ब्रेकिंग न्यूज

जनप्रतिनिधि

विष्णु कैबिनेट की बैठक 28 को

25-Oct-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में 28 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे कैबिनेट की बैठक मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर, अटल नगर में आयोजित की गई है।
 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नया रायपुर में सत्य सांई नर्सिंग कॉलेज का किया उदघाटन

25-Oct-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )   मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अटलनगर, नवा रायपुर स्थित सत्य सांई संजीवनी हॉस्पिटल परिसर में सत्य साईं नर्सिंग कॉलेज का उदघाटन किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान बीएससी नर्सिंग की नव प्रवेशी छात्राओं को लैंप लाइटिंग कार्यक्रम में शपथ दिलाई गई, जिसमें उन्हें मानवता की सेवा और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रतिज्ञा दिलाई गई।
मुख्यमंत्री साय ने सत्य सांई ट्रस्ट के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह अस्पताल सत्य सांई बाबा के आशीर्वाद से माता कौशल्या की धरती और भगवान राम के ननिहाल में बना है। इसका उद्देश्य मानवता की सेवा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 33 हजार से अधिक बच्चों के जटिल हृदय ऑपरेशन निःशुल्क किए गए हैं, ओपीडी में तीन लाख से ज्यादा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिससे छत्तीसगढ़ की देश-विदेश में पहचान बनी है। उन्होंने हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों को इस उपलब्धि के लिए धन्वंतरी अवार्ड से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने संजीवनी अस्पताल की सराहाना करते हुए कहा कि इस अस्पताल में कैश काउंटर नहीं है, लोग निःशुल्क इलाज करवाकर खुशी-खुशी लौटते। यहां लोग पर्स लेकर नहीं आते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अस्पताल का उदघाटन 21 फरवरी को उनके जन्मदिवस के दिन हुआ था और इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रत्यक्ष आशीर्वाद प्राप्त हुआ था। सत्य सांई ट्रस्ट अब नर्सिंग छात्राओं को निःशुल्क शिक्षण, आवास और भोजन की सुविधाएं भी प्रदान करेगा।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान अस्पताल के शिलान्यास और निर्माण का मैं बतौर मुख्यमंत्री प्रत्यक्ष साक्षी रहा हूं, यह मेरे लिए एक भावुक क्षण है। सत्य सांई ट्रस्ट की प्रतिबद्धता से अस्पताल का निर्माण एक वर्ष के भीतर ही पूरा हुआ। बच्चों के जन्मजात हृदय रोग का इलाज कराने देश के साथ-साथ विदेशों से बड़ी संख्या में लोग आते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी सत्य सांई ट्रस्ट की प्रशंसा करते हुए इसे मानवता की सेवा में समर्पित संस्थान बताया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग कॉलेज की शुरुआत से छात्राओं को निःशुल्क आवास और भोजन की व्यवस्था मिलेगी।
कार्यक्रम में सत्य सांई संजीवनी ट्रस्ट के अध्यक्ष सी. श्रीनिवास ने नवजात बच्चों के हृदय रोगों के निःशुल्क उपचार की सेवाओं पर प्रकाश डाला और ट्रस्ट के भविष्य के उद्देश्यों पर चर्चा की। सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल में प्रतिदिन आयोजित होने वाले ‘नवजीवन उपहार‘ कार्यक्रम के तहत आज पूरी तरह स्वस्थ हो चुके पांच बच्चों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हाथों उपहार प्रदान कर शुभकामनाएं दी गईं और उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया।
इस कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि कोरबा जिले के बालक प्रखर साहू की दुर्घटना में मृत्यु के बाद उनके अभिभावकों द्वारा शरीर दान किया गया था। इस बच्चे के हृदय का वाल्व एक बच्चे को लगाया गया, जिससे बच्चे को नया जीवन मिला। यह बच्चा पूरी तरह स्वस्थ हो गया है। इस बच्चे को आज अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रखर के अभिभावकों को सम्मानित करते हुए उनकी इस मानवीय पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। मुख्यमंत्री ने स्वस्थ हुए बच्चों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए संजीवनी हॉस्पिटल की टीम को इस अद्भुत सेवा के लिए बधाई दी।

