ब्रेकिंग न्यूज

ब्रेकिंग न्यूज

साय सरकार का विस्तार, 9 विधायकों को दिलाई जाएगी मंत्री पद की शपथ

22-Dec-2023
रायपुर (शोर संदेश)। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल का विस्तार शुक्रवार को होगा। राजभवन में नौ नए मंत्रियों को राज्यपाल बिस्वभूषण हरिचंदन पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। साय ने अपने मंत्रिमंडल में पांच नए चेहरे और पूर्ववर्ती रमन कैबिनेट के चार पूर्व मंत्रियों पर दांव खेला है। साथ ही सबसे अधिक ओबीसी वर्ग से पांच विधायकों को मंत्री पद देने का निर्णय लिया गया है, जो कि पहली बार मंत्री बनेंगे।

इनमें कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन, मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल, रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी, भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े और बलौदाबाजार विधायक टंकराम वर्मा शामिल हैं। पूर्व मंत्रियों में सामान्य वर्ग से रायपुर-दक्षिण विधायक बृजमोहन अग्रवाल, अनुसूचित जनजाति वर्ग से रामानुजगंज विधायक रामविचार नेताम व नारायणपुर विधायक केदार कश्यप और अनुसूचित जाति से नवागढ़ के विधायक दयालदास बघेल को मंत्री बनाने का निर्णय लिया गया है।

नए मंत्रियों के नामों की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से बताया कि शुक्रवार को राजभवन में शपथ समारोह रखा गया है। गौरतलब है कि प्रदेश में मुख्यमंत्री समेत 13 मंत्री नियुक्त होते हैं। इनमें अभी तक मुख्यमंत्री विष्णुदेव सहित उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव और विजय शर्मा मंत्रिमंडल में शामिल हो चुके हैं और अभी 13वां मंत्री का फिलहाल इंतजार करना पड़ेगा।

नए मंत्रियों की गाडिय़ां भी तैयार

स्टेट गैरेज के अधिकारियों का कहना है कि उनकी तरफ से 11 गाडिय़ां तैयार करवाई जा रही हैं। इन गाडिय़ों को निर्देश मिलने के बाद पुलिस लाइन भेज दिया जाएगा। मंत्रियों के लिए गाडिय़ां तैयार है।

सरगुजा संभाग से सबसे ज्यादा मंत्री

विष्णुदेव साय सरकार में सरगुजा संभाग से सबसे अधिक मुख्यमंत्री समेत चार मंत्री होंगे। इस संभाग से मुख्यमंत्री साय, रामविचार नेताम, लक्ष्मी राजवाड़े और श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हैं। हालांकि सरगुजा संभाग से इस बार सभी 14 सीटें भाजपा के खाते में गई हैं।

प्रदेश के कई क्षेत्रों में शीतलहर, रायपुर में पारा पहुंचा 12.2 डिग्री

22-Dec-2023
रायपुर (शोर संदेश)। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड लगातार जारी है। रायपुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम है, वहीं दुर्ग व राजनांदगांव में तो न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम रहा। रायपुर की तुलना में दुर्ग व राजनांदगांव में तो ठिठुरन और ज्यादा बढ़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शनिवार से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी और तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी की संभावना है, इसके चलते ठिठुरन भी थोड़ी कम होगी। हालांकि 25 दिसंबर के बाद फिर से मौसम का मिजाज बदलेगा और ठंड बढऩे लगेगी। गुरुवार को प्रदेश भर में नारायणपुर सबसे ठंडा रहा, एडब्ल्यूएस नारायणपुर में न्यूनतम तापमान 06.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष ठंड ज्यादा पड़ेगी।गुरुवार को रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा और ठिठुरन भी बढ़ी। प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट रही।
मौसम विज्ञानी ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार से नमी की मात्रा बढ़ेगी। साथ ही हवा की दिशा भी बदल रही है,इसके चलते न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने बताया कि शनिवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्के बादल रहने की संभावना है। अगले पांच दिनों में मौसम शुष्क रहेगा।
रायपुर में न्यूनतम तापमान 12.2,दुर्ग में सामान्य से चार डिग्री कम रहा पारा
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला भी शुरू हो गया है। गुरुवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। इसी प्रकार दुर्ग में न्यूनतम तापमान 09.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो समान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा। राजनांदगांव में भी न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस रहा,जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा।
यह रहा न्यूनतम तापमान(डिग्री सेल्सियस में)
रायपुर 12.2
बिलासपुर 11.2
पेंड्रा रोड 09.0
अंबिकापुर 06.9
जगदलपुर 09.5
 

