ब्रेकिंग न्यूज

ब्रेकिंग न्यूज

सट्टा एप मामला : ईडी ने कोलकाता से ब्रोकर को किया गिरफ्तार

08-Dec-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )  महादेव सट्टा एप मामले में प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने शेयर ब्रोकर गौरव कुमार केडिया को कोलकाता से गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी गौरव को 5 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर ईडी को सौंप दिया। इसके साथ ही ईडी ने 388 करोड़ रुपए कीमत की प्रॉपर्टी अटैच कर ली।
ईडी ने महादेव एप को लेकर लगातार कार्रवाई कर रही है। एप की चार्जशीट में पैनल ऑपरेटर का काम करने वाले जितने लोगों के नाम थे,उन सभी की कुंडली खंगाली गई। एक-एक की संपत्ति की जांच की गई। पुख्ता प्रमाण हासिल किए गए कि पिछले एक साल में उन्होंने खुद के नाम से या फिर अपने घरवालों के नाम से कहां-कहां संपत्ति खरीदी है।
ईडी की दावा है यह संपत्ति सट्टे की काली कमाई से खरीदी गई है। इसलिए इसे अटैच किया गया है। ईडी ने अपने अधिकृत ट्विटर हैंडल में दावा किया है कि महादेव एप के मामले में अब तक लगभग 2295.61 करोड़ की संपत्ति अटैच की गई है।
आरोपी केडिया ने सट्टा एप से जुड़े लोगों के लिए 
कोलकाता में रहने वाले शेयर ब्रोकर गौरव महादेव सट्टा एप के प्रमोटरों के लिए काम करता था। वो एक ही बार में करोड़ों के शेयर खरीदता था। इस मामले में जेल में बंद प्रमुख आरोपी नितिन टिबरेवाल के लिए उसने सबसे ज्यादा खरीदी की। नितिन एप प्रमुख सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के नजदीकियों में एक है।
नितिन उनके पैसों को ऑनलाइन ठिकाने लगाता था। गौरव इन सभी के लिए शेयर-खरीदता बेचता था। सट्टे से जो फायदा होता,उसे शेयर बाजार में लगाकर व्हाइट किया जाता। इसके बदले उसे मोटा हिस्सा भी मिलता था। गौरव ने सट्टा एप मामले में ही आरोपी हरिशंकर टिबरेवाल से संबंधित मॉरीशस स्थित कंपनी मेसर्स टानो इन्वेस्टमेंट अपॉर्चुनिटीज में एफपीआई और एफडीआई में सबसे ज्यादा निवेश किया। बताया जा रहा है कि हरिशंकर अभी फरार है।
छत्तीसगढ़, मप्र समेत 3 राज्यों में खरीदी संपत्ति
ईडी के अनुसार सट्टा एप मामले की काली कमाई से छत्तीसगढ़, मुंबई और मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा संपत्ति की खरीदी की गई है। सौरभ और रवि छत्तीसगढ़ के हैं। इस वजह से उन्होंने अपने दोस्तों के नाम पर निवेश किया। मुंबई में ऐसी जगहों पर संपत्ति खरीदी, जो सबसे ज्यादा महंगी थी। ताकि एक ही जगह पर बड़ा निवेश किया जा सके। मुंबई में कई फ्लैट में निवेश किया है।

शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करने के नाम पर सीए से ठग लिए 94 लाख रुपए, आरोपी गिरफ्तार

