ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन ने पीएम मोदी से की मुलाकात

21-Aug-2025
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट की और संगठन की चार वर्षों की यात्रा और उपलब्धियों से उन्हें अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने दो विशेष पुस्तकें (महिला मोर्चा की यात्रा और वीरांगना) प्रधानमंत्री को भेंट की।
वनथी श्रीनिवासन ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री को महिला मोर्चा के बीते चार वर्षों में किए गए कार्यों, राज्य दौरों, संगठनात्मक अनुभवों और महिलाओं से जुड़ी पहलों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने यह भी साझा किया कि कैसे नवाचारी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से महिला मोर्चा ने देशभर की महिलाओं को पार्टी और सरकार की योजनाओं से जोड़ा है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
वनथी ने कहा, एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में तमिलनाडु से अपनी यात्रा शुरू करके आज प्रधानमंत्री के समक्ष महिला मोर्चा की पूरी यात्रा प्रस्तुत करना मेरे लिए गर्व का विषय है। प्रधानमंत्री ने पूरे मनोयोग से हमारी बात सुनी और अमूल्य मार्गदर्शन भी दिया।
इस मुलाकात में उन्होंने प्रधानमंत्री को तीन प्रमुख दस्तावेज सौंपे, जिनमें महिला मोर्चा की उपलब्धियों की रिपोर्ट, 'महिला मोर्चा की यात्रा' पर आधारित कॉफी टेबल बुक और 'वीरांगना'- भारत की 75 महिला स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित कॉफी टेबल बुक शामिल थे।
उन्होंने बताया कि महिला मोर्चा ने बीते वर्षों में जैसे कमल मित्र अभियान, दो दिवसीय प्रवास कार्यक्रम, और अन्य कई नवाचारी अभियानों के माध्यम से देश के कोने-कोने में महिलाओं से संपर्क साधा और उन्हें सरकार की योजनाओं से जोड़ा।
वनाथी ने यह भी कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को अपने 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के संगठनात्मक दौरों के अनुभव भी साझा किए। प्रधानमंत्री ने महिला मोर्चा की इन पहलों की सराहना की और आगे की दिशा में भी मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने कहा कि वे इस मुलाकात से नई ऊर्जा और प्रेरणा लेकर लौट रही हैं और आगे भी पूरे जोश और समर्पण के साथ भारत की महिलाओं की सेवा में जुटी रहेंगी।
 

उपराष्ट्रपति चुनाव : प्रधानमंत्री मोदी ने सभी दलों से की सीपी राधाकृष्णन के समर्थन की अपील

19-Aug-2025
दिल्ली। शोर संदेश मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की बैठक के बाद, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष समेत सभी सांसदों से उपराष्ट्रपति चुनाव में सीपी राधाकृष्णन का समर्थन करने की अपील की है।
रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक में सदन के नेताओं को सीपी राधाकृष्णन का परिचय कराया। "उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का बैठक में परिचय कराया गया।
एनडीए के सांसदों, सदन के नेताओं ने सीपी राधाकृष्णन जी का गर्मजोशी से स्वागत किया, उन्हें बधाई दी और प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। एनडीए की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने उनका परिचय कराया।
पीएम मोदी ने आज की संसदीय दल बैठक में कहा कि सभी दलों से बातचीत की जा रही है जिससे आम सहमति से उपराष्ट्रपति का चयन हो।
बता दें कि भाजपा ने एनडीए में शामिल सभी दलों की आपसी सहमति से राधाकृष्णन को इस पद का उम्मीदवार चुना है। 
 