भारतीय किसान संघ ने किया मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आत्मीय अभिनंदन

22-Dec-2023

 

प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी का आदेश जारी होने से खुशी से झूम उठे किसान
रायपुर।( शोर सन्देश )  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर 3100 रुपये प्रति क्विंटल, प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का आदेश जारी होने से छत्तीसगढ़ के किसान खुशी से झूम उठे। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पर अमल शुरू होने पर भारतीय किसान यूनियन छत्तीसगढ़ ने राज्य अतिथि गृह पहुना में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आत्मीय अभिनंदन करते हुए कहा कि किसानों को राज्य में किसान हितैषी सरकार के गठन की प्रतीक्षा थी। किसानों की सरकार के मुखिया  विष्णुदेव साय ने बहुत ही अल्प समय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की बड़ी गारंटियां पूरी कर दी हैं। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में गठित छत्तीसगढ़ राज्य की नई सरकार किसानों के भरोसे का सम्मान कर रही है। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन छत्तीसगढ़ प्रदेश महामंत्री नवीन शेष, प्रदेश कार्यालय मंत्री दुर्गा पाल, महानगर प्रमुख विष्णु वर्मा, महानगर कार्यकारिणी सदस्य डॉ. बोधन साहू सहित पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का अभिनंदन किया और राज्य की किसानों की ओर से उनका आभार जताया।
 
राज्य के किसानों को छत्तीसगढ़ सरकार के इस फैसले से अब प्रति एकड़ के मान से 21 क्विंटल धान 3100 रूपये क्विंटल की दर पर विक्रय से 23,355 रूपए ज्यादा मिलेंगे। इस साल 130 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का अनुमान है। राज्य में लगभग 40 हजार करोड़ रुपए की धान खरीदी होगी। धान बेच चुके किसानों को भी इस आदेश का लाभ मिलेगा। 25 दिसम्बर राष्ट्रीय सुशासन दिवस पर किसानों को 3716 करोड़ रुपए बकाया बोनस का भुगतान किया जाएगा।
 
 

नर्सिंग होम एक्ट में हुआ बदलाव अब 10 बेड के अस्पतालों को भी तत्काल मिलेगा लाइसेंस

21-Dec-2023
रायपुर।( शोर सन्देश ) छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने नर्सिंग होम एक्ट में बड़ा बदलाव करते हुए अब 10 बेड वाले नए अस्पतालों को तत्काल लाइसेंस जारी किए जाएंगे। वहीं 30 बेड वाले अस्पतालों का निरीक्षण किया जाएगा। प्रदेश में 2010 व 2013 में नर्सिंग होम एक्ट बनाया गया था और इतने सालों बाद बदलाव पहली बार किया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार छोटे अस्पतालों को तत्काल लाइसेंस देने से डॉक्टरों की परेशानी दूर होगी। ऐसे अस्पतालों में मरीजों का तत्काल इलाज होने लगेगा। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के अनुसार तत्काल लाइसेंस जारी करने के पहले अस्पताल प्रबंधन को नर्सिंग होम एक्ट के मापदंडों का पूरा पालन करने संबंधी एफिडेविट देना होगा। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अफसर अगले एक माह में उस अस्पताल के मापदंडों की जांच करेंगे। 11 से 30 बेड वाले अस्पतालों को लाइसेंस जारी करने के लिए तीन माह के भीतर निरीक्षण करना होगा। 30 बेड वाले अस्पतालों को स्वत: लाइसेंस जारी नहीं किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अफसर निरीक्षण कर जरूरी मापदंडों की जांच करेंगे। नर्सिंग होम एक्ट के तहत मेडिकल वेस्ट डिस्पोज से लेकर फायर सिस्टम की जांच की जाती है। नया गजट नोटिफिकेशन हाल ही में प्रकाशित हुआ है इसे लागू भी कर दिया गया है।
 शोर सन्देश
 