07-Dec-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )  शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करने पर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 12वीं पास साइबर ठग ने रायपुर के एक सीए से 94 लाख ठग लिया। रेंज साइबर थाना की टीम ने आरोपी साइबर ठग को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बताया कि वह 12वीं तक पढ़ा-लिखा है। उसने भाई-भाई नाम की कंपनी बनाकर उसमें पैसा निवेश कराया है। पुलिस आरोपी के अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक आशीष कृष्णानी और उनकी पत्नी से शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 94 लाख की ऑनलाइन ठगी हुई थी। इसकी शिकायत पर देवेंद्र नगर पुलिस ने अपराध दर्ज किया। इसके बाद रेंज साइबर थाना की टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान ठगी का पैसा पश्चिम बंगाल के बैंक खातों में ट्रांसफर होने का पता चला।
खाता धारक का पता करते हुए टीम 24 परगना पश्चिम बंगाल पहुंची। इसके बाद काशीपुर साउथ में छापा मारकर साइबर ठगी करने वाले अब्दुल रहमान मुल्ला को गिरफ्तार किया। आरोपी केवल 12वीं तक पढ़ा है। अब्दुल के अन्य साथी भी इस ठगी में शामिल हैं। पुलिस उनकी भी तलाश में लगी। ठगी के 24 लाख रुपए को होल्ड कराया गया है।

गिधौरी-सरसिंवा मार्ग पर ओवरलोड वाहनों का कटा चालान

06-Dec-2024

बिलाईगढ़ ( शोर संदेश  )। रायगढ़ परिवहन विभाग द्वारा बिलाईगढ़ क्षेत्र के गिधौरी-सरसिंवा मुख्य मार्ग पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग के सब-इंस्पेक्टर भूषण ध्रुव ने अपनी टीम के साथ क्षेत्र का दौरा कर कुल 15 वाहनों पर ओवरलोडिंग, प्रदूषण, और अन्य उल्लंघनों के तहत चालान काटे। इस कार्रवाई में 38,000 रुपये की चालान राशि वसूली गई।
सब-इंस्पेक्टर भूषण ध्रुव ने मीडिया को जानकारी दी कि वाहन क्रमांक CG-22 G 2999 के चालक को ओवरलोडिंग की जांच के लिए रोका गया। हालांकि, चालक ने वाहन का वजन कराने से इनकार कर दिया। इस पर उसके खिलाफ 20,000 रुपये का ऑनलाइन चालान काटने की तैयारी की गई है।
ध्रुव ने बताया कि हर 2-3 दिन में जिले भर में इसी तरह का निरीक्षण और कार्रवाई की जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि सड़कों पर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
हालांकि, इस कार्रवाई पर सवाल भी उठे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई ओवरलोड वाहन बिना चेकिंग के छोड़ दिए गए, जबकि कुछ गाड़ियों पर ही चालानी कार्रवाई की गई। इस भेदभावपूर्ण रवैये से कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
परिवहन विभाग की यह कार्रवाई सड़कों पर ओवरलोड वाहनों की समस्या को नियंत्रित करने के लिए जरूरी कदम है। लेकिन, कार्रवाई की पारदर्शिता और सख्ती सुनिश्चित करने की जरूरत है। स्थानीय लोग उम्मीद कर रहे हैं कि विभाग आने वाले दिनों में इस मुद्दे को गंभीरता से लेगा।


रायपुर में शगुन फॉर्म से लग्जरी कार चोरी, 2 आरोपी गिरफ्तार

04-Dec-2024
रायपुर। (  शोर संदेश ) रायपुर के शगुन फॉर्म में लग्जरी कार चोरी हो गई। युवक ने अपनी कार वॉलेट पार्किंग में खड़ी कर अंदर बर्थडे पार्टी बनने मनाने चला गया। जब वो वापस आकर लौटा तो उसकी कार गायब थी। उसने आस-पास खोजबीन की, लेकिन कार नहीं मिली। अब पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कार भी बरामद किया गया है।
पीड़ित आशीष जैन ने तेलीबांधा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि, वो लाभाण्डी में रहता है। 29 नवंबर क एक काले रंग की टोयोटा कैमरी कार लेकर VIP रोड स्थित शगुन फार्म में बर्थडे पार्टी मनाने गया। उसने अपनी कार की चाबी वॉलेट पार्किंग में दे दी। इसके बदले उसे पर्ची दी गई। रात करीब 2:30 बजे जब वो बर्थडे पार्टी से बाहर निकला। तो उसने अपनी गाड़ी मंगवाई।
वैलेट पार्किंग के चालक ने कार को पार्किंग में नहीं होना बताया, तब पूरा मामला तेलीबांधा थाना पहुंचा। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने अब्दुल शाहबाज और आकाश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 54 लाख रुपए कीमत की टोयोटा कार बरामद कर लिया गया है।