विकसित भारत बनाने में किसानों का योगदान महत्वपूर्ण: विष्णु देव साय

24-Oct-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश ) मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विकसित भारत बनाने में किसानों का महत्वपूर्ण योगदान है। खेती-किसानी को आधुनिक बनाने के साथ ही किसानों की आमदनी बढ़ाना छत्तीसगढ़ सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों से धान की खेती के साथ-साथ आमदनी बढ़ाने के लिए मत्स्य पालन, पशुपालन एवं उद्यानिकी फसलों के उत्पादन से जुड़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री साय राजधानी के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय कृषि मेले एवं प्रदर्शनी के शुभारंभ समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार बनते ही पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिन पर हमने 13 लाख किसानों को धान के बकाये बोनस की राशि 3716 करोड़ रुपए अंतरित कर दी। हमने अपने वादे के अनुरूप 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान का मूल्य दिया और 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी की। पिछले साल 145 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और राज्य सरकार द्वारा घोषित उपार्जन मूल्य तथा दो साल का बकाया बोनस के माध्यम से किसानों के खाते में लगभग 49 हजार करोड़ रुपए अंतरित किये हैं। उन्होंने कहा कि चालू खरीफ मौसम में अच्छी फसल को देखते हुए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए राज्य में बेहतर से बेहतर व्यवस्था की जाएगी। इस वर्ष 14 नवम्बर से धान खरीदी का काम शुरू होगा। इस साल भी रिकार्ड धान खरीदी का अनुमान है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खेती-किसानी में युवाओं को जोड़कर इसे आधुनिक खेती की ओर आगे बढ़ाने के लिए आज कृषि मेले एवं उन्नत कृषि उपकरणों की प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीकों के विकास एवं इसे किसानों तक पहुंचाने की दिशा में भी इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का महत्वपूर्ण योगदान है। एग्रीकल्चर की पढ़ाई की सुविधा अधिकाधिक युवकों को मिले और प्रदेश की खेती और संवर सकें, इसके लिए हम लगातार काम कर रहे हैं।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम बताया कि कृषि में स्वरोजगार के लिए उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ फसल चक्र परिवर्तन, कृषि उत्पाद की पैकेजिंग एवं मार्केटिंग के लिए विशेष प्रयास की आवश्यकता है। बृजमोहन अग्रवाल, सांसद रायपुर ने बताया कि हमारे मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री जी स्वयं कृषक हैं इसलिए छत्तीसगढ़ में कृषि के क्षेत्र में निरंतर उन्नति हो रही है। छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं के कारण वर्तमान में धान की खेती फायदे का सौदा है और फसल चक्र अपनाकर उद्यानिकी फसलों को शामिल कर कृषकों को आय बढ़ाने का सुझाव दिया।
कार्यक्रम में विधायक धरसींवा अनुज शर्मा, विधायक दुर्ग गजेन्द्र यादव सहित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, प्रबंध मण्डल के सदस्यगण, विमल चावड़ा, रामसुमन उइके एवं जानकी सत्यनारायण चन्द्रा उपस्थित थे।
उद्घाटन कार्यक्रम में 6 किसानों को मसूर की नई किस्म के मिनी किट प्रदान किये गये। एग्री कार्नीवाल में जॉब फेयर से चयनित 6 कृषि स्नातक विद्यार्थियों को भी विभिन्न कम्पनियों द्वारा आफर लेटर प्रदान किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कॉफी टेबलबुक ‘‘अग्रसर’’ सहित अन्य कृषक उपयोगी प्रकाशनों का अतिथियों द्वारा विमोचन भी किया गया। कृषि स्टार्टअप के युवा उद्यमियों को अनुदान राशि का चेक भी प्रदान किया गया। एग्री कार्नीवाल में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 4 हजार किसान भाई-बहनों एवं लगभग 1 हजार विद्यार्थियों ने प्रक्षेत्र भ्रमण एवं प्रदर्शनी द्वारा कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित चार दिवसीय एग्री कार्नीवाल-2024 ‘‘राष्ट्रीय किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी’’ में दूसरे दिन आज 23 अक्टूबर को ‘‘छत्तीसगढ़ से कृषि उत्पादों के निर्यात’’ पर संगोष्ठी एवं ‘‘आधुनिक पादप प्रजनन तकनीक एवं डाटा एनालिसिस’’ पर कार्यशाला तथा ‘‘जैव विविधता पर प्रदर्शनी’’ एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया।
आधुनिक पादप प्रजनन तकनीक एवं डाटा एनालिसिस’’ पर दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल द्वारा किया गया। इस कार्यशाला में विशिष्ट अतिथि के रूप में ईस्ट अफ्रीका अंतर्राष्ट्रीय राइस ब्रीडिंग प्रोगाम के कार्यक्रम प्रमुख डॉ. एस.के. कटियार, उपस्थित हैं। इसमें छत्तीसगढ़ एवं अन्य राज्यों के 211 वैज्ञानिकों एवं अनुसंधान कर्ताओं को मॉर्डन राइस ब्रीडिंग, स्पीड ब्रीडिंग, डेटा एनालिसिस पर जीवन्त प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे भविष्य की आवश्यकतानुसार नयी फसलों, किस्मों का विकास संभव हो सकेगा। इस कार्यशाला में इंटरनेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट, मनीला, फिलीपींस, घाना, ईस्ट अफ्रीका के अन्तर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों द्वारा नवीन तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एग्री कार्नीवाल-2024 ‘‘राष्ट्रीय किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी’’ में ‘‘छत्तीसगढ़ से कृषि उत्पादों के निर्यात’’ पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 400 उन्नतशील किसानों, युवा उद्यमियों, अनुसंधानकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निधि सलाहकार समिति की 20 वीं बैठक सम्पन्न

