ब्रेकिंग न्यूज

जनप्रतिनिधि

मुख्यमंत्री से पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षणार्थियों ने की सौजन्य मुलाकात

29-Oct-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सोमवार शाम को मंत्रालय महानदी भवन में नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी चंदखुरी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे भारतीय पुलिस सेवा एवं राज्य पुलिस सेवा के प्रशिक्षणार्थियों ने सौजन्य मुलाकात की। 
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आप लोगों से उम्मीद है कि जनता की बेहतरी के लिए पूर्ण समर्पण भाव से कार्य करेंगे। उन्होंने प्रशिक्षर्थियों को अपनी बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भविष्य में आपको मैदानी क्षेत्र में जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसे पूरी निष्ठा एवं लगन के साथ पूरा करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु अधिकारियों को धनतेरस एवं दीपावली पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। 
इस अवसर पर भारतीय पुलिस सेवा के वर्ष 2023 बैच के 7 अधिकारी एवं राज्य पुलिस सेवा के वर्ष 2022 बैच के 6 अधिकारी एवं 2 सहायक जेल अधीक्षक, अपर पुलिस महानिदेशक एस.आर.पी. कल्लुरी, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, नेताजी सुभाषचन्द्र बोस राज्य पुलिस अकादमी के निदेशक रतनलाल डांगी, एएसपी डॉ. पंकज शुक्ला, मेजर ड्रिल प्रशिक्षक  उदय सिदार भी उपस्थित थे। 

छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक विकास नीति पर कैबिनेट की मुहर

29-Oct-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )   मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज महानदी मंत्रालय भवन में आयोजित केबिनेट बैठक में छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक विकास नीति 2024-2030 को मंजूरी दी गई। नई औद्योगिक नीति में छत्तीसगढ़ सरकार ने भारत सरकार के विजन 2047 की परिकल्पना को साकार करने तथा राज्य के औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से कई प्रावधान किए हैं। राज्य के प्रशिक्षित व्यक्तियों को औपचारिक रोजगार में परिवर्तित करने के लिए उद्योगों हेतु प्रति व्यक्ति 15 हजार रूपए की प्रशिक्षण वृत्ति प्रतिपूर्ति का प्रावधान किया गया है। नवीन औद्योगिक नीति 01 नवबंर 2024 से 31 मार्च 2030 तक के लिए लागू होगी।

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने बताया कि नई औद्योगिक नीति में निवेश प्रोत्साहन में ब्याज अनुदान, लागत पूंजी अनुदान, स्टाम्प शुल्क छूट, विद्युत शुल्क छूट. मूल्य संवर्धित कर प्रतिपूर्ति का प्रावधान है। नई नीति में मंडी शुल्क छूट, दिव्यांग (निःशक्त) रोजगार अनुदान, पर्यावरणीय प्रोजेक्ट अनुदान, परिवहन अनुदान, नेट राज्य वस्तु एवं सेवा कर की प्रतिपूर्ति के भी प्रावधान किये गये हैं।

मंत्री देवांगन ने बताया कि नई औद्योगिक नीति में राज्य के युवाओं के लिये रोजगार सृजन को लक्ष्य में रखकर एक हजार से अधिक स्थानीय रोजगार सृजन के आधार पर बी-स्पोक पैकेज विशिष्ट क्षेत्र के उद्योगों के लिये प्रावधानित है। राज्य के निवासियों विशेषकर अनुसूचित जाति, जनजाति, महिला उद्यमियों, सेवानिवृत्त अग्निवीर सैनिक, भूतपूर्व सैनिकों, जिनमें पैरामिलिट्री भी शामिल है, को नई औद्योगिक नीति के तहत अधिक प्रोत्साहन दिए जाने का प्रावधान है। नक्सल प्रभावित, कमजोर वर्ग, तृतीय लिंग के उद्यमी भी नई औद्योगिक पॉलिसी के तहत विशेष प्रोत्साहन के पात्र होंगे। 

नई औद्योगिक नीति में पहली बार सेवा क्षेत्र अंतर्गत एमएसएमई सेवा उद्यम एवं वृहद सेवा उद्यमों के लिये पृथक-पृथक प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है। सेवा क्षेत्र अंतर्गत इंजीनियरिंग सर्विसेस, रिसर्च एंड डेव्हलपमेंट सेक्टर, पर्यटन एवं मनोरंजन सेक्टर आदि से संबंधित गतिविधियों को सम्मिलित किया गया है। इस नीति में बड़ी संख्या में सेवा श्रेणी के उद्यमों को भी औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन के लिये पात्र उद्यम माना गया है, जिसमें पर्यटन, मनोरंजन एवं अन्य सामाजिक सेवाओं के सेक्टर तथा सरगुजा एवं बस्तर संभाग में होम-स्टे सेवाओं को भी शामिल किया गया है। 

