ब्रेकिंग न्यूज

जनप्रतिनिधि

ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व की गरिमा के अनुरूप कार्यक्रमों का हो सफल आयोजन : साय

12-Sep-2024
रायपुर ।  ( शोर संदेश )   मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कल शाम यहां अपने निवास कार्यालय 75 दिन तक मनाये जाने वाले देश के ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व के सफल आयोजन के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक ली। उन्होंने इस दौरान बस्तर दशहरा पर्व की गरिमा के अनुरूप सफलतापूर्वक आयोजन के लिए सर्व संबंधितों को सौंपे गए दायित्व का कुशलतापूर्वक निर्वहन किये जाने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि 75 दिन तक चलने वाला बस्तर दशहरा पर्व हरेली अमावस्या के दिन पाट जात्रा पूजा विधान के साथ 4 अगस्त 2024 से शुरू हो गया है, जो कि 19 अक्टूबर 2024 तक मनाया जाएगा। यह दशहरा पर्व विभिन्न जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक भावना का महत्वपूर्ण प्रतीक है। 
मुख्यमंत्री साय को इस दौरान बस्तर दशहरा उत्सव समिति द्वारा इसमें तिथिवार विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के विषय में विस्तार से जानकारी दी गयी। जिसमें बताया गया कि ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व के दौरान 15 अक्टूबर 2024 को मुड़िया दरबार का आयोजन होगा। इसी तरह बस्तर दशहरा को भव्य रूप देने के लिए बस्तर मड़ई, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स मीट, एक पेड़ बस्तर के देवी-देवताओं के नाम, बस्तर टूरिस्ट सर्किट, दसरा पसरा, नगरगुड़ी टेंट सिटी, टूरिज्म ट्रेवलर्स आपरेटर मीट, देव सराय, स्वच्छता पखवाड़ा जैसे विविध कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। बस्तर दशहरा पर्व में लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष यात्री बसों के संचालन के सम्बंध में भी चर्चा की गई। 
4 अगस्त को पाट जात्रा पूजा विधान से शुरू हुए ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व 2024 के अंतर्गत 2 अक्टूबर को काछनगादी पूजा विधान, रेलामाता पूजा विधान। 5 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक प्रतिदिन नवरात्रि पूजा विधान, रथ परिक्रमा पूजा विधान। 12 अक्टूबर को मावली परघाव विधान, 15 अक्टूबर को काछन जात्रा पूजा विधान और मुरिया दरबार, 16 अक्टूबर को कुटुम्ब जात्रा पूजा विधान, 19 अक्टूबर को मावली माता जी की डोली की विदाई पूजा विधान आयोजित है।
गौरतलब है कि मुरिया दरबार में विभिन्न जनजातीय समुदायों के प्रमुख, नेता और प्रशासनिक अधिकारी मिलकर संस्कृति, परंपरा और प्रथाओं को सहेजने और सामुदायिक मांग तथा समस्याओं पर विचार करते हैं। इस वर्ष 15 अक्टूबर 2024 को मुरिया दरबार का आयोजन किया जायेगा।मुरिया दरबार आयोजन के 10 दिन बाद बस्तर संभाग के मांझी, चालकी, मेम्बर, मेम्बरीन, पुजारी, कोटवार, पटेल, मातागुड़ी के मुख्य पुजारियों का सम्मेलन आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा कई अभिनव पहल की जा रही है। द बस्तर मड़ई के अंतर्गत बस्तर की प्राकृतिक सौन्दर्य, एतिहासिक एवं पुरातत्विक स्थलों, एडवेंचर स्थलों, सांस्कृतिक स्थलों से पर्यटकों को अवगत कराने के लिए प्रशासन द्वारा "द बस्तर मड़ई" की अवधारणा तैयार की गयी है।
बस्तर मड़ई के अंतर्गत 21 सितम्बर को सामुहिक नृत्य कार्यक्रम, 21 सितम्बर से 1 अक्टूबर तक बस्तर हाट-आमचो खाजा, 24 सितम्बर को सिरहासार परिसर मैदान में बस्तर नाचा, 27 सितम्बर को पारंपरिक लोक संगीत, 29 सितम्बर को बस्तर की कहानियां एवं हास्य कवि सम्मेलन, 30 सितम्बर को बस्तरिया नाचा जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन होगा। 2 अक्टूबर से बस्तर दशहरा 2024 की समाप्ति तक बस्तर के पारंपरिक व्यंजन के स्टॉल लगाए जाएंगे।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप तथा विधायक द्वय किरण सिंहदेव व सुश्री लता उसेंडी और मुख्य सचिव अमिताभ जैन तथा मुख्यमंत्री के सचिव पी दयानन्द, बसवराजू एस, राहुल भगत और सचिव अन्बलगन पी, आयुक्त बस्तर डोमन सिंह, बस्तर कलेक्टर विजय दयाराम, एसपी शलभ सिन्हा उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय वन शहीद दिवस पर बहादुर वनकर्मियों और पर्यावरण संरक्षकों के बलिदान को किया नमन

