
काबुल/नई दिल्ली (शोर सन्देश)। अफगानिस्तान के बमियान प्रांत में मंगलवार को सड़क के किनारे छिपाकर रखे गए बम में विस्फोट होने से एक यातायात पुलिस कर्मी समेत 14 लोगों की मौत हो गयी और 45 लोग घायल हो गए। यह घटना ऐसे वक्त हुई है जब सरकारी वार्ताकार और तालिबान के प्रतिनिधि दशकों से चल रही जंग को खत्म करने के लिए बातचीत कर रहे हैं। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता तारिक एरियन ने बताया कि बमियान प्रांत के बमियान शहर में दोपहर में हुए विस्फोट में 45 लोग घायल हो गए। धमाके में कई दुकानें और गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गयी। बमियान प्रांत के पुलिस प्रमुख के प्रवक्ता मोहम्मद रजा यूसुफी ने बताया कि लगातार दो धमाके हुए। किसी भी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्ला मुजाहिद ने बताया कि उनका समूह इस घटना में संलिप्त नहीं था।
00 IS से संबंध समूह ने हालिया हमलों की जिम्मेदारी ली है वहीं इस्लामिक स्टेट (आईएस) से संबद्ध संगठन ने देश में अल्पसंख्यक शिया मुसलमानों के खिलाफ जंग की घोषणा की है और बमियान में ज्यादातर शिया आबादी रहती है। आईएस से संबद्ध समूह ने अफगानिस्तान में हालिया हमलों की जिम्मेदारी ली है। पिछले दिनों एक शैक्षणिक संस्थान में हमले में 50 लोग मारे गए थे। इनमें अधिकतर छात्र थे। बता दें कि अमेरिका ने इस साल पूर्व में एक महिला अस्पताल पर हमले के लिए आईएस से संबद्ध समूह को जिम्मेदार ठहराया था जिसमें 24 माताओं और उनके बच्चों की मौत हो गयी थी।

कोलकाता (शोर सन्देश)। पश्चिम बंगाल में भले ही साल 2021 में विधानसभा चुनाव है, मगर सियासी सरगर्मी अभी से ही तेज हो गई है। बांकुड़ा में एक रैली को संबोधित करते हुए राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है और उसे राष्ट्र का अभिशाप बताया है। ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी को गिरफ्तार करने की चुनौती देते हुए कहा कि अगर भाजपा में हिम्मत है, तो मुझे गिरफ्तार कराए। मैं जेल से भी चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करूंगी। बांकुड़ा में एक रैली में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा, पार्टी बदलने के लिए तृणमूल कांग्रेस के विधायकों को पैसों का लाालच दे रही है। भाजपा झूठ का पुलिंदा, राष्ट्र का सबसे बड़ा अभिशाप है। गौरतलब है कि 294 विधानसभा सीटों वाले राज्य पश्चिम बंगाल में अगले साल अप्रैल-मई में चुनाव होने हैं। भाजपा द्वारा टीएमसी विधायकों को रिश्वत देने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए ममता बनर्जी ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि कुछ लोग सट्टेबाजों की तरह काम कर रहे हैं, और वो इस भ्रम में हैं कि भगवा पार्टी सत्ता में आ सकती है। बता दें कि कोरोना काल में ममता बनर्जी की यह पहली सार्वजनिक रैली थी। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा एक राजनीतिक दल नहीं है लेकिन झूठ का पुलिंदा है। जब भी चुनाव आता है वे टीएमसी नेताओं को डराने के लिए नारद (स्टिंग ऑपरेशन) और सारदा (घोटाला) का मुद्दा उठा लेते हैं। मगर मैं उन्हें बहुत स्पष्ट रूप से बताती हूं कि मैं भाजपा या उसकी किसी एजेंसी से डरती नहीं हूं। अगर उनके पास हिम्मत है, तो वे मुझे गिरफ्तार कर सकते हैं और मुझे सलाखों के पीछे डाल दें। मैं जेल से ही चुनाव लड़ूंगी और टीएमी की जीत सुनिश्चित करूंगी।