इस नीति में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों की परिभाषा को भारत सरकार द्वारा परिभाषित एमएसएमई के अनुरुप किया गया है। इन उद्यमों को प्राप्त होने वाले प्रोत्साहनों को अन्य राज्यों की तुलना में प्रतिस्पर्धी बनाया गया है। निवेशकों की सुविधा के लिये सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों एवं वृहद उद्योगों के लिये पृथक-पृथक औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन प्रावधान किए गए हैं।

नई औद्योगिक नीति में फार्मास्यूटिकल, टेक्सटाईल, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण तथा गैर काष्ठ वनोत्पाद (एनटीएफपी) प्रसंस्करण, कम्प्रेस्ड बॉयो गैस, ग्रीन हाइड्रोजन, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, आर्टिफिशियल इंटीलिजेंस (ए.आई), रोबोटिक्स एण्ड कम्प्यूटिंग (जी.पी.यू), आई.टी., आई.टी.ई.एस., डेटा सेंटर, जल विद्युत परियोजनाओं, सौर ऊर्जा परियोजनाओं आदि के लिए आकर्षक पृथक औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन का प्रावधान है।

इस नीति के माध्यम से युवाओं को अपना स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ कर आत्मनिर्भर बनाने के लिये उद्यम क्रांति योजना का प्रावधान किया गया है। इस योजना के अंतर्गत राज्य के शिक्षित युवा बेरोजगारों को स्वयं का उद्यम स्थापित करने के लिये अनुदान युक्त ऋण प्रदान किये जाने का प्रावधान है।

कृषि प्रधान छत्तीसगढ़ में जल संसाधन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

29-Oct-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर के सर्किट हाऊस में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित जल संसाधन विभाग के 83 सहायक अभियंताओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा जल संसाधन विभाग के 80 सहायक अभियंता सिविल और 03 सहायक अभियंता विद्युत यांत्रिकी का चयन किया गया है। जिन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नव नियुक्त अभियंताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुझे आशा है कि आप सभी अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठापूर्वक ईमानदारी से करेंगे। उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान छत्तीसगढ़ में जल संसाधन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। हमारी अर्थव्यवस्था खेती किसानी पर निर्भर है। खेती-किसानी का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसकी मजबूती के लिए सिंचाई सुविधा का सुचारू होना और इस सुविधा का अधिक से अधिक विस्तार भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सिंचाई क्षमता के विस्तार के लिए संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी। जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो इस अवसर पर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल संसाधन विभाग सहित सभी विभागों में अमले की भर्ती और अधिक से अधिक संसाधन उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास कर रही है। पिछले 10 महीनों के दौरान सात हजार से ज्यादा शासकीय पदों में भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है। हम सभी मिलकर विकसित छत्तीसगढ़ बनाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के निर्माण के सपने को पूरा करेंगे।
जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप ने चयनित सहायक अभियंताओं को दीपावली और राज्योत्सव की बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि आप सबके सहयोग से विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ बनाएंगें। उन्होंने कहा कि आपकी जहां भी पदस्थापना हो वहां अपने दायित्वों का निर्वहन बेहतर से बेहतर तरीके से करें। प्रदेश में जितनी भी सिंचाई योजनाएं है उनके अंतिम छोर तक किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास करें। जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के हितों के लिए तत्परता से कार्य किया जा रहा है। पिछले आठ माह में विभाग के 380 अधिकारी-कर्मचारियों की लम्बे समय से लंबित पदोन्नति का लाभ प्रदान किया गया। 
सहायक अभियंताओं ने कहा छत्तीसगढ़ को कृषि में अग्रणी राज्य बनाने में देंगे योगदान
चयनित सहायक अभियंता प्रतीक ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि अरसे से लंबित परीक्षा का परिणाम जारी कर आपने हमारी भावनाओं का ध्यान रखा। हम पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करते हुए छत्तीसगढ़ को कृषि के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए अपना योगदान देंगे। चयनित सहायक अभियंता प्रेरणा तिवारी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपने शासकीय सेवा का अवसर प्रदान किया। इसकी हम सभी को लंबे समय से प्रतीक्षा थी। हम राज्य की समृद्धि में ईमानदारी से योगदान देंगे। इस अवसर पर जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

 


सीएम साय की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक शुरू...

