थे।
इसी दौरान पुलिस ने उन्हें देख लिया। गाड़ी लेकर भागने के दौरान विशाल त्यागी फरार हो गया। पुलिस ने दो कार और 18 पेटी शराब जब्त की है। जिसकी कुल कीमत 12 लाख 11 हजार 280 रुपये आकी गई है। 


*बाहर से आने वाले श्रमिकों नागरिकों के लिए 417 ग्राम पंचायतों में क्वारेंटाइन सेंटरों की व्यवस्था*

16-Apr-2021

 00 रुकने-ठहरने और आश्रय आदि की व्यवस्था के लिए इंतजाम
रायपुर (शोर सन्देश)। रायपुर जिले के चार विकासखंडों के सभी 417 ग्राम पंचायतों में क्वॉरेंटाइन सेंटरों की व्यवस्था कर ली गई है। इन कोरेनटाइन सेंटरों में बाहर से आने वाले श्रमिकों तथा नागरिकों के रुकने ,ठहरने और आश्रय आदि की व्यवस्था है। यहां उनके लिए पेयजल , सूखा राशन, भवन में बिजली, सुरक्षा, शौचालय आदि की व्यवस्था की गई है। कलेक्टर रायपुर डॉ एस भारतीदासन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ गौरव कुमार सिंह ने गत दिवस वर्चुअल बैठक लेकर सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी ग्राम पंचायतों में क्वॉरेंटाइन सेंटर बनाने के निर्देश दिए थे। अभनपुर जनपद के अंतर्गत 99 ग्राम पंचायतों, तिल्दा जनपद के अंतर्गत 101 ग्राम पंचायतों, आरंग के अंतर्गत 144 और धरसीवा के अंतर्गत 79 क्वारंटाइन सेंटर बनाएं गए हैं। इसी तरह जिले की नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में भी क्वारेंटाइन सेंटर बनाए जा रहे हैं।


*बागबाहरा में महिला ने 4 बच्चों को दिया जन्म*

16-Apr-2021

महासमुंद (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद में एक महिला ने चार बच्चों को जन्म दिया है, हालांकि इसमें से दो बच्चों की जन्म लेते ही मौत हो गई। दो बच्चे अभी स्वस्थ्य हैंं, जिन्हें महासमुंद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बागबाहरा बीएमओ आर कुरवंशी ने बताया कि ग्राम चाराभाठा की महिला चंद्रिका पति हरि बीती को यहा एडमिट हुई, जिन्होंने चार बच्चों को जन्म दी, जिसमें से दो बच्चे जन्म लेने के साथ ही मृत हो गई। बच्चे का वजन 500 से 1 किलो ग्राम तक का था। चार बच्चों में तीन लड़की और एक लड़के है। महिला की यह तीसरी प्रेग्नेंसी थी। उन्होंने बताया कि बागबाहरा में इस तरह का यह पहला मामला है, जिसमें एक महिला ने चार बच्चों को जन्म दी। हालांकि डाक्टरों का कहना है कि बच्चे वजन बहुत कम होने के कारण दो बच्चों को बचाया नहीं जा सका। जन्म लेने के साथ ही मृत हो गए। हालाकिं दो बच्चाें को डाक्टरों ने सुरक्षित बचा लिया है। जच्चा, बच्चा दोनों को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है. 2 बच्चे व महिला स्वस्थ हैं और डॉक्टर की टीम निगरानी कर रही है।


*मृत्यु के बाद एम्बुलेंस तक नहीं हुई नसीब कचरा वाहन में शमशान पहुंचे संक्रमितों के शव*

15-Apr-2021

राजनांदगाव (शोर सन्देश)। प्रदेश में कोरोना का कहर काल बनकर टूटा है। इस संक्रमण की वजह से लोग अकाल मृत्यु को प्राप्त हो रहे है। राजधानी रायपुर के अन्य जिलों के हाल भी भयावह है। वहीं राजनांदगांव जिले में भी कोरोना महामारी ने आतंक मचा रखा है। इसी बीच राजनांदगांव जिले से एक तस्वीर सामने आई है, जिसे देखकर हर किसी का दिल दहला जाएगा । यहां कोरोना संक्रमण के मृतकों के शवों को कचरा उठाने वाली गाड़ी में भरकर शमशान पहुंचाया गया। डोंगरगांव नगर के कोविड सेंटर में बुधवार को तीन संक्रमित मरीजों के निधन के समाचार ने समूचे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया। बुधवार के दिन 12 घंटे के भीतर हुई इन 3 मौतों में तीनों ही महिलाएं हैं, जो बीते दिनों उपचार के लिए भर्ती कराई गई थी। मरने वाली महिलाओं में ग्राम आसरा निवासी दो सगी बहनें हैं, जो कि आपस में देवरानी जेठानी थी। वहीं, एक अन्य महिला ग्राम जारवाही की है। जानकारी के अनुसार डोंगरगाव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आसरा की 2 सगी बहनों व रिश्ते में देरानी-जेठानी व एक अन्य महिला ने कोरोना से दम तोड़ दिया। बताया गया कि मौत आक्सीजन की व्यवस्था नही होने के कारण हुई। इस संदर्भ में एसडीएम डोंगरगांव ने कहा कि मृतक महिलाओं के अंतिम संस्कार कोविड-19 के गाइडलाइन के अनुसार किये जाने के लिए आदेश जारी कर दिया है। इस दौरान बहुत ही दर्दनाक तस्वीर सामने आई, जिसमें कुछ लोग कोरोना संक्रमित का शव कचरा वाहन में भरकर ले जाते नजर आ रहें है। शर्मनाक बात है कि मरने के बाद इन शवों को एम्बुलेंस तक नसीब नही हुआ और इनकी अंतिम यात्रा कचरे के वाहन में सवार होकर मुक्तिधाम तक पहुंची। यह तस्वीरें सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रही है। तस्वीरें देखकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन के कार्य पर सवाल उठ रहा है। इस मामले में किसी अधिकारी का अभी तक कोई बयान सामने नही आया है।