11-Sep-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश )   मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय वन शहीद दिवस के अवसर  पर बहादुर वनकर्मियों और पर्यावरण संरक्षकों के बलिदान को नमन किया है। वन शहीदों के प्रति अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए साय ने कहा है कि राष्ट्रीय वन शहीद दिवस हर साल 11 सितंबर को वनों तथा वन्यजीवों की सुरक्षा हेतु अपने जीवन का बलिदान करने वाले बहादुर वनकर्मियों और पर्यावरण संरक्षकों की याद में मनाया जाता । इस दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के बिश्नोई समाज द्वारा पेड़ों की कटाई के विरोध में अपने प्राणों की आहुति और पर्यावरण संरक्षण के लिए शहीद हुए लोगों की विरासत को सम्मान देने के लिए राष्ट्रीय वन शहीद दिवस की शुरुआत की गई। साय ने कहा कि यह दिवस उन वनकर्मियों के साहस और बलिदान को सम्मानित करने का है, जो जंगलों और वन्यजीवों की रक्षा के लिए अपने प्राणों की परवाह किये बिना शहीद हो गए। यह दिन पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति की धरोहर को संरक्षित रखा जा सके।
 

अबूझमाड़ में आर्मी कैंप पर सीएम बोले- किसी को संदेह नहीं, अमित शाह ने जारी की है नक्सलवाद के खात्मे की डेट लाइन

09-Sep-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश )  छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद से लड़ने के लिए आर्मी के कैंप खुलने को लेकर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा है कि इसका नक्सलवाद से कोई संबंध नहीं है। सबको पता है पूरे देश को पता है। नक्सलवाद के साथ हम मजबूती के साथ लड़ रहे हैं। 
गृह मंत्री अमित शाह ने मार्च 2026 में नक्सलवाद के खात्मा का डेट लाइन घोषित कर दिया है, इसमें किसी को संदेह नहीं होना चाहिए।
दरअसल, छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ में इंडियन आर्मी का कैंप खोलने की तैयारी है। यह पहली बार होगा, जब बस्तर में आर्मी अपना बेस कैंप खोलेगी। इसके लिए जमीन का सर्वे भी किया जा चुका है। अबूझमाड़ इलाके को नक्सलियों का सबसे मजबूत ठिकाना माना जाता है।
रायगढ़ दौरे को लेकर सीएम साय ने कहा चक्रधर समारोह का शुभारंभ किया। संगीत सम्राट राजा चक्रधर सिंह के यादगार में समारोह होता है। रायगढ़ के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी शामिल हुए। स्थानीय विधायक और वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। गरिमामय वातावरण में समारोह का शुभारंभ किया। कल शुभारंभ में पद्मश्री हेमा मालिनी का राधा रास बिहारी का कार्यक्रम हुआ। बेहद अद्भुत था लोगों ने बेहद पसंद किया।

मुख्यमंत्री निवास में विराजे भगवान गणेश, सीएम ने पूजा अर्चना कर खुशहाली की कामना की

07-Sep-2024
रायपुर,  ( शोर संदेश )   मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर अपने रायपुर निवास में पूरे विधि विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा की स्थापना की। मुख्यमंत्री ने परिजनों के साथ पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। वन एवं जल वायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद सहित निवास कार्यालय के अधिकारी कर्मचारी इस अवसर पर भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का 7 एवं 8 सितंबर को रायगढ़ प्रवास

07-Sep-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 7 एवं 8 सितम्बर 2024 को रायगढ़ प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री साय 7 सितम्बर को दोपहर 2.15 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा रायपुर से प्रस्थान कर अपरान्ह 3.15 बजे शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम रायगढ़ पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री साय अपरान्ह 3.30 से 4.15 बजे तक शासकीय प्रयास आवासीय विद्यालय गढ़उमरिया के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सर्किट हाऊस रायगढ़ पहंचेंगे। मुख्यमंत्री साय शाम 5.30 बजे से रामलीला मैदान में आयोजित चक्रधर समारोह-2024 के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री साय रात्रि 8.35 बजे नटवर स्कूल मैदान में आयोजित महाराष्ट्र मंडल के 85वें सार्वजनिक गणेशोत्सव में शामिल होंगेे। मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम रायगढ़ में करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 8 सितम्बर को प्रातः 10.35 बजे हेलीकॉप्टर से ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी हेलीपैड जाएंगे और वहां से पूंजीपथरा स्थित बंजारी माई धाम में पूजा तथा मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री साय पूर्वान्ह 11.40 बजे थाना परिसर पूंजीपथरा में आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम‘ कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री साय दोपहर 12.30 बजे ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी हेलीपेड से हेलीकॉप्टर से प्रस्थान कर दोपहर 1.30 बजे रायपुर लौट आयेंगे। 
मुख्यमंत्री साय 8 सितंबर को राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में संध्या 4 से 5 बजे तक राजधानी रायपुर आयोजित अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस समारोह एवं उल्लास मेला में शामिल होंगे।
 

