
महासमुन्द (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ राज्य सरकार की महिला और बालिकाओं की उत्थान हेतु अनेक प्रकार की योजनाएं शुरू की गई हैं। जिसका लाभ जरूरतमंद लोगों को पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनांतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग इस महीनें गरीब परिवार की 135 कन्याओं का विवाह कराने जा रही है। सामूहिक विवाह का आयोजन शनिवार 6 मार्च से शुरू होकर 7 मार्च तक चलेगा। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी मनोज सिन्हा ने बताया कि 6 मार्च को सामूहिक विवाह का आयोजन बिरकोनी चण्डी मंदिर परिसर में होगा। इस विवाह आयोजन में 75 कन्याओं के हाथ पीलें होंगे। इसी प्रकार इसी तारीख को बागबाहरा विकासखण्ड के खल्लारी मंदिर कैम्पस 20 कन्याओं का विवाह होगा। 7 मार्च को पिथौरा विकासखण्ड के सांकरा में 40 जोड़ें विवाह बंधन में बंधेंगे। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में होगा। राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत् गरीब परिवारों की लड़कियों की शादी करवानें के लिए राज्य सरकार ने आर्थिक सहायता के रूप में 25 हजार रूपए का अनुदान सहायता राशि प्रदान की जाती है। इसका मुख्य उद्देश्य गरीब परिवार को लड़की की शादी करने में किसी प्रकार की कोई परेशानी का सामना न करना पड़े और उसे किसी अन्य व्यक्ति पर पूर्ण रूप से निर्भर न रहना पड़े। महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत् सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि प्रति जोड़ा 25 हजार रूपए का व्यय किया जाएगा। इसमें 19 हजार रूपए की उपहार सामग्री, एक हजार रूपए नगद दिए जाएंगे। बाकि 5 हजार रूपए विवाह के विभिन्न आयोजन में खर्च होंगे। वैवाहिक कार्यक्रम में कोविड-19 के गाईड लाईन का पालन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत् गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार/मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजनांतर्गत कार्डधारी परिवारों की 18 वर्ष से अधिक आयु की अधिकतम दो कन्याओं को योजनांतर्गत लाभ दिया जाता है। इस योजनांतर्गत प्रत्येक कन्या के विवाह हेतु अधिकतम 25 हजार रूपए की राशि व्यय किए जाने का प्रावधान है।

रायपुर (शोर सन्देश)। जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और कौशल विकास कार्यक्रमों के लिए काउंसिलिंग के लिए रोजगार सह कौशल मेला का आयोजन किया गया। रोजगार सह कौशल मेला का आयोजन जिला मुख्यालय और सभी विकास खंड मुख्यालय में स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में किया जा रहा है। इसके तहत 8 मार्च को जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज जोरा रायपुर, 12 मार्च को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सड्डू रायपुर, 15 मार्च को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान धरसीवां, 18 मार्च को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आरंग, 22 मार्च को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अभनपुर और 25 मार्च को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान तिल्दा में रोजगार कौशल मेला का आयोजन किया जाएगा। 8 मार्च को आयोजित रोजगार सह कौशल मेला मुख्यतः महिलाओं के लिए रहेगा। अन्य रोजगार सह कौशल मेला में युवक और युवती दोनो शामिल होंगे। इन मेलों का आयोजन समय सुबह 11 बजे से 3 बजे तक रहेगा।

00 विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत करेंगे शुभारंभ
00 त्रिवेणी संगम स्नान के लिए तीन विशेष पर्व
रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ के प्रयाग के नाम से प्रसिद्ध राजिम में माघी पुन्नी मेला 27 फरवरी से शुरू होकर 11 मार्च महाशिवरात्रि तक चलेगा। त्रिवेणी संगम स्नान के लिए 27 फरवरी माघ पूर्णिमा, 6 मार्च जानकी जयंती और 11 मार्च महाशिवरात्रि को विशेष पर्व रहेगा। मेले का शुभारंभ 27 फरवरी को शाम 5 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत करेंगे। शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री ताम्रध्वज साहू करेंगे। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टी.एस. सिंहदेव, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री कवासी लखमा, संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, लोकसभा सांसद चुन्नीलाल साहू एवं सुनील सोनी, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, चिंतामणि महाराज एवं कुंवर सिंह निषाद, विधायक धनेन्द्र साहू, अमितेष शुक्ल, डमरूधर पुजारी, अजय चंद्राकर एवं लक्ष्मी धु्रव उपस्थित रहेंगी। शुभारंभ समारोह में स्मृति नीरज ठाकुर अध्यक्ष जिला पंचायत गरियाबंद, पुष्पा जगन्नाथ साहू अध्यक्ष जनपद पंचायत फिंगेश्वर, देवनंदनी साहू अध्यक्ष जनपद पंचायत अभनपुर, ज्योति दिवाकर ठाकुर अध्यक्ष जनपद पंचायत मगरलोड, रेखा राजू सोनकर अध्यक्ष नगर पंचायत राजिम एवं धनराज मध्यानी अध्यक्ष नगर पालिक परिषद, गोबरा नवापारा उपस्थित रहेंगे। उल्लेखनीय है कि महानदी के तट पर स्थित राजिम छत्तीसगढ़ का प्रसिद्ध तीर्थ है। इसे छत्तीसगढ़ का ’प्रयाग’ भी कहते हैं। यहाँ के प्रसिद्ध राजीव लोचन मंदिर में भगवान विष्णु प्रतिष्ठित हैं। प्रतिवर्ष यहाँ पर माघ पूर्णिमा से लेकर शिवरात्रि तक एक विशाल मेला लगता है। यहाँ पर महानदी, पैरी नदी तथा सोंढुर नदी का संगम होने के कारण यह स्थान छत्तीसगढ़ का त्रिवेणी संगम कहलाता है। माघी पूर्णिमा से महाशिवरात्रि तक चलने वाले इस मेले में राजीवलोचन मंदिर, कुलेश्वर महादेव, महाप्रभु वल्लभाचार्य जी प्राकट्य स्थल चम्पारण, प्राचीन देवालयों के दर्शन, संतों के प्रवचनों एवं सानिध्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का श्रद्धालु प्रतिदिन आनंद ले सकेते हैं।

00 हाईकोर्ट में लगी जनहित याचिका
रायगढ़ (शोर सन्देश)। कोल साइडिंग एवं उद्योग प्रबंधन के द्वारा राजनैतिक प्रभाव और प्रशासन की आंखों में घूल झोंककर जनहित को दरकिनार किया जा रहा है। ऐसे में आए दिन ऐसी स्थितियां निर्मित होती हैं जो नियमों की धज्जियां उड़ा रही हैं, बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस ओर कोई भी सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही। गुरुवार को जागरूक ग्रामीणों द्वारा खरसिया ब्लॉक स्थित वेदांता कोलवाशरी से निकलने वाली गाड़ियों की पर्चियां जांची गईं, तो उनमें 35 टन से अधिक कोयला लोड होना पाया गया। जबकि जिन राहों से होकर यह गाड़ियां प्लांट पहुंचती हैं, उन सड़कों पर 12 टन से अधिक भार की गाड़ियां चलाना पूर्णतया प्रतिबंधित है। बता दें इस कोलवाशरी से निकलने वाले ट्रेलर दर्रामुड़ा-बिंजकोट स्थित एसकेएस पावर प्लांट एवं जांजगीर जिले में स्थित आरकेएम पावर प्लांट में अनलोड होते हैं। वहीं इन भारी वाहनों के चलते दोनों ही सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। नियमों की अनदेखी वर्षों से की जा रही है, बावजूद किसी प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई का ना होना समझ से परे है।
बता दें उद्योगों के विकास के साथ ही सड़कों पर भारी वाहनों की दौड़ दिन रात हो रही है, ऐसे में दिन-ब-दिन इन सड़कों से होकर अपने गांव पहुंचने वाले लाखों ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ती है, वहीं आए दिन दुर्घटनाओं का दौर भी देखा जा रहा है।
बताना लाजिमी होगा कि इस दुर्दशाग्रस्त सड़क की रिपेयरिंग 2011 में करवाई गई थी। कुछ समय पूर्व एसकेएस प्रबंधन को 5 करोड़ 84 लाख की लागत से सड़क अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए थे, परंतु सड़कों को मजबूत बनाना तो दूर प्रबंधन द्वारा सड़क की रिपेयरिंग तक नहीं करवाई गई है।

00 उठाईगिरी करने से पहले की थी बैंक की रेकी, डेढ़ लाख बरामद