पटना (शोर सन्देश)। बिहार के शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी ने इस्तीफ़ा दे दिया है। उन्होंने लगातार उठ रहे आपराधिक मुकदमे वाले विधायक को शिक्षा मंत्री बनाने के आरोपों के चलते अपने पद से इस्तीफा दिया है। बिहार सरकार में जदयू कोटे से डॉ. मेवालाल चौधरी को मंत्री बनाये जाने को लेकर मुख्य विपक्षी दल राजद सहित विभिन्न दलों ने बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरा और मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की जिन्हें पूर्व में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर पार्टी से निलंबित भी किया गया था। राजद नेता तेजस्वी यादव ने सवाल किया कि असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति में आरोपी चौधरी को शिक्षा मंत्री बनाकर क्या भ्रष्टाचार करने का ईनाम एवं लूटने की खुली छूट प्रदान की है? तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर आरोप लगाया, `भ्रष्टाचार के अनेक मामलों में भगौडे आरोपी को शिक्षा मंत्री बना दिया।` उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, `कुर्सी की ख़ातिर अपराध, भ्रष्टाचार और साम्प्रदायिकता पर मुख्यमंत्री प्रवचन जारी रखेंगे।` राजद नेता ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति और भवन निर्माण में भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों में भारतीय दंड संहित की धारा 409,420,467, 468,471 और 120ब के तहत आरोपी मेवालाल चौधरी को शिक्षा मंत्री बनाकर क्या भ्रष्टाचार करने का ईनाम एवं लूटने की खुली छूट प्रदान की है?

दिल्ली (शोर सन्देश)। केंद्र सरकार ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के निदेशक संजय कुमार मिश्रा का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है। 13 नवंबर को वित्त मंत्रालय के एक आदेश में कहा गया, `राष्ट्रपति ने मिश्रा को प्रधान विशेष निदेशक के पद पर तीन साल के लिए नियुक्त किया है, जो कि उनको पदभार देने की तारीख से मानी जाएगी।`
1984 बैच के आईआरएस अधिकारी मिश्रा को दो साल की अवधि के लिए 19 नवंबर, 2018 को ईडी का निदेशक नियुक्त किया गया था। वह इस साल 18 नवंबर को रिटायर होने वाले थे।

दिल्ली (शोर सन्देश). प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर साल की तरह इस बार भी सैनिकों के बीच दिवाली मनाई. पीएम मोदी इस बार जैसलमेर बॉर्डर पर पहुंचे. यहां उन्होंने जवानों के साथ दिवाली मनाई, उनका हौसला बढ़ाया और दुश्मन देशों पर करारा प्रहार भी किया. इसके साथ ही पीएम मोदी टैंक पर भी सवार हुए.
लोंगेवाला पोस्ट पर जवानों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विस्तारवादी ताकतों को जमकर लताड़ लगाई. पीएम ने कहा कि विस्तारवाद 18वीं शताब्दी की सोच है, इस सोच में मानसिक विकृति है और इससे पूरी दुनिया परेशान है.
चीन पाकिस्तान का नाम लिए बिना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत यूं तो समझने और समझाने में यकीन रखता है, लेकिन अगर किसी ने भारत को आजमाने की कोशिश की तो जवाब प्रचंड मिलेगा.
भारत-पाकिस्तान के बीच अभूतपूर्व युद्ध का गवाह रहे और भारतीय सैनिकों के अदम्य शौर्य का प्रतीक लोंगेवाला बॉर्डर पर सैनिकों को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज दुनिया ये जान रही है, समझ रही है कि ये देश अपने हितों से किसी भी कीमत पर रत्ती भर भी समझौता करने वाला नहीं है.
सैनिकों का उत्साहवर्धन करते हुए पीएम ने कहा कि भारत का ये रुतबा, ये कद आपकी शक्ति और आपके पराक्रम के ही कारण है. आपने देश को सुरक्षित किया हुआ है इसीलिए आज भारत वैश्विक मंचों पर प्रखरता से अपनी बात रखता है. पीएम मोदी ने कहा कि सीमा पर रहकर आप जो त्याग करते हैं, तपस्या करते हैं, वो देश में एक विश्वास पैदा करता है. ये विश्वास होता है कि मिलकर बड़ी से बड़ी चुनौती का मुकाबला किया जा सकता है.