मुख्यमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें नमन किया

05-Sep-2024
रायपुर।    ( शोर संदेश )   मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 5 सितंबर को अपने निवास कार्यालय में पूर्व राष्ट्रपति भारतरत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों और प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान अपने सभी गुरुओं का स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि डॉ. राधाकृष्णन के जन्मदिन को देशभर में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। वे महान दार्शनिक और शिक्षक रहे हैं। देश को शिक्षा के क्षेत्र में आगे ले जाने में उनका योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि मैंने जीवन में जो कुछ भी हासिल किया है, उनमें मेरे गुरुओं की बड़ी भूमिका रही है। जीवन के हर पड़ाव में मुझे गुरुओं का आशीष मिला है। जीवन को सही दिशा देने और चुनौतियों से लड़ने के लिए शिक्षक आपको तैयार करते है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक उच्च नैतिक मूल्यों को विद्यार्थियों के जीवन में उतारकर अच्छा नागरिक तैयार करने में अपनी सर्वोच्च भूमिका निभाते है। मुझे विश्वास  है कि डॉ. राधाकृष्णन के पदचिन्हों पर चलते हुए देश और समाज को सकारात्मक दिशा देने में आगे भी शिक्षकगण महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
 

सीएम साय लगातार दो दिन एसपी और कलेक्टरों की लेंगे मीटिंग

05-Sep-2024
रायपुर।    ( शोर संदेश )   राजधानी रायपुर में एक बार फिर प्रदेश के सभी एसपी और कलेक्टरों की क्लास लगने वाली है। सीएम साय 12 और 13 सितंबर को कलेक्टर-एसपी कांफ्रेंस लेंगे। न्यू सर्किट हाउस ऑडिटोरियम में होने वाले इस कांफ्रेंस में सीएम साय कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इस कांफ्रेस के संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। विभाग ने सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों इसमें शामिल होने के लिए कहा है। मिली जानकारी के अनुसार 12 सितंबर को सीएम साय कलेक्टरों की बैठक लेंगे। वहीं 13 सितंबर को पुलिस अधीक्षकों की क्लास होगी। इस दौरान अपराध, रेवेन्यू, आवास जैसे अलग अलग एजेंडों पर चर्चा होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि बैठक में सबसे लंबी चर्चा कलेक्टर कांफ्रेंस के दौरान स्वास्थ्य विभाग और रेवन्यू डिपार्टमेंट पर होगी। इस कांफ्रेंस को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने गुरूजनों को शिक्षक दिवस पर दी शुभकामनाएं

05-Sep-2024
रायपुर ।    ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों और प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने अपने बधाई संदेश में कहा कि पूर्व राष्ट्रपति भारतरत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन को हम शिक्षक दिवस के रूप में मनाते हैं। डॉ. राधाकृष्णन दार्शनिक और शिक्षक भी रहे हैं। देश को शिक्षा के क्षेत्र में आगे ले जाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक, शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता रखते हैं। वे उच्च नैतिक मूल्यों को विद्यार्थियों के जीवन में उतारकर अच्छा नागरिक तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आशा है कि डॉ. राधाकृष्णन के पदचिन्हों पर चलते हुए देश और समाज को सकारात्मक दिशा देने में आगे भी शिक्षकगण महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।

नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिलने पर मुख्यमंत्री ने दी पुलिस जवानों को बधाई

04-Sep-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिसबल के जवानों द्वारा 09 नक्सलियों के मारे जाने की खबर मिलने पर डीआरजी और सीआरपीएफ के वीर जवानों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निश्चित ही यह सुरक्षाबल के जवानों के लिए बड़ी सफलता है। मैं इस अभियान में शामिल सभी सुरक्षा अधिकारियों, जवानों की बहादुरी को सलाम करता हूं और बधाई देता हूं। नक्सलवाद के खात्मे तक हमारी यह लड़ाई जारी रहेगी। ज्ञात हो कि पुलिस की संयुक्त टीम की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में अब तक 09 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। इसके साथ ही बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों द्वारा 13 सक्रिय माओवादियों को गिरफ्तार किए जाने की भी खबर प्राप्त हुई है। देश के गृहमंत्री अमित शाह पिछले दिनों छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए थे। इस दौरान उन्होंने नक्सल उन्मूलन के लिए 6 राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

छत्तीसगढ़ को 8,46,931 आवासों की स्वीकृति, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री का व्यक्त किया आभार

04-Sep-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )  छत्तीसगढ़ राज्य को आज भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 8,46,931 आवासों की स्वीकृति मिली है। इसमें एसईसीसी 2011 की सूची के अनुसार 6,99,331 आवास और आवास प्लस सूची के अनुसार 1,47,600 आवास शामिल हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ी संख्या में आवास की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। इसके लिए उन्होंने ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का भी धन्यवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत यह स्वीकृति छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस योजना के तहत लाखों परिवारों को अपने घर का सपना साकार होगा, जिससे उनके जीवन में स्थिरता और सुरक्षा का भाव उत्पन्न होगा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में गरीब और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। छत्तीसगढ़ को प्राप्त यह आवास की स्वीकृति हमारे राज्य के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगी।



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account