रायपुर (शोर सन्देश)। राजधानी के जयस्तंभ चौक स्थित एसबीआई बैंक में पिछले दिनों ढाई लाख रुपये की उठाईगिरी मामले में पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एन कृष्णा राजू रेड्डी को रायपुर के भाठागांव से गिरफ्तार किया गया है। आरोपित मूलतः भिलाई सेक्टर पांच का निवासी है। आरोपी वर्ष 2019 में राजनांदगांव के बैंक में भी इसी प्रकार की वारदात को अंजाम दिया था, जिसको उसने स्वीकार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी सलिल शुक्ला ने थाना मौदहापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा जयस्तंभ चौक रायपुर में सहायक महाप्रबंधक के पद पदस्थ है। 19 फरवरी को अपरान्ह लगभग समय 16ः45 को कैश लेन देन काउंटर नं01 के हेड केशियर राजेश गायधने ने प्रार्थी के चैम्बर में आकर बताया कि कार्य के दौरान इन्होंने पाया कि 2,50,000 रूपये (दो लाख पचास हजार रूपये, 500रू के नोट कुल 500 नग) कम है, तब तुरंत काउंटर नं. 01 में उपस्थित जमा खाता धारक से पूछताछ कर शाखा के सी.सी.टीव्ही. फुटेज की पड़ताल की गयी जिसमें पाया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति जो पीले रंग का शर्ट और हल्के नीले रंग का जींस व सिर में हल्के नीले रंग की टोपी पहना हुआ था अपरान्ह लगभग समय 15ः37 बजे केश लेन देन काउंटर नं 01 के टेबल में रखे 500रू नोट के 500 नग कुल 2,50,000 रूपये को चोरी कर ले गया है। जिस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 30/21 धारा 379 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
बैंक के अंदर हुये चोरी की घटना को पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव ने गंभीरता से लेते हुये अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध अभिषेक माहेश्वरी एवं प्रभारी सायबर सेल रमाकान्त साहू को अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर गिरफ्तार करने आवश्यक दिशा निर्देश दिये। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सायबर सेल की टीम ने अज्ञात आरोपी की पतासाजी प्रारंभ की। टीम ने घटना व आरोपी के हुलिये के संबंध में प्रार्थी, कैशियर एवं बैंक में कार्यरत अन्य बैंक कर्मियों सहित सुरक्षा गार्ड से विस्तृत पूछताछ की । बैंक में लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरे में कैद आरोपी का फुटेज प्राप्त कर अज्ञात आरोपी को चिन्हांकित करने के प्रयास करने के साथ ही इस तरह के तरीका वारदात को अंजाम देने वाले पुराने आरोपियों की तस्दीक कर अज्ञात आरोपी के संबंध में तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा था। चूंकि पूर्व में भी इस तरह की घटना जिला राजनांदगांव के भारतीय स्टेट बैंक और जिला दुर्ग के सराफा दुकान में घटित हो चुकी थी। सायबर सेल रायपुर की टीम ने राजनांदगांव व जिला दुर्ग की घटनाओं का भी सी.सी.टी.व्ही.फुटेज प्राप्त किया तथा रायपुर की घटना के फुटेज तथा आई.टी.एम.एस. टीम की मदद से शहर में लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेज प्राप्त कर सभी फुटेज में दिख रहे अज्ञात व्यक्ति का मिलान कर लगातार विश्लेषण किया गया। अंततः अज्ञात आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई तथा आरोपी को चिन्हांकित करने में सफलता मिली। जिस पर टीम ने भिलाई जिला दुर्ग निवासी आरोपी एन.कृष्णा राजू रेड्डी को पकड़कर प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बैंक में प्रवेश कर अंदर से उक्त नगदी रकम को चोरी करना स्वीकार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूलतः जिला गंजाम उडीसा का निवासी तथा वर्तमान में सिविक सेंटर भिलाई जिला दुर्ग में रहकर कम्यूटर हार्डवेयर का काम करता है। घटना के पूर्व वह रायपुर आकर बैंक के अंदर व बाहर रेकी किया था तथा दिनांक घटना को मौका पाकर वह चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी स्वयं का बचाव करने के उद्देश्य से घटना में दूसरे का मोबाईल फोन एवं मोटर सायकल का उपयोग करता था। आरोपी चोरी की घटनाआंें को कारित करने हेतु लगातार जिला रायपुर, दुर्ग एवं राजनांदगांव में बैंकों के अंदर बाहर घुम - घुम कर रेकी करता था। आरोपी वर्ष - 2019 में जिला राजनांदगांव के थाना लालबाग क्षेत्रांतर्गत स्थित