24-Oct-2024
रायपुर,   ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निधि सलाहकार समिति की 20वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न खनिज परियोजनाओं एवं अधोसंरचना हेतु राशि स्वीकृत की गई। बैठक में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के सचिव द्वय पी. दयानंद, राहुल भगत, सचिव वित्त शारदा वर्मा, संचालक खनिज सुनील जैन, संयुक्त संचालक खनिज अनुराग दीवान एवं खनिज संचालनालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। 
मुख्यमंत्री साय ने बैठक में अधिकारियों से खनिज विकास निधि सलाहकार समिति के पूर्व निर्णय सहित राशि के उपयोग के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने निधि में उपलब्ध राशि को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश में वृहद अधोसंरचना निर्माण की परिकल्पना पर विचार किए जाने के निर्देश दिए। 
 बैठक में चर्चा उपरांत छत्तीसगढ़ रेलवे कॉरपोरेशन को डोंगरगढ़-कबीरधाम-मुंगेली-कटघोरा रेलमार्ग हेतु भू-अर्जन एवं प्रारंभिक निर्माण कार्य के लिए 300 करोड़ रुपए की राशि दिए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। संचालनालय भौमिकी एवं खनिकर्म के खनिज अन्वेषण, खनिज ब्लॉक नीलामी, खानों के आईटी आधारित नियमन हेतु 83 करोड़ रुपए राशि की स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में राज्य में खनिज राजस्व में और वृद्धि की संभावनाओं के अध्ययन कार्यवाही तथा खनन क्षेत्र में सुधार हेतु विशेषज्ञ संस्थाओं की सेवाएं लेने हेतु 20 करोड़ रुपए के अतिरिक्त राशि दिए जाने का निर्णय लिया गया।      
गौरतलब है कि खनिज विभाग द्वारा प्रतिवर्ष प्राप्त होने वाले कुल खनिज राजस्व की 5% राशि खनिज विकास निधि मद अंतर्गत आरक्षित रहती है।  उक्त निधि से सलाहकार समिति के अनुशंसा अनुसार संचालनालय भौमिकी एवं खनिकर्म, सीएमडीसी, रेल एवं सड़क परिवहन तथा खनन क्षेत्र में आवश्यक अधोसंरचना निर्माण के लिए राशि प्रदान की जाती है।
 

मुख्यमंत्री ने दी संयुक्त राष्ट्र दिवस की बधाई

24-Oct-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 24 अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र दिवस के अवसर पर बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि लोगों को संयुक्त राष्ट्र संघ के उद्देश्यों और उपलब्धियों की जानकारी देने के लिए प्रत्येक वर्ष 24 अक्टूबर को पूरे विश्व में संयुक्त राष्ट्र दिवस मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र संघ का उद्देश्य विश्व के शांतिपूर्ण और समृद्ध भविष्य के लिए सभी देशों और लोगों के हित में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि विश्व के देशों के मध्य शांति, समन्वय और सहयोग सुनिश्चित करने में संयुक्त राष्ट्र संघ का महत्वपूर्ण योगदान है।