पीएम मोदी से मिले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

19-Aug-2025
रायपुर। शोर संदेश विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मंगलवार को अपने दिल्ली प्रवास के दौरान संसद भवन में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को 1 नवम्बर 2025 को प्रदेश के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के नवा रायपुर (अटल नगर) स्थित नवनिर्मित विधानसभा भवन में प्रवेश करने की जानकारी दी।
डॉ. रमन सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को इस ऐतिहासिक अवसर पर नवीन विधानसभा भवन का लोकार्पण उनके हाथों से करने हेतु आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि यह गौरवशाली क्षण प्रदेश की जनता और सभी विधानसभा सदस्यों के लिए स्मरणीय होगा।
साथ ही, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी भेंट की और उन्हें नवीन विधानसभा भवन के लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता करने हेतु आमंत्रित किया। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विधानसभा अध्यक्ष का आमंत्रण स्वीकार किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी से चर्चा करते हुए कहा कि नवा रायपुर में ब्रह्माकुमारी बहनों का नया भवन बन कर तैयार है, जिसके लोकार्पण समारोह में ब्रह्मकुमारी बहनें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित करना चाहती है। डॉ. रमन सिंह के इस आग्रह को प्रधानमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर ब्रह्मकुमारी संस्थान के नवीन भवन लोकार्पण के लिए भी अपनी स्वीकृति प्रदान की है।
आपको बता दे कि, छत्तीसगढ़ प्रदेश अपने गठन के 25 वर्ष पूर्ण कर रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर नवा रायपुर स्थित नवीन विधानसभा भवन का लोकार्पण न केवल प्रदेश की लोकतांत्रिक परंपराओं को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा, बल्कि यह क्षण छत्तीसगढ़ की प्रगति और सशक्त लोकतंत्र की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
 

 


बिहार मतदाता सूची से हटे 65 लाख नाम, चुनाव आयोग ने जारी की पूरी लिस्ट

18-Aug-2025
नई दिल्ली।  शोर संदेश सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बिहार की मतदाता सूची से विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद हटे 65 लाख नामों की लिस्ट चुनाव आयोग ने जारी कर दी है। इसको जिला मजिस्ट्रेटों की वेबसाइटों पर डाला गया है। चुनाव आयोग की चुनावी राज्य बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण कराने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में कई याचिका डाली गई हैं। सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान चुनाव आयोग को हटाए गए 65 लाख नामों की जानकारी पब्लिश करने का निर्देश दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने बिहार में एसआईआर के मुद्दे पर अंतरिम आदेश में चुनाव आयोग को आदेश देते हुए कहा था कि वह 65 लाख हटाए गए मतदाताओं के नामों की सूची सार्वजनिक कर दे। यह नामों का आंकड़ा भर न हो। इस बात का भी हमें ध्यान रखना है। जारी की गई सूची में बूथ वाइज, वार्ड वाइज और एपिक नंबर भी होना चाहिए, जिससे मतदाता जांच कर सकें कि उनका नाम लिस्ट में है कि नहीं। 












 

किश्तवाड़ आपदा : बादल फटने से अब तक 53 लोगों की मौत

17-Aug-2025
किश्तवाड़।।  शोर संदेश )   जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भीषण बादल फटने की घटना के बाद राहत-बचाव कार्य तेजी से जारी है। अब तक 53 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं और उन्हें आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया गया है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि राहत एवं बचाव कार्य 'फुल स्विंग' में चल रहा है और सेना, अर्धसैनिक बल, जम्मू-कश्मीर पुलिस तथा प्रशासन पूरी ताकत के साथ लगे हुए हैं।
जितेंद्र सिंह ने पोस्ट में लिखा, मैं सेना, अर्धसैनिक बलों, जम्मू-कश्मीर पुलिस और प्रशासन के साहसिक प्रयासों की तहे दिल से सराहना करता हूं, जिन्होंने इस विकट परिस्थिति में, जो एक प्राकृतिक आपदा के साथ-साथ दुर्गम पहाड़ी इलाकों, अपर्याप्त संपर्क और खराब मौसम जैसी प्राकृतिक बाधाओं से जूझ रही है, हर संभव प्रयास करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। स्थानीय निवासियों की भी उतनी ही सराहना की जानी चाहिए, जो 14 अगस्त की दोपहर को हुए भीषण बादल फटने की घटना से सभी स्तब्ध थे, और सबसे पहले तुरंत कार्रवाई में जुट गए थे।
उन्होंने लिखा, इससे ज्यादा सुकून की बात और क्या हो सकती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रहे हैं। दरअसल, 2014 के बाद ही केंद्र के हस्तक्षेप से पवित्र मचैल यात्रा क्षेत्र को सड़क संपर्क, मोबाइल टावर, बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रदान की जा सकीं। प्रभावितों को हर संभव मदद प्रदान की जा रही है। लेकिन खोए हुए अपनों को वापस नहीं पा सकते।
केंद्रीय मंत्री ने आगे लिखा, 53 शव पहले ही बरामद हो चुके हैं और आधिकारिक तौर पर मृत घोषित कर दिए गए हैं। यह सोचकर डर लगता है कि कितने और लोग अभी भी मलबे में दबे हैं और कितने लोग उन जानलेवा 15 सेकंड में बह गए। बता दें कि किश्तवाड़ के चिशोती इलाके में गुरुवार को बादल फटने के बाद अचानक बाढ़ आ गई।
उस जगह पर यह घटना हुई, जहां मचैल यात्रा के लिए चार पहिया वाहन खड़े होते हैं और कई अस्थायी दुकानें लगी हुई हैं। एडीसी किश्तवाड़ के अनुसार, मचैल यात्रा अगली सूचना तक स्थगित कर दी गई है। स्थानीय पुलिस-प्रशासन के अलावा एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियां बड़े पैमाने पर राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं।