भारतीय स्टेट बैंक में भी बैंक अंदर प्रवेश कर नगदी 5,00,000/- रूपये चोरी किया था जिसमें आरोपी को चिन्हांकित नहीं कर पाने से प्रकरण में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी थी। आरोपी द्वारा वर्ष 2011 में जिला दुर्ग के थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत स्थित ज्वेलरी दुकान में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था जिसमें आरोपी जेल निरूद्ध था। आरोपी एन. कृष्णा राजू रेड्डी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की नगदी 1,50,000/- रूपये एवं घटना में प्रयुक्त होण्डा साईन मोटर सायकल क्रमांक सी जी/07/बी यू/7375 जप्त किया जाकर आरोपी को अग्रिम कार्यवाही हेतु थाना मौदहापारा के सुपुर्द किया गया।
जिला राजनांदगांव के अम्बागढ़ चैकी में भी वर्ष - 2018 में बैंक के अंदर प्रवेश कर इसी तरीका वारदात के आधार पर लाखों की नगदी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस को शक है कि उक्त आरोपी द्वारा ही चोरी की घटना को कारित किया गया है जिस संबंध में आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रहीं है।
आरोपी को गिरफ्तार करने एवं मशरूका बरामद करने में निरीक्षक रमाकांत साहू प्रभारी सायबर सेल, प्र.आर. संतोष सिंह, जमील खान, कुलदीप द्ववेदी, आर. अनुप मिश्रा, संतोष सिन्हा एवं सुरेश देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रहीं।

रायपुर (शोर सन्देश)। सड़क सुरक्षा के महत्व के विषय में जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 5 मार्च से 21 मार्च तक रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरिज क्रिकेेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान कुल 15 मैच होंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस टूर्नामेंट का शुभारंभ करेंगे। परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर ने आज विधानसभा परिसर स्थित समिति कक्ष में कार्यकारणी समिति की बैठक में तैयारियों की समीक्षा की। परिवहन मंत्री श्री अकबर ने प्रवेश द्वार, बेरिकेट, पार्किंग, पानी, सेक्टरवार ग्रुप निर्धारण, विद्युत कनेक्शन, फ्लड लाईट, जनरेटर, एयर कंडिशन सहित सभी आवश्यक तैयारियां 5 मार्च से पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सचिव परिवहन डॉ. कमलप्रीत सिंह ने टूर्नामेंट आयोजन के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट आयोजन में भारत सरकार द्वारा जारी कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन किया जाएगा। इसके तहत राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ियों को एयरपोर्ट में स्क्रीनिंग टेस्ट किया जाएगा। खिलाड़ियों को लाने के लिए बसों और उनके ठहरने के लिए उत्तम प्रबंध किए जा रहे हैं। क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान संचार व्यवस्था के लिए अस्थाई मोबाइल टावर भी लगाया जाएगा। बैठक में बताया गया कि टूर्नामंेट में टिकटों की कीमत अलग-अलग श्रेणियों में 500 से 10 हजार रूपए रखी गई है। इनमें सामान्य टिकट 500, 700, 1100 एवं 1500 रूपए तथा गोल्डन 6000, प्लेटिनम एवं सिलवर 8000 और बॉक्स 10 हजार रूपए निर्धारित की गई है।
बैठक में अपर परिवहन आयुक्त दीपांशु काबरा, संचालक खेल श्वेता सिन्हा, कलेक्टर डॉ.एस.भारतीदासन, रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. आनंद छाबड़ा, दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक विवेका महानंद, आयुक्त एनआरडीए अय्याज तम्बोली, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव, आयुक्त नगर निगम सौरभ कुमार, मुख्य अभियंता लोक निर्माण ज्ञानेश्वर कश्यप सहित विद्युत वितरण कम्पनी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और क्रिकेट लीग मैनेजमेंट ग्रुप मुंबई के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