प्रधान पाठक ने आपा खोया, महिला बीईओ को पीटा, सस्पेंड के बाद गिरफ्तार

04-Dec-2024
रायपुर (  शोर संदेश ) । जिले के अभनपुर इलाके में एक प्रधान पाठक ने महिला बीईओ के साथ मारपीट कर दी। गुस्से में आगबबूला प्रधान पाठक ने महिला अधिकारी को टेबल पर पटककर गला दबाने की कोशिश भी की। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसके बाद प्रधान पाठक को सस्पेंड कर दिया गया। बाद में उसके खिलाफ थाने में मारपीट का केस भी दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। वीडियो फुटेज में दिख रहा है कि महिला अफसर और प्रधान पाठक के बीच ऑफिस के अंदर पहले किसी बात को लेकर बहस होती है, जो हाथापाई में बदल गई।
जानकारी के मुताबिक मीडिल स्कूल परसदा सोंढ के प्रधान पाठक राजन बघेल बीईओ दफ्तर अभनपुर पहुंचे थे। वे कुछ महीनों में रिटायर होने वाले हैं। सीआर (कामकाज की गोपनीय रिपोर्ट) में क यानी उत्तम, ख यानी अच्छा, ग यानी खराब और घ यानी बहुत खराब लिखा जाता है। प्रधान पाठक के सीआर में (ख श्रेणी) लिखा था।
उन्होंने बीईओ धनेश्वरी साहू से इसे उत्तम (क श्रेणी) करने के लिए कहा। इसे लेकर दोनों के बीच बहस हुई। लेकिन बीईओ ने ऐसा करने से मना कर दिया। इसके बाद गुस्साए प्रधान पाठक ने बीईओ को टेबल पर पटक दिया और मारपीट की। इसकी शिकायत शिक्षा विभाग को मिली जो जॉइंट डायरेक्टर राकेश पांडेय ने प्रधान पाठक राजन को सस्पेंड कर दिया। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी की देखरेख में जांच भी बैठाई गई है।
मारपीट को लेकर जो वीडियो वायरल हुआ है उसमें यह दिख रहा है कि प्रधान पाठक राजन की बीईओ अभनपुर के साथ ऑफिस के अंदर पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुआ। गुस्साए प्रधान पाठक ने टेबल पर फाइल पटकी। इसके बाद महिला बीईओ धनेश्वरी ने भी फाइल पटकी। बहस के बीच प्रधान पाठक महिला बीईओ से मारपीट करने लगता है। इसी तरह महिला अधिकारी को टेबल पर पटककर गला दबा दिया। स्टॉफ ने बीच बचाव किया।

 


महासमुंद के खेमड़ा जांच चौकी में 140 कट्टा धान जब्त

03-Dec-2024

महासमुंद (  शोर संदेश   )। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में जिले में अवैध धान भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर सतत कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बागबाहरा उमेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में मंडी इंस्पेक्टर ने खेमड़ा जांच चौकी पर बड़ी कार्रवाई की है।  

बीती रात मंडी इंस्पेक्टर सिदार और साजिदखान की उपस्थिति में रजन यादव, निवासी टरबोड़ा, नुआपड़ा (ओडिशा) से 140 कट्टा धान जब्त किया गया। रजन यादव द्वारा दो अलग-अलग वाहनों के माध्यम से 70-70 कट्टा धान अपने घर से खेमड़ा ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान रजन यादव परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में असफल रहे, जिसके कारण यह कार्रवाई की गई। जिले में अवैध धान व्यापार पर प्रशासन की सख्त नजर है, और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