28-Oct-2024
रायपुर ।  ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय, महानदी भवन में कैबिनेट की बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में कई अहम् मुद्दों पर चर्चा और कई निर्णयों पर मुहर लगने की संभावना है।
मिली जानकारी के अनुसार आज होने वाली बैठक में धान खरीदी सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। नई औद्योगिक नीति के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की पूरी संभावना है। चूंकि एक नवंबर से इसे प्रदेश में लागू किया जाना है, ऐसे में इससे सबंधित प्रस्ताव आने की पूरी संभावना है। इसके अलावा ओबीसी आयोग के प्रतिवेदन पर भी कैबिनेट मुहर लगा सकती है। इसी के आधार पर निकायों में आरक्षण तय होना है। राज्योत्सव, धान खरीदी की तैयारी सहित कुछ अन्य महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा संभव है।

पीएम मोदी ने मन की बात में कहा- छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को सलाम

28-Oct-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश )  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने चर्चित रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के जरिए देश में छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने का काम करते हैं। इसका ताजा उदाहरण रविवार को मन की बात कार्यक्रम के 115वें एपिसोड में देखने को मिली है। पीएम ने नारायणपुर के बुटलूराम माथरा का जिक्र किया, तो लोक कला को बचाने और उसे आगे बढ़ाने के लिए वर्षों से की जा रही उनकी मेहनत राष्ट्रीय मंच पर चमक उठी।
प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में बुटलूराम की कहानी साझा करते हुए बताया कि वे पिछले चार दशकों से अबूझमाड़िया जनजाति की अनूठी लोक कला को बचाने और आगे बढ़ाने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बुटलूराम ने लोक कला की उन धरोहरों को सहेज कर रखा है, जिनमें छत्तीसगढ़ की संस्कृति की गूंज है। उनकी लगन और निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रधानमंत्री की यह सराहना, उस समर्पण की गवाही थी, जो बुटलूराम ने अपनी संस्कृति को संरक्षित करने के लिए दी है, जिससे न केवल छत्तीसगढ़ का नाम रोशन हुआ है, बल्कि पूरी दुनिया के सामने उसकी विशिष्टता भी उभरी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना। इसके लिए वे राजधानी के सिविल लाइन मंडल में पूज्य कंधकोट भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री द्वारा लोक कला के संरक्षण और संवर्धन में जुटे नारायणपुर के बुटलूराम माथरा की सराहना किए जाने पर प्रसन्नता जताई है।
उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि प्रधानमंत्री ने लोककला के क्षेत्र में अच्छा काम कर रहे कलाकारों की प्रशंसा की है। बुटलूराम ने लोककला को संरक्षित करने की दिशा में बहुत अच्छा काम किया है। सरकार इस दिशा में बुटलूराम द्वारा किए जा रहे काम में पूरी मदद और बढ़ावा देगी।  

भांचा श्रीराम के ननिहाल में राष्ट्रपति के आगमन से प्रदेश गौरवान्वित : डॉ महंत

28-Oct-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ आगमन पर नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गुलदस्ता और कोसा की साड़ी भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि राष्ट्रपति का आगमन छत्तीसगढ़ के लिए बड़े गौरव की बात है। माता कौशल्या,भांचा श्री राम के ननिहाल में उनके आगमन से प्रदेशवासी गौरवान्वित हुए हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, दबाव में किसी से गोपनीय जानकारी शेयर न करें

28-Oct-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि साइबर ठगी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश को अलर्ट किया है। साइबर ठगी करने वाले लोग ठगी के शिकार व्यक्ति की पूरी कुंडली निकाल लेते हैं और फोन करके ऐसे बात करते हैं कि लोग उसे सच मान लेते हैं। आज साइबर ठगी के शिकार पढ़े-लिखे लोग भी हो रहे हैं।
हम‍ें इससे बचने की जरूरत है। सीएम ने प्रधानमंत्री की मन की बात कार्यक्रम सुनने के बाद यह बात कही। दरअसल पीएम मोदी के ‘मन की बात’ की 115वीं कड़ी का प्रसारण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूज्य कंधकोट भवन में आयोजित कार्यक्रम में सुना। साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, जो अंग्रेजों से लड़ते-लड़ते शहीद हो गए, उनकी जयंती 15 नवंबर को आने वाली है।
यह भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती है। प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजाति गौरव दिवस घोषित किया है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती हम लोग बड़े धूम धाम से मनाएंगे। यह कार्यक्रम हम शासकीय रूप से मनाएंगे और 15 नवंबर को भव्य कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर धरमलाल कौशिक, पुरंदर मिश्रा, संजय श्रीवास्तव, राम प्रताप सिंह, महेश गागड़ा, अमित चिमनानी, नरेश चंद्र गुप्ता आदि मौजूद थे।
उपचुनाव में भाजपा की जीत से छत्तीसगढ़ सरकार मजबूत होगी
साय ने कहा कि रायपुर दक्षिण की जनता लगातार आठ बार से भाजपा पर भरोसा कर रही है। बृजमोहन को लगातार आठ बार विधायक बनाया है। अग्रवाल अब सांसद के रूप में जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे, इसलिए रायपुर का विकास भी दुगनी गति से होगा। भाजपा ने सुनील सोनी को प्रत्याशी बनाया है।