रायपुर (शोर सन्देश)। प्रदेश में स्वच्छ पेयजल सबको उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कडी में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में 69 करोड़ 45 लाख रुपए की लागत से 90 नलजल योजनाओं को स्वीकृति दी गई। इन योजनाओं के माध्म से 26 हजार 562 परिवारों को नल कनेक्शन दिये जाएंगे। सभी नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में यह बड़ा कदम है। बैठक में कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने जल एवं स्वच्छता मिशन के कार्यों की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का यह कार्य महत्वपूर्ण है। इस पर कार्रवाई तेजी से करें। उल्लेखनीय है कि बैठक में पूर्व में स्वीकृत 30 नलजल योजनाओं के लिए निविदा आमंत्रित करने समिति ने अनुमोदन किया। उल्लेखनीय है कि मंत्री परिषद की बैठक 13 फरवरी को आयोजित हुई थी। इसके पश्चात अधिसूचना जारी हुई थी जिसमें जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन हेतु एकल-समूह में ग्राम की नलजल योजना-रेट्रोफिटिंग कार्यों (ग्राम के अंदर के कार्यों) का एकल-समूह में निविदा के माध्यम से क्रियान्वयन हेतु विभिन्न कार्यों सर्वे, डीपीआर, प्रशासकीय स्वीकृति, निविदा आमंत्रण, कार्यादेश जारी करने एवं क्रियान्वयन करने से संबंधित समस्त अधिकार एवं पाँच करोड़ रुपए तक के वित्तीय अधिकार जिला जल एवं स्वच्छता मिशन को सौंपे गए हैं। गौरतलब है कि जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन हेतु समूह जल प्रदाय योजनाओं (मल्टी विलेज स्कीम) के अंतर्गत क्रियान्वयन हेतु विभिन्न कार्यों से संबंधित अधिकार राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन को सौंपे गए हैं। राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन को जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन हेतु समस्त वित्तीय शक्तियाँ प्रत्यायोजित की गई हैं। राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन को यह अधिकार होगा कि वह आवश्यकतानुसार जिला जल एवं स्वच्छता मिशन को वांछित शक्तियों का प्रत्यायोजन कर सकेगा।

रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ प्रदेश रायफल एसोसिएशन एवं नवीन जिन्दल के नेतृत्व वाली कंपनी जिन्दल स्टील एंड पावर लिमिटेड (जेएसपीएल) के संयुक्त तत्वावधान में 26 फरवरी से राज्य स्तरीय 19वीं निशानेबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन हर बार की तरह छत्तीसगढ़ सशस्त्र सुरक्षा बल चौथी बटालियन के माना स्थित शूटिंग रेंज में होगा, जिसमें ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप के लिए निशानेबाजों का चयन होगा। कोविड-19 महामारी को देखते हुए इस प्रतियोगिता में पूर्ण सतर्कता बरती जाएगी। एसोसिएशन के महासचिव राकेश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में व्यापक व्यवस्था की गई है। महिला, पुरुष एवं अलग-अलग आयु वर्ग के लिए 50 मीटर, 10 मीटर और 25 मीटर रायफल-पिस्टल प्रतियोगिताएं 26 फरवरी से 6 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। भारतीय राष्ट्रीय रायफल संघ द्वारा निर्धारित मानदंडों के अनुरूप जो प्रतियोगी वांछित अंक हासिल करेंगे, उनका चयन 11 से 14 मार्च तक पश्चिम बंगाल में आयोजित होने वाली ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप के लिए होगा। ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप क्वालिफाई करने वाले निशानेबाजों का चयन राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता के लिए होगा, जिसका आयोजन अप्रैल माह में होगा। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता वर्ष 2002 से आयोजित की जा रही है और छत्तीसगढ़ की अनेक प्रतिभाओं को इस प्रतियोगिता के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर मिला है। श्री गुप्ता ने कहा कि 22 बोर रायफल, एयर रायफल और एयर पिस्टल का इस्तेमाल कर निशानेबाज इस प्रतियोगिता को रोचक बनाएंगे। कोविड-19 महामारी को देखते हुए प्रतियोगिता में पुख्ता बंदोबस्त किये गए हैं। प्रत्येक निशानेबाज के बीच कांच की स्क्रीन लगाई गई है। ऐसी कुल आठ स्क्रीन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सैनिटाइजर और सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने की व्यवस्था भी की गई है।