जैसलमेर के पाषाण से निर्मित होगा 150 वर्ष पुराना दिगंबर जैन मंदिर

21-Dec-2023
रायपुर   शोर सन्देश  ।   दिगंबर जैन मंदिर मालवीय रोड में लगभग 150 वर्ष पुराने मंदिर का पुनर्निर्माण भूमि पूजन का कार्य आचार्य विद्यासागर महाराज के मंगल आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन से संपन्न हुआ। ट्रस्ट कमेटी के मेनेजिग ट्रस्टी नरेंद्र जैन गुरुकृपा एवं ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष संजय जैन नायक ने बताया कि मालवीय रोड स्थित दिगंबर जैन मंदिर में जैसलमेर के पीले पत्थरो से 171 फुट ऊंचे शिखर का 3 मंजिला मंदिर त्रिकाल चौबीसी सस्त्रकुट जिनालय बनाना तय हुआ है साथ  संत निवास सर्व सुविधा युक्त धर्मशाला पार्किंग एवं सुन्दर गार्डन का निर्माण कार्य भी किया जायेगा इस अवसर पर दिगंबर जैन समाज के नागरिक उपस्थित थे। आचार्य विद्यासागर महाराज की आहार दान देने का सौभाग्य नरेंद्र जैन गुरुकृपा परिवार राजेश रज्जन जैन एवं प्रदीप जैन दैनिक विश्वपरिवार वालो को प्राप्त हुआ। अध्यक्ष संजय जैन नायक ने बताया कि आचार्य विद्यासागर महाराज जी ने 1967 में आचार्य देश भूषण महाराज से ब्रह्मचर्य व्रत ले लिया था। 
 

खनिज साधन विभाग ने छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास नियम के क्रियान्वयन के संबंध में जारी किए निर्देश

21-Dec-2023

 रायपुर। छत्तीसगढ़ खनिज साधन विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास नियम-15 के क्रियान्वयन के संबंध में आज मंत्रालय से नये दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिसके तहत जिला खनिज संस्थान न्यास की शासी परिषद द्वारा ऐसे कार्य जिन्हें प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, परंतु कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं, ऐसे अप्रारंभ कार्यों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास नियम, 2015 के नियम 5 अनुसार "जिला खनिज सस्थान न्यास का उद्देश्य खनन अथवा खनन से संबधित संक्रियाओं से प्रभावित व्यक्ति एवं क्षेत्र के हित एवं लाभ के लिए ऐसी रीति से कार्य करना है" नियम-22 अनुसार न्यास निधि का उपयोग किये जाने का प्रावधान है। न्यास की गतिविधियों के सफल संचालन के लिए समय-समय पर राज्य शासन द्वारा विभिन्न निर्देश जारी किये गये हैं, जिनके तारतम्य में आज खनिज विभाग द्वारा नये निर्देश जारी किए गए हैं। समस्त कलेक्टर-सह-अध्यक्ष जिला खनिज संस्थान न्यास को छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास नियम, 2015 के नियम-10. 11 एवं 12 (1) के संदर्भ में निम्नानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया है - छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास नियम, 2015 (यथा संशोधित) अन्तर्गत कलेक्टर-सह-अध्यक्ष, जिला खनिज संस्थान न्यास/शासी परिषद द्वारा ऐसे कार्य जिन्हें प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, परन्तु कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं, ऐसे अप्रारंभ कार्यों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगायी जाये। शासी परिषद् द्वारा ऐसे अप्रारंभ कार्य की पुन समीक्षा की जाए। तत्पश्चात् शासी परिषद के निर्णय/अनुमोदन अनुसार ही अग्रिम आवश्यक कार्यवाही की जाए। कलेक्टर-सह-अध्यक्ष, जिला खनिज संस्थान न्यास द्वारा शासी परिषद के बिना प्रशासकीय स्वीकृति के कोई भी नये कार्य प्रारंभ नहीं किए जाएं। छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास नियम 2015 के नियम-10 (1ख) के प्रावधान अन्तर्गत संबंधित जिले के समस्त नवनिर्वाचित विधानसभा सदस्य, जो पदेन सदस्य हैं। ऐसे समस्त विधानसभा सदस्यों को तत्काल सूचित किया जाए। छत्तीसगढ़ जिला खनिज सस्थान न्यास नियम 2015 के नियम-10(2), 10 (3) एवं 10(4) के प्रावधान अन्तर्गत संबंधित जिले के ऐसे नामांकित जनप्रतिनिधियों/सदस्यों जिनकी कालावधि 03 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनके स्थान पर नये नामांकन किए जाएं।