शादी का झांसा देकर शिक्षिका के साथ दुष्कर्म, कबाड़ व्यवसायी गिरफ्तार

03-Dec-2024
कोरबा।  ( शोर संदेश ) परित्यक्ता महिला शिक्षिका को प्रेमजाल में फांस कर विवाह करने के नाम पर दुष्कर्म करने वाले रायपुर के कबाड़ व्यवसायी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।मामले में आरोपित से पूछताछ की जा रही है। कोतवाली थाना अंतर्गत मानिकपुर पुलिस चौकी में पीड़िता शिक्षिका ने रिपोर्ट दर्ज कराते कहा था कि वह क्षेत्र में संचालित एक शासकीय स्कूल की शिक्षिका है।
दो साल पहले उसकी सहेली के साथ रायपुर निवासी कबाड़ व्यवसायी राजीव बसंल उसके घर आया था। इस दौरान पहचान हुई और बातचीत के दौरान मोबाइल नंबर भी उसने ले लिया।

मोबाइल पर दोनों कई बार बातचीत भी करते थे। एक बार अचानक बंसल ने उसके (शिक्षिका) खाते में 10 हजार रुपये डाल दिया। इस संबंध में पूछताछ किए जाने पर उसने गलती से रुपये जाने की बात कही।
इस तरह दोनों के बीच बातचीत बढ़ती गई। शिक्षिका शादीशुदा है और पारिवारिक कारणों से उसके पति ने उसे छोड़ दिया है, इसलिए वह अपने परिवार वालों के साथ रहती है।


वहीं बंसल ने शिक्षिका को बताया कि उसकी पत्नी उसे छोड़ चुकी है। बंसल कई बार कोरबा आकर शिक्षिका से मिलने आता था और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया।
जब शिक्षिका ने शादी करने की बात कही तो बंसल ने शादी करने से इंकार कर दिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत मानिकपुर चौकी पुलिस से की। जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की पतासाजी शुरू की।

38 पेटी अवैध शराब के साथ दाे आराेपित गिरफ्तार

03-Dec-2024
जगदलपुर। ( शोर संदेश )  जिले के थाना बकावण्ड पुलिस ने साेमवार काे बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बिक्री करने वाले दाे आराेपिताें काे गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपिताें के संयुक्त कब्जे से 38 पेटी गोवा विस्की अंग्रेजी शराब जब्त किया है।
पुलिस ने बताया कि मुखबीर से सूचना मिली की ग्राम करंजी कुरलुमारी पारा के पास जंगल से लगा हुआ लाडी-कोठार में ग्राम खोटलापारा के डोमन नेताम व आयतु कश्यप दोनों साथ मिलकर गोवा विस्की अंग्रेजी शराब ग्राहको को बिक्री कर रहे है। सूचना पर ग्राम करंजी कुरलुमारी पारा के पास जंगल से लगा हुआ लाडी-कोठार में घेराबंदी कर रेड कार्यवाही किया गया, जहां लाड़ी कोठार में दाेनाें काे पकड़ा गया। पूछताछ में दाेनाें ने अपना नाम डोमन नेताम पिता स्व. रघु नेताम निवासी खोटलापाल ठोठीयापारा एवं आयतु कश्यप पिता मनबोध कश्यप निवासी खोटलापाल पटेलपारा बताया। पुलिस ने दोनों आरोपिताें के कब्जे से 38 पेटी गोवा विस्की अंग्रेजी शराब बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपिताें के विरूद्ध थाना बकावंड में अपराध दर्ज कर आज साेमवार काे न्यायालय से न्यायिक रिमाण्ड पर जेल दाखिल किया गया । 