चंडीगढ़ (शोर सन्देश)। कृषि कानून को लेकर पंजाब में किसानों का आंदोलन जारी है। किसानों के आंदोलन का सबसे ज्यादा असर ट्रेनों पर पड़ा है। उत्तर रेलवे की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक आंदोलन के चलते जहां 41 ट्रेनों को रद्द कर दिया है, तो वहीं 11 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया गया है। रद्द होने वाली ज्यादातर ट्रेनें नई दिल्ली-कटरा रूट की हैं। ट्रेनों के रद्द होने से ट्रेन से जाने वाले यात्री काफी परेशान हैं। इससे पहले रेलवे ने किसानों के आंदोलन के चलते 28 ट्रेनों को रद्द किया था।
पंजाब में किसान केंद्र सरकार की ओर से लाए गए तीन कृषि कानून को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। पिछले महीने ही पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र में केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रस्ताव पास कर विधानसभा की ओर से लाए गए तीन नए बिल पास कर दिए गए। बाद में इन तीनों बिल को मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्यपाल को सौंपा गया। इसी महीने 4 नवंबर को पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने राज्य में 24 सितंबर से रेलवे की ओर से मालगाड़ी सेवा को निलंबित करने के खिलाफ दिल्ली के जंतर मंतर में धरना दिया।
बता दें कि पंजाब ऐसा पहला राज्य है, जिसने केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ विधानसभा में प्रस्ताव पास किया है। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा कि केंद्र से लाए गए कृषि कानून से किसानों को फायदा नहीं होगा और उन्हें ज्यादा नुकसान होगा। साथ ही इससे राज्य की अर्थव्यवस्था के साथ कृषि चौपट हो जाएगी। पंजाब में कांग्रेस के अलावा कई और पार्टियां भी इन कानूनों का विरोध कर रही हैं। कृषि कानून को लेकर एनडीए की पुरानी सहयोगी रही शिरोमणि अकाली दल पहले ही सरकार से अलग हो चुकी हैं। पंजाब के बाद इन हरियाणा में कृषि कानून का विरोध हो रहा है।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। मौजूदा वक्त में चीन के साथ लद्दाख में भारत का विवाद जारी है। इसके अलावा पाकिस्तान भी आए दिन सीमा और एलओसी पर नापाक हरकत करता रहता है। दो देशों से विवाद के बीच भारत लगातार अपनी सुरक्षा को और मजबूत कर रहा है, ताकी वक्त आने पर दुश्मन को कड़ा जवाब दिया जा सके। इस बीच शुक्रवार को डीआरडीओ को बड़ी कामयाबी मिली, जहां क्विक रिएक्शन सर्फेस टू एयर मिसाइल (Quick Reaction Surface to Air Missile) का सफल परीक्षण हुआ।
30KM दूर स्थित टारगेट को किया हिट
जानकारी के मुताबिक डीआरडीओ ने जमीन से हवा में मार करने वाली एक मिसाइल को विकसित किया है, जो दुश्मन पर तेजी से हमला करती है। इस वजह से इसे क्विक रिएक्शन सर्फश टू एयर मिसाइल कहा जा रहा है। शुक्रवार को ओडिशा के बालासोर तट पर इस मिसाइल को लॉन्च किया गया। जिसने 25-30 किलोमीटर दूर स्थित अपने टारगेट का सफलतापूर्वक भेद दिया। इस दौरान हाईटेक उपकरणों से मिसाइल की निगरानी हुई। डीआरडीओ अधिकारियों के मुताबिक मिसाइल सभी मानकों पर खरी उतरी है।
6 कैनिस्टराइज्ड मिसाइल की क्षमता
डीआरडीओ के मुताबिक मिसाइल सिंगल-स्टेज-सॉलिड-प्रोपलेंट रॉकेट मोटर से चलती है, जो पूरी तरह से भारत में विकसित किया गया है। इसके अलावा मिसाइल परिवहन के लिए कैनिस्टराइज्ड है और मोबाइल लॉन्चर का उपयोग करने में सक्षम है। अभी इसकी क्षमता 6 कैनिस्टराइज्ड मिसाइलों को ले जाने की है। वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इसे डीआरडीओ की बड़ी सफलता बताई है। साथ ही इसके लिए डीआरडीओ की पूरी टीम को बधाई दी।
पिनाका का भी सफल परीक्षण
नवंबर की शुरूआत में भी डीआरडीओ के हाथ बड़ी कामयाबी लगी थी, जहां 4 तारीख को स्वदेशी तकनीक से निर्मित पिनाका एमके-I रॉकेट गाइडेड रॉकेट लांच सिस्टम के अपडेट वर्जन का सफल परीक्षण हुआ था। इस दौरान परीक्षण के लिए तय किए गए सभी मानक सफलतापूर्वक हासिल किए गए। इस टेस्ट में 6 रॉकेट को एक सीरीज में लॉन्च किया गया। सभी रॉकेट अपना तय लक्ष्य भेदने में सफल रहे। परीक्षण के दौरान ओडिशा के चांदीपुर के रक्षा क्षेत्र में रडार इलेक्ट्रो ऑप्टिकल सिस्टम और टेलीमेट्री सिस्टम ने राकेट के पूरे मार्ग की निगरानी की।