मुख्यमंत्री ने भेलवां में यूको बैंक की नई शाखा का किया शुभारंभ

23-Oct-2024
रायपुर ।  ( शोर संदेश )   मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को कैम्प कार्यालय बगिया से फरसाबहार विकास खंड के जोरण्डाझरिया ग्राम पंचायत अन्तर्गत ग्राम भेलवां में यूको बैंक की नई शाखा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 40 स्व सहायता समूह की महिला सदस्यों को 24 लाख का चेक प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधा मिलने पर अपनी शुभकामनाएं दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन की दृष्टि से यह कदम महत्वपूर्ण है। इससे फरसाबहार और उसके आसपास के ग्रामीणों को बड़ा लाभ मिलेगा। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में भी सहुलियत होगी। स्थानीय निवासियों को बैंक से जुड़े दैनिक कार्यों के लिए अब और अधिक सुविधा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री साय ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय बगिया में फरसाबहार विकास खंड के जोरण्डाझरिया की 4 स्व सहायता समूह की महिलाओं को 6-6 लाख के मान से 40 महिला सदस्यों को रोजगार करने के लिए 24 लाख का चेक प्रदान कर शुभकामनाएं दी। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री की पहल पर महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। महिलाएं सब्जी की खेती और व्यापार के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। वे आचार पापड़, रेशम विभाग से जुड़कर कोसा कार्य और अन्य रोजगार कर आत्मनिर्भर बन रही हैं।

मुख्यमंत्री साय ने बिजली सखियों को वितरित किए बिजली किट

23-Oct-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय बगिया में बगीचा विकास खंड की स्व-सहायता समूहों की 21 बिजली सखियों को बिजली किट प्रदान किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी महिलाओं को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने महिलाओं को बेहतर ढंग से काम करने के लिए उनका हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय भी उपस्थित थी।
उल्लेखनीय है कि जशपुर जिले की स्व-सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार देकर उनके आय में वृद्धि करने के लिए सार्थक पहल की जा रही है। बिजली सखी योजना पायलट प्रोजेक्ट के तहत जिला प्रशासन और जनपद पंचायत बगीचा के संयुक्त प्रयास से लागू किया जा रहा है। बिजली सखी अंतर्गत महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। बिजली विभाग के पास मीटर रीडर की कमी के कारण उपभोक्ताओं के बिजली मीटर की नियमित रीडिंग नहीं हो पाती है। इससे उपभोक्ताओं को एक साथ अधिक बिजली बिल का भुगतान करना पड़ता है।
जिला प्रशासन द्वारा स्व-सहायता समूह की महिलाओं को मीटर रीडिंग का प्रशिक्षण देकर उन्हें बिजली सखी बनाया गया है। बिजली सखी के द्वारा नियमित रूप से मीटर रीडिंग किया जाएगा। इस पहल से विद्युत उपभोक्ताओं को नियमित बिजली का बिल मिलेगा, जिससे वे कम बिल का भुगतान कर पाएंगे।
साथ ही एक घर में मीटर रीडिंग करने से बिजली सखी को 12 रूपए बिजली विभाग के द्वारा भुगतान किया जाएगा। इससे समूह की महिलाओं को रोजगार उपलब्ध होगा और उन्हें नियमित आय होगी। इससे बिजली सखी के रूप में जनपद क्षेत्र में लखपति दीदी की संख्या भी बढ़ेगी। जशपुर में पायलट प्रोजेक्ट के तहत 21 महिलाओं को बिजली सखी बनाया गया है। जिला में 300 महिलाओं को बिजली सखी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

बैठक में घोषणा, सरगुजा प्राधिकरण का बजट 25 करोड़ बढ़ा, सीएम बोले- विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध

23-Oct-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश )   मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक ली। जशपुर जिले के मयाली में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इस दौरान उन्होंने प्राधिकरण का बजट 50 करोड़ से बढ़ाकर 75 करोड़ रुपए करने की घोषणा की।

साथ ही मयाली में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 10 करोड़ की राशि देने की घोषणा भी की। इससे पहले प्राधिकरणों के सदस्यों और प्रमुख विभागों के सचिवों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री साय ने प्राधिकरण के तहत स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अप्रारंभ कार्यों को निरस्त करने और प्रगतिरत कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने प्राधिकरण के सदस्यों के साथ वन टू वन चर्चा की।

सदस्यों द्वारा बताई गई समस्याओं के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही सभी सदस्यों को अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं और मांगों का प्रस्ताव देने के लिए कहा। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन ने आदिवासी क्षेत्र में विकास के लिए प्राधिकरण का गठन कर संसाधन उपलब्ध कराए।

हमारी सरकार चाहती है कि बस्तर से लेकर सरगुजा क्षेत्र तक का विकास हो। इसके लिए बजट में राशि नहीं होने पर प्राधिकरण के माध्यम से आवश्यक काम कराए जाएंगे। भारत सरकार और राज्य सरकार चाहती है कि प्रदेश के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग सहित सभी वर्गों का विकास हो।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खड़सा व्यू प्वाइंट से नौका विहार करते मयाली नेचर कैंप बैठक स्थल तक पहुंचे