 

अमित शाह ने साझा की तिरंगा फहराने की तस्वीरें, दिया एकता का संदेश

13-Aug-2025
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश ) केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज लगाया है। 15 अगस्त के मद्देनजर भारत सरकार ने देशभर में 'हर घर तिरंगा' अभियान की शुरुआत की है, जिसमें लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। अमित शाह ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान देश को एकता के सूत्र में पिरोने और राष्ट्रप्रेम की भावना को और भी प्रबल बनाने वाला जन-अभियान बन गया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पत्नी के साथ अपने आवास की छत पर तिरंगा झंडा लगाया। अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की तस्वीरें भी साझा की हैं। शाह ने लिखा, आज हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत अपने आवास पर तिरंगा फहराया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज देश को एकता के सूत्र में पिरोने और राष्ट्रप्रेम की भावना को और भी प्रबल बनाने वाला जन-अभियान बन गया है।
यह अभियान दर्शाता है कि असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने त्याग, तप और समर्पण से जिस आजाद भारत का सपना साकार किया था, उसे विकसित और सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए 140 करोड़ देशवासी संकल्पित हैं।
देश में चल रहे 'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत नागरिकों को 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों और कार्यस्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस साल के अभियान में "स्वच्छता ही सेवा है" पहल के अंतर्गत स्वच्छता पर भी जोर दिया जा रहा है, जिससे राष्ट्रीय गौरव और नागरिक जिम्मेदारी दोनों को प्रोत्साहन मिलेगा।
 

रिसर्च में अरबों डॉलर का निवेश कर रहा भारत : पीएम मोदी

13-Aug-2025
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी पर 18वें अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने परंपरा और इनोवेशन के संगम को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत रिसर्च के क्षेत्र में अरबों डॉलर का निवेश कर रहा है।
उन्होंने भारत के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। 18वें अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, 64 देशों के 300 से ज्यादा सितारों से जुड़ना मेरे लिए खुशी की बात है। भारत एक ऐसा देश है जहां परंपरा और नवाचार साथ चलते हैं, जहां आध्यात्म और विज्ञान मिलते हैं और जहां जिज्ञासा रचनात्मकता से मिलती है। भारत सदियों से आकाश का अध्ययन करता रहा है और बड़े सवालों के जवाब तलाशता रहा है।
उन्होंने 5वीं शताब्दी के गणितज्ञ और खगोलशास्त्री आर्यभट्ट के काम का उल्लेख करते हुए कहा, उदाहरण के लिए, 5वीं शताब्दी में आर्यभट्ट ने 'शून्य' की खोज की थी। उन्होंने सबसे पहले कहा था कि पृथ्वी अपनी धुरी पर घूमती है। वाकई में, उन्होंने शून्य से शुरू किया और इतिहास बना दिया।
उन्होंने भारत की आधुनिक उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए लद्दाख में 4,500 मीटर की ऊंचाई पर स्थित विश्व की सबसे ऊंची खगोलीय वेधशालाओं में से एक का जिक्र किया। उन्होंने कहा, आज हम लद्दाख में दुनिया की सबसे ऊंची खगोलीय वेधशालाओं में से एक की मेजबानी कर रहे हैं। समुद्र तल से 4,500 मीटर की ऊंचाई पर यह तारों के इतना करीब है कि मानो उनसे हाथ मिला सके। पुणे में हमारा जायंट मीटरवेव रेडियो टेलीस्कोप दुनिया के सबसे संवेदनशील टेलीस्कोपों में से एक है। यह पल्सर, क्वासर और आकाशगंगाओं के रहस्यों को समझने में हमारी मदद कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा, भारत गर्व के साथ स्क्वायर किलोमीटर ऐरे और एलआईजीओ-भारत जैसी वैश्विक मेगा-विज्ञान परियोजनाओं में योगदान दे रहा है। दो साल पहले, हमारे चंद्रयान-3 ने इतिहास रचा। हम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास सफलतापूर्वक उतरने वाले पहले देश बने। हमने आदित्य-एल1 सौर वेधशाला के साथ सूर्य पर भी नजरें गड़ाई हैं, जो सौर ज्वालाओं, तूफानों और सूर्य के मिजाज पर नजर रखता है। पिछले महीने ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए अपना ऐतिहासिक मिशन पूरा किया। यह सभी भारतीयों के लिए गर्व का क्षण था और आप सभी जैसे युवा खोजकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है।