आर्मी चीफ एमएम नरवणे भी रहेंगे मौजूद
नई दिल्ली (शोर सन्देश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान के जैसलमेर स्थित लोंगेवाला में तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साथ दीवाली मनाएंगे। जवानों के साथ दीवाली मनाने की परंपरा को कायम रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी लगातार सातवीं बार जैसलमेर बॉर्डर पर पहुंच गए हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री के साथ चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत, आर्मी चीफ एमएम नरवने और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के डायरेक्टर जनरल राकेश अस्थाना भी हैं।
रोशनी के त्योहार दीवाली को मनाने के लिए हर साल की तरह इस बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जवानों के पास हैं। वे जैसलमेर में मिलने वाले भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के साथ इस बार त्योहार मनाएंगे।
देशवासियों को दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री ने दीपावली के शुभ अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, `सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक मंगलकामनाएं। यह त्योहार लोगों की जिंदगी में खुशहाली लाए और सभी स्वस्थ व समृद्ध रहें।`
शुक्रवार को ही प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा था, `इस दीपावली हम सभी एक दीया उन सैनिकों के सम्मान में जलाएं जो निडर होकर देश की रक्षा करते हैं। सैनिकों की अनुकरणीय बहादुरी के लिए उनके प्रति शब्दों से कृतज्ञता ज्ञापित करने की भावना न्याय नहीं कर सकती। हम सीमाओं पर डटे सैनिकों के परिवार वालों के प्रति भी कृतज्ञ हैं।`
2014 से दीवाली पर जवानों के साथ होते हैं पीएम
हर साल की तरह इस बार भी प्रधानमंत्री सीमा पर तैनात वीर और साहसी जवानों के साथ दीवाली मनाएंगे।पिछले वर्ष 27 अक्टूबर 2019 को प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी में जवानों के साथ दीवाली मनाई थी। आर्मी ड्रेस में प्रधानमंत्री मोदी ने जवानों के बीच मिठाइयां बांटी थी। इससे पहले 2018 में पीएम मोदी ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सेना और ITBP के जवानों के बीच दीवाली मनाई थी। वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री जम्मू कश्मीर के गुरेज में जवानों के बीच दीवाली मनाने के लिए मौजूद थे जैसलमेर में भारत-पाकिस्तान की मिलने वाली सीमा पर बीएसएफ के जवान तैनात हैं।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राजधानी दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के परिसर में स्वामी विवेकानंद की आदमकद मूर्ति का अनावरण किया। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हो रहे इस अनावरण कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी उपस्थित हैं। लेफ्ट का गढ़ कहे जाने वाले जेएनयू में इस कार्यक्रम को लेकर विरोध प्रदर्शन भी हो रहे हैं। कई छात्र संगठनों ने परिसर में विवेकानंद की मूर्ति लगाने का विरोध करते हुए नारेबाजी की।
इससे पहले, प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि स्वामी विवेकानंद के सिद्धांत और संदेश आज भी देश के युवाओं को राह दिखाते हैं और भारत को गर्व है कि यहां पैदा हुई उनकी जैसी महान शख्सियत आज भी दुनिया भर के करोड़ों लोगों को प्रेरित करती है।
बयान के मुताबिक, ``प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा कहते रहे हैं कि स्वामी विवेकानंद के आदर्श जितने उनके जीवनकाल में प्रासंगिक थे वह आज भी हैं। प्रधानमंत्री ने हमेशा जोर दिया है कि लोगों की सेवा करने और युवाओं को सशक्त बनाने से देश शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनता है और इससे देश की वैश्विक साख भी बढ़ती है। भारत की समृद्धि और शक्ति यहां के लोगों में निहित है और सभी को सशक्त करने से ही देश आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को हासिल कर सकेगा।``

नई दिल्ली (वीएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया का बिहार चुनाव में महागठबंधन की हार के बाद बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने बिहार चुनाव में मिली कांग्रेस की हार पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि तारिक अनवर का कहना सही है। ज्यादा सीटो पर लड़ने का फैसला गलत था, 70 सीटो पर लड़ना और कम सीट जीतना नुकसान देह रहा।
उन्होंने कहा कि पिछली बार 40 मे से 27 सीट कांग्रेस ने जीती थी। इस बार क्यों 70 सीटों पर लड़े, इसे नुकसान हुआ।