 

अपने आप को जान लेना ही भगवान को जान लेना है - मैथिलीशरण भाईजी

21-Dec-2023
 
रायपुर।  अपने आप को जान लेना ही भगवान को जान लेना है। जो लोग यह कहते है कि भरत की वाणी कठिन है तो ऐसे लोगों ने न तो अपने को जाना है और न राम को जाना है। शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा जिसके जीवन में प्रतिकूल परिस्थिति न आया हो। प्रेम में अनुबंध होता ही नहीं, प्रेम में तो केवल संबंध होता है, जिस दिन अपने में दोष और अपूर्णता और भगवान में पूर्णता देखना सीख लिया तो जीवन धन्य हो जाएगा। अपने आप को जान लेना ही भगवान को जान लेना है - मैथिलीशरण भाईजीमैक कॉलेज ऑडिटोरियम में श्रीराम कथा प्रसंग में भरत चरित्र की व्याख्या को आगे बढ़ाते हुए मैथिलीशरण भाई जी ने कहा कि भगवान के प्रति भक्तिभाव का जो लोग समीक्षा करते है वह स्वार्थ है, परमार्थ नहीं। मानस में बताया गया है कि प्रतिकूल परिस्थितियां भगवान के भक्त भरत और विभीषण पर कैसे आई? संसार में कोई भी व्यक्ति ऐसा नहीं होता जिसके जीवन में प्रतिकूल परिस्थितियां न आई हो, फिर भी हर स्थिति में भगवान की स्मृति न खोने वाला सच्चा भक्त है। इतिहास जो होता है वो पोस्टमार्टम करता है, पुराण ऑपरेशन करते है और कथा भूत को वर्तमान बना देता है। कथा जीवन में हमारा परम सत्य है और जिस दिन लक्ष्य की प्राप्ति हो गई तो समझो कथा में प्रवेश हो गया। प्रेम में अनुबंध नहीं होता, केवल संबंध होता है। लकड़ी की पादुका पाकर भी भरत जी प्रसन्न हो गए इतना कि पादुका में साक्षात भगवान को अनुभव कर रहे है। अहम से मुक्त व्यक्ति अपनी बात मनवाने के लिए न धरना देते है, न आग्रह और न प्राण देने की बात कहते है। भरत जी ने भी चित्रकूट में भगवान राम से अयोध्या लौटने के लिए ऐसी कोई बात नहीं कही। 

दुनिया के 40 देशों में फैला कोरोना का जेएन.1 वैरिएंट

21-Dec-2023
- भारत में 21 केस, WHO  ने  कहा- इससे खतरा नहीं, पर भीड़ में मास्क पहनें
 