खरगे देंगे इंडिया गठबंधन के नेताओं को डिनर

11-Aug-2025

 

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बाद अब कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे इंडिया गठबंधन के नेताओं के लिए डिनर का आयोजन कर रहे हैं जिसमें चुनाव आयोग पर 'वोट की चोरी', बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण तथा अन्य कई मुद्दों पर विचार विमर्श किया जाएगा।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार डिनर का आयोजन 11 अगस्त यानी सोमवार को किया जाएगा। इसमें लोकसभा तथा राज्यसभा में इंडिया गठबंधन के सभी दलों के नेताओं के साथ ही विपक्षी गठबंधन के प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया गया है।

चुनाव आयोग ने फिर दोहराया, राहुल गांधी डिक्लेरेशन दें या फिर झूठे आरोपों के लिए देश से माफी मांगें

11-Aug-2025

 

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से लगातार चुनाव आयोग पर 'वोट चोरी' के आरोप लगाए जा रहे हैं। इसे लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने एक बार फिर सख्ती से उनके बयान पर अपना जवाब दोहराया। आयोग ने कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी नियमों के अनुसार डिक्लेरेशन दें या फिर अपने झूठे आरोपों के लिए देश से माफी मांगें। इससे पहले भी भारत निर्वाचन आयोग ने नेता प्रतिपक्ष के बयान को भ्रामक बताया था।

चुनाव आयोग फैक्ट चेक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा था कि मशीन रीडेबल वोटर लिस्ट उपलब्ध कराने की कांग्रेस की याचिका को सर्वोच्च न्यायालय ने 'कमलनाथ बनाम चुनाव आयोग, 2019' में खारिज कर दिया था। कोई भी पीड़ित उम्मीदवार 45 दिनों के भीतर संबंधित हाई कोर्ट में अपने निर्वाचन को चुनौती देने के लिए चुनाव याचिका (ईपी) दायर कर सकता है।

उन्होंने कहा कि अगर ईपी दायर की जाती है तो सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखी जाती है। अन्यथा, इसका कोई उद्देश्य नहीं है, जब तक कि कोई मतदाता की गोपनीयता भंग करने का इरादा न रखता हो। उदाहरण के लिए, 1 लाख मतदान केंद्रों के सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा में 1 लाख दिन लगेंगे, यानी लगभग 273 साल, और इसका कोई कानूनी नतीजा निकलना संभव नहीं है।

ईसीआई फैक्ट चेक ने कहा कि लोकसभा 2024 में वोटर लिस्ट तैयार करने के दौरान आरपी अधिनियम 1950 की धारा 24 के तहत सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कांग्रेस द्वारा शायद ही कोई अपील दायर की गई हो। राहुल गांधी द्वारा ऐसे कई आरोप लगाए जा रहे हैं और मीडिया द्वारा रिपोर्ट किए जा रहे हैं, जबकि उन्होंने कभी कोई लिखित शिकायत प्रस्तुत नहीं की है। अतीत में भी उन्होंने कभी व्यक्तिगत रूप से स्व-हस्ताक्षरित पत्र नहीं भेजा है।

चुनाव आयोग के अनुसार, उदाहरण के लिए उन्होंने दिसंबर 2024 में महाराष्ट्र का मुद्दा उठाया। इसके बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के एक वकील ने ईसीआई को पत्र लिखा। हमारा उत्तर 24 दिसंबर 2024 को ईसीआई की वेबसाइट पर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है। फिर भी राहुल गांधी का दावा है कि चुनाव आयोग ने कभी जवाब नहीं दिया।

उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी अपने विश्लेषण पर विश्वास करते हैं और मानते हैं कि चुनाव कर्मचारियों के विरुद्ध उनके आरोप सत्य हैं, तो उन्हें मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 20(3)(ख) के अनुसार विशिष्ट मतदाताओं के विरुद्ध दावे और आपत्तियां प्रस्तुत करने एवं घोषणा या शपथ पत्र पर हस्ताक्षर करने में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।

अगर राहुल गांधी घोषणा पर हस्ताक्षर नहीं करते हैं, तो इसका अर्थ होगा कि उन्हें अपने विश्लेषण और परिणामी निष्कर्षों पर विश्वास नहीं है और वे बेतुके आरोप लगा रहे हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें राष्ट्र से क्षमा याचना करनी चाहिए। इससे पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से 5 सवाल किए थे।

मोदी ने बेंगलुरु में तीन वंदे भारत का किया शुभारंभ

11-Aug-2025

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को बेंगलुरु में आरवी रोड को बोम्मासंद्रा से जोड़ने वाली नम्मा मेट्रो की बहुप्रतीक्षित येलो लाइन का उद्घाटन किया और विस्तारित बेंगलुरु-बेलगावी सेवा सहित तीन वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा तैयार 2011 की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट के मुताबिक 19.15 किलोमीटर लंबे येलो लाइन कॉरिडोर का निर्माण 2017 में शुरू हुआ लेकिन इसे अनेक विलंबों का सामना करना पड़ा। शुरुआत में इसे दिसंबर 2021 में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन भूमि अधिग्रहण संबंधी दिक्कतों, कोविड-19 महामारी और चीनी रोलिंग स्टॉक निर्माता सीआरआरसी नानजिंग से आपूर्ति में देरी के कारण परियोजना में बाधा उत्पन्न हुई।

इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी कॉरिडोर पर आठ लाख यात्रियों को सेवा प्रदान करने के लिए तैयार की गई नयी मेट्रो लाइन का उद्देश्य सड़क के भीड़भाड़ को कम करना है, विशेष कर अति व्यस्त सिल्क बोर्ड जंक्शन पर। हालांकि शुरुआत में सीमित परिचालन क्षमता के कारण इसे आलोचनाओं का सामना करना पड़ा क्योंकि केवल तीन ट्रेनें उपलब्ध थीं और सेवाओं के बीच 25 मिनट का अंतराल था। यात्रियों ने निराशा व्यक्त की थी और अपर्याप्त आवृत्ति के कारण उद्घाटन को केवल प्रतीकात्मक बताया।

आज रागीगुड्डा मेट्रो स्टेशन पर कांग्रेस समर्थकों ने उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के समर्थन में नारे लगाए और कहा कि मेट्रो परियोजना राज्य और केंद्र सरकारों के बीच एक सहयोगात्मक प्रयास है न कि किसी एक राजनीतिक दल की संपत्ति। परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने भाजपा के राज्य इकाई प्रमुख विजयेंद्र येदियुरप्पा और बेंगलुरु दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या सहित भाजपा नेताओं पर इस परियोजना को पूरी तरह से केंद्र सरकार की परियोजना के रूप में वर्णित करने का आरोप लगाया। इस बीच कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे ने कहा कि राज्य ने भूमि अधिग्रहण लागत सहित 12,000 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान दिया है और भाजपा पर इसका श्रेय हड़पने का आरोप लगाया।

मेट्रो उद्घाटन के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने विस्तारित बेलगावी-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जो सप्ताह में छह दिन चलेगी और सुबह 5:20 बजे बेलगावी से रवाना होगी तथा दोपहर 1:50 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। वापसी में इसकी यात्रा दोपहर 2:20 बजे शुरू होगी। इस सेवा से बेंगलुरु, तुमकुरु, दावणगेरे, हावेरी, हुबली, धारवाड़ और बेलगावी के बीच संपर्क बढ़ने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त दो अन्य वंदे भारत रेलगाड़ियां, श्री माता वैष्णो देवी कटरा-अमृतसर और नागपुर (अजनी)-पुणे भी शुरू हुईं।

रागीगुड्डा मेट्रो स्टेशन और भारतीय वायुसेना प्रशिक्षण कमान मुख्यालय सहित प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा कड़ी थी। बेंगलुरु यातायात पुलिस ने सुबह 8.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंध लागू कर दिया था। हालांकि प्रधानमंत्री द्वारा हेलीकॉप्टर और मेट्रो से यात्रा करने के कारण कोई व्यवधान उत्पन्न नहीं हुआ।
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account