 


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने साइबर धोखाधड़ी के प्रति प्रदेशवासियों से की सर्तक रहने की अपील

28-Oct-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने का अपील की है। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी दिनों-दिन बढ़ते जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज ’मन की बात’ कार्यक्रम में इसका उल्लेख करते हुए कहा कि आम नागरिकों को साइबर ठगी को लेकर सतर्क और जागरूक रहना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजकल साइबर ठग लोगों की पूरी जानकारी निकालकर उनसे फोन पर ऐसे बात करते हैं मानो उनके परिजन ही बात कर रहे हों, और इस तरह उन्हें ठगी का शिकार बना लेते हैं। उन्होंने इस विषय पर पूरे प्रदेश को अलर्ट किया है और कहा है कि इससे डरने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने आगे बताया कि साइबर ठगी के शिकार अक्सर पढ़े-लिखे लोग भी बन रहे हैं, जो ठगों की चालों के आगे घबरा जाते हैं। इसके कारण कई लोग अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठते हैं और कुछ मामलों में तो पीड़ित आत्महत्या जैसा कठोर कदम भी उठा लेते हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को आश्वासन दिया कि सरकार साइबर सुरक्षा को लेकर हरसंभव कदम उठा रही है और लोगों को ठगी से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि किसी भी संदेहास्पद कॉल या संदेश का जवाब देने से पहले सतर्क रहें और किसी प्रकार से व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। 

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक 28 को

27-Oct-2024
रायपुर। ( शोर संदेश ) मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में सोमवार 28 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर, अटल नगर में आयोजित की गई है।
 

 


पीएम मोदी ने मन की बात में नारायणपुर के बुटलूराम माथरा को सराहा

27-Oct-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश ) पीएम मोदी ने अपने चर्चित रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 115वें एपिसोड में रविवार को सुबह जब छत्तीसगढ़ के नारायणपुर के बुटलूराम माथरा का जिक्र किया, तो लोक कला को बचाने और उसे आगे बढ़ाने के लिए वर्षों से की जा रही उनकी मेहनत राष्ट्रीय मंच पर चमक उठी। यह पल था छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उसे संजोने वाले उन गुमनाम नायकों को सलाम करने का, जिनके प्रयासों ने इस धरोहर को जीवित रखा है।
पीएम मोदी ने मन की बात में बुटलूराम जी की कहानी साझा करते हुए बताया कि वे पिछले चार दशकों से अबूझमाड़िया जनजाति की अनूठी लोक कला को बचाने और आगे बढ़ाने के लिए सतत प्रयासरत हैं। “बुटलूराम ने लोक कला की उन धरोहरों को सहेज कर रखा है, जिनमें छत्तीसगढ़ की संस्कृति की गूंज है। उनकी लगन और निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।‘प्रधानमंत्री की यह सराहना, उस समर्पण की गवाही थी,जो बुटलूराम ने अपनी संस्कृति को संरक्षित करने के लिए दी है, जिससे न केवल छत्तीसगढ़ का नाम रोशन हुआ है,बल्कि पूरी दुनिया के सामने उसकी विशिष्टता भी उभरी है।
सीएम साय ने पीएम मोदी द्वारा लोक कला के संरक्षण और संवर्धन में जुटे नारायणपुर के बुटलूराम माथरा की सराहना किए जाने पर प्रसन्नता जताई है। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि प्रधानमंत्री ने लोक कला के क्षेत्र में अच्छा काम कर रहे कलाकारों की प्रशंसा की है। बुटलूराम माथरा ने लोक कला को संरक्षित करने की दिशा में बहुत अच्छा काम किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ तथा स्वच्छ भारत को आगे बढ़ाने की दिशा में बड़ा काम भी किया है। नारायणपुर में आदिवासी संस्कृति अपने सबसे मूल रूप में है। हमारी सरकार माथरा के प्रयासों को बढ़ावा देगी।



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account