आबकारी विभाग की कार्रवाई, चार ठिकानों पर छापा मारकर जब्त किया हरियाणा की शराब

02-Dec-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश ) आबकारी विभाग ने रविवार को अलग-अलग प्रकरणों में रायपुर में चार ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान अलग-अलग इलाकों में छापा मारकर हरियाणा शराब जब्त की है। हरियाणा की कुल 97.46 लीटर शराब जब्त कर चार आरोपियों को जेल भेज दिया। रायपुर के वीआईपी रोड स्थित शगुन फार्म हाउस से आरोपी परमानंद विश्वकर्मा के आधिपत्य से कुल 55.28 लीटर विदेशी शराब जिसमें हरियाणा में बेचने के लिये ले जाया जा रहा था। विभागीय अधिकारियों ने शहर के फॉर्म हाउस और आरोपियों के घर से प्रीमियम ब्रांड की शराब जब्त की है।  
वहीं छत्तीसगढ़ बेचने के लिये प्रीमियम ब्रांड की लेबल लगी शराब जब्त की। अवंती विहार निवासी राजकुमार निषाद उर्फ राजू कबाड़ी से 115 पाव मसाला एवं 35 पाव व्हिस्की जब्त की। जोरापुरा निवासी काजल शर्मा से 50 पाव देशी शराब मसाला जब्त की । भटिया गांव थाना खरोरा निवासी जगमोहन भारद्वाज से 10 पाव और 6 पाव मसाला शराब, 5 बोतल, पांच हजार बियर जब्त  कर केस दर्ज किया है। इन कार्रवाईयों में सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेंद्र तिवारी, आशीष सिंह, वैभव मित्तल एवं आबकारी उपनिरीक्षकगण प्रकाश देशमुख एवं कमल कोड़ोपी का महत्वपूर्ण योगदान रहा ।
 

पुलिस आरक्षक को चाकू मारने वाले तीन नकाबपोश गिरफ्तार

25-Nov-2024
धमतरी  ( शोर संदेश ) । ड्यूटी कर घर जा रहे पुलिस आरक्षक को चाकू मारकर घायल करने वाले तीन नकाबपोश युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपित युवक नगरी के है।
नगरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसडीओपी कार्यालय नगरी में पदस्थ डीएसएफ आरक्षक गैंदराम मरकाम 40 वर्ष पुत्र सदाराम मरकाम दाबगांव थाना नगरी निवासी 23 नवंबर को डयूटी कर घर जा रहा था, तभी कर्राघाटी चमेदा तिराहा के पास स्कूटी में तीन नकाबपोश युवक पहुंचे। आरक्षक गैंदराम मरकाम का पीछा कर मोटरसाइकिल रोककर युवकों ने चाबी निकालकर एक आरोपित पीड़ित के गर्दन के पास चाकू टिकाकर 200 रुपये को लूट लिया। वहीं एक आरोपित ने उनके कूल्हे पर चाकू से वार कर चोट पहुंचाया। एक ने हाथ से थप्पड़ मारा और भाग निकले। इसके बाद घायल जवान ने घटना की जानकारी अपने दोस्तों को दी, तो मौके पर पहुंचकर जवान गैंदराम मरकाम को घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की रिपोर्ट जवान ने नगरी थाने में दर्ज कराई। पुलिस नकाबपोश युवकों को पकड़ने जुट गई। घटना स्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ एवं मूखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपितों की पतासाजी कर धीरज बिसेन, हितेश्वर मरकाम व ज्ञानेंद्र नेताम तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। आरोपितों के पास से लूट के 200 रुपये व दो नग चाकू को जब्त कर कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपितों में धीरज बिसेन 22 वर्ष नगरी, हितेश्वर मरकाम उर्फ प्रधान 21 वर्ष नगरी और ज्ञानेन्द्र नेताम 22 वर्ष नगरी शामिल है। आरोपितों को पकड़ने में थाना प्रभारी नगरी निरीक्षक शरद ताम्रकार, सहायक उप निरीक्षक श्रीराम पटेल, तानसिंह साहू प्रधान आरक्षक, ईशुकुमार साहू, जीवन ध्रुव आदि का योगदान रहा।



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account