00 लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने पात्रता की शर्तों को किया शिथिल
रायपुर (शोर सन्देश)। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरू रूद्रकुमार के निर्देशन पर जल जीवन मिशन के कार्यों के लिए स्थानीय ठेकेदारों को प्राथमिकता दी जा रही है। मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने जल जीवन मिशन के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। जल जीवन मिशन के कार्यों को जिले स्तर पर क्रियान्वित किए जाने और स्थानीय ठेकेदारों को कार्यों के क्रियान्वयन में सहायता प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रमुख अभियंता एम.एल. अग्रवाल ने बताया है कि छत्तीसगढ़ राज्य में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 45 लाख 48 हजार ग्रामीण परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल प्रदाय किया जाना है। जिसके अंतर्गत अब तक विभिन्न माध्यमों से 5 लाख 66 हजार नल कनेक्शन प्रदाय किया जा चुका है और जल जीवन मिशन के माध्यम से नल कनेक्शन का कार्य प्रारंभ किया जाना शेष है। उन्होंने बताया कि राज्य जल एवं स्वच्छता समिति की कार्यकारिणी बैठक में प्रमुख अभियंता की अध्यक्षता में गठित तकनीकी समिति के तैयार किए गए निविदा प्रस्तुत की गई। जिसमें राज्य के स्थानीय ठेकेदारों को अधिक से अधिक कार्य मिल सके इस बात को मद्देनजर रखते हुए पात्रता की शर्तों को शिथिल किया गया है।
प्रमुख अभियंता अग्रवाल ने बताया कि बैठक में तकनीकी समिति लिए गए निर्णय में एक करोड़ रूपए तक के कार्य के लिए वित्तीय क्षमता के आंकलन की आवश्यकता नहीं होगी। निविदाकारों के लिए 5 वर्ष के टर्न ओव्हर के स्थान पर अब 10 वर्षों का टर्न ओव्हर कर दिया गया है। साथ ही साथ निविदाकारों को 5 वर्ष के अनुभव की पात्रता को बढ़ाते हुए विगत 10 वर्षों का अनुभव किया गया है। इसी तरह पाइप लाइन के कार्य संबंधी अनुभव के लिए 7 हजार 500 मीटर तक के लिए शिथिल कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि टंकी निर्माण संबंधी कार्य के अनुभव के लिए 75 हजार लीटर तक के लिए शिथिल कर दिया गया है। बिजली कनेक्शन के विलंब को देखते हुए अब ग्राम में नल जल योजना के कार्यों के लिए ठेकेदारों को स्वयं बिजली के कनेक्शन विद्युत मण्डल से लेना होगा। जिसका भुगतान विभाग द्वारा किया जाएगा। श्री अग्रवाल ने बताया कि ठेकेदारों के विद्युत कनेक्शन के साथ अब आवश्यक मोटर पंप और इससे संबंधी समस्त कार्य भी योजना के अंतर्गत कराए जाएंगे। ठेकेदारों को योजना के अंतर्गत बनाए जाने वाले टंकी के अनुमोदित ड्राइंग और डिजाइन भी विभाग ने उपलब्ध कराए जाएंगे, जिसके एवज में मात्र 500 रूपए की कटौती की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इस कार्य के लिए पहले ठेकेदारों को इस कार्य के लिए 10 हजार रूपए खर्च करने पड़ते थे। इन पात्रता की शर्तों में शिथिलता लाए जाने से इस कार्य के लिए लगने वाले दो माह के समय की बचत होगी और सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने में सहायक सिद्ध होगी।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। दिल्ली के लाल किला में 26 जनवरी को किसान ट्रैक्टर रैली के दौरान हुए हिंसा मामले में आरोपी दीप सिद्धू को गिरफ्तार कर लिया गया है। दीप सिद्धू पर दिल्ली पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनाम रखा हुआ था। सिद्धू को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि 26 जनवरी को दिल्ली में हुई हिंसा के मुख्य आरोपियों में से एक दीप सिद्धू भी था, करीब 15 दिन की फरारी काटने के बाद दीप सिद्धू मंगलवार तड़के दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के हत्थे चढ़ा। फिलहाल, अभी यह कंफर्म नहीं हो पाया है कि दीप सिद्धू को कहां से गिरफ्तार किया गया है।