*छह युवा ग्रुप बनाकर कोविड पेशेन्ट और असहायों तक पहुंचा रहे भोजन*

14-Apr-2021

रायपुर (शोर सन्देश)। कोरोना महामारी के दौर में लोगों की सेवा के लिए शहर के छह युवाओं ने अनोखी पहल की है। इन युवाओं की टोली ने रिपोर्टिंग हैंड नाम से ग्रुप बनाया है। इस ग्रुप के मेंबर विवेक सोनी सदर बाजार के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि ग्रुप के सभी सदस्य अलग-अलग मुहल्लों के रहने वाले हैं। आपसी सहयोग से प्रतिदिन 200 कोविड पेशेंटों को ग्रुप के सदस्य भोजन का पैकेट पहुंचा रहे। इसके अलावा 200 से अधिक असहायों को भी भोजन मुहैया करा रहे हैं। विवेक सोनी ने बताया कि कोविड पेशेंटों की वह लोग रिपोर्ट व्हाट्सएप के माध्यम से मंगाते हैं और उनके पते पर भोजन का पैकेट पहुंचा देते हैं।


*लोगों को मास्क पहनने जागरूक करने भाई बहन घर में बना रहे डिजाइनर्स मास्क*

12-Apr-2021

 खरगोन (शोर सन्देश)। कोरोना के कारण हर व्यक्ति को मास्क का उपयोग करना जरूरी हो गया है। सरकार तरह तरह के तरीके अपना कर लोगो को मास्क के लिए जागरूक कर रही है। ताकि लोग मास्क का उपयोग करे, पर फिर भी लोग मास्क उपयोग नही करते है। खरगोन निवासी गुरव समाज के तीन भाई, बहन, वंशिका, खुशी और दिव्यांश ने लोगो को मास्क पहनने के लिए जागरूक करने का नया तरीका अपनाया है उन्होंने मास्क को फेशनेबल बनाने का काम शुरू किया। तिलक पथ निवासी वंशिका निमाडे का कहना है कि ये बोरिंग मास्क जो हम रोज पहन रहे हैं, इन्हें क्या थोड़ा फैशनेबल नहीं बनाया जा सकता। उनका कहना है कि लोग मास्क पहनने में ज्यादा रुचि ले इश्लिये उन्हें स्टाइलिस और डिजाइन मास्क बनाने के आइडिया आया। समाज के हेमन्त मोराने ने बताया कि बीएस सी की स्टूडेंट वंशिका को फोटोग्राफी का बहुत शौक है, बारहवीं कक्षा में पढ़ रही उसकी बहन खुशी को आर्ट्स एंड क्राफ्ट और नवमी कक्षा में अध्ययन भाई दिव्यांश की संगीत में रुचि है घर पर पढ़ाई के साथ साथ तीनो अपने खाली वक्त का सदुपयोग मास्क बनाने में कर रहे है। वंशिका निमाडे चमकदार और बेहतर मास्क बनाने में लगी रहती है। ना सिर्फ वंशिका, बल्कि उसके भाई-बहन खुशी और दिव्यांश ने भी इस पहल को अपनाया है वो भी घर पर फैंसी मास्क बनाने में लगे है।
00 ऐसे डिजाइनर मास्क तैयार कर रहे
वंशिका ने बताया कि सादे मास्क को क्रिएटिव बनाने का सोचा। इसलिए प्लेन मास्क को डिजाइन डालने का काम शुरू किया। मास्क पर कट आउट फ्लावर्स, क्रिस्टल स्टोंस और अन्य सजावटी चीजों का सहारा लिया। 2डी एवं 3डी मॉस्क बना रहे। दो लेयर से लेकर चार लेयर तक के मॉस्क भी बनाए। अपने हाथों से मास्क पर धागे से नाम लिखे हुए मास्क भी बनाये। मास्क के साथ क्रिएटिविटी में सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रख रहे हैं। बच्चों के लिये उनके प्रिय कार्टून कैरेक्टर का नाम या बच्चों के नाम भी लिख कर उसे डिजाइनर बना रहे। वंशिका के छोटे भाई दिव्यांश ने ढिशूम कोरोना मास्क बनाया है इससे कोरोना को मारने और मात देने का संदेश है. दिव्यांश का कहना है कि मास्क बनाने का मेरा यही मकसद है जो इन्हें पहनें वो भी कोरोना के साथ ढिशूम करें और कोरोना को मार गिराएं। वे अपने बनाये मास्क कम दाम पर लोगो उपलब्ध करवा रहे है। बच्चों के पिता मनीष निमाडे वो भी अपने बच्चों के इस टेंलेंट को देखकर हैरान हैं, और पूरे परिवार के लोग उन्हें इस कार्य मे प्रोत्साहित कर रहे है। उनका कहना है कि कहीं भी जाना है तो मास्क पहनना जरूरी है. सादा मास्क पहनने की जगह ऐसे क्रिएटिव मास्क पहनने से जिंदादिली का अहसास होता है. ऐसे में इन बच्चों का दिखाया रास्ता सुरक्षित होने के साथ तारीफ के काबिल है। उन्होंने बहुत से लोगो को जैसे बच्चो ,निशक्त जन , दिव्यांगों और इसके साथ असमर्थ लोगो को भी निःशुल्क वितरण भी किये है।




kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account