22-Oct-2024
रायपुर,  ( शोर संदेश ) प्रकृति की गोद से आज सरगुजा क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। जशपुर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मयाली में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक आयोजित है। जिसमें शामिल होने खड़सा व्यू प्वाइंट पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं सभी अतिथियों का कर्मा नृत्य और पारंपरिक वाद्य यंत्रों ढांक एवं नगाड़े की धुनों के बीच परम्परागत बांस की टोपी और डुंबर के फल और आम की पत्तियों की माला पहना कर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खड़सा व्यू प्वाइंट से बैठक में शामिल होने मयाली डैम में बोट से सभी अतिथियों के साथ मयाली नेचर कैंप की खूबसूरती को निहारते हुए बैठक स्थल तक पहुंचे। 
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ बैठक में शामिल होने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, उपाध्यक्ष सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण  गोमती साय, सांसद रायगढ़ राधेश्याम राठिया, विधायक जशपुर रायमुनी भगत, राम प्रताप सिंह, कृष्ण कुमार राय, मुख्यमंत्री के सचिव पी दयानंद, कमिश्नर जी आर चुरेंद्र, आईजी अंकित गर्ग, कलेक्टर डॉ रवि मित्तल,  एसपी शशिमोहन सिंह भी पहुंचे।
जिले का प्रमुख पर्यटन स्थल मयाली स्वदेश दर्शन योजना में शामिल, 10 करोड़ से होगा कायाकल्प
नेचर कैंप से एक ओर डैम की खूबसूरती तो दूसरी ओर विशालतम प्राकृतिक शिवलिंग मधेश्वर पहाड़ का विहंगम दृश्य और दिखाई पड़ता है। चारों ओर फैली हरियाली इसकी सुंदरता और बढ़ जाती है। मयाली नेचर कैंप को स्वदेश दर्शन योजना में शामिल करने के साथ ही पर्यटन विभाग ने मयाली के विकास के लिए 10 करोड़ रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
मयाली नेचर कैंप- प्रकृति का अनुपम उपहार
जशपुर की सुरम्य पहाड़ियों की गोद में स्थित है प्रकृति का अनुपम उपहार मयाली। यहां मयाली नेचर कैंप जिले के कुनकुरी ब्लॉक में चराईडांड़ बगीचा स्टेट हाईवे के करीब स्थित है। डेम के किनारे, हरियाली से भरे हुए प्राकृतिक स्थल पर परिवार के साथ भारी संख्या में पर्यटक आते हैं। वीकेंड के दिनों में मयाली में लोगों की भीड़ ज्यादा जुटती है। मयाली नेचर कैंप में बोटिंग की भी सुविधा है।

 


मां महामाया एयरपोर्ट का वर्चुअल शुभारंभ, देश के हवाई मार्ग से सरगुजा संभाग जुड़ा, पीएम मोदी ने कहा- अब रोजगार के नए अवसर खुलेंगे

21-Oct-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश ) छत्तीसगढ़ का सरगुजा संभाग अब हवाई सेवा से जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार काे वाराणसी से मां महामाया एयरपोर्ट, दरिमा, अंबिकापुर का वर्चुअल उद्घाटन कर सरगुजा और इसके आसपास के जिलों को हवाई यात्रा की सुविधा का तोहफा दिया।

इस मौके पर प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ की जनता को बधाई देते हुए कहा कि भारत के एयरपोर्ट में विकसित की जा रही आधुनिक सुविधाएं अब दुनिया में चर्चा का विषय बन गई हैं। सरगुजा अंचल में इस नए एयरपोर्ट के शुभारंभ से विकास के साथ-साथ रोजगार के भी नए अवसर खुलेंगे।

यह हवाई सेवा सरगुजा और इसके आस-पास के जिलों जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के लाखों लोगों के जीवन में एक नया अध्याय लेकर आएगी। इससे लोगों को आसानी से देश के बड़े शहरों तक हवाई यात्रा की सुविधा मिलेगी, जो पहले के मुकाबले किफायती और समय की बचत वाला विकल्प होगा।

इस क्षेत्र के लोग इस नई सेवा के जरिए दिल्ली, कोलकाता, रायपुर, बिलासपुर और अन्य प्रमुख शहरों से सीधा जुड़ सकेंगे। हवाई सेवा की शुरुआत सरगुजा अंचल की बहुप्रतीक्षित मांग थी, जो अब पूरी हो चुकी है। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, सीएम विष्णुदेव साय, समेत कई नेता मौजूद रहे।



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account