नई दिल्ली। कोरोना का नया सब-वैरिएंट रेएन.1 दुनिया के 40 देशों में फैल चुका है। भारत में अब तक इसके 21 केस आ चुके हैं। इनमें गोवा में 19 और केरल-महाराष्ट्र में 1-1 मामला आया है।
नीति आयोग के सदस्य वीके पॉल ने बुधवार को बताया कि पिछले दो हफ्ते के दौरान भारत में कोरोना से 16 लोगों की मौत हुई है। हालांकि, इनमें अधिकतर लोग डायबिटीज और हार्ट प्रॉब्लम जैसी दूसरी बीमारियों से भी जूझ रहे थे।
केंद्र के मुताबिक, देशभर में कोरोना के करीब 2669 एक्टिव मामले हैं। इनमें 91- 92प्रतिशत लोग घरों में ही इलाज करवा रहे हैं। नए वैरिएंट वाले मरीजों में वायरस के लक्षण काफी हल्के हैं। हालांकि, घबराने वाली कोई बात नहीं है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने जेएन.1 को ‘वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट’ में शामिल किया है। डब्ल्यूएचओ ने बताया कि अभी तक का विश्लेषण कहता है कि मौजूदा वैक्सीन जेएन.1 वैरिएंट पर पूरी तरह से कारगर है। इससे लोगों को ज्यादा खतरा नहीं है।
 
हालांकि, डब्ल्यूएचओ ने सावधानी के तौर पर एडवाइजरी जारी की है। इसमें लोगों को भीड़ वाले, बंद या दूषित हवा वाले इलाकों में मास्क पहनने की सलाह दी गई है। साथ ही आवश्यक दूरी बनाने को भी कहा गया है।
 
केंद्र के निर्देश- सभी जिले टेस्ट करें
केंद्र सरकार ने राज्यों की दी एडवाइजरी में कहा है कि सभी जिले कोविड टेस्ट करें। पॉजिटिव सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए लैब भेजें। मॉक ड्रिल करके समय-समय पर तैयारियों का जायजा लें।
 
कर्नाटक के पड़ोसी राज्य केरल और तमिलनाडु में कोविड-19 के नए वैरिएंट जेएन.1 के मामले बढऩे के कारण वहां भी एडवाइजरी जारी की गई।
 
60 वर्ष और उससे अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों, किडनी, हृदय, लिवर जैसी बीमारियों से पीडि़त लोगों, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली मांओं को बाहर जाने पर अनिवार्य रूप से मास्क पहनने की सलाह दी गई है।
 
केंद्र के निर्देशों के अनुसार, अभी ज्यादा घबराने या तुरंत प्रतिबंध लगाकर सीमा पर (केरल, तमिलनाडु राज्यों) निगरानी बढ़ाने की जरूरत नहीं है। हालांकि, केरल और तमिलनाडु से लगे सभी सीमावर्ती जिलों को सतर्कता बरतनी चाहिए। क्रिसमस और नए साल के जश्न के दौरान लोगों को खास तौर पर सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

संसद की सिक्योरिटी का जिम्मा अब CISF को

21-Dec-2023
- सुरक्षा चूक मामले के 4 आरोपियों की रिमांड 15 दिन बढ़ाई; दो अन्य लोगों से भी पूछताछ
नई दिल्ली। संसद भवन की सुरक्षा में की जिम्मेदारी अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को दी गई है। सूत्रों ने बताया, संसद में सुरक्षा चूक को देखते हुए सरकार ने ये फैसला लिया है। CISF के पास अभी एटॉमिक, दिल्ली मेट्रो, हवाई अड्डे और एयरोस्पेस से जुड़े संस्थानों समेत कई इमारतों की सिक्योरिटी का जिम्मा है।
CISF के साथ पार्लियामेंट सिक्योरिटी सर्विस, दिल्ली पुलिस और पार्लियामेंट ड्यूटी ग्रुप भी शामिल रहेंगे। पीडीजी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का ही हिस्सा है।
वहीं, सुरक्षा चूक मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों की सागर शर्मा, डी मनोरंजन, अमोल शिंदे और नीलम की हिरासत पटियाला हाउस कोर्ट ने 15 दिन और बढ़ाई है। दो अन्य आरोपी ललित झा और महेश कुमावत भी कस्टडी में हैं। इन छह लोगों से दिल्ली पुलिस की पांच अलग-अलग यूनिट्स पूछताछ कर रही हैं।
कर्नाटक के पूर्व डीएसपी का बेटा भी हिरासत में
लोकसभा में सुरक्षा चूक मामले में कर्नाटक से इंजीनियर साईंकृष्ण जगाली को हिरासत में लिया गया है। इसे दिल्ली लाया गया है। जगाली कर्नाटक के एक रिटायर्ड डीएसपी का बेटा है। वहीं, यूपी के एक अन्य व्यक्ति को भी पकड़ा गया है। दोनों से पूछताछ जारी है।
साईंकृष्ण जगाली, डी मनोरंजन का दोस्त है। मनोरंजन ने पूछताछ में साईंकृष्ण जगाली का नाम बताया था। साईंकृष्ण मल्टीनेशनल कंपनी में काम करता है। जगाली की बहन स्पंदा का कहना है कि मेरे भाई को दिल्ली पुलिस 20 दिसंबर की रात को बागलकोट के विद्यागिरि से ले गई। मेरा भाई कॉलेज के दिनों में मनोरंजन का रूममेट था।

पीएससी घोटाले की होगी जांच, नौजवानों के साथ नहीं होगा अन्याय : बृजमोहन अग्रवाल

21-Dec-2023

 रायपुर (शोर संदेश)। पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल का बड़ा बयान सामने आया। उन्होंने विपक्ष को करारा जवाब देते हुए कहा कि जनता उन्हें नीरस कर दिया है इसलिए उन्हें सब नीरस दिखाई दे रहा है। 

 राज्यपाल ने सरकार का जो काम है, सरकार ने जो वादा किया है उसकी बात कही है। पीएससी घोटाले की जांच होगी। लाखों नौजवानों को एक संदेश है आने वाले समय में नौजवानों के साथ अन्याय अत्याचार या भ्रष्टाचार नहीं होगा। पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने आगे कहा कि उनके भविष्य के साथ सरकार खिलवाड़ नहीं करेगी। इसके साथ में उन्होंने छत्तीसगढ़ की महिलाओं, किसानों, नवजवानों, वनवासियों, आदिवासियों, पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जातियों सबको साथ में लेकर चलने की बात कही है। राज्यपाल उनका विस्तृत भाषण बजट के समय आएगा ये तो प्रारंभिक भाषण है। सरकार को बने 15 दिन भी नहीं हुआ है, तब राज्यपाल का इतनी बड़ी उद्घोषणा सरकार की काम को प्रदर्शित करता है।
वहीं अनुपूरक बजट पर पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आज जो बजट आया उसमें मोदी की गारंटी, मातृ वंदन योजना के लिए, पीएम आवास के लिए और धान खरीदी के लिए पैसा रखा गया है। यह पहली सरकार है जो बनते ही मोदी की गारंटी बात की हैं। बजट आएगा तब आप देखिएगा कांग्रेस के लोग जमीन पर लौटने लगेंगे। इसके अलावा उन्होंने उमेश पटेल के कठपुतली वाले बयान पर कहा कि थोड़ा इंतजार करिए, जब सरकार बनेगी, तो मंत्रिमंडल का गठन होगा। तब इनको समझ आएगा कि फैसला कैसे होते है।फैसला भ्रष्टाचार करने के लिए नहीं होते हैं। अपने-अपने लोगों को बचाने पर भ्रष्टाचार में साथ दे उनके लिए नहीं